मध्यप्रदेश में इस बार रिकॉर्डतोड़ मतदान हुआ है। हालांकि अंतिम आंकड़े आना बाकि हैं। पर जो आंकड़े अब तक सामने आए हैं, वो बीते चार चुनावों में सबसे ज्यादा हैं। राजधानी भोपाल की सभी सात सीटों पर औसतन 66 प्रतिशत मतदान हुआ है तो आर्थिक राजधानी इंदौर की नौ सीटों पर औसतन 73 प्रतिशत से ज्यादा वोट पड़े हैं। रात 11 बजे तक अंतिम आंकड़े नहीं आ सके। चुनाव आयोग के एप वोटर टर्नआउट के आंकड़ों के मुताबिक 76.15 प्रतिशत मतदान हुआ है। चौंकाने वाली बात ये रही कि नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। जबकि यहां तीन बजे तक ही वोटिंग का समय था। आगर मालवा में 85.03%, शाजापुर में 84.99%, सिवनी में 85.68% मतदान हुआ हैय़
जबलपुर जिले की आठ विधानसभाओं में शाम 6 बजे तक औसतन 72 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान केंट विधानसभा में 63.87 फीसद रहा। सबसे अधिक मतदान पाटन विधानसभा में 78.35 प्रतिशत हुआ। वहीं बुरहानपुर जिले में मतदान का प्रतिशत 77.12 रहा। इंदौर जिले में 73% से अधिक मतदान हुआ है। अंतिम आंकड़े आना शेष हैं। शहडोल जिले में शाम 6 बजे तक 76.45 % मतदान हो चुका था। इसमें जैतपुर में 77.84%, ब्योहारी 72.95%, जयसिंहनगर 77.53% हुआ। जिले में 78.75% महिलाओं ने तो 74.07% पुरुषों ने वोट डाले।
शाम पांच बजे तक 71.16% वोटिंग
मध्य प्रदेश में शाम पांच बजे तक 71.16% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सबसे ज्यादा वोटिंग आगर मालवा जिले में हुई। यहां शाम पांच बजे तक 82 फीसदी वोटिंग रिकॉर्ड की गई।
उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नलिया बाखल स्थित शासकीय उर्दू कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदार गेट के मतदान क्रमांक 241 में चारों हाथ पैरों से दिव्यांग रोहित नागमोतिया निवासी कोट मोहल्ला अपने दोस्त की गोद में बैठ कर मतदान करने पहुंचा। रोहित को उनके साथी सौरभ गोसर और नितेश नागमोतिया गोद में लेकर मतदान केंद्र पहुंचे। रोहित ने अच्छी सरकार चुनने के लिए अपने महत्वपूर्ण मत का उपयोग किया है।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर मतदान जारी है। इसी बीच खंडवा से मतदान को लेकर एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। जहां सात समुंदर पार मलेशिया से एक युवती अपने देश भारत में वोट डालने के लिए आई है। महरोज शेख नाम की युवती मध्यप्रदेश के खंडवा में मलेशिया से वोट डालने पहुंची हैं। उन्होंने शहर के परदेशीपुरा शासकीय उर्दू माध्यमिक शाला में अपना वोट डाला।
महरोज शेख का कहना है कि मतदान के प्रति लोगों को सजग रहना चाहिए और अपने मत अधिकार का उपयोग करना चाहिए। जो लोग अभी तक मतदान करने नहीं पहुंचे हैं, उनसे भी महरोज ने अपील की है कि वह अपने मताधिकार का उपयोग करें और एक अच्छी सरकार चुनने में देश के विकास में मदद करे।
ग्राम मुगीसपुर में साढ़े तीन फीट के 56 वर्षीय मतदाता ने किया मतदान
सीहोर में साढ़े तीन फीट के 56 वर्षीय मतदाता ने मतदान किया। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह दिखा। कई केंद्रों पर लगी लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्राम मुगीसपुर में साढ़े तीन फीट के 56 वर्षीय मतदाता समीउल्लाह ने मतदान किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की।
सीहोर में तीन बजे तक जिले की चारों विधानसभा में मतदान प्रतिशत कुल 63.53 फीसदी रहा। सबसे ज्यादा बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 66.99 प्रतिशत रहा। इसके अलावा सीहोर में 61.45 प्रतिशत, आष्टा में 62.20 प्रतिशत और इछावर में 63.00 प्रतिशत वोटिंग हुई।
जिले में कहीं से भी कोई अनहोनी और अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जिले में चारों विधानसभा के मतदान केंद्रों पर चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।
छिंदवाड़ा में मतदाता का बहिष्कार
छिंदवाड़ा विधानसभा के अंतिम छोर में बसे ग्राम शहपुरा में मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है। 2:30 बजे तक यहां किसी भी मतदाता ने मतदान नहीं किया है। आपको बता दें कि यह गांव चौरई विधानसभा से कांग्रेस की टिकट मांगने वाले बंटी पटेल का गांव है, जो चोरी विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में बताया जा रहा है कि टिकट न मिलने से नाराज बंटी पटेल के समर्थक मतदान में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। हालांकि, कोई भी ग्रामीण मीडिया के सामने आकर कुछ भी कहने से इनकार कर रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर भी नहीं मानें
चुनाव बहिष्कार की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम गांव में पहुंची थी। उन्होंने ग्रामीणों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया, लेकिन आपको बता दें कि कोई भी ग्रामीण मानने को तैयार नहीं था।
कांग्रेस को होगा नुकसान
शहपुरा ग्राम से एक तरफ कांग्रेस को वोट मिलती आई है। 2008 से लगातार यहां पर कांग्रेस जीत रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां पर वोटिंग परसेंटेज 99 था। लेकिन इस बार यहां पर एक भी वोट नहीं डाली गई है, जिससे यहां कांग्रेस को नुकसान झेलना पड़ सकता है।
राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में पिटे कांग्रेस वा भाजपा नेता
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए होने वाले मतदान का रुझान सामने आने लगा है। जहां छुटपुट घटनाएं होना आम बात है। वहीं, घटनाएं बड़ा रूप भी ले रही हैं। ऐसे ही दो मामले राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा सीट से निकलकर सामने आए हैं। जहां अलग-अलग स्थानों पर ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रत्याशी के भाई वा भाजपा नेताओं ने पर हमला किया है।
दरअसल, पहला मामला ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के खनोटा गांव में कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम दांगी के भाई गोवर्धन दांगी के साथ देखने को मिला है। जहां के ग्रामीणों ने उन पर वा उनकी गाड़ी पर हमला बोल दिया और उनके साथ मारपीट कर दी। हालांकि, उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई।
विवाद थमा नहीं था कि कुछ देर के पश्चात ही ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र से दूसरा एक और गंभीर मामला निकलकर सामने आ गया। जहां बहादुरपुरा गांव में भाजपा के महामंत्री अमित शर्मा वा उनके साथियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमे अमित शर्मा वा उनके साथियों को गंभीर चोट आई है और ब्यावरा के सिविल अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है। घटनाक्रम की सूचना लगते ही ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेताओं की भीड़ अस्पताल में जमा हो गई। वहीं, पुलिस भी घायलों के बयान लेकर मामले की जांच में जुटी है।
मामले में भाजपा के जिला महामंत्री अमित शर्मा का कहना है कि बहादुरपुरा पोलिंग से जब वे व उनके साथी निकलकर आ रहे थे। उसी दौरान पीछे से टवेरा गाड़ी से कुछ लोग आए और हमें अपशब्द कहने लगे और हम लोगों के साथ मारपीट की। अगर हम लोग वहां से भागकर नहीं आते तो वे लोग हमें जान से ही खत्म कर देते।
मुरैना जिले के बानमोर क्षेत्र की महाटोली ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले बड़ापुरा गांव में 734 ग्रामीण मतदाताओं द्वारा पोलिंग बूथ नंबर 301 पर मतदान का बहिष्कार किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले स्कूल नहीं तो वोट नहीं। पिछले 10 वर्षों से बंद पड़े प्राइमरी स्कूल की मांग को लेकर वोट डालने का बहिष्कार किया है। गांव में कुशवाह समाज के लोग निवास करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया है कि उनके गांव के 300 से अधिक बच्चे गांव में विद्यालय न होने के कारण अन्य गांव में जाकर अध्ययन कर रहे हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गांव में बंद पड़े स्कूल की मांग जिलाधीश से लेकर राजनीतिक नेताओं तक का कई बार की जा चुकी है। लेकिन सभी ने झूठे आश्वासन देकर उन्हें अभी तक गुमराह किया है। आज सभी ग्रामीणजन एकजुट होकर के वोट न डालने का मन बना चुके हैं।
पिछले छह घंटे तक पोलिंग बूथ पर कोई भी ग्रामीण मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा है। बडा पुरा पोलिंग बूथ पर वोट न डालने की खबर सुनकर तहसील वन मोर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंचे और गांव वालों को समझाया। लेकिन गांव वाले वोट डालने तैयार नहीं हुए।
छिंदवाड़ा के चौरई से कांग्रेस की टिकट की मांग करने वाले बंटी पटेल के गांव में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। आपको बता दें कि यहां सुबह से दोपहर 1:30 बजे तक किसी मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। यहां मतदान का प्रतिशत जीरो है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण बंटी पटेल को टिकट न दिए जाने से कांग्रेस से खासी नाराज है। वहीं, इस बार उन्होंने गांव में वोटिंग करने से इनकार कर दिया है। सुबह से ही मतदान दल यहां पर खाली हाथ बैठा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं है।
उज्जैन उत्तर विधानसभा में आज सुबह वार्ड क्रमांक 6 में रहने वाले संजय पिता अंबाराम मालवीय निवासी गांधीनगर मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे थे। जहां वोट डालने के बाद जैसे ही वह बाहर निकल रहे थे, तभी उन्हें चक्कर आए और वे अचानक मतदान केंद्र के बाहर नीचे जा गिरे। जिन्हें तुरंत मतदान केंद्र पर उपस्थित कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया।
क्षेत्रीय पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि मृतक संजय मालवीय आगर रोड गांधी नगर क्षेत्र के निवासी थे, जो कि मजदूर परिवार के हैं। आज सुबह वे अकेले ही मतदान करने यहां आए थे। जहां वोट डालने के बाद उनकी मौत हो गई। संभवत हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हुई है।
कुसुमहा में मतदाता नाराज, मतदान का किया बहिष्कार
मानपुर विधानसभा के ग्राम कुसुमहा में 43 पोलिंग बूथ पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया है। हालांकि, तहसीलदार सहित जिम्मेदार निर्वाचन अधिकारी पोलिंग बूथ पहुंचे हैं और मतदाताओं को समझाइश दे रहे हैं। बताया जाता है कि ग्रामीण लंबे समय से पनपथा से कुसुमहा सड़क मार्ग की मांग कर रहे थे, परन्तु निर्माण न होने पर मतदाता नाराज़ हैं। यहां अधिकांशतः बैगा समुदाय की बसाहट है। इसके अलावा इसी गांव में 42 पोलिंग बूथ भी है, जहां मतदाता उत्साही है।
मुरैना से बड़ी खबर
दिमनी विधानसभा में कटेला के पूरा में पोलिंग क्रमांक 158 पर दबंग लोगों ने वोट डालने से रोका। एससी वर्ग के लोगों साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। दिमनी विधानसभा में अलग-अलग बूथों पर किये जा रहे उपद्रव के संबंध में मध्यप्रदेश के मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन दिया गया।
कटनी में मतदान की गोपनीयता भंग होने का मामला सामने आया है। कांग्रेस को वोट करते हुए वीडियो वायरल हुआ है।
अब तक हुआ मतदान
बालाघाट में 54.47
शाजापुर में 54.24
ग्वालियर में 36.33
टीकमगढ़ में 35.15
भोपाल में 32.83
इंदौर में 37.42
जबलपुर में 40.25
नए मतदाताओं में मतदान करने को लेकर काफी उत्साह है। शहडोल जिले के निगम कॉलोनी की रहने वाली प्रियंका पटेल ने पहली बार मतदान किया। प्रियंका पटेल दुबई में एक प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर पदस्थ हैं। प्रियंका पटेल ने बताया कि वह दुबई से केवल मतदान करने के लिए अपने घर शहडोल आई हैं। प्रियंका पटेल ने एक वोट का कितना महत्व है, यह सभी को मालूम होना चाहिए। यह संदेश देते हुए उन्होंने सभी से मतदान करने की अपील भी की है।
भोपाल जिले में एक बजे तक 32.44 प्रतिशत मतदान।
आज सुबह मक्सी रोड क्षेत्र में रहने वाले रमेश चंद्र पिता देवीराम शर्मा मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे थे। लेकिन उनके हाथ नहीं थे, जिसको देखकर पहले तो मतदानकर्मी यह सोचने लगे कि यह आखिर मतदान कैसे करेंगे। लेकिन रमेश चंद शर्मा ने बताया कि इसके पूर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग अपने पैरों से कर चुके हैं, जिसे सुनने के बाद रमेश चंद शर्मा ने अपनी मतदाता पर्ची दिखाई, अपना वोटर आईडी दिखाया और मतदान कर्मियों ने उनकी मदद करते हुए उनके पैरों पर स्याही का निशान लगाया और पैरों से ही मतदान करवाया।
धर्मपत्नी के साथ बुलेट पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे सांसद
आज सुबह उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया धर्मपत्नी के साथ बुलेट पर सवार होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने सेठी नगर स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग किया। बुलेट पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे सांसद अनिल फिरोजिया इसके कारण काफी चर्चाओं में बने रहे।
मुरैना से बड़ी खबर
MP Assembly Election: शुजालपुर में भाजपा-कांग्रेसी हुए आमने सामने
शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा सीट पर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आमने सामने हो गये। इस विवाद के दौरान भाजपा से शुजालपुर प्रत्याशी मंत्री इंदर सिंह परमार भी वंहा मौजूद थे और उनकी मौजूदगी में हंगामा हो गया। साथ ही जिस मतदान केंद्र पर हंगामा हुआ, उस केंद्र पर ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान 40 मिनट तक रुका रहा।
ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान केंद्र क्रमांक 229 पर 40 मिनट तक मतदान रुका रहा। उधर, मशीन खराब होने से भारी भीड़ लगने के कारण यहां मतदान के लिए पहुंचे मंत्री इंदर सिंह परमार खुद वोट डाले बिना ही शहर के अन्य केंद्र पर स्थिति का जायजा लेने रवाना हो गए। उन्होंने बताया, वे कुछ देर बाद यहां मतदान करेंगे। सरस्वती स्कूल के बाहर मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में खड़े रहने के विवाद को लेकर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता जब आमने-सामने हुए, तब मंत्री इंदर सिंह परमार भी वोट डालने यहां आए थे।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाकर रवाना किया। भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में यहां दस मिनट तक तीखी नोकझोंक हुई। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी रामवीर सिंह सिकरवार के पुत्र जयंत सिकरवार, अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अजय पाल सिंह व अन्य कांग्रेसी भी यहां पर समर्थकों के साथ पहुंचे थे। शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र में मोकपोल के दौरान तीन केंद्र पर तथा चलते हुए मतदान के दौरान एक केंद्र पर मशीन तकनीकी समस्या आने पर बदली गई है।
MP Assembly Election: उज्जैन के 1824 मतदान केंद्रों पर भारी भीड़
मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान की शुरुआत होने के पहले माकपोल हुआ और उसके बाद उज्जैन जिले की सात विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। शुरुआत से ही सभी पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतार नजर आई, जिन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उज्जैन में आज मतदान करने के पहले प्रत्याशी बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे। जहां उन्होंने बाबा महाकाल को नमन किया और यहां से जीत के लिए मनोकामना भी की। उज्जैन जिले की बात की जाए तो आज शाम 6 बजे तक कुल 15,32,998 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उज्जैन जिले की 7 विधानसभा सीटों पर इस बार 52 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है, जिसमें सर्वाधिक कुल 10 प्रत्याशी महिदपुर विधानसभा से हैं, जबकि तराना विधानसभा क्षेत्र से इस बार कुल 5 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरें है।
आम नागरिकों की तरह अधिकारियों ने किया मतदान
आज सुबह संभाग आयुक्त डॉ संजय गोयल ने पिक मतदान केंद्र 204 में सुबह 7 बजे लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार पुरुषोत्तम ने विधानसभा निर्वाचन-2023 के अंतर्गत मतदान दिवस पर प्रातः कोठी के समीप मिट्टी परीक्षण शाला के पिंक मतदान केन्द्र क्रमांक-204 में सपरिवार लाइन में लगकर मतदान किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह, उनके पिता सत्येंद्र देव सिंह और उनके सुपुत्र स्वास्तिक सिंह ने मतदान किया। साथ ही लाइन में लगकर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत मृणाल मीना ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया।
MP Assembly Election: जबलपुर में तरुपण भनोट ने किया मतदान
MP Chunav: तोमर पहुंचे मतदान केंद्र
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पहुंचे मतदान केंद्र, ग्वालियर पूर्व विधानसभा के पोलिंग बूथ पर किया मतदान। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले, मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत से फिर आ रही है भाजपा सरकार। दिमनी में हुई फायरिंग पर तोमर बोले, कांग्रेस हार से भयभीत और घबराई हुई है। इसलिए इस तरह की हरकत कर रही है। दिमनी विधानसभा की सीट को लेकर कहा, दिमनी की तस्वीर भी अच्छी है और तकदीर भी अच्छी है।
वहीं, अभिनेता राजीव वर्मा ने किया मतदान। अमिताभ बच्चन के साडू भाई भी हैं राजीव वर्मा। भोपाल के कुक्कुट भवन, मेन रोड 3, Opp वैशाली नगर में किया मतदान।
MP Assembly Election: सिंधिया ने किया मतदान
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पहुंचे मतदान केंद्र, ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के AMI शिशु मंदिर में डाला वोट। सिंधिया ने कहा, मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत से बन रही है भाजपा की सरकार, कांग्रेस की सोच उन्हें सलामत, सीएम के चेहरे को लेकर कहा, मैं CM की रेस में नहीं हूं, यह पार्टी निर्णय करेगी।
भिंड से बड़ी खबर...
भिंड में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी राकेश शुक्ला पर हमला हुआ है। मांनहड़ गांव में पथराव और पत्थर लगने से घायल हुए भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला। गाड़ी के टूटे कांच, फायरिंग की भी खबर। भारी पुलिस बल मौके पर रवाना।
MP Assembly Election: बूथ पर पहला और लाइफ का पहला वोट, 18 साल की होने पर पहली बार की वोटिंग, कलेक्टर के कॉल पर बैंगलोर से वोट करने आई अनन्या
छतरपुर में 18 साल की होने के बाद अपनी लाइफ का पहला वोट करने वाली अनन्या बैंगलोर से वोट करने आई हैं। वह बैंगलोर में रहकर इंजीनियरिंग (कंप्यूटर साइंस से बीटेक) कर रही हैं। खास बात यह है कि यह इनकी लाइफ का पहला वोट है। साथ ही छतरपुर शहर के मतदान केंद्र क्रमांक 151 (शासकीय प्राथमिक शाला राव सागर, संकट मोचन, शहर छतरपुर जिला छतरपुर) का भी पहला वोट इन्होंने ही डाला है।
अनन्या बताती हैं कि उन्होंने बैंगलोर में रहते हुए न्यूज और सोशल मीडिया पर छतरपुर का मतदाता जागरुकता अभियान के तहत चल रही मुहिम को देखा और बैंगलोर से ही वोटर आईडी और मतदान के लिये एप्लाई किया था। साथ ही छतरपुर कलेक्टर संदीप आर का भी मतदाता जागरुकता अभियान के तहत अपने शहर से दूसरे शहर राज्यों में रह रहे लोगों को कॉल करके मतदान करने आमंत्रित और प्रेरित किया था तो कलेक्टर छतरपुर का भी कॉल उनके पास गया था। तो वे दीपावली के साथ मतदान करने अपने शहर घर चली आईं। अनन्या बताती हैं कि चुनाव आयोग और प्रशासन मतदाता जागरुकता अभियान उन्हें बहुत पसंद आया, जिससे वह खाशी प्रभावित हैं। अब आगे वह इसके लिये दूसरों को भी प्रेरित करेंगी।
MP Chunav: कलमनाथ का बयान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुरैना एसपी पर भी आरोप लगाते हुए उन्हें बीजेपी एजेंट करार दिया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा कि बीजेपी चुनाव में पुलिस पैसा प्रशासन का उपयोग कर रही है। कल रात भर बीजेपी ने शराब पैसे बाटें हैं। मेरे पास इसके वीडियो आए हैं। इंदौर की घटना पर नाथ ने कहा कि इंदौर 1 में मैने एसपी से बात की है। वहीं राजनगर छतरपुर की घटना पर उन्होंने कहा कि मेरी कांग्रेस प्रत्याशी नाती राजा से बात हुई है। उन्होंने बताया है कि एसी कोई घटना नहीं हुई है।
नरोत्तम पर तंज
दतिया के सबसे बड़े आतंकवादी नरोत्तम मिश्रा है। यह बातें कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने कहा है।
MP Assembly Election: उमा भारती ने किया मतदान
टीकमगढ़ जिले की टीकमगढ़ विधानसभा के अपने गांव डूंडा में अपना वोट डाला है उमा भारती ने। उन्होंने सभी से अपील किया है कि मतदान करिए। वहीं, महगांव विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार के साथ मारपीट की सूचना है।
शहडोल जिले के कई मतदान केंद्रों में चुनाव का बहिष्कार हो रहा है। कहीं सड़क, बिजली और पुल को लेकर ग्रामीणों ने विरोध सुबह से ही शुरू किया। तीन घंटे से अधिक समय बीत गया है कई पोलिंग बूथ में एक भी वोट नहीं डाले गए हैं। जैतपुर के नगपुरा मतदान केंद्र क्रमांक 10 में सड़क को लेकर 654 मतदाताओं ने चुनाव का किया बहिष्कार। जैतपुर विधानसभा के मिठौली मतदान केंद्र क्रमांक 41 में 400 मतदाताओं ने बिजली की समस्या को लेकर मतदान का बहिष्कार किया है। वहीं, जैतपुर के बेलिया मतदान क्रमांक 187 में 500 मतदाताओं ने एसईसीएल की समस्या को लेकर मतदान का बहिष्कार किया था, बेलिया में कलेक्टर की समझाइश के बाद मतदान प्रकिया शुरू होने की खबर है।
ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 62 में मतदान नहीं हो रहा है, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 62 में मतदान का ग्रामीणों ने बहिष्कार किया है। सड़क बिजली पानी की समस्याओं को लेकर गांव वाले मतदान का बहिष्कार कर रहे हैं। अभी तक यहां एक भी मतदाता केंद्र में नहीं पहुंचे हैं। सूचना लगते ही अधिकारी गांव की ओर रवाना हो रहे हैं। जहां-जहां मतदान का बहिष्कार लोग कर रहे हैं, वहां सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ जिले के बड़े अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
MP Election: राजेंद्र शुक्ल ने परिवार सहित किया मतदान
MP Assembly Election: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन की प्रेस कॉन्फ्रेंस
विधानसभा चुनाव के दौरान छिंदवाड़ा के बरारीपुरा में सांसद नकुलनाथ को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बीजेपी नेता विजय पांडे ने प्रवेश नहीं करने दिया। दरअसल उनका कहना था कि वह बाहरी हैं और उनका भूत संसार विधानसभा में है। वे अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र में बेवजह प्रवेश नहीं कर सकते। हालांकि, इस दौरान सांसद नकुलनाथ के साथ मौजूद कांग्रेस के अन्य नेताओं ने इसका विरोध किया।
आपको बता दें कि सांसद नकुलनाथ सुबह शिकारपुर में वोटिंग के बाद छिंदवाड़ा शहर में विभिन्न मतदान केंद्र में भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान में जैसे ही बरारी पूरा पहुंचे तो यहां पर पोलिंग एजेंट विजय पांडे ने मतदान केंद्र में उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया।
पूर्व सीएम कमलनाथ पहुंचे कांग्रेस कार्यालय, कांग्रेस कार्यालय में बनाया गया है वार रूम। वार रूम में मॉनिटरिंग कर रहे हैं कमलनाथ। 230 विधानसभा पर रखी जा रही है नजर। भोपाल में हुजूर विधानसभा बीजेपी प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने डाला वोट, पत्नी ने भी किया मतदान। भिंड सर्किट हाउस में कांग्रेस, बीजेपी और बसपा प्रत्याशी नजरबंद। राकेश सिंह और नरेंद्र कुशवाहा नजरबंद।
विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी नातीराजा पर हमला
बीजेपी प्रत्याशी अरविंद पटेरिया पर आरोप, कई राउंड गोलियां चलाईं, हमले में नातीराजा के ड्राइवर सलमान की मौत।
भोपाल में महापौर मालती राय ने मतदान किया।
इंदौर मेयर ने किया मतदान
इंदौर मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने पिता डॉ. राजेंद्र शर्मा और जूही भार्गव के साथ मतदान किया।
विधायक कृष्णा गौर ने किया मतदान। भोपाल के 74-बंगले स्थित वन विभाग मतदान केंद्र पर मतदान किया। गोविन्दपुरा विधानसभा से चुनाव लड़ रही हैं गौर। दक्षिण पक्षिम विधानसभा की मतदाता हैं कृष्णा गौर। भोपाल में हुज़ूर विधानसभा के 164 नंबर बूथ की ईवीएम मशीन दो बार खराब हुई। लोग कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मतदान किया। भोपाल की हुजूर विधानसभा के मतदान केंद्र रोज मेरी में डाला वोट।
दतिया जिले में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा मतदान क्रमांक 104 पर मतदान किए। उन्होंने कहा, अगर दूसरा दल जीतेगा तो पाकिस्तान में खुशियां मनाई जाएंगी।
नरेला विधानसभा 151 से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज शुक्ला ने पैतृक गांव रसलाखेड़ी बूथ क्रमांक 69 पर सपरिवार मतदान किया। अमरपाटन विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र सिंह ने अपनी पत्नी के साथ किया मतदान।
मुख्यमंत्री चौहान ने परिवार के सदस्यों के साथ जैत में मतदान किया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विधानसभा निर्वाचन के लिए सीहोर जिले के आदर्श मतदान केंद्र ग्राम जैत के शासकीय माध्यमिक शाला भवन में मताधिकार का उपयोग किया। माध्यमिक शाला जैत स्थित मतदान केंद्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने मताधिकार का उपयोग किया। ग्वालियर में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने अपनी पत्नी के साथ तेरापंथी धर्मशाला नई सड़क पर वोट डाला।
मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने किया मतदान। पत्नी स्मिता राजन ने भी किया मतदान। चार इमली के बूथ नंबर 152 पर किया मतदान। एमपी वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के प्रबंध संचालक आईएएस दीपक सक्सेना ने सपरिवार मतदान किया।
मंत्री हरदीप सिंह डंग ने आम मतदाताओं के साथ लाइन में लगकर किया मतदान। सुवासरा के शास्कीय स्कूल में पहुंचकर किया मतदान। मतदान के बाद मंत्री डंग ने आम लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील। उन्होंने कहा, सभी त्योहार की तरह इस राष्ट्रीय पर्व में भागीदारी जरूर करें।
राज्यमंत्री राम खेलावन ने डाला वोट
भाजपा प्रत्याशी व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र क्रमांक 4 में वोट डालने पहुंचे। उन्होंने आम मतदाता के जैसे लाइन में लग अपनी बारी का इंतजार कर वोट डाला।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया मतदान
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वोट डाला। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मतदान करने से पहले शिकारपुर के मंदिर में पूजा करने पहुंचे। उनके साथ सांसद नकुलनाथ और पुत्रवधु प्रिया नाथ भी मौजूद रहीं। इसके बाद उन्होंने छिंदवाड़ा जिले की सौंसर विधानसभा के ग्राम शिकारपुर के मतदान केंद्र में नकुलनाथ और प्रियानाथ के साथ मतदान किया।
मतदान से पहले मंदिर पहुंचे शिवराज
सीएम शिवराज सिंह चौहान अपने पैतृक गांव जैत में मतदान करेंगे। मतदान करने से पहले वे परिवार के साथ जैत गांव के मंदिर में पहुंचे, जहां उन्होंने पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनकी पत्नी साधना सिंह भी साथ नजर आईं। मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में महिलाओं ने सीएम को घेर लिया और उनका तिलक किया। सीएम ने लाडली बहनों को गले से लगाकर आभार जताया।
चुनावी ड्यूटी कर रहे कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत
उमरिया में चुनावी ड्यूटी कर रहे कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में पदस्थ कर्मचारी रमेश सिंह चुनाव ड्यूटी में पॉलिटेक्निक उमरिया आये थे। जहां पर कर्मचारी रमेश सिंह उम्र लगभग 50 वर्ष निवासी मलियागुडा की तबियत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, इलाज के दौरान कर्मचारी की मौत हो गई।
जिला अस्पताल सिविल सर्जन केसी सोनी ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में आए कर्मचारी रमेश सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उनका इलाज किया जा रहा था। इलाज के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
दमोह में वोटिंग शुरू, चार विधानसभा के 57 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में हो रहा कैद
दमोह जिले की चार विधानसभा के लिए वोटिंग शुरू हो गई है और मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्र पर पहुंच गए। सबसे पहले दमोह के भाजपा प्रत्यासी जयंत मलैया ने अपना मतदान किया। बता दें जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र में भाग्य आजमा रहे 57 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम मशीन में बंद हो रही है। भाजपा, कांग्रेस, बसपा सहित अन्य दलों व निर्दलीय प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे के साथ इस महायज्ञ की वेदी में सभी से मतदान करने की अपील करते नजर आये।
पथरिया विधानसभा से 17, दमोह से 19, जबेरा से 12 तथा हटा से 9 प्रत्याशी इस महायज्ञ में शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से दमोह में भाजपा के जयंत मलैया, पथरिया लखन पटेल, जबेरा धर्मेन्द्र सिंह लोधी, हटा उमा देवी खटीक, दमोह कांग्रेस से अजय टंडन, जबेरा प्रताप सिंह लोधी, पथरिया राव बृजेंद्र सिंह, हटा प्रदीप खटीक, बसपा की रामबाई, हटा में कांग्रेस के बागी भगवानदास चौधरी, प्रताप रोहित, आप पार्टी से चाहत पांडे, जबेरा में भाजपा के बागी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से विनोद राय, ओमवती अठ्या हैं। जिले के 1168 मतदान केंद्रों पर नौ लाख 67 हजार 344 मतदाता मतदान करेंगे, जिसमें 5 लाख 2 हजार 586 पुरुष व 4 लाख 64 हजार 746 महिला मतदाता सहित थर्ड जेण्डर के 12 मतदाता शामिल हैं।
इंदौर में कॉलेज की स्टूडेंट ने पहली बार वोट डाला।
शिवपुरी विधानसभा में आज खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने अपना मतदान किया है। बता दें कि खेल मंत्री ने सबसे पहला वोट अपने बूथ तात्या टोपे मतदान क्रमांक 152 पर किया है। यशोधरा राजे सिंधिया इससे पहले लगातार शिवपुरी विधानसभा से विधायक रही हैं। लेकिन इस बार बीमारी का हवाला देने के बाद वह इस बार शिवपुरी विधानसभा से चुनाव नहीं लड़ीं। इसके अतिरिक्त प्रचार प्रसार से भी उनके द्वारा दूरी बनाकर रखी गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने की मध्यप्रदेश की जनता से अपील
ट्वीट कर लिखा, आज मध्यप्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मुझे विश्वास है कि राज्य के हर क्षेत्र के मतदाता पूरी गर्मजोशी से मतदान करेंगे और लोकतंत्र के इस महापर्व की रौनक बढ़ाएंगे। इस चुनाव में पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।