फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Election 2023 Live: शाह ने भरी हुंकार; बोले- विधायक या मंत्री के लिए नहीं प्रदेश के भविष्य के लिए करें वोट

Sun, 29 Oct 2023 09:46 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

खास बातें

MP Vidhan Sabha Chunav 2023 Live News in Hindi: विधानसभा चुनाव में नामांकन करने के लिए 30 अक्तूबर का ही दिन बचा है। 29 को रविवार होने से नामांकन नहीं किया जा सकेगा। 31 अक्तूबर को पत्रों की समीक्षा की जाएगी। दो नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

विज्ञापन
मध्यप्रदेश चुनाव 2023 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:42 PM, 29-Oct-2023
नंदी हॉल से बाबा महाकाल का पूजन करते गृहमंत्री अमित शाह। - फोटो : Amar Ujala Digital

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया नंदी हॉल से बाबा महाकाल का पूजन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर नंदी हॉल से बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर के शासकीय पुजारी पंडित घनश्याम गुरु ने भगवान का विशेष पूजन अर्चन करवाया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस दौरान बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए। उन्होंने अपने माथे पर चंदन का तिलक लगाया और उसके बाद चांदी द्वार पर पहुंचकर बाबा महाकाल को नमन भी किया। विशेष बात यह रही की इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के नियमों का पालन किया और वह गर्भग्रह में दर्शन करने नहीं पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा, विशाल राजोरिया व अन्य भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

08:26 PM, 29-Oct-2023
आमसभा को संबोधित करते गृहमंत्री अमित शाह। - फोटो : Amar Ujala Digital

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा आप मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसी को विधायक मंत्री या मुख्यमंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश का भविष्य तय करने के लिए वोट करें। आपको मध्य प्रदेश में एक ऐसी सरकार चुनना है जोकि देश को समृद्ध करने के लिए मोदी जी का हाथ बटाए।

08:23 PM, 29-Oct-2023

दिग्विजय सिंह के शासनकाल को किया याद, उन्हें कहा मिस्टर बंटाधार
आमसभा के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने दिग्विजय सिंह को मिस्टर बंटाधार नाम दिया। उन्होंने कहा कि मिस्टर बंटाधार के कार्यकाल के दौरान मध्य प्रदेश की स्थिति अत्यंत दयनीय थी। यहां न सड़कों का मायाजाल था और न ही पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल पाती थी, लेकिन 18 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश के कोने-कोने में विकास कार्य किए हैं। मैं आज कोई पहली बार उज्जैन नहीं आया हूं। बचपन में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए कई बार आता रहा हूं, लेकिन मध्य प्रदेश में जैसे ही हमारी ट्रेन आती थी यहां की अव्यवस्थाओं से ही पता चल जाता था कि हम मध्य प्रदेश में पहुंच चुके हैं। शाह ने कहा कि 18 साल के भाजपा के शासनकाल में मध्यप्रदेश में सड़कों का मायाजाल बढ़ा है।  मध्यप्रदेश का विकास सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने किया है। वर्ष 2002 में जब कांग्रेस ने सत्ता छोड़ी थी तब 23000 करोड़ का बजट हमारे पास था, लेकिन इसे बढ़ाकर हम 3,15,000 पर ले आए हैं। शिक्षा की बात की जाए तो 2456 से इसे बढ़ाकर हम 3,800 करोड़ तक ले आए हैं। अब तक 31 लाख करोड़ रुपया मध्य प्रदेश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दे चुके हैं।

विज्ञापन
08:10 PM, 29-Oct-2023
गृहमंत्री अमित शाह। - फोटो : Amar Ujala Digital

राहुल गांधी पर साधा निशाना

गृहमंत्री अमित शाह ने आम सभा के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राहुल बाबा कहकर संबोधित किया। कहा कि वर्ष 2019 मे धारा 370 को संसद में जब हटाने का काम चल रहा था, तब राहुल बाबा कहते थे इसे मत हटाइए। धारा 370 हटाओगे तो जम्मू कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन यहां खून की नदियां तो छोड़ो कहीं कंकर तक चलाने की किसी की हिम्मत नहीं हुई। उन्हाेंने कहा कि राम मंदिर के मुद्दे को भी कांग्रेस पार्टी अटका रही थी... लटका रही थी... भटका रही थी... मोदी जी ने राम मंदिर के निर्माण की नींव डाली और इसके निर्माण का कार्य शुरू किया। राहुल बाबा आप जान लीजिए 22 जनवरी 2024 को मोदी जी इस मंदिर में रामलला की स्थापना के लिए जाने वाले हैं।

07:42 PM, 29-Oct-2023

गृहमंत्री अमित शाह शहीद पार्क में आमसभा को संबोधित करने के लिए सभास्थल पहुंच गए हैं।

विज्ञापन
07:09 PM, 29-Oct-2023

महाकाल के दर्शन के बजाय चुनावी सभा को संबोधित करेंगे शाह
गृहमंत्री अमित शाह आज रविवार को उज्जैन के एक दिवसीय दौरे पर हैं। वे कुछ ही देर में उज्जैन के शहीद पार्क में एक आमसभा को संबोधित करेंगे। पूर्व के कार्यक्रम के मुताबिक शाह सबसे पहले बाबा महाकाल का पूजन अर्चन करने वाले थे। उसके बाद शहीद पार्क पर उज्जैन उत्तर विधानसभा के प्रत्याशी अनिल जैन कालूहेड़ा और उज्जैन दक्षिण विधानसभा के प्रत्याशी मोहन यादव के समर्थन में एक आमसभा को संबोधित करने वाले थे।

04:53 PM, 29-Oct-2023

भाजपा ने भगवान राम को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में अब अयोध्या का राम मंदिर, भगवान राम, हिंदुत्व और सनातन को लेकर राजनीतिक पार्टियों में एक दूसरे पर छींटाकशी का दौर तेज हो गया है। इसी तरह की बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उज्जैन के घटिया में पार्टी प्रत्याशी सतीश मालवीय की नामांकन रैली में शामिल होने के बाद कहीं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे राम जी पर बोलने का कोई अधिकार नहीं हैं, क्योंकि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में पेश किए शपथ पत्र में लिखा था कि सब कुछ काल्पनिक है।

03:28 PM, 29-Oct-2023

प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्याज के बढ़ते दामों को लेकर सरकार को घेरा। इस दौरान मंच पर मौजूद अन्य प्रवक्ता गले में प्याज की माला पहने हुए नजर आए। इधर, डॉ. रागिनी नायक ने कविता गाकर भाजपा सरकार पर मंहगाई को लेकर तंज कसा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्याज के बढ़ते दाम जनता को खून के आंसू रूला रहा है। पहले 200 पार टमाटर और अब 80 से 90 ₹ किलो प्याज से आम जनता बेहाल है। बढ़ती महंगाई पर तंज कसते हुए नायक ने कहा कि भाजपा जनता के जख्मों में नमक लगाने का काम करती है।

किसानों को सही दाम नहीं मिल पा रहा
नायक ने कहा कि किसानों को फसलों को लेकर सही दाम नहीं मिल पा रहा है। उनका बुरा हाल है। गैस सिलेंडर की बढ़ती महंगाई पर स्मृति ईरानी अब कुछ नहीं बोलती हैं। मीनाक्षी लेखी को बताना चाहिए कि एमपी में आटा, दाल और दूध सब दोगुने दाम पर क्यों आ गया है। एक तरफ महंगाई है, कमाई नहीं है। नौकरियां नहीं हैं। कर्ज 4.50 लाख करोड़ रुपए पार हो गया है। 

03:19 PM, 29-Oct-2023

MP Elections: अपने निर्णय से पीछे हटे संत अवधेशपुरी; BJP का साथ देने की कही बात
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान तमाम राजनीतिक पार्टियों के अंदर उथल-पुथल देखने को मिल ही रही है। इसी बीच उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मोहन यादव के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान करने वाले संत अवधेशपुरी महाराज अब अपनी कही हुई बात से पलट गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लड़ूंगा तो हिंदुत्व का विरोध करने वाली पार्टियों को फायदा होगा। इसलिए मैंने चुनाव लड़ने का अपना निर्णय बदल लिया है। इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि भाजपा ने उज्जैन दक्षिण सीट पर खतरा देखते हुए गजब का डैमेज कंट्रोल किया है।
 

01:20 PM, 29-Oct-2023

भाजपा ने अपने बचे दो नामों का किया एलान
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने बचे दो प्रत्याशियों के नामों का भी एलान कर दिया। शुक्रवार को जारी छठी सूची में शेष दो सीटों गुना और विदिशा पर नाम तय कर दिए हैं। गुना में पूर्व विधायक पन्ना लाल शाक्य को मैदान में उतारा है तो विदिशा में मुकेश टंडन भाजपा के प्रत्याशी होंगे। 

11:14 AM, 29-Oct-2023

भाजपा के चुनाव सहप्रभारी ने थामा कांग्रेस का दामन
छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा में भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा के हाल ही में विधानसभा चुनाव के लिए बनाये गए चुनाव सह प्रभारी कुशवाहा समाज के दिग्गज नेता राकेश उर्फ बबलू कुशवाहा ने पार्टी को अलविदा कहते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया है। तेजी से हुए इस घटनाक्रम से भाजपा सन्न हो गई, तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह की रणनीति एक बार फिर कारगर साबित हुई।

10:00 AM, 29-Oct-2023

सागर संभाग की 26 सीटों पर भाजपा का मंथन आज
सागर संभाग की 26 विधानसभा सीटों पर जीत की इबारत लिखने के लिए भाजपा के सबसे बड़े चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह आज खजुराहो में रणनीतिक मंथन करेंगे। वे खजुराहो के होटल रामाडा में भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक लेकर इन सीटों पर चुनावी समीक्षा करेंगे। 

भाजपा कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज सुबह 11 बजे जेएस होटल खजुराहो में भाजपा पदाधिकारियों की संभागीय बैठक में शामिल होंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष मलखान सिंह ने बताया सागर संभाग के अपेक्षित पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे। 

09:29 AM, 29-Oct-2023

MP Election 2023 Live: शाह ने भरी हुंकार; बोले- विधायक या मंत्री के लिए नहीं प्रदेश के भविष्य के लिए करें वोट

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने लिए एक दिन का समय और शेष है। 30 अक्तूबर नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख है। ऐसे में निर्वाचन ऑफिस में चुनाव लड़ने वालों और उनके समर्थकों की खासी भीड़ देखी जा रही है। नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। ऐसा अनुमान है कि आखिरी दिन नामांकन करने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर अब तक  1466 अभ्यार्थी नामांकन कर चुनाव मैदान में ताल ठोक चुके हैं। गौरतलब है कि 30 अक्तूबर तक फॉर्म लिए जाएंगे जबकि एक नवंबर को समीक्षा होगी। दो नवंबर तक नाम वापस लिया जा सकता है। 17 नवंबर को एक ही चरण में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें