सपा संरक्षक व सांसद मुलायम सिंह यादव ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन में मतदान किया। सपा विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रही है। हालांकि, सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने उनका विरोध किया है। शिवपाल ने कहा कि सच्चा सपाई विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन नहीं करेगा।
शिवपाल ने ये दिया था बयान
सपा विधायक शिवपाल ने कहा कि सच्चे सपाई और नेताजी मुलायम सिंह यादव के सिद्घांतों को मानने वाले कभी भी विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन नहीं करेंगे। मैं नेताजी को आईएसआई का एजेंट बताने वाले यशवंत सिन्हा का साथ कभी नहीं दूंगा।
राजभर बोले- बड़ी जीत दर्ज करेंगी द्रौपदी मुर्मू
सपा से नाराज बताए जा रहे सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है। राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बड़ी जीत दर्ज करेंगी।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले- ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगी द्रौपदी मुर्मू
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करने के बाद कहा कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगी। प्रदेश के विधायकों ने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का निर्णय ले लिया है। हर कोई उनका समर्थन कर रहा है। ब्रजेश पाठक के साथ सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी थे। उन्होंने भी एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया।
मतदान करने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चाचा शिवपाल सिंह यादव से चिट्ठी लिखवाई और फिर उसे वायरल करवाया है। बता दें कि शिवपाल ने अखिलेश यादव को लिखे पत्र में कहा था कि यशवंत सिन्हा ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को आईएसआई एजेंट कहा था अत: उन्हें समर्थन देने पर विचार करें।
मायावती ने अन्तरात्मा के आधार पर वोट करने की अपील की थी
मायावती ने ट्वीट कर कहा कि बसपा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर तथा पार्टी व मूवमेन्ट की सोच के मुताबिक ही आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए सबसे पहले अपना समर्थन देने की घोषणा की है। कमजोर वर्गों के अन्य लोगों से भी उन्हें आज अपनी अन्तरात्मा के आधार पर वोट देने की अपील।
राजग उम्मीदवार को 283 मत मिलना तय
यूपी के 403 विधायकों के मत का कुल मत मूल्य 83,824 है। प्रदेश में एनडीए के 273 विधायक हैं। सुभासपा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक, बसपा और सपा विधायक शिवपाल यादव ने भी एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन की घोषणा की है। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के 273, सुभासपा के 6, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2, बसपा के एक और शिवपाल यादव सहित कुल 283 मत मिलना तय है। जिनका कुल मत मूल्य 58,864 है।
सुभासपा अध्यक्ष बोले- सपा से नाराजगी की कई वजह
सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा से नाराजगी की कई वजह हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में ना तो यूपीए के प्रत्याशी ने उनसे वोट मांगा ना ही यूपीए के किसी नेता ने उनसे वोट मांगा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने उनसे मत एवं समर्थन मांगा है। इसलिए राजग उम्मीदवार के पक्ष में वोट किया।