यूपी सिपाही भर्ती की परीक्षा से 136 शिक्षक अनुपस्थित मिले। इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी और उनका वेतन काटा जाएगा। जिला प्रशासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
लखनऊ में जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार निरीक्षण के लिए निकले। वह राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के बाद गोला गंज स्थित क्रिश्चियन इंटर कालेज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी लाइव फीड की मॉनिटरिंग भी देखी।
दूसरे दिन सिपाही भर्ती की प्रथम पाली की परीक्षा शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों को कड़ी चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
प्रशासन लगातार सक्रिय है। यूपी डीजीपी प्रशांत कुमार अब से कुछ ही देर में लखनऊ विश्वविद्यालय में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करेंगे।
दूसरे दिन भी कुल 11 केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थी पहुंचने लगे। पहली पाली की सुबह 10 बजे से होने वाली परीक्षा में कुल 4600 अभ्यर्थी भाग लेंगे। सभी केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े प्रबंध हैं।
राजधानी लखनऊ में परीक्षा के लिए 81 केंद्र बनाए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं। 1871 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। निगरानी के लिए 173 लोगों की टीम तैनात की गई है।
पहले दिन 21470 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों के लिए कुल 78,144 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
गोंडा जिले में शहर के 13 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। सुरक्षा के कड़े इंतजामात के बीच सुबह 10 बजे पहली पाली की परीक्षा प्रारंभ होगी जिसमें 10464 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
परीक्षा के लिए शनिवार सुबह शहर के गणपत सहाय महाविद्यालय में अभ्यर्थियों की कतार लगी है। केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली। शुक्रवार रात तेज बारिश के कारण अभ्यर्थियों को मुसीबत झेलनी पड़ी।
Sipahi Bharti Exam 2024: परीक्षा केंद्रों के बाहर शुरुआती जांच के बाद अभ्यर्थियों को अंदर भेजा जा रहा है। परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी आवेदन किया है।