राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी
राज्यसभा चुनाव के लिए सुबह 9 से मतदान शुरू हो गया है, मतदान शाम 4 बजे तक विधान भवन के तिलक हॉल में होगा। मतदान के लिए तीन बूथ बनाए गए हैं। मतदाता सचिवालय के गेट नंबर 7 से प्रवेश करेंगे। विधान भवन के कक्ष नंबर 80 से मतदाता पर्ची प्राप्त कर मतदान के लिए तिलक हाल जाएंगे। तिलक हॉल में मतपत्र पर निर्वाचन आयोग के विशेष पैन से मतदान करेंगे। मतदान के बाद शाम 5 बजे से मतगणना होगी।
भाजपा और सपा के ये उम्मीदवार मैदान में
भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, अमरपाल मौर्य, नवीन जैन, तेजवीर सिंह, संजय सेठ, साधना सिंह और संगीता बलवंत बिंद प्रत्याशी हैं। सपा ने जया बच्चन, रामजीलाल सुमन और आलोक रंजन को मैदान में उतारा है।
भाजपा और सपा के बीच कांटे का मुकाबला
राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पास एनडीए के घटक दलों के साथ समर्थित दलों के कुल 287 विधायकों का वोट है। पार्टी को वर्तमान स्थिति में आठ सीटें जीतने के लिए 296 मतों की आवश्यकता है। ऐसे में पार्टी को 9 अतिरिक्त मत चाहिए। वहीं, सपा को तीन सीटें जीतने के लिए 111 मतों की आवश्यकता है। सपा के पास कांग्रेस के दो विधायकों सहित कुल 108 वोट हैं। ऐसे में सपा को तीसरी सीट जीतने के लिए तीन अतिरिक्त वोट चाहिए। सूत्रों के मुताबिक दोनों ही दलों ने एक-दूसरे को खेमे में सेंधमारी ही हर संभव कोशिश की है। किसका प्रयास सफल रहता है यह तो मंगलवार रात मतगणना के बाद ही सामने आएगा।
ब्रजेश पाठक बोले विधायकों का समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त है
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "भाजपा को सभी विधायकों का समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त है... हमारे आठों प्रत्याशी जीतेंगे।"
सीएम योगी- सभी भाजपा प्रत्याशियों की विजय हेतु हार्दिक मंगलकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सभा के द्विवार्षिक चुनाव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आज विधान भवन, लखनऊ में मतदान किया।
शिवपाल यादव- बीजेपी लोकतांत्रिक मूल्यों को खत्म कर रही
समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को खत्म करने का आरोप लगया है। उन्होंने कहा खरीद फरोख्त करके सपा विधायकों का वोट लेना चाहती है बीजेपी।
समझ नहीं आता कि बीजेपी को वोट ख़रीदने की आवश्यकता क्यों पड़ गई?
समाजवादी पार्टी को एक और झटका
समाजवादी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। विधायक अभय सिंह ने अपना स्टेटस अपडेट कर दिया है। उन्होंने लिखा कि जय रघुनंदन, जय सियाराम।
दयाशंकर बोले-मनोज पाण्डेय हमेशा सनातन धर्म के पक्षधर रहे हैं
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मनोज पाण्डेय हमेशा सनातन धर्म के पक्षधर रहे हैं। राम लला के दर्शन के लिए जब प्रस्ताव आया तब वे चाहते थे कि सभी लोग दर्शन के लिए जाएं लेकिन लोगों ने उसका विरोध किया। आज PM मोदी की नीतियों पर विश्वास कर वे निर्णय ले रहे हैं।
रालोद के सभी विधायक सीएम योगी के साथ
लखनऊ में रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय और रालोद के सभी विधायक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दिखाई दिए हैं।
अखिलेश बोले, जिन्हें लाभ मिलने वाला होगा चला जाएगा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जीतने के लिए कुछ भी करेगी जिन्हें लाभ मिलने वाला होगा वो चला जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कराया मतदान का रिहर्सल
वोट का रिहर्सल कराते उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।
- फोटो : amar ujala
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सपा के कई विधायक बागी हो गए हैं। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कई विधायकों को मतदान करने का रिहर्सल भी कराया।
सपा के बाद कांग्रेस विधायक ने भी भाजपा प्रत्याशी का किया समर्थन
समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश प्रताप सिंह, मनोज पाण्डेय, राकेश पाण्डेय, पूजा पाल, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने भाजपा को वोट दिया है। कांग्रेस के विधायक वीरेंद्र चौधरी भी भाजपा को वोट देंगे। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह मतदान नहीं करेंगे। अगर भाजपा के आठवे प्रत्याशी के लिए संकट हुआ तो बीजेपी को मतदान करने आएंगे। बदायूं सपा विधायक आशुतोष मौर्य ने भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है।
भाजपा प्रत्याशी ने अपनी जीत का एलान किया
- फोटो : amar ujala
हंडिया से सपा विधायक हाकिम चंद्र बिंद ने भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है। इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आठवें प्रत्याशी संजय सेठ की जीत तय हो गई है। संजय सेठ ने विक्ट्री साइन बनाकर अपनी जीत का एलान कर दिया है।
राजा भैया ने भाजपा प्रत्याशी का किया समर्थन
राजा भैया ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को मतदान करने का एलान किया है। सपा में हुई फूट पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। कहा कि ये तो उन्हीं से पूछिए। आज हनुमान जी का दिन है। सब अच्छा ही होगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
राज्यसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार को वोट करने वाले सपा विधायकों पर पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी क्योंकि पार्टी के साथियों का मानना है कि ऐसे लोगों को दूर कर देना चाहिए।उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ वोट करने के लिए साहस की जरूरत होती है। सपा विधायकों के बागी होने पर उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से किसी को धमकाया गया होगा। किसी को कुछ ऑफर दिया गया होगा। किसी को सुरक्षा चाहिए होगी। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि सुनने में तो ये भी आ रहा है कि पैकेज डील हुई है। अब ये डील कितनी बड़ी है मैं नहीं जानता।
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के कक्ष में पहुंचे सपा विधायक
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के कक्ष में पहुंचे मनोज पांडेय।
- फोटो : amar ujala
भाजपा प्रत्याशी को वोट करने का एलान करने के बाद सपा विधायक मनोज पांडेय व आशुतोष मौर्य आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के कक्ष में पहुंचे।
इसके बाद मतदान किया।
पल्लवी पटेल ने सपा प्रत्याशी को किया वोट, बोलीं - मैं पीडीए के साथ
सपा के राज्यसभा प्रत्याशियों के चयन पर नाराजगी दिखाने के बाद पार्टी विधायक पल्लवी पटेल ने आखिरकार सपा प्रत्याशी के लिए ही मतदान किया। उन्होंने कहा कि मैंने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के पक्ष में मतदान किया है। हालांकि, इसके पहले उन्होंने मतदान से दूर रहने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि मैं सपा और अपना दल कमेरावादी की विधायक हूं। लोकसभा चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने सपा नेतृत्व से मनमुटाव होने से इनकार किया है।
सपा के नौ विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग
राज्यसभा चुनाव में सपा के नौ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इस बीच उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि सपा के कुल 14 विधायक हमें वोट करेंगे। हमने सपा खेमे को निराशा दे दी है। सपा पीडीए का नहीं सिर्फ अपने परिवार का ही ध्यान रखती है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में आठ प्रत्याशी जीतेंगे जबकि लोकसभा में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
सपा के इन विधायकों ने भाजपा प्रत्याशी को दिया वोट
सपा विधायक राकेश पांडेय, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, विनोद चतुर्वेदी, मनोज पांडेय, महाराजी देवी, पूजा पाल और आशुतोष मौर्य ने भाजपा प्रत्याशी को वोट किया है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष बोले, सीएम से मिलने का मतलब ये नहीं कि विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि हमारे सभी प्रत्याशी मजबूती से लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री से मिलने का मतलब यह नहीं कि उन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। मुख्यमंत्री तो सभी के हैं।
राजा भैया बोले- मुझे तो किसी ने पैकेज नहीं दिया है
जनसत्तादल लोकतांत्रिक के नेता राजा भैया ने क्रॉस वोटिंग को वेलकम चेंज कहा है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुझे तो किसी ने पैकेज नहीं दिया है। मैंने भाजपा के पक्ष में वोट किया है। मुझे तो चवन्नी भी नहीं मिली है।
दरअसल, अखिलेश यादव ने कहा था कि सुनने में आया है कि विधायकों से वोट लेने के लिए पैकेज डील की गई है।
सुभासपा विधायक ने मतदान एजेंट पर मत पत्र छीनने का आरोप लगाया
सुभासपा के विधायक जगदीश राय के साथ मतदान कक्ष में छीना झपटी हुई है। राय ने सपा प्रत्याशी को वोट किया है। उन्होंने मतपत्र एजेंट को दिखाया तो उसने मतपत्र छीनने का प्रयास किया।
तीसरी सीट पर वोटिंग ने बताया, कौन पीडीए के साथ और कौन खिलाफ है
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी राज्यसभा की तीसरी सीट दरअसल सच्चे साथियों की पहचान करने की परीक्षा थी और ये जानने के लिए कि कौन-कौन दिल से पीडीए के साथ है और कौन अंतरात्मा से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के खिलाफ है। अब सब कुछ साफ़ है, यही तीसरी सीट की जीत है।
शिवपाल ने कहा, अब क्षेत्र की जनता संपूर्ण आत्मा की जांच करेंगी
राज्यसभा के लिए सपा विधायकों की क्रॉस वोटिंग पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अब अंतरात्मा के साथ- साथ सम्पूर्ण आत्मा की जांच क्षेत्र की जनता करेगी ताकि ऐसी भटकती हुई आत्माएं हमेशा के लिए शांत हो जाएं।
एंबुलेंस में मतदान करने के लिए पहुंचे अपना दल विधायक नील रतन
अपना दल के कोरोना संक्रमित विधायक नील रतन पटेल एंबुलेंस से मतदान करने के लिए पहुंचे हैं। नील रतन सिविल अस्पताल में भर्ती हैं।
सपा विधायक बोले, राजनीति में आरोप लगते रहते हैं
सपा विधायक मनोज पांडेय।
- फोटो : amar ujala
सपा के मुख्य सचेतक के पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा प्रत्याशी को वोट देने वाले सपा विधायक मनोज पांडेय ने खरीद-फरोख्त के आरोपों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हमें जनता ने वोट किया है हम उनके लिए ही काम करते हैं। उन्होंने सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के आरोपों को नकार दिया और कहा कि राजनीति में आरोप लगते रहते हैं।
बसपा विधायक ने भाजपा प्रत्याशी को किया वोट
यूपी के एकमात्र बसपा विधायक उमा शंकर पांडेय ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट किया है। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोगों ने मुझसे वोट देने के लिए नहीं कहा इसलिए मैंने भाजपा प्रत्याशी को वोट किया। भाजप प्रत्याशी संजय सेठ ने मुझसे समर्थन मांगा था। राज्यसभा चुनाव के लिए अब तक 395 विधायक वोट कर चुके हैं।
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान पूरा हो चुका है। सभी विधायकों ने अपना वोट दे दिया है। अब मतगणना शुरू हो गई है। भाजपा के आठवें प्रत्याशी की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
सपा के एक विधायक का वोट अवैध घोषित
राज्यसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। बरेली से सपा विधायक शजिल इस्लाम का वोट अवैध घोषित कर दिया गया है।
भाजपा के आठ व सपा के दो प्रत्याशियों की जीत तय
राज्यसभा चुनाव के लिए मतगणना अंतिम दौर में है। जल्द ही परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। भाजपा के सभी आठ प्रत्याशियों व सपा के दो प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है।