पीएम मोदी ने देश के चुने हुए प्रतिनिधियों को कहा कि पंचायत हो पार्लियामेंट, कोई भी काम छोटा नहीं है। यहां अपने कामों से हम अपने देश को आगे ले जा सकते हैं। अगर पंचायत में बैठ कर यह संकल्प लें कि तो देश को आगे बढ़ाने के लिए काम करूंगा तो देश आगे बढ़ेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की कोशिश यही है कि गांव के विकास से जुड़े हर प्रोजेक्ट को प्लान करने, उसके अमल में पंचायत की भूमिका ज्यादा हो। इससे राष्ट्रीय संकल्पों की सिद्धि में पंचायत अहम कड़ी बनकर उभरेगी। धरती मां को कैमिकल से मुक्त करना ही होगा। इसलिए प्राकृतिक खेती की तरफ हमारा गांव, हमारा किसान बढ़ेगा तो पूरी मानवता को लाभ होगा। ग्राम पंचायत के स्तर पर कैसे प्राकृतिक खेती को हम प्रोत्साहित कर सकते हैं, इसके लिए भी सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
पीएम मोदी ने कहाकि ग्राम पंचायतों को सबको साथ लेकर एक और काम भी करना है। कुपोषण, एनीमिया से देश को बचाने का जो बीड़ा केंद्र सरकार ने उठाया है, उसके प्रति जमीन पर लोगों को जागरूक भी करना है। अब सरकार की तरफ से जिन योजनाओं में भी चावल दिया जाता है, उसको फोर्टिफाई किया जा रहा है। भारत का विकास वोकल फॉर लोकल के मंत्र में छिपा है। भारत के लोकतंत्र के विकास की ताकत भी लोकल गवर्नेंस है। आपके काम का दायरा भले ही लोकल है, लेकिन इसका सामुहिक प्रभाव वैश्विक होने वाला है। लोकल की इस ताकत को हमें पहचानना है।
पीएम मोदी ने कहा कि पंचायतों को ज्यादा अधिकार देने का लक्ष्य, पंचायतों को सही मायने में सशक्तिकरण का केंद्र बनाने का है। पंचायतों की बढ़ती हुई शक्ति, पंचायतों को मिलने वाली राशि, गांवों के विकास को नई ऊर्जा दे। इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। पंचायती राज व्यवस्था में बहनों की भागीदारी को और बढ़ाने पर भी हमारी सरकार का बहुत जोर है। भारत की बहन बेटियां क्या कर सकती हैं, ये कोरोना काल में दुनिया को भारत के अनुभव ने बहुत कुछ सिखाया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी का ये अमृतकाल भारत का स्वर्णिम काल होने वाला है। ये संकल्प सबका प्रयास से सिद्ध होने वाला है। इसमें लोकतंत्र की सबसे जमीनी इकाई, ग्राम पंचायत की, आप सभी साथियों की भूमिका बहुत अहम है। सरकार की कोशिश यही है कि गांव के विकास से जुड़े हर प्रोजेक्ट को प्लान करने और उसके अमल मे पंचायत की भूमिका ज्यादा हो। इससे राष्ट्रीय संकल्पों की सिद्धि में पंचायत अहम कड़ी बनकर उभरेगी।
पीएम मोदी ने कहाकि जैसे हमारे डोगरों के बारे में लोक संगीत में कहते हैं, 'मिठ्ठी ए डोगरे दी बोली, ते खंड मिठ्ठे लोग डोगरे'। ऐसी ही मिठास, ऐसी ही संवेदनशील सोच, देश के लिए एकता की ताकत बनता है और दूसरी भी कम होती हैं। पीएम मोदी ने कहा कि अब बनिहाल कांजीगुंड टनल से जम्मू और श्रीनगर की दूरी 2 घन्टे कम हो गई है। ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामुला को लिंक करने वाला आकर्षक आर्क ब्रिज भी जल्द देश को मिलने वाला है। दिल्ली -अमृतसर-कटरा हाइवे भी दिल्ली से मां वैष्णो देवी के दरबार की दूरी को बहुत कम करने वाला है।
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस हाईवे तक जल्द मिलेगा। जल्द ही कन्याकुमारी से वैष्णो देवी के लिए एक सड़क बनाई जाएगी। जम्मू कश्मीर में पर्यटन कारोबार बढ़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि जून-जुलाई तक सभी पर्यटन स्थल बुक हो चुकेंगे। जितने पर्यटक साल में नहीं आते उतने सैलानी कुछ ही महीनों में यहां पहुंच चुके हैं। देश के हर जिले में अमृत सारोवर बनाए जाएंगे। इसके इर्द-गिर्द पेड़ पौधे लगाए जाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के अमृत काल यानी आने वाले 25 वर्षों में नया जम्मू कश्मीर विकास की नई गाथा लिखेगा। आजादी के 7 दशकों के दौरान जम्मू कश्मीर में मात्र 17,000 करोड़ रुपये का ही प्राइवेट इंवेस्टमेंट हो पाया था। पिछले 2 साल में ये आंकड़ा 38,000 करोड़ रुपये पहुंचा है। पीएम मोदी ने कहा कि कभी दिल्ली से एक सरकारी फाइल चलती थी, तो जम्मू कश्मीर पहुंचते-पहुंचते 2-3 हफ्ते लग जाते थे। मुझे खुशी है कि आज 500 किलो वॉट का सोलर पावर प्लांट सिर्फ 3 हफ्ते के अंदर यहां लागू हो जाता है, बिजली पैदा करना शुरू कर देता है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब मैं एक भारत, श्रेष्ठ भारत की बात करता हूं, तब हमारा फोकस कनेक्टिविटी पर होता है, दूरियां मिटाने पर भी होता है।
दूरियां चाहे दिलों की हो, भाषा-व्यवहार की हो या फिर संसाधनों की, इनको दूर करना आज हमारी बहुत बड़ी प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं जम्मू कश्मीर के नौजवानों से कहना चाहता हूं कि आपके माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी को जिन मुसीबतों के साथ जिंदगी जीनी पड़ी। आपको कभी भी ऐसी जिंदगी जीनी नहीं पड़ेगी, ये मैं आपको करके दिखाऊंगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं अब यहां तेजी से लागू हो रही हैं। जिसका सीधा फायदा जम्मू कश्मीर के गांवों को हो रहा है। बिजली कनेक्शन हो, पानी कनेक्शन हो, स्वच्छ भारत अभियान के तहत टॉयलेट्स हो, इसका बड़ा लाभ जम्मू कश्मीर को मिला है।
पीएम मोदी ने कहा कि रतले जल विद्युत परियोजना और क्वार जल विद्युत परियोजना के तैयार होने पर जम्मू कश्मीर को बिजली तो मिलेगी ही, इससे प्रदेश को कमाई भी होगी। पल्ली गांव को सोलर से बिजली मिल रही है। पल्ली गांव 'उर्जा स्वराज' का उदाहरण बना है।
जम्मू कश्मीर में अब निवेशक खुले मन से पैसा लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि बात डेमोक्रेसी की हो या संकल्प डेवलपमेंट का, आज जम्मू कश्मीर नया उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। बीते 2-3 सालों में जम्मू कश्मीर में विकास के नए आयाम बने हैं। पीएम मोदी ने कहा कि दशकों-दशक से जो बेड़ियां वाल्मीकि समाज के पांव में डाल दी गई थीं, उनसे वो मुक्त हुआ है। आज हर समाज के बेटे-बेटियां अपने सपनों को पूरा कर पा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में बरसों तक जिन साथियों को आरक्षण का लाभ नहीं मिला, अब उन्हें भी आरक्षण का लाभ मिल रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि लोगों ने मिलजुल कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया है। पंचो-सरपंचों ने बताया कि यहां कोई ढाबा नहीं है, लेकिन पल्ली के पंचायत के लोगों ने सभी को यहां खाना खिलाया है। यही तो सबका प्रयास, सबका साथ, सबका विकास। पंचायती राज दिवस जम्मू कश्मीर में मनाया जा रहा है, यह एक बड़े बदलाव का प्रतीक है। जम्मू से अनुच्छेद 370 हटने से महिलाओं, दलितों और बालमीकी समाज के लोगों को उनके अधिकार मिले हैं। जिन्हें आरक्षण नहीं मिला है, उन्हें अब आरक्षण मिल रहा है। मोदी सरकार ने बाबा साहेब के सपने को पूरा किया है। आने वाले 25 साल में जम्मू कश्मीर विकास की नई गाथा लिखेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि सांबा की पल्ली पंचायत, देश की पहली कार्बन न्यूट्रल पंचायत बनने की तरफ आगे बढ़ रही है। आज मुझे पल्ली गांव में, देश के गांवों के जन प्रतिनिधियों के साथ जुड़ने का भी अवसर मिला है। इस बड़ी उपलब्धि और विकास के कामों के लिए जम्मू-कश्मीर को बहुत-बहुत बधाई। इस बार का पंचायती राज दिवस, जम्मू कश्मीर में मनाया जाना, एक बड़े बदलाव का प्रतीक है। ये बहुत ही गर्व की बात है, कि जब लोकतंत्र जम्मू कश्मीर में ग्रास रूट तक पहुंचा है, तब यहां से मैं देशभर की पंचायतों से संवाद कर रहा हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज अनेक परिवारों को गांवों में उनके घर के प्रॉपर्टी कार्ड भी मिले हैं। ये स्वामित्व कार्ड गांवों में नई संभावनाओं को प्रेरित करेंगे। 100 जनऔषधि केंद्र जम्मू कश्मीर के गरीब और मिडिल क्लास को सस्ती दवाएं, सस्ता सर्जिकल सामान देने का माध्यम बनेंगे।
पीएम मोदी ने डोगरी में जम्मू के लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा, 'शूरवीरें दी धरती जम्मू च दे महान परायें गी मेरा नमस्कार'। पीएम मोदी ने कहा कि दशकों के बाद जम्मू कश्मीर की धरती पर देश के लोगों ने ऐसा जनसैलाब देखा है। पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में 20 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्योंं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। जो जम्मू कश्मीर जैसे प्रदेश के लिए बहुत बड़ी राशि है। पीएम मोदी ने कहा कि देश को कार्बन न्यूट्रल बनाने का संकल्प लिया है, उस दिशा में जम्मू कश्मीर ने आज बड़ी पहल की है।
पल्ली रैली के दौरान प्रधानमंत्री के हाथों जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को स्वास्थ्य क्षेत्र में भी नई सौगात मिली। पीएम ने प्रदेश के लोगों को 108 जन औषधि केंद्र समर्पित किए। ये केंद्र सरकारी अस्पतालों और निजी केंद्रों में खोले जाएंगे। इनका उद्देश्य मरीजों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध करवाकर उनके खर्चे को कम करना है।
पीएम मोदी ने पल्ली में 500 किलोवाट के सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने काजीगुंड-बनिहाल टनल (8.45 किलोमीटर) का उद्घाटन किया। इसकी लागत 2027 करोड़ रुपये है। जम्मू-कश्मीर में 108 जन औषधि केंद्रों का लोकार्पण किया।
पीएम मोदी ने 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे की आधारशिला रखी। इसकी अनुमानित लागत 6781 करोड़ रुपये है। इसके अलावा पीएम मोदी ने रतले जल विद्युत परियोजना (850 मेगावाट) का उद्घाटन किया। इसकी अनुमानित लागत 5281 करोड़ रुपये है। पीएम मोदी ने क्वार जल विद्युत परियोजना (540 मेगावाट) का शिलान्यास किया। इसकी अनुमानित लागत 4526 करोड़ रुपये है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डॉ. जितेंद्र सिंह कि प्रधानमंत्री ने नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने के पहले दिन से जम्मू कश्मीर को प्राथिमकता पर रखा है। जम्मू कश्मीर में पहली बार 70 सालों के बाद पंचायत परिषद का गठन हुआ है। प्रदेश में कई बड़े प्रोजक्ट शुरू हुए हैं।
एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर में नई औद्योगिक योजना दी हैं। आजादी के बाद से अब तक सिर्फ 15,000 करोड़ रुपये का निवेश था, अब हमने 52,000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है जबकि 38,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन पीएम करेंगे। हमें उम्मीद है कि निवेश 70,000 करोड़ रुपये को पार कर जाएगा।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में जम्मू कश्मीर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जो पहले बारहवें नंबर पर था। श्रीनगर हवाई अड्डे पर फ्लाइ सुविधा बढ़ी है। बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ी है। मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू कश्मीर में 12 हजार लोगों को नौकरी दी जा चुकी है। दरबार मूव को सैकड़ों साल की व्यवस्था करते हुए जम्मू और श्रीनगर एक सचिवालय में काम कर रहे हैं।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास को नई गति मिली है। व्यापार की सुगमता पर पीएम मोदी का सदैव जोर रहता है। बिजली के क्षेत्र में जम्मू आत्मनिर्भर बनने की राह पर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांबा के पल्ली में सभा स्थल पर पहुंच गए हैं। इस दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पीएम मोदी का सम्मान किया। उन्हें बसोहली पेंटिग दी गई।
गाजियाबाद के वसुंधरा में मन की बात कार्यक्रम के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा हम सब लोगों को अभी मन की बात का 88वां एपिसोड सुनने को मिला। 3 अक्तूबर 2014 से यह कार्यक्रम चल रहा है। हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री ने समय-समय पर समाज में चल रहे विषयों पर चर्चा की है। प्रधानमंत्री ने 88 के 88 एपिसोड्स में कोई भी राजनीतिक बात नहीं की है। उन्होंने मन की बात के माध्यम से राजनीतिक पद पर होते हुए भी, राजनीति का उपयोग न करते हुए सामाजिक विषयों को हमारे सामने रखा है।
सांबा के पल्ली में सभा स्थल में हजारों सरपंचों, पंचों, डीडीसी (जिला विकास परिषद), बीडीसी (ब्लॉक विकास परिषद) के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने पीएम मोदी की 'मन की बात' को सुना। कुछ ही देर में पीएम मोदी यहां से पूरे भारत में ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे।
रैली स्थल पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और संसद जुगल किशोर भी पहुंच गए हैं।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू पहुंच गए हैं। इस दौरान जम्मू-कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जम्मू हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को गाजियाबाद में वसुंधरा सेक्टर 11 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इससे पहले यूपी गेट पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के पहुंचने से पहले जाम लग गया। इस दौरान एंबुलेंस को रॉन्ग साइड से निकाला गया।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पंचायती राज दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'आप सभी को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं। गांवों को आत्म-निर्भर बनाने के साथ देश के अभूतपूर्व विकास में पंचायतों का महत्वपूर्ण योगदान है। आइए, हम सब मिलकर जनभागीदारी, समावेशी, सर्वस्पर्शी विकास के द्वारा, पंचायतों को सशक्त व स्वावलंबी बनाने में अपना योगदान दें।'
पीएम मोदी के भाषण को सुनने के लिए जम्मू शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर एलईडी डिस्पले लगाई गई हैं, ताकि जो लोग रैली में शामिल न हो पाए वो एलईडी के जरिये प्रधानमंत्री के भाषण को सुन सकते हैं।
जनसभा में सवा लाख के करीब लोग पहुंच चुके हैं। लोग जमकर 'हर-हर मोदी, घर-घर मोदी' के नारे लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि साढे 11 बजे पीएम मोदी जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचेगे और फिर वहां से चॉपर के माध्यम से जनसभा स्थल पल्ली पंचायत में पहुंचेगे।
- काजीगुंड-बनिहाल टनल (8.45 किलोमीटर)
लागत 2027 करोड़ रुपये।
- 38000 करोड़ की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन।
- जम्मू-कश्मीर में 108 जन औषधि केंद्रों का लोकार्पण।
- पल्ली में 500 किलोवाट के सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण।
- किसानों को भूमि स्वामित्व कार्ड का वितरण करेंगे।
- रतले जल विद्युत परियोजना (850 मेगावाट)
अनुमानित लागत 5281 करोड़ रुपये।
- क्वार जल विद्युत परियोजना (540 मेगावाट)
अनुमानित लागत 4526 करोड़ रुपये।
- दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे (जम्मू-कश्मीर के 3 खंड)
अनुमानित लागत 6781 करोड़ रुपये।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री 44.70 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि 322 विजयी पंचायतों के खाते में सीधे ट्रांसफर करेंगे। यह राशि पांच लाख से 50 लाख रुपये तक होगी। यह पुरस्कार ग्राम पंचायतों को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सुबह ग्यारह बजे सांबा की पल्ली पंचायत में पहुंचेंगे। जनसभा और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद वह पल्ली से ही मुंबई चले जाएंगे। वहां वह शाम पांच बजे मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे, जहां वे पहला मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार हासिल करेंगे। यह पुरस्कार स्वर्गीय लता मंगेशकर की याद में है जिसमें प्रति वर्ष राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सम्मानित किए जाएंगे।
इसके अलावा काजीगुंड-बनिहाल सुरंग और 108 जनऔषधि केंद्रों का लोकार्पण भी किया जाएगा। पल्ली पंचायत में जनसभा के बाद पीएम ग्रामसभा में भी शामिल होंगे। वह पल्ली में 500 किलो वाट का सोलर प्लांट भी समर्पित करेंगे। इससे पल्ली देशभर में पहली कार्बन न्यूट्रल पंचायत हो जाएगी। भूमि स्वामित्व कार्ड का वितरण लाभार्थियों को किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे, दो जलविद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास करने के साथ 38 हजार करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान देश-विदेश के कई निवेशक भी मौजूद रहेंगे।
मोदी इस दौरान प्रदेश को कोई बड़ी सौगात दे सकते हैं। पल्ली से ही प्रधानमंत्री अमृत सरोवर योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत देश के प्रत्येक जिले में 75 जल निकायों का कायाकल्प किया जाएगा। पीएम दौरे के मद्देनजर सभी तैयारियां हो गई हैं। जम्मू और सांबा समेत पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को चौक-चौबंद कर दिया गया है।
अनुच्छेद 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू-कश्मीर में पहली बार जनसभा करेंगे। इस दौरान पीएम केंद्र शासित प्रदेश को करीब 20 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का तोहफा देंगे। इसके अलावा 38 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारेंगे। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री सांबा जिला के पल्ली से देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों को संदेश देंगे। कई मायनों में अहम प्रधानमंत्री के इस दौरे पर सबकी निगाहें टिक गई हैं।