शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल कहती हैं कि जब तक ये आतंकवादी गतिविधियां पूरी तरह से बंद नहीं हो जातीं तब तक पाकिस्तान के साथ कोई भी समझौता नहीं होना चाहिए। आपने अटारी बॉर्डर बंद कर दिया है, लेकिन महाराष्ट्र और गुजरात के बड़े बंदरगाह, जहां से अमीर लोग पाकिस्तान के साथ अपना कारोबार करते हैं, उन्हें भी बंद कर देना चाहिए। अगर आप पाकिस्तान को सबक सिखाना चाहते हैं, तो इसे सबके लिए समान बना दें। पाकिस्तान उस रास्ते से और गुजरात और महाराष्ट्र के बंदरगाहों का इस्तेमाल करके जो नशीले पदार्थों का व्यापार करता है उसे बंद कर देना चाहिए। सिर्फ अटारी बॉर्डर बंद करने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा। हम सभी पाकिस्तान को सबक सिखाना चाहते हैं।
विस्थापित कश्मीरी पंडितों के लिए वकालत करने वाले संगठन पनुन कश्मीर ने गुरुवार को केंद्र से कश्मीर के लिए यात्रा परामर्श जारी करने का आग्रह किया और कहा कि घाटी में स्थिति असामान्य है और पर्यटकों, विशेष रूप से हिंदुओं को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए हैं। इसमें सार्क वीजा छूट योजना (एसवीईएस) को निलंबित कर दिया गया है। इसके बाद भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे में देश छोड़ना है। इसी के चलते पाकिस्तानी नागरिक अपने देश लौटने के लिए अटारी-वाघा सीमा पर पहुंचे। पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
इस बीच, पुलिस ने घाटी भर में लगभग 1,500 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इनमें वे लोग शामिल हैं, जिनका अतीत में आतंकवाद से संबंध रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इन सभी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, हमारा पूरा प्रयास है कि ऐसे सुराग मिलें, जिनसे दोषियों तक पहुंचा जा सके और उन्हें सजा दिलाई जा सके। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस बड़े पैमाने पर की गई कार्रवाई का उद्देश्य आतंकियों के नेटवर्क को ध्वस्त करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए बड़े आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। इस हमले के पीछे जिम्मेदार आतंकियों तक पहुंचने के लिए सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की है। एनआईए की एक टीम, जिसका नेतृत्व एक आईजी रैंक के अधिकारी कर रहे हैं, ने घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं, सेना की टीमें बायसरन के जंगलों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस भी हर संभव सुराग को तलाशने में जुटी है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले को लेकर केंद्र सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों का कहना है कि राजनाथ सिंह बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। गृह मंत्री अमित शाह व राजनाथ ने कई दलों के नेताओं से इस पर चर्चा की है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने पहलगाम के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की मांग की थी।
जम्मू और कश्मीर सरकार के मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) बारामुला ने एक आदेश जारी किया है। इसके तहत पीएम पैकेज और ऑल जम्मू बेस्ड रिजर्व्ड कैटेगरी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सप्ताह भर के लिए घर से काम करने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश 27 अप्रैल तक लागू रहेगा।