फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kishtwar Cloudburst Live: अब वायुसेना चलाएगी रेस्क्यू ऑपरेशन; अब तक 60 मौतें और 120 घायल, लापता की तलाश जारी

Fri, 15 Aug 2025 04:32 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला नेटवर्क, किश्तवाड़

खास बातें

Cloudburst in Kishtwar News Live : किश्तवाड़ के चिशोती कस्बे में बृहस्पतिवार को चार जगह बादल फटने से 60 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें अधिकतर मचैल माता के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु हैं। सीआईएसएफ के दो जवान भी बलिदान हुए हैं। बड़े पैमाने पर राहत और बचाव का काम जारी है। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स
विज्ञापन
Kishtwar cloudburst news - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:31 PM, 15-Aug-2025

खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर से नहीं हो सकी लैंडिंग

डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी कि वे चिशोती (किश्तवाड़) में बादल फटने की घटना वाले स्थल के लिए भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर से रवाना हुए थे, लेकिन खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते हेलिकॉप्टर एक घंटे की उड़ान के बाद वापस लौट आया। इसके तुरंत बाद उन्होंने सड़क मार्ग से प्रभावित क्षेत्र की ओर रवाना होने का फैसला लिया, ताकि जल्द से जल्द राहत कार्यों की निगरानी कर सकें।

02:36 PM, 15-Aug-2025

अब वायुसेना चलाएगी रेस्क्यू ऑपरेशन
समाचार एजेंसी एएनआई को सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायु सेना जम्मू-कश्मीर में बादल फटने की घटना के पीड़ितों के लिए राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए तैयार है। वर्तमान में जम्मू और उधमपुर में दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर और एक उन्नत हेलीकॉप्टर (एएलएच) स्टैंडबाय पर हैं।

02:18 PM, 15-Aug-2025

फारूक अब्दुल्ला बोले- वहां 500 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका
नेकां प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे लगता है कि किश्तवाड़ में 500 से ज़्यादा लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। अभी कुछ स्पष्ट पता नहीं है। मैंने वहां के लोगों से बात की है।

तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने ट्वीट कर कहा है कि, 14 अगस्त को किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) के चिशोती गांव में बादल फटने की घटना हुई। एनडीआरएफ की दो टीमें केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान में शामिल हुईं। तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है।
 

विज्ञापन
12:14 PM, 15-Aug-2025

सीएम उमर अब्दुल्ला ने पीएम मोदी को घटना में 60 लोगों की जान जाने की दी जानकारी
जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर गांव में बादल फटने की विनाशकारी घटना के बारे में जानकारी दी है। इस घटना में 60 लोगों की मौत हो गई है और 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

11:40 AM, 15-Aug-2025

प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम अब्दुल्ला को किया फोन
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, "मुझे अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी का फोन आया। मैंने उन्हें किश्तवाड़ की स्थिति और प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। मेरी सरकार और बादल फटने से प्रभावित लोगों के समर्थन और केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई सभी सहायता के लिए आभारी है।"
 

विज्ञापन
10:01 AM, 15-Aug-2025

एनडीआरएफ के अधिकारी ने बचाव अभियान को लेकर दी जानकारी
बचाव कार्यों पर एनडीआरएफ अधिकारी ने कहा, "यहाँ लोगों को बचाना मुश्किल होगा क्योंकि हमारे पास अभी सिर्फ एक जेसीबी है। जब जेसीबी खुदाई करेगी, तो हम ऊपर दबे लोगों को निकाल लेंगे। अब हम यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि नीचे कितने लोग दबे हैं। हमें बताया गया है कि अभी वहां कम से कम 100-200 लोग दबे हो सकते हैं"
 

06:00 AM, 15-Aug-2025

बादल फटते ही आई धमाके जैसी आवाज

एक पीड़ित ने बताया कि हम वहीं थे... अचानक एक धमाके जैसी आवाज आई और बादल फटने के बाद हम वहां से निकलने लगे। लेकिन 2 मिनट के अंदर ही वहां 4 फीट मलबा आ गया। हम कुछ लोगों को बचा पाए, लेकिन कुछ लोग फंस गए। हम 11 लोग थे, हम सुरक्षित हैं, लेकिन मेरी बेटी और मेरी पत्नी मलबे में फंस गए थे, और अब उनकी हालत स्थिर है।
 

03:39 AM, 15-Aug-2025

मैं कार में फंस गई... और मां बिजली के खंभे में

बचाए जाने के बाद किश्तवाड़ में अचानक आई बाढ़ के एक पीड़िता ने कहा कि जब बादल फटा, तो हम उड़ गए और मैं एक कार के नीचे फंस गई... मेरी मां एक बिजली के खंभे के नीचे फंस गई। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और सेना और सीआरपीएफ के वाहन तुरंत पहुंच गए। 

03:36 AM, 15-Aug-2025

मुझे पुलिसकर्मी ने बचाया, बहन लापता

किश्तवाड़ में अचानक आई बाढ़ से बचाए जाने के बाद एक पीड़ित ने कहा कि बहुत से लोग मारे गए और कई घायल हो गए। मैं पानी के बीच थी जब एक पुलिसकर्मी ने मेरी मदद की और मुझे अस्पताल पहुंचाया। मेरी बहन अभी लापता है।  

03:10 AM, 15-Aug-2025
किश्तवाड़ में भूस्खलन - फोटो : संवाद

52 की मौत... 120 लोग घायल; 200 लापता

उत्तराखंड के धराली में प्रकृति के प्रकोप से लोग अभी उबरे भी नहीं थे कि अब जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भयानक तबाही मच गई है। किश्तवाड़ के चिशोती कस्बे में बृहस्पतिवार को चार जगह बादल फटने से कम से कम 52 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें अधिकतर मचैल माता के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु हैं। सीआईएसएफ के दो जवान भी बलिदान हुए हैं। 120 से ज्यादा घायल हैं। कई लोग मलबे में दबे हैं, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। करीब 200 लोग लापता हैं। यह तबाही धराली हादसे के नौ दिन बाद हुई है। सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अब तक 167 लोगों को बचाया गया है। इनमें से 38 की हालत गंभीर है। मौसम खराब होने से बचाव कार्य में बाधा आ रही है।

02:29 AM, 15-Aug-2025

बचाव अभियान में स्थानीय लोग रेस्क्यू टीमों के साथ

एडिशनल एसपी प्रदीप सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन सेवाएं, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और सेना सहित केंद्रीय बल बचाव अभियान चला रहे हैं। 45 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक घायलों को (इलाज के लिए) स्थानांतरित किया गया है। कई लोगों के अभी भी लापता होने की आशंका है। जैसे ही और लापता लोगों या शवों के मिलने की जानकारी मिलेगी, हम अपडेट करेंगे। एम्बुलेंस और स्थानीय लोग भी बचाव अभियान के लिए पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। 8-10 मृतकों की पहचान हो गई है और पहचान की प्रक्रिया जारी है। 

11:59 PM, 14-Aug-2025

महिला को बचाया

लगातार बारिश के बाद पुंछ नदी में उफान पर आने के बाद भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने निचले इलाकों से फंसी महिलाओं को बचाया। 

10:01 PM, 14-Aug-2025

डीडीसी चेयरपर्सन पूजा ठाकुर ने दी जानकारी

डीडीसी चेयरपर्सन किश्तवाड़ पूजा ठाकुर ने चिशौती बादल फटने की घटना पर जानकारी देते हुए बताया कि करीब 100 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए प्रशासन की तत्परता की सराहना की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

09:51 PM, 14-Aug-2025

राहत और बचाव कार्य जारी

राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 50 से अधिक शव बरामद किए गए हैं। प्रशासन, पुलिस, सेना और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लगातार खोज और राहत कार्य में लगे हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, वहीं घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

09:28 PM, 14-Aug-2025

कुछ शव अब भी चिशौती में फंसे हैं, राहत और बचाव कार्य जारी

अब तक 36 शवों को अथोली पहुंचाया गया है, जबकि कुछ शव अभी भी चिशौती में ही फंसे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

08:59 PM, 14-Aug-2025
आईजीपी जम्मू और डीआईजी डीकेआर - फोटो : अमर उजाला

आईजीपी जम्मू और डीआईजी डीकेआर रेंज खुद कर रहे हालात की निगरानी

किश्तवाड़ के चिशौती गांव में बादल फटने की घटना के बाद बचाव कार्य तेजी से जारी है। जम्मू के आईजीपी और डीआईजी डीकेआर रेंज हालात की निगरानी कर रहे हैं। मौके पर पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें जुटी हैं। जिला उपायुक्त पंकज शर्मा (केएएस) और एसएसपी नरेश सिंह (जेकेपीएस) खुद मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों की अगुवाई कर रहे हैं।

08:48 PM, 14-Aug-2025

दो सीआईएसएफ कर्मियों समेत 46 की मौत
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर पहाड़ी गांव में गुरुवार को बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में दो सीआईएसएफ कर्मियों सहित 46 लोगों की मौत हो गई।

07:37 PM, 14-Aug-2025

डीआईजी ने कही ये बात
डोडा-किश्तवाड़-रामबन (DKR) रेंज के DIG श्रीधर पाटिल ने किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की घटना पर कहा, "हमारा ध्यान राहत और बचाव कार्यों पर है... लगभग 39 घायलों को यहां लाया गया है, जिनमें से लगभग सभी की हालत स्थिर है, 2-3 की हालत गंभीर है। 3-4 लोगों को जम्मू रेफर किया गया है। लोगों से अनुरोध है कि घबराएं नहीं, हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें...।"
 

07:31 PM, 14-Aug-2025

पुंछ में सुखा कथा नाला और जलाशय उफान पर
लगातार भारी वर्षा के कारण पुंछ में सुखा कथा नाला और अन्य जलाशय उफान पर हैं और सड़कों पर बारिश का पानी और मलबा बह रहा है।
 

06:58 PM, 14-Aug-2025

नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने घटना को बताया दुखद
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हुए बादल फटने की घटना को बहुत दुखद जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अब पहाड़ी इलाकों में आम हो गई हैं। उन्होंने उत्तराखंड और रामबन की पिछली घटनाओं का भी जfक्र किया। फारूक अब्दुल्ला ने आशा जताई कि एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचकर घायलों को बचाएं और रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए। उन्होंने मृतकों की संख्या कम होने की उम्मीद जताई और इस कठिन समय में सभी राहतकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

06:33 PM, 14-Aug-2025

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हादसे को लेकर जताया दुख
अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर में हुआ ये हादसा बेहद दुखद है। इस हादसे में प्रभावित सभी परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर सभी को सुरक्षित और कुशल रखें। जम्मू-कश्मीर में मौजूद आम आदमी पार्टी के सभी साथियों से अपील है कि इस मुश्किल समय में प्रशासन के साथ मिलकर काम करें और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें।'

06:30 PM, 14-Aug-2025

केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने किश्तवाड़ उपायुक्त से की बात 
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा से तत्काल संदेश मिलने के बाद अभी-अभी किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बात की। चोसिटी क्षेत्र में भीषण बादल फटा है, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती है। प्रशासन तुरंत कार्रवाई में जुट गया है, बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक बचाव एवं चिकित्सा प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है।

उप राज्यपाल ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय ने ट्वीट किया है कि "चिशौती किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना से व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सिविल, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ अधिकारियों को बचाव और राहत अभियान को मजबूत करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।"

राष्ट्रपति ने हादसे पर जताया दुख
'जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और राहत तथा बचाव कार्य में सफलता की कामना करती हूं।'

 

 


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जताया दुख
'मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बचाव और राहत कार्य जारी हैं। जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।'
 

06:23 PM, 14-Aug-2025

विपक्ष के नेता ने घटनास्थल का किया दौरा
विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा और स्थानीय विधायक ने घटनास्थल का दौरा किया है और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन स्थिति का जायजा लेने में जुटा हुआ है।

 

06:14 PM, 14-Aug-2025

जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों ने बड़े पैमाने पर शुरू किया राहत-बचाव कार्य
जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। दोनों पुल, लकड़ी का पुल और पीएमजीएसवाई पुल, क्षतिग्रस्त हो गए हैं। किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि चशोती इलाके में अचानक बाढ़ आ गई है, जो मचैल माता यात्रा का प्रारंभिक बिंदु है। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


 

06:11 PM, 14-Aug-2025

38 लोगों की मौत की पुष्टि
समाचार एजेंसी, पीटीआई के मुताबिक अब तक 38 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बादल फटने की घटना के बाद चिशौती गांव में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई घरों को नुकसान पहुंचा है। 

06:06 PM, 14-Aug-2025

Kishtwar Cloudburst Live: अब वायुसेना चलाएगी रेस्क्यू ऑपरेशन; अब तक 60 मौतें और 120 घायल, लापता की तलाश जारी

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चिशौती गांव में बादल फटने की घटना सामने आई है, जिसमें जान-माल की क्षति की आशंका है। यह घटना मछेल माता यात्रा के मार्ग पर स्थित पदर उपखंड में हुई है। बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेने के लिए टीमों को भेजा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें