07:17 AM, 27-Oct-2026
यूपी: सुबह आठ बजे से मतगणना
यूपी में मंगलवार यानी आज 11 विधान परिषद सीटों के लिए वोटों की गिनती होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 5 खंड स्नातक और 6 खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना मंगलवार को प्रातः 8 बजे से लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी 11 निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना निर्धारित स्थलों पर रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन और प्रेक्षकों की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी। मतगणना की प्रक्रिया को सुचारु, शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। इसके परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है।