पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अजित पवार एक ऐसे नेता थे जो हमेशा सबको साथ लेकर काम करते थे।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अजित दादा के पास महाराष्ट्र के विकास के लिए एक बेहतरीन विजन था और उनके पास शासन एवं प्रशासन की हर समस्या का समाधान मौजूद रहता था।
अजित पवार के निधन पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (UBT) नेता अरविंद सावंत ने दिल्ली में कहा कि शरद पवार ने स्पष्ट किया कि इस विमान हादसे के पीछे कोई राजनीति नहीं है, लेकिन उन्होंने जांच कराने से इनकार नहीं किया है। उन्होंने संकेत दिया कि हादसे की तह तक जाने के लिए जांच आवश्यक है।
ममता बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने दिल्ली में कहा कि यह एक अत्यंत दुखद घटना है और हमारी संवेदनाएं पवार परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की। विमान हादसे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह दुखद है और केवल विस्तृत जांच के बाद ही इसके पीछे के कारणों का पता चल पाएगा।
भाजपा नेता संजय जायसवाल ने दिल्ली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अजित पवार के निधन को एक दुखद घटना और एक बड़े नेता की क्षति बताते हुए पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। जायसवाल ने कहा कि शरद पवार के बयान ने सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें 'साजिशकर्ता' करार दिया और बंगाल में रोहिंग्या व बांग्लादेशियों को शरण देने का आरोप लगाया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद बारामती से रवाना हो गए हैं।
अजित पवार के बेटे पार्थ और जय ने अपने पिता और एनसीपी प्रमुख के अंतिम संस्कार में शामिल हुए एनसीपी समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर आभार जताया।
दोनों बेटों पार्थ और जय ने अपने पिता अजित पवार को मुखाग्नि दी।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
अजित पवार को बेटों ने दी मुखाग्नि। अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बारामती में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अजीत पवार को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
अजित पवार के अंतिम संस्कार में पहुंचे अभिनेता रितेश देशमुख।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अजित पवार को अर्पित की पुष्पांजलि, दी अंतिम विदाई।
गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नीतीन नवीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और नितीन गडकरी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अजित पवार के अंतिम संस्कार में जनसैलाब उमड़ पड़ा है। विद्या प्रतिष्ठान के मैदान से ड्रोन से रिकॉर्ड किया गया वीडियो।
अजित पवार के अंतिम संस्कार पर उनके परिवारजनों ने उनको अंतिम श्रद्धांजलि दी।
पत्नी सुनेत्रा पवार ने अपने पति अजित पवार को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अंतिम विदाई के समय उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार अपने पति के पार्थिव शरीर को देखकर भावुक हुई।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के बेटे पार्थ और जय ने बारामती में अपने पिता के अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं।
अजित पवार के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया जारी है। दोनों बेटे पार्थ और जय पवार हिंदू रीति रिवाज से विधि कर रहे हैं।
अजित पवार के अंतिम संस्कार की रस्म शुरू हो चकी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंच चुके हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पार्थिव शरीर पर राजकीय अंतिम संस्कार के दौरान लिपटा राष्ट्रीय ध्वज अंतिम संस्कार से पहले उनके बेटे जय पवार को सौंपा गया।
तिरंगे में लिपटा अजित पवार का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड लाया गया।
बारामती से भावुक कर देने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। एनसीपी (SCP) नेता सुप्रिया सुले ने सुनेत्रा पवार को गले लगाकर उन्हें सांत्वना दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार कुछ ही समय में शुरू होगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बारामती पहुंच चुके हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बारामती पहुंचे आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने बारामती पहुंचे सीएम फडणवीस और डिप्टी सीएम शिंदे।
बारामती में चार्टर प्लेन की क्रैश लैंडिंग: कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर बरामद कर लिए गए हैं, जिसकी जानकारी नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मंत्री पंकजा मुंडे और राधाकृष्ण विखे पाटिल अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंच गए हैं।
अजित पवार का पार्थिव शरीर विद्या प्रतिष्ठान मैदान की ओर बढ़ रहा है। भारी संख्या में समर्थक उनकी शव यात्रा के पीछे-पीछे चल रहे हैं।
अपने नेता को आखिरी श्रद्धांजलि देने के लिए सड़कों पर भारी संख्या में लोग जमा हुए हैं।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत बारामती अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंचे।
अजित पवार के पार्थिव शरीर को ले जा रहा वाहन अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान समर्थक भारी संख्या में पीछे-पीछे चल रहे हैं।
बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड की ओर जा रहे हैं।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने शरद पवार से मुलाकात की और अजित पवार के निधन पर मिलकर शोक व्यक्त किया।
डिप्टी सीएम अजित पवार के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान ले जाया जा रहा है।
बारामती: डिप्टी सीएम अजित पवार के समर्थक 'अजित दादा अमर रहें' के नारे लगा रहे हैं। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड ले जाया जा रहा है। उनके बेटे जय पवार, भतीजे रोहित पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्य मौजूद हैं।
इससे पहले अजित पवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ और जय पवार मौजूद रहे।
बारामती: डिप्टी सीएम अजित पवार के पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस उनके काटेवाड़ी आवास से लेकर निकली। अब से थोड़ी देर में उनका अंतिम संस्कार विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में किया जाएगा।
सतारा: उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) विदीप दिलीप जाधव का अंतिम संस्कार कल रात सतारा में उनके पैतृक गांव में किया गया। उनके छोटे बेटे ने उनको मुखाग्नी दी। जाधव भी उसी दुर्भाग्यपूर्ण चार्टर प्लेन में सवार थे, जो कल बारामती में क्रैश हो गया था।
बारामती: मनसे प्रमुख राज ठाकरे अजित पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके काटेवाड़ी आवास पर पहुंचे।
मुंबई: अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बारामती जाने के लिए रवाना हुए।
बारामती: कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंचे।
बारामती: एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंच गए हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पार्थिव शरीर उनके अंतिम संस्कार से पहले काटेवाड़ी स्थित उनके आवास पर लाया गया है। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में चल रही हैं। वहीं इससे पहले एनसीपी प्रमुख अजित पवार के समर्थक मेडिकल कॉलेज के बाहर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए जमा हुए थे, जब उन्हें वहां से बाहर ले जाया गया।
तस्वीरें विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड की है...
बारामती: दिवंगत अजित पवार के बेटे जय पवार काटेवाड़ी स्थित अपने आवास पर है।
विद्या प्रतिष्ठान में अजित पवार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित महाराष्ट्र कैबिनेट के मंत्री शामिल होंगे।
बारामती के विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं।
बारामती: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार से पहले उनके काटेवाड़ी स्थित घर लाया गया।
बारामती: एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्य अजित पवार के काटेवाड़ी स्थित घर पर है।
बारामती एयरपोर्ट के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कई नेताओं के आने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पार्थिव शरीर को बारामती स्थित अहिल्यादेवी होलकर सरकारी मेडिकल कॉलेज से बाहर लाया जा रहा है। अजित पवार का बुधवार को विमान हादसे में निधन हो गया था।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अंतिम यात्रा के लिए तैयार वाहन की तस्वीरें सामने आई हैं। यह यात्रा विद्या प्रतिष्ठान परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचेगी। कल बारामती में जिस विमान से वह सफर कर रहे थे, उसके हादसे में उनका निधन हो गया था, जिसमें सभी यात्री जान गंवा बैठे।
महाराष्ट्र के बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में एनसीपी प्रमुख और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अंतिम संस्कार की तैयारियां जोरों पर हैं। बताया गया है कि कल जिस विमान से वह यात्रा कर रहे थे, उसके बारामती में दुर्घटनाग्रस्त होने से उनका निधन हो गया, जिसमें सभी यात्रियों की जान चली गई।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पार्थिव शरीर पहले विद्या प्रतिष्ठान और फिर उनके पैतृक गांव कोटेवाड़ी में आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में राज्य सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। वहीं, पवार परिवार के सदस्य भी बारामती पहुंच चुके हैं।
विमान हादसे में जान गंवाने वाले पायलट कैप्टन सुमित कपूर और कैप्टन शांभवी पाठक का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है। प्रक्रिया के अनुसार उनके पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए गए। पोस्टमार्टम बारामती स्थित पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर सरकारी मेडिकल कॉलेज में किया गया।
बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। पुणे ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बारामती तालुका पुलिस थाने में ADR दर्ज कर लिया गया है। तय प्रक्रिया के तहत यह मामला अब महाराष्ट्र आपराधिक जांच विभाग (CID) को सौंपा जाएगा, जो नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच करेगा।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पहचान बुधवार को हुए भीषण विमान हादसे के बाद उनकी कलाई घड़ी के जरिए की गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद जब गांववाले घटनास्थल पर पहुंचे, तो जले हुए मलबे के बीच पवार का शव उनकी हमेशा पहनी जाने वाली घड़ी से पहचाना गया।
बारामती एयरपोर्ट के पास हुए इस हादसे में लियरजेट विमान आग की लपटों में घिर गया था। ग्रामीणों के अनुसार, विमान रनवे से महज करीब 200 मीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे चारों ओर मलबा फैल गया था। इसी दौरान एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति जले हुए शव की घड़ी की ओर इशारा करते हुए उसे अजित पवार बता रहा है।
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पवार के योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। संगमा ने कहा कि अजित पवार ने तीन दशकों से अधिक समय तक विभिन्न पदों पर रहकर महाराष्ट्र के विकास में अहम भूमिका निभाई और जनता की सेवा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके परिवार, प्रियजनों और राज्यवासियों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार कार्यक्रम सुबह 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इसमें शामिल होने की संभावना है। एनसीपी के अनुसार, सभी दलों के वरिष्ठ नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे। बारामती के साथ-साथ पूरे राज्य से बड़ी संख्या में लोग और पार्टी कार्यकर्ता दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए शहर में जमा हुए, जो राजनीतिक रूप से ताकतवर पवार परिवार का जाना-माना शहर है।
महाराष्ट्र सामान्य प्रशासन विभाग (प्रोटोकॉल) ने बताया है कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। तीन दिन के शोक की अवधि के दौरान महाराष्ट्र की सभी इमारतों पर जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, उसे आधा झुका दिया जाएगा। इस अवधि के दौरान कोई भी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में सुबह 11 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
Ajit Pawar Last Rites in Baramati Live Updates in Hindi: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार का बुधवार सुबह विमान हादसे में निधन हो गया। महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। अजित का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में सुबह 11 बजे राजकीय सम्मान से किया जाएगा। सभी पल-पल के अपडेट्स जानिए...