फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव 2024 Live: प. बंगाल की 12 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी तय; उद्धव बोले- MVA की सूची जल्द जारी होगी

Tue, 19 Mar 2024 11:59 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

लोकसभा चुनाव होने में सिर्फ एक महीना बचा है। इसके मद्देनजर राजनीतिक दलों ने भी तैयारियां तेज कर रखी हैं। सात चरण में होने वाले आम चुनाव के लिए 19 अप्रैल से मतदान शुरू होगा। सभी राजनीतिक दल बढ़-चढ़कर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। एक तरफ सीएए पर रार मची हुई है। वहीं, आज कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है।
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:59 PM, 19-Mar-2024

बंगाल की छह लोकसभा सीटें 'आर्थिक रूप से संवेदनशील' घोषित

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से छह को 'आर्थिक रूप से संवेदनशील' घोषित किया है। साथ ही राज्य और केंद्र की जांच एजेंसियों को इन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि ये छह निर्वाचन क्षेत्र- दार्जिलिंग, मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, आसनसोल, बनगांव और कोलकाता उत्तर हैं।

11:45 PM, 19-Mar-2024

जनसेना ने काकीनाडा से टी उदय श्रीनिवास को बनाया उम्मीदवार

आंध्र प्रदेश में एनडीए की सहयोगी पार्टी जनसेना ने मंगलवार को काकीनाडा लोकसभा सीट से टी उदय श्रीनिवास को अपना उम्मीदवार घोषित किया। जनसेना आंध्र प्रदेश में भाजपा और टीडीपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। एनडीए में सीट बंटवारे के तहत पार्टी को 21 विधानसभा और दो लोकसभा सीटें मिली हैं। जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने मंगलवार को पार्टी की बैठक के दौरान श्रीनिवास के नाम की घोषणा की। कल्याण पिथापुरम सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

11:02 PM, 19-Mar-2024
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी। (फाइल)

राहुल गांधी को स्मृति ईरानी की चुनौती, अगर धर्मनिरपेक्ष हैं तो धर्म के आधार पर चुनाव न लड़ें

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा, अगर कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद को धर्मनिरपेक्ष मानते हैं तो उन्हें धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर लड़ना चाहिए। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ईरानी ने कहा, किसी देश की मंजिल वह व्यक्ति तय नहीं कर सकता, जो अमेठी में हार से डरता है। उन्होंने कहा, यह पहली बार नहीं है कि उन्होंने मेरे धर्म हिंदू धर्म के खिलाफ कोई बयान दिया है। हालांकि, उनका मानना है कि अगर राहुल धर्मनिरपेक्ष हैं तो उन्हें धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर लड़ना चाहिए।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट को लंबे समय तक गांधी परिवार का गढ़ माना जाता था। हालांकि, राहुल गांधी को 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन
10:34 PM, 19-Mar-2024
नाना पटोले और उद्धव ठाकरे (फाइल) - फोटो : सोशल मीडिया

21 मार्च को महाराष्ट्र में सीट बंटवारा फाइनल होगा: कांग्रेस सूत्र

कांग्रेस पार्टी 21 मार्च को महाराष्ट्र में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे सकती है। कांग्रेस लगभग 19 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के राकांपा गुट के साथ सीट बंटवारे की बात कर रही कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने कहा, शिवसेना (यूबीटी) 23 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। एनसीपी का शरद पवार गुट छह सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा।

सूत्रों ने कहा कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के नेताओं के बीच बातचीत अंतिम दौर में है। प्रकाश अंबेडकर ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र लिखकर कहा है कि उनकी पार्टी- वंचित बहुजन अघाड़ी सात लोकसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी को बाहर से समर्थन देगी।

10:24 PM, 19-Mar-2024
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे। (फाइल) - फोटो : Amar Ujala

चुनाव आयोग के फरमान- महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के 2 अतिरिक्त नगर निगम आयुक्तों का तबादला किया

चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को मुंबई के अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिड़े और पी वेलरासु का तबादला कर दिया। इस कदम से एक दिन पहले चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को मुंबई के आयुक्त इकबाल सिंह चहल, सभी नगर निगम आयुक्तों, अतिरिक्त/उप नगर निगम आयुक्तों को तत्काल स्थानांतरित करने को कहा था। तबादला उन अधिकारियों का किया गया है जो तीन साल से अधिक समय से एक ही जगह और अपने गृह जिलों में तैनात हैं। आयोग ने 19 मार्च की शाम 5 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी थी।

महाराष्ट्र के अतिरिक्त मुख्य सचिव (सेवाएं) नितिन गद्रे की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अतिरिक्त नगर आयुक्त भिड़े को मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमआरसीएल) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

विज्ञापन
10:14 PM, 19-Mar-2024
उद्धव ठाकरे (फाइल) - फोटो : सोशल मीडिया

बीजेपी पर बरसे उद्धव ठाकरे; नांदेड़ से एलान- जल्द जारी करेंगे MVA के प्रत्याशियों की सूची

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा, महा विकास अघाड़ी (MVA) के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा एक-दो दिन में कर दी जाएगी। उन्होंने नांदेड़ में एक जनसभा के दौरान कहा, जिन उम्मीदवारों को यहां से विधायक और सांसद बनाकर भेजा गया था, उन्होंने उसी जनता को धोखा दिया, जिन्होंने उन्हें जिताया। वामपंथी अफवाह फैला रहे हैं कि मैंने बाला साहेब की विचारधारा छोड़ दी है। मैंने हिंदुत्व नहीं छोड़ा है। हमारे हिंदुत्व और बीजेपी के हिंदुत्व में अंतर है। हमारा हिंदुत्व राष्ट्रवादी है। दूसरे धर्मों के खिलाफ नफरत फैलाना हमारा हिंदुत्व नहीं है।

08:25 PM, 19-Mar-2024
मणिकम टैगोर (फाइल) - फोटो : सोशल मीडिया

'कांग्रेस में रणनीतिक तरीके से उम्मीदवारों का एलान; 300 सीटें जीतेगी- INDIA'

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में चार घंटों के मंथन के बाद पार्टी सांसद मणिकम टैगोर ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी की मौजूदगी में सभी राज्यों के नेताओं से विस्तार से बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। टैगोर के मुताबिक कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से तैयार है। उम्मीदवारों की सूची से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा, पार्टी रणनीतिक रूप से उम्मीदवारों की घोषणा कर रही है। कांग्रेस पार्टी जीत के लिए लड़ाई लड़ेगी। विपक्षी दलों का गठबंधन- INDIA 300 सीटें जीतने में सफल होगा। 

08:16 PM, 19-Mar-2024
प्रकाश अंबेडकर (फाइल)

सात लोकसभा सीटों पर कांग्रेस का समर्थन करेगी अंबेडकर की पार्टी

वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने कांग्रेस का समर्थन करने का एलान किया है। अंबेडकर ने कहा कि महाराष्ट्र की सात लोकसभा सीटों पर उनकी पार्टी कांग्रेस का समर्थन कर सकती है। उन्होंने वीबीए के प्रति 'असमान रवैये' के लिए शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रति नाराजगी भी व्यक्त की। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे गए पत्र में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वीबीए का प्रस्ताव 'सद्भावना' का संकेत है। भविष्य के लिए संभावित गठबंधन और 'दोस्ताना रिश्तते के लिए हाथ बढ़ाने' का जिक्र करते हुए अंबेडकर ने कहा, वे वीबीए उम्मीदवार के रूप में अकोला लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

08:09 PM, 19-Mar-2024
सावली से विधायक केतन इनामदार और पीए्म मोदी (फाइल) - फोटो : सोशल मीडिया

इस्तीफे के बाद भाजपा विधायक इनामदार का यू-टर्न; कहा- वापस लेने पर विचार

गुजरात के बीजेपी विधायक केतन इनामदार ने इस्तीफे के बाद पार्टी नेताओं से मुलाकात की। हालांकि, इनामदार ने कुछ ही घंटों बाद मंगलवार सुबह कहा कि वह इस्तीफा वापस लेने पर विचार कर रहे हैं। इनामदार ने गांधीनगर में गुजरात भाजपा के वरिष्ठ पार्टी नेताओं से मुलाकात की। बता दें कि इनामदार वडोदरा जिले के सावली से तीन बार के विधायक रह चुके हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को अपना इस्तीफा ई-मेल किया। इस्तीफे को इनामदार ने अपनी 'अंतरात्मा की आवाज' सुनने के बाद लिया गया फैसला बताया। उन्होंने कहा कि आत्मसम्मान से बड़ा कुछ नहीं है।

हालांकि, इनामदार ने यह भी साफ किया कि उनका फैसला पार्टी पर दबाव बनाने की रणनीति नहीं है। उन्होंने कहा कि वह वडोदरा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रंजन भट्ट की जीत सुनिश्चित करने की दिशा में पूरा जोर लगाएंगे। बता दें कि इस सीट पर 7 मई को मतदान होना है।

07:57 PM, 19-Mar-2024
निर्वाचन आयोग (फाइल) - फोटो : सोशल मीडिया

अधिकृत मीडिया कर्मियों को भी डाक मतपत्र से वोट डालने की अनुमति

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले केंद्रीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने अहम फैसला लिया है। आयोग की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक चुनाव ड्यूटी के लिए अधिकृत मीडिया कर्मियों को भी डाक मतपत्र से मतदान की अनुमति होगी। इन्हें आवश्यक सेवाओं के कारण अनुपस्थित मतदाता (absentee voters on essential services) के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा। आयोग ने 19 मार्च को जारी अधिसूचना में इस श्रेणी के तहत उल्लिखित मतदाताओं की श्रेणी को अधिसूचित किया है।

07:53 PM, 19-Mar-2024
पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रमुख अधीर रंजन चौधरी (फाइल) - फोटो : सोशल मीडिया

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की 12 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में 12 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए।

06:48 PM, 19-Mar-2024
रोहन गुप्ता और गुजरात कांग्रेस प्रमुख शक्तिसिंह गोहिल (फाइल) - फोटो : ani

गुजरात में कांग्रेस के बड़े नेता का इस्तीफा, पार्टी प्रमुख ने दिया चौंकाने वाला बयान

कांग्रेस नेता मनीष दोशी ने कहा, पार्टी के प्रत्याशी रोहन गुप्ता का लोकसभा चुनाव 2024 से नाम वापस लेने और चुनाव न लड़ने का फैसला चौंकाने वाला है। गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने मंगलवार को कहा, रोहन ने पार्टी नेताओं से सलाह नहीं ली। उन्होंने कहा कि फैसला पार्टी के लिए एक 'आश्चर्यजनक' है क्योंकि उन्होंने स्थानीय लोगों से परामर्श किए बिना यह घोषणा की है। दोशी ने कहा, इतना बड़ा मौका दिए जाने के बावजूद गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी को निराश किया।

गौरतलब है कि 2022 से ही रोहन गुप्ता पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। हाल ही में उन्हें पार्टी ने गुजरात की अहमदाबाद पूर्व लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए चुना था। गुप्ता कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं। बता दें कि सोमवार देर रात,रोहन गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- 'एक्स' पर पत्र शेयर किया। गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल को संबोधित पत्र में रोहन ने घोषणा की कि वह अपने पिता की तबीयत के कारण चुनाव न लड़ने का फैसला ले रहे हैं।

05:48 PM, 19-Mar-2024

CEC की बैठक में कई शीर्ष नेता बैठक में शामिल हुए

कांग्रेस सीईसी की बैठक के बीच सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि खरगे, सोनिया, केसी वेणुगोपाल के अलावा भी कई नेता मौजूद हैं। केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सदस्य- पीएल पूनिया, सलमान खुर्शीद, अंबिका सोनी, तेलंगाना के कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की सरकार में मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी भी बैठक में शामिल हुए।

04:34 PM, 19-Mar-2024
सोनिया गांधी (फाइल) - फोटो : ट्विटर/कांग्रेस

कांग्रेस CEC की बैठक में शामिल होने पार्टी मुख्यालय पहुंचीं सोनिया गांधी

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में शामिल होने सोनिया गांधी पार्टी मुख्यालय पहुंचीं हैं। खबरों के मुताबिक कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के अलावा कांग्रेस के शीर्ष नेता- पार्टी सुप्रीमो मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल सरीखे नेता भी बैठक में शामिल होंगे।

03:53 PM, 19-Mar-2024
पूर्व CM एचडी कुमारस्वामी, अमित शाह और पीएम मोदी; पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा - फोटो : amar ujala

पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी का दावा, कर्नाटक में सीट शेयरिंग पर JDS-BJP के बीच रार नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेकुलर (JDS) नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा, कर्नाटक में सीट बंटवारे को लेकर भाजपा के साथ विश्वास की कोई कमी नहीं है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा के साथ सीट बंटवारे के मुद्दे पर नाखुशी का संकेत देने के एक दिन बाद पूर्व सीएम कुमारस्वामी ने मंगलवार को कहा, इसका मतलब यह नहीं निकाला जाना चाहिए कि दोनों पक्षों के बीच विश्वास की कमी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, भाजपा और जेडीएस के बीच संबंधों में कोई भ्रम नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्रीय पार्टी को कोलार सीट देने का मुद्दा 'जल्द स्पष्ट हो जाएगा।'

सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर स्पष्ट नाराजगी व्यक्त करते हुए, कुमारस्वामी ने सोमवार को कहा था कि उन्हें विश्वास है कि उनकी पार्टी को तीन से चार सीटें मिलेंगी। हालांकि, अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा, जेडीएस के लिए केवल दो सीटें छोड़ सकती है। कुमारस्वामी ने कहा था कि उनकी पार्टी के नेताओं ने उनसे कहा है कि भाजपा को 'सम्मानजनक' व्यवहार करने की जरूरत और कम से कम 18 लोकसभा क्षेत्रों में जेडीएस की ताकत समझाने को कहा है।

03:34 PM, 19-Mar-2024
भाजपा में शामिल हुए पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू (वीडियो ग्रैब) - फोटो : ani

पूर्व अमेरिकी राजदूत तरनजीत सिंह संधू भाजपा में शामिल

राजनयिक के रूप में शानदार करियर से रिटायर होने के बाद पूर्व अमेरिकी राजदूत तरनजीत सिंह संधू भाजपा में शामिल हो गए हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद संधू ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में, मैंने पीएम मोदी के नेतृत्व में काम किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में अमेरिका और श्रीलंका के साथ भारत के संबंध नए स्तर पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, आज विकास की बहुत जरूरत है, विकास होना भी चाहिए। अमृतसर में भी विकास होना चाहिए। बकौल संधू, वे पार्टी अध्यक्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री को धन्यवाद देना चाहते हैं। उन्होंने मुझे देश की सेवा के नए रास्ते पर जाने के लिए प्रोत्साहित किया है। इसलिए वे राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं।

02:01 PM, 19-Mar-2024

बंगलूरू में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा, 'बंगलूरू ग्रामीण संसदीय क्षेत्र में व्यक्तिगत मुफ्त उपहार बांटे जा रहे हैं। पिछले 48 घंटों में चार लाख से अधिक प्रेशर कुकर बांटे गए हैं। मैं राज्य चुनाव आयोग से इस पर ध्यान देने का अनुरोध करता हूं।' बता दें, कांग्रेस नेता डीके सुरेश आगामी चुनाव में बंगलूरू ग्रामीण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

02:01 PM, 19-Mar-2024

कर्नाटक में भाजपा के साथ गठबंधन पर जेडीएस यूथ विंग के अध्यक्ष निखिल कुमारस्वामी ने कहा, 'इस गठबंधन के शुरुआती दिनों से ही मैं अपने पिता और कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ दिल्ली में हुई हर बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल रहा हूं। हमने गठबंधन के बारे में बात की है और भाजपा व जेडीएस दोनों के नेताओं को उम्मीद है कि यह एक मजबूत गठबंधन होगा ताकि यह कुछ अच्छे परिणाम ला सके। इसे राष्ट्रीय चुनाव मानते हुए, हम सीटों की अधिक संख्या की उम्मीद नहीं कर रहे हैं क्योंकि हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं। हम व्यक्तिगत रूप से पीएम मोदी को 28 में से 28 सीटें भाजपा-जेडीएस गठबंधन से जीतना चाहते हैं।'

 

01:26 PM, 19-Mar-2024

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'पिछले दो चुनावों में भाजपा दूसरे नंबर पर रही, अगर वे वास्तव में विपक्षी एकता के बारे में चिंतित हैं तो वे एक उम्मीदवार को खड़ा करके मेरे वोट को कम क्यों कर रहे हैं, जिसका प्रचार पूरी तरह से मेरे खिलाफ है? मैंने वामपंथियों को भाजपा के खिलाफ बोलते नहीं सुना, वे हर समय मेरे खिलाफ बोल रहे हैं और उदाहरण के लिए अल्पसंख्यक वोट छीनने की कोशिश कर रहे हैं। यह एक रणनीति है जो केवल तीसरे पक्ष अर्थात् भाजपा की मदद कर सकती है, इसलिए मैं सीपीआई से पूछ रहा हूं कि आप किस बारे में बात कर रहे हैं? आप यहां ऐसा क्यों कर रहे हैं? और फिर धर्म और वायनाड के बीच गठबंधन की मांग करना मेरा संदेश है।'
 

12:40 PM, 19-Mar-2024

दुबे ने आगे कहा, 'अब जब कांग्रेस के पास अमेठी और रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं हैं, तो यह स्पष्ट है कि वे गुड्डा (लोकसभा सीट) भी छोड़ देंगे। मुझे नहीं लगता कि गुड्डा सीट पर कांग्रेस का कोई उम्मीदवार होगा।'

12:40 PM, 19-Mar-2024

कल्पना सोरेन के बयान पर भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा, 'कल्पना सोरेन एक नौसिखिया हैं। वह इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि वह लोकसभा चुनाव लड़ें या वह सीएम बन सकती हैं। यह चंपई सोरेन के लिए एक प्रश्न चिह्न खड़ा करता है।'
 

12:18 PM, 19-Mar-2024

विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के अध्यक्ष थोल तिरुमावलवन ने दो निर्वाचन क्षेत्रों के संसदीय चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। उन्होंने चिदंबरम निर्वाचन क्षेत्र से थिरुमावलवन और विल्लुपुरम निर्वाचन क्षेत्र से रविकुमार के नाम का एलान किया है। बता दें, तमिलनाडु में विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) डीएमके के साथ गठबंधन में है।

11:53 AM, 19-Mar-2024

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो  ने कहा, 'राज ठाकरे का दिल्ली जाना कोई आश्चर्य की बात नहीं है क्योंकि लंबे समय से वे भाजपा के साथ अपनी नजदीकियों के बारे में संदेश दे रहे थे। इसलिए मुझे लगता है कि वह वहां जाकर केवल अपनी पार्टी और शायद खुद को बचा रहे हैं क्योंकि अतीत में भी उन पर जांच हुई है। कुछ एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं। शायद वे सवाल फिर से उठ गए हैं। यदि आप देखें तो मुंबई में उनकी पार्टी डूबती जा रही है। इसलिए मुझे लगता है कि वह अपनी पार्टी और खुद को बचाने की कोशिश कर रहे होंगे।'

11:08 AM, 19-Mar-2024

विजयेंद्र ने आगे कहा, 'कांग्रेस को लोकसभा के लिए उम्मीदवार नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने उम्मीदवारों की घोषणा सिर्फ इसलिए नहीं की क्योंकि उनके पास उम्मीदवार नहीं हैं। उनका कोई भी मंत्री आश्वस्त नहीं है और वे लोकसभा में चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं।'
 

11:08 AM, 19-Mar-2024

कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा, 'डीवी सदानंद गौड़ा ने घोषणा की है कि वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस बीच, पार्टी ने बंगलूरू उत्तर लोकसभा सीट पर पहले ही अपना रुख अख्तियार कर लिया है। हम डीवी सदानंद गौड़ा के संपर्क में हैं। निश्चित तौर पर वह भाजपा के साथ होंगे और वह हमारे पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं।'

11:06 AM, 19-Mar-2024

आज केरल के पलक्कड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया।

11:05 AM, 19-Mar-2024

लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में भाजपा के विधायक केतन इनामदार ने मंगलवार को राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।

10:55 AM, 19-Mar-2024

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में शुरू हुई।

10:23 AM, 19-Mar-2024

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी सांसद राहुल गांधी कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय पहुंच गए हैं। 

10:22 AM, 19-Mar-2024

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में भाग लेने के लिए कांग्रेस नेता सचिन पायलट और महासचिव जयराम रमेश एआईसीसी मुख्यालय पहुंचे।
 

10:22 AM, 19-Mar-2024

लोकसभा चुनाव को लेकर जगह-जगह तलाश जारी है। मिरयालगुडा 1 टाउन पीएस की स्टेशन हाउस ऑफिसर सुधाकर ने बताया कि नलगोंडा पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान 5.73 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया गया। सोने को एक वाहन में मिरयालगुडा से खम्मम ले जाया जा रहा था। 
 

10:19 AM, 19-Mar-2024

लोकसभा चुनाव 2024 Live: प. बंगाल की 12 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी तय; उद्धव बोले- MVA की सूची जल्द जारी होगी

लोकसभा चुनाव होने में सिर्फ एक महीना बचा है। इसके मद्देनजर राजनीतिक दलों ने भी तैयारियां तेज कर रखी हैं। सात चरण में होने वाले आम चुनाव के लिए 19 अप्रैल से मतदान शुरू होगा। सभी राजनीतिक दल बढ़-चढ़कर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। एक तरफ सीएए पर रार मची हुई है। वहीं, आज कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हो रही है, जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र पर अंतिम रूप दिया जाएगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें