कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की घटना को लेकर भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया।
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, 'ममता बनर्जी चोरों और बलात्कारियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। इस मामले को लेकर पूरा बंगाल ममता बनर्जी के खिलाफ आक्रोशित है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार को जिस तरह फटकारा है, कोई और राज्य सरकार का मुखिया होता तो शर्म से अपना इस्तीफा दे देता लेकिन हमारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कुर्सी का इतना मोह है कि वे कुर्सी छोड़ने के लिए राजी नहीं हैं।'
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की घटना पर बंगाल भाजपा ने श्याम बाजार इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता रूपा गांगुली ने कहा, 'इसे लेकर पूरे देश में आंदोलन हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल को सरकार को जवाब देना होगा कि वे डॉक्टरों की सुरक्षा की देखभाल करेंगे। आज CISF आरजी कर अस्पताल की निगरानी कर रही है। इस घटना में जो भी पुलिस अधिकारी पहले आए थे, उन्होंने FIR दर्ज करने में कितनी देरी की और देरी क्यों की? लड़की के शव को श्मशान घाट तक ले गए और मां-बाप के पहुंचने से पहले बच्ची का दाह संस्कार कर दिया गया, ये कैसा न्याय है? आप कहते हैं कि लड़की ने आत्महत्या कर ली, यह क्यों कहा गया? इतने बड़े अस्पताल में इतना बड़ी घटना हुई और ऐसे कैसे हो सकता है किसी को कुछ पता नहीं चला। क्या मृतका को बेहोश किया गया?'
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शुक्ला ने कहा, 'समस्या काफी ज्यादा है क्योंकि बहुत दूर-दूर से मरीज आते हैं। गरीब मरीज हैं जो निजी अस्पतालों का खर्चा नहीं उठा पाते हैं। बहुत मरीजों की समस्याएं काफी गंभीर होती हैं... चारों तरफ लोगों को समस्या तो हो रही है हालांकि हमारे यहां फैकल्टी कोशिश कर रही है कि वो अधिक से अधिक मरीजों को देखें। मैंने कल भी एक पत्र जारी किया है क्योंकि उन्होंने कहा था कि वे विरोध बंद कर देंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुझे उम्मीद है कि शायद आज वे विरोध बंद कर देंगे क्योंकि उनकी ज्यादातर मांगे पूरी हो गई हैं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट भी सुनवाई कर रहा है।'
कोलकाता मामले पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 'डॉक्टर्स समेत स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को काम पर लौटने दें और एक बार जब वे ड्यूटी पर लौट आएंगे तो अदालत अधिकारियों को उन पर कार्रवाई न करने के लिए मनाएगी।' सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 'अगर डॉक्टर काम पर नहीं लौटेंगे तो सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचा कैसे काम करेगा।'
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा है कि 'पिछले 10 दिनों में, जबकि पूरा देश आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है और न्याय की मांग कर रहा है, वहीं भारत के विभिन्न हिस्सों में 900 बलात्कार हो चुके हैं...दुख की बात है कि स्थायी समाधान अभी भी काफी हद तक चर्चा से बाहर है। हमें ऐसे मजबूत कानूनों की जरूरत है जो 50 दिनों के भीतर सुनवाई और दोषसिद्धि को अनिवार्य करें, उसके बाद सबसे कठोर दंड दें, न कि केवल खोखले वादे। राज्य सरकारों को कार्रवाई करनी चाहिए और केंद्र पर एक व्यापक बलात्कार विरोधी कानून बनाने के लिए तत्काल दबाव डालना चाहिए जो त्वरित और सख्त न्याय सुनिश्चित करता हो। इससे कम कुछ भी केवल प्रतीकात्मक और दुखद रूप से अप्रभावी है।'
सुप्रीम कोर्ट कोलकाता मामले पर आज फिर सुनवाई करेगा। सुनवाई के दौरान सीबीआई आरजी कर मामले पर स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट में पेश करेगी। पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने डॉक्टर्स की सुरक्षा को लेकर नेशनल टास्क फोर्स का गठन करने का निर्देश दिया था।
कोलकाता की घटना पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला कहते हैं, 'इस मामले ने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है, लेकिन दुर्भाग्य से, इसने ममता बनर्जी की अंतरात्मा को नहीं झकझोरा है। वे इस्तीफा देने के बजाय बेशर्मी से पेश आ रही हैं। पश्चिम बंगाल सरकार और पुलिस द्वारा किए गए संस्थागत व्यवस्थित कवर-अप को सुप्रीम कोर्ट ने उजागर कर दिया है। हाईकोर्ट और यहां तक कि छात्रों के माता-पिता ने भी कहा है कि ममता बनर्जी की सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के हित में नहीं है, बल्कि वह 'बलात्कारी बचाओ, सबूत मिटाओ, सच छुपाओ' पर आमादा है। कोलकाता पुलिस, प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के खिलाफ बोलने वाले टीएमसी मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, नागरिकों और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अब कुणाल घोष ने इस घटना की तुलना पुलवामा से की है। वह क्या कहना चाह रहे हैं और इस मुद्दे को क्यों महत्वहीन बना रहे हैं? टीएमसी को इस मामले के बारे में कोई संवेदनशीलता नहीं है और उनका एकमात्र प्रयास आरोपियों को बचाना है।'
एम्स की प्रवक्ता डॉ. रीमा दादा ने कहा, 'हमारे निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास ने रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन से काम पर वापस आने का अनुरोध किया है, क्योंकि दूर-दूर से आए मरीज़ों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने हमारे डॉक्टरों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। उन्होंने इसके लिए दो समितियाँ बनाई हैं। एक समिति उनकी तत्काल चिंताओं का समाधान करेगी। एम्स में 2,900 सुरक्षा गार्ड हैं, इसके अलावा हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने नेशनल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रिंसिपल के रूप में संदीप घोष की नियुक्ति रद्द कर दी है, साथ ही आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की प्रिंसिपल के पद से सुहृता पॉल को भी हटा दिया है। मानस कुमार बंद्योपाध्याय को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का प्रिंसिपल नियुक्त किया गया।
आरजी कर की प्रिंसिपल का भी तबादला, तीन को पद से हटाया गया
आरजी कर मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल के पद से संदीप घोष के इस्तीफे बाद प्रिंसिपल नियुक्त हुईं सुहृता पाल को भी स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके अलावा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट सह वाइस प्रिंसिपल बुलबुल मुखोपाध्याय और चेस्ट मेडिसिन विभाग के प्रमुख अरुणाभ दत्ता चौधरी को भी उनके पद से हटा दिया गया। स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम ने बुधवार की शाम को इस फैसले की घोषणा की।
स्वास्थ्य सचिव के साथ पुलिस अधिकारियों की बैठक
एडीजी कुंदन कृष्णन समेत सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीआईएसएफ कर्मियों की तैनाती, सुरक्षा उपायों और अन्य पहलुओं के संबंध में पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य सचिव एनएस निगम, आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रिंसिपल और कोलकाता पुलिस के अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक की।
पीड़िता के घर जाकर माता-पिता से मिले राज्यपाल, सीएम को लिखेंगे पत्र
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने बुधवार शाम को आरजी कर अस्पताल की पीड़िता के माता- पिता से उनके घर जाकर मुलाकात की। शाम को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरने के बाद राज्यपाल वहीं से सीधे उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर में पीड़िता के घर पहुंचे। पीड़िता के माता-पिता को सांत्वना दी। राज्यपाल ने परिवार को न्याय के लिए हरसंभव सहयोग का भी भरोसा दिया
मुलाकात के बाद वहां पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा, मैं दिल्ली से सीधे यहां मृतका के माता-पिता से मिलने और उनकी भावनाओं को समझने आया था। उन्होंने मुझे कुछ बातें बताई हैं। मैं उन्हें अभी गोपनीय रखूंगा। मेरे पास जो जानकारी है, उसके आधार पर मैं आज (बुधवार को) ही एक पत्र लिखूंगा और उसे सीलबंद लिफाफे में मुख्यमंत्री को भेजूंगा।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद अस्पताल की सुरक्षा सीआईएसएफ को सौंप दी गई है। इस मामले को लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन के बीच, पश्चिम बंगाल में बुधवार को आईपीएस अधिकारी जावेद शमीम को राज्य की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शमीम, वर्तमान में राज्य खुफिया शाखा के एडीजी और आईजीपी हैं, वे डॉ. आर राजशेखरन की जगह लेंगे।
यह आदेश कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के बाद आया है। इस घटना के कारण देश भर में आक्रोश फैला हुआ।
इस संदर्भ में जारी एक आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल सीवी आनंद बोस के एडीसी (पी) मनीष जोशी को बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के बिधाननगर डिवीजन के अतिरिक्त डीसी के रूप में नियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया है कि राज्य ने जोशी के स्थान पर पश्चिम बंगाल मानवाधिकार आयोग (डब्ल्यूबीएचआरसी) के अतिरिक्त एसपी शांति दास को नामित किया है।