अहमदाबाद- सिविल अस्पताल पहुंचे मंत्री जगदीश विश्वकर्मा
गुजरात के मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल का दौरा किया। जहां एअर इंडिया के विमान हादसे के बाद घायलों को भर्ती कराया गया है।
पूर्व मुख्यंमत्री विजय रूपाणी के परिजनों से मिले गौतम अदाणी
अदाणी ग्रुप के चेयरपर्सन गौतम अदाणी गुजरात के पूर्व मुख्यंमत्री विजय रूपाणी के आवास पर पहुंचे, जिनकी कल अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के निधन पर दोस्त ने जताया दुख
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के मित्र बोनिफेसियो मुर्ज़ेलो ने कहा, 'मैं क्लाइव को बहुत अच्छी तरह से जानता था, और मैं उसके परिवार को भी जानता था क्योंकि उसके पिता और मैं साथ काम करते थे। परिवार बहुत ही सभ्य है, और यह बहुत दुखद खबर है। (क्लाइव) का स्वभाव बहुत अच्छा था, वह बहुत शांत था।'
विमान दुर्घटना पर अपनी बातचीत में पारदर्शी रहेंगे- चंद्रशेखरन
एयर इंडिया और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर कहा है कि- हम विमान दुर्घटना पर अपनी बातचीत में पारदर्शी रहेंगे।
एअर इंडिया के विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद
अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए लंदन जाने वाले बोइंग 787-8 विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद किया गया। बता दें कि, एएआईबी विमान हादसे की जांच कर रहा है।
अहमदाबाद में विमान हादसे के बाद भयावह दृश्य
लंदन जाने वाले एयर इंडिया विमान के दुर्घटना स्थल पर विमान का टूटा हुआ पिछला हिस्सा और विमान का एम्पेनेज व बी.जे. मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हॉस्टल की जली हुई इमारत दिखाई दे रही है।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल पर पहुंची NIA
राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया। बता दें कि, एक दिन पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट से 230 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर को लेकर उड़ान भरने के कुछ मिनट ही बाद एअर इंडिया की फ्लाइट AI171 क्रैश हो गई थी। इस हादसे में विमान में सवार 242 में 241 लोगों की मौत हो गई है। वहीं दुर्घटनास्थल पर 24 अन्य लोग भी हादसे के शिकार हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम ने शुक्रवार को अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया। टीम के साथ अन्य केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी भी थे। एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि AI171 विमान के दुर्घटना में केवल एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। AAIB भारतीय हवाई क्षेत्र में परिचालन करने वाले विमानों से जुड़ी सुरक्षा घटनाओं को दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं में वर्गीकृत करने के लिए जिम्मेदार है।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने संवेदना व्यक्त की
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति संवेदना व्यक्त की। अपने संदेश में शी ने दुख जताया। उन्होंने चीनी सरकार और लोगों की ओर से जानमाल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की। घायलों और शोक संतप्त परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी प्रधानमंत्री मोदी को शोक संदेश भेजा। चीनी राष्ट्रपति शी ने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय को भी शोक संदेश भेजकर विमान दुर्घटना में मारे गए ब्रिटिश लोगों के प्रति दुख और शोक व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे के बाद घायल हुए लोगों से मुलाकात की। इसमें एकमात्र जीवित बचा व्यक्ति भी शामिल है और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में हम उनके और उनके परिवारों के साथ हैं। पूरा देश उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।
गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान के मलबे से एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) बरामद किया है। एटीएस के एक कर्मचारी ने बताया कि एक डीवीआर हमने मलबे से बरामद किया है। एफएसएल टीम जल्द ही यहां आएगी।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना के संबंध में ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास मामलों के राज्य सचिव डेविड लैमी, पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रेंजेल, कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद के साथ संपर्क में हूं। इस दुख की घड़ी में हमारी गहरी संवेदना व्यक्त की और पूर्ण समर्थन का वादा किया।
पुलिस ने बताया कि एअर इंडिया विमान दुर्घटना के छह पीड़ितों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
तबाही का मंजर दुखद: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया। तबाही का मंजर दुखद है। घटना के बाद अथक परिश्रम कर रहे अधिकारियों और टीमों से मुलाकात की। हमारी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस अकल्पनीय त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है।
उन्होंने लिखा कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं। इतने सारे लोगों की अचानक और हृदय विदारक तरीके से हुई मौत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। हम उनके दर्द को समझते हैं और यह भी जानते हैं कि उनके पीछे जो खालीपन रह गया है, उसे आने वाले कई वर्षों तक महसूस किया जाएगा। ओम शांति।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विमान दुर्घटना स्थल और सिविल अस्पताल का दौरा कर दुखद घटना में घायल हुए लोगों से मिलने के बाद अहमदाबाद के घरेलू हवाई अड्डे पर पहुंचे।
AI-171 विमान का मलबा बीजे मेडिकल कॉलेज की इमारत से लटका हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए आज विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया।
मणिपुर के पूर्व सीएम ने केबिन क्रू की मौत पर जताया शोक
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अहमदाबाद विमान हादसे में राज्य के दो चालक दल सदस्यों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने गुरुवार को एक्स पर लिखा कि बहुत दुख हो रहा है कि मणिपुर के दो युवा केबिन क्रू सदस्य, कोंगराबैलाटपम नगंतोई शर्मा और लामनुनथेम सिंगसन, अहमदाबाद विमान दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वालों में शामिल थे। दोनों ही जीवन से भरपूर थे, समर्पण और गर्व के साथ सेवा करते थे। उनका अचानक चले जाना उनके परिवारों, दोस्तों और हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके प्रियजनों को इस अकल्पनीय पीड़ा से उबरने की शक्ति प्रदान करे। राज्यसभा सांसद लीशेम्बा सनाजाओबा ने कहा कि मणिपुर की दो युवा आत्माओं को शांति मिले।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया और जमीनी हालात का आकलन किया।
ब्रिटिश उच्चायोग के अधिकारी अहमदाबाद के घरेलू हवाई अड्डे पर पहुंचे।
विमान दुर्घटना के पीड़ितों से मिलने के बाद पीएम मोदी अहमदाबाद सिविल अस्पताल से रवाना हुए।
प्रधानमंत्री मोदी AI-171 विमान दुर्घटना में घायलों से मिलने अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी AI-171 विमान दुर्घटना में घायलों से मिलने अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे।
जमीनी हालात का आकलन करने के बाद पीएम मोदी विमान दुर्घटना स्थल से रवाना हुए।
प्रधानमंत्री मोदी पर दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। वे थोड़ी देर में घायलों से मिलने जाएंगे। घटनास्थल का भी दौरा करेंगे।
भाजपा नेता विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी गुजरात के गांधीनगर स्थित अपने आवास पर पहुंचीं।
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद हवाई अड्डे के घरेलू टर्मिनल पर पहुंचे।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे।
हरियाणा के सीएम ने हादसे पर जताया गहरा दुख
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि विमान ने उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। यह एक बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि सरकार हर संभव मदद करेगी। साथ ही कहा कि इसकी पूरी जांच की जाएगी।
इलाज के भारत आई थी लेकिन..
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर हुए भयावह विमान हादसे ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इसी सिलसिले में AI-171 यात्री के एक रिश्तेदार ने कहा कि इस घटना में मेरी भाभी की मौत हो गई है। वह लंदन में रहती हैं और इलाज के लिए भारत आई थीं।
भारत में विमान हादसे पर अमेरिका की बड़ी प्रतिक्रिया, ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी बोले- जांच में देंगे हरसंभव मदद
अमेरिका के परिवहन सचिव शॉन डफी ने भारत में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में हुई दुर्घटना से हम बहुत दुखी हैं...हम दुर्घटना की जांच में भारत की सहायता के लिए राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के साथ काम कर रहे हैं। संघीय उड्डयन प्रशासन के जांचकर्ता दुर्घटना स्थल पर तैनात हैं। हम उड़ान भरने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक डेटा प्राप्त करने के लिए अतिरिक्त संसाधन भेजने के लिए तैयार हैं। FAA ने जांच के हिस्से के रूप में किसी भी आवश्यक जानकारी की समीक्षा करने के लिए बोइंग और GE को पहले ही शामिल कर लिया है। चूंकि NTSB जांच का नेतृत्व कर रहा है, इसलिए हम किसी भी सुरक्षा अनुशंसा को लागू करने में संकोच नहीं करेंगे। हम तथ्यों का पालन करेंगे और सुरक्षा को सबसे पहले रखेंगे
हादसे के बाद राहत कार्य खत्म
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद राहत कार्य अब खत्म हो गया है।
एयर इंडिया ने दी पुष्टि: 242 में से 241 की मौत, एकमात्र जीवित बचा यात्री अस्पताल में भर्ती
एयर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर एक बयान जारी किया है। ट्वीट में एयरलाइन ने बताया कि हादसे के समय विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सिर्फ एक यात्री जीवित बच पाया है, जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पीएम नरेंद्र मोदी आज कर सकते अहमदाबाद का दौरा
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद देशभर में दुख का माहौल है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद का दौरा कर सकते है। संभावना इस बात की तेज है कि पीएम मोदी घटना स्थल का दौरा भी कर सकते है।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद ब्रिटिश उच्चायोग के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे।
अहमदाबाद विमान हादसे की जांच में मदद करेगा अमेरिका
अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान हादसे की जांच में अब अमेरिका की राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) भी शामिल होगी। NTSB ने अपने आधिकारिक ट्वीट में जानकारी दी है कि वह एक विशेषज्ञों की टीम भारत भेज रही है, जो भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के साथ मिलकर इस गंभीर हादसे की जांच में सहयोग करेगी।
अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे पर सेनाध्यक्ष और नौसेना प्रमुख ने जताया शोक
अहमदाबाद विमान हादसे को पर भारतीय सशस्त्र बलों के प्रमुख (CDS) जनरल अनिल चौहान और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने गहरा दुख जताया है। जनरल चौहान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पर पोस्ट कर कहा कि मैं और भारतीय सशस्त्र बल के सभी जवान अहमदाबाद में हुए इस दुखद एयर इंडिया विमान हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं कि उन्हें यह दुख सहने की शक्ति मिले।
झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास बोले – यह पूरे देश के लिए बड़ा दुख
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही देर बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद पूरे देश में दुख का माहौल है। इसी बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवर दास ने हादसे पर गहरा शोक जताया।
उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मैं बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। यह दिल दहला देने वाली घटना पूरे देश को झकझोर गई है। हमें मिलकर इन परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।
टाटा समूह का बड़ा ऐलान: हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का एलान
टाटा समूह ने हाल ही की दुखद घटना को लेकर बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने घोषणा की है कि इस हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा हादसे में घायल लोगों का पूरा इलाज टाटा समूह कराएगा और उन्हें हर जरूरी मदद और देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, टाटा समूह ने यह भी कहा है कि वह बी. जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के निर्माण में भी सहायता देगा।
आईएटीए ने एयर इंडिया विमान दुर्घटना पर दुख जताया
एयरलाइंस की वैश्विक संस्था इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) ने गुरुवार को अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया बोइंग 787-8 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख व्यक्त किया। आईएटीए ने एक बयान में कहा, 'हम AI171 से जुड़ी दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं यात्रियों और चालक दल, उनके परिवारों और प्रियजनों और दुर्घटना से प्रभावित लोगों के साथ हैं।'
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) लगभग 350 एयरलाइनों का प्रतिनिधित्व करता है, जो वैश्विक हवाई यातायात का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है। इस बीच, इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने एक बयान में दुख व्यक्त किया और कहा कि वह एयर इंडिया की उड़ान एआई 171 की भयानक दुर्घटना से बहुत दुखी हैं। 'मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं यात्रियों, चालक दल और उनके परिवारों के साथ हैं। इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। पूरा इंडिगो परिवार एकजुटता और भावना से एकजुट है।' सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और आग का गोला बन गया, जिससे देश की सबसे खराब हवाई दुर्घटनाओं में से एक में सवार लगभग सभी लोगों की मौत हो गई। विमान में सवार 230 यात्रियों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक और एक कनाडाई नागरिक थे।
बोइंग के सीईओ ने एयर इंडिया के चेयरमैन से बात की
बोइंग के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केली ऑर्टबर्ग ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से बात की है। ऑर्टबर्ग ने एक बयान में कहा, 'एयर इंडिया फ्लाइट 171 में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के प्रियजनों और अहमदाबाद में प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है।'
उन्होंने कहा, 'मैंने एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से बात की है और अपना पूरा समर्थन देने की पेशकश की है।' उन्होंने यह भी कहा कि बोइंग की एक टीम भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो के नेतृत्व में जांच में सहयोग करने के लिए तैयार है।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना में 265 लोगों की मौत
अहमदाबाद में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार दोपहर लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान की भीषण दुर्घटना के बाद शहर के सिविल अस्पताल में 265 शव लाए गए हैं। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने बताया, 'हमें मिले संदेश के अनुसार 265 शव अस्पताल पहुंच चुके हैं।' बता दें कि, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के उड़ान भरने के तुरंत बाद मेघाणीनगर क्षेत्र में बीजे मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल के आवासीय क्वार्टरों में दुर्घटनाग्रस्त होने के कुछ घंटों बाद तक मृतकों की आधिकारिक संख्या की जानकारी नहीं दी गई। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शाम को पहले कहा कि जलते हुए ईंधन के कारण दुर्घटनाग्रस्त विमान के अंदर का तापमान इतना अधिक था कि किसी के बचने की कोई संभावना नहीं थी। अमित शाह ने कहा, 'मृतकों की संख्या डीएनए जांच और पीड़ितों की पहचान के बाद अधिकारियों द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।' उन्होंने कहा कि एक यात्री बच गया।
ट्रंप ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया शोक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इसे एक भयानक दुर्घटना बताया और कहा कि अगर मदद की जरूरत हुई तो वह तत्काल मदद देने के लिए तैयार हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह विमानन इतिहास की सबसे बड़ी दुर्घटना में से एक हो सकती है।
उच्च स्तरीय समिति गठित करेगी सरकार- राममोहन नायडू
एयर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा कि सरकार विमानन सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करेगी।
जांच में मदद के लिए भारत जाएगी टीम- अमेरिका
विमान हादसों की जांच करने वाली एक अमेरिकी सरकारी एजेंसी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने कहा कि वह अहमदाबाद में हुई दुखद विमान दुर्घटना की जांच में सहायता के लिए अमेरिकी जांचकर्ताओं की एक टीम को भारत भेजेगी। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने अपने एक पोस्ट में कहा कि वह विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की सहायता के लिए भारत जाने वाले अमेरिकी जांचकर्ताओं की टीम का नेतृत्व करेगा। कहा कि अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन के तहत अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुसार, जांच की सभी जानकारी भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी। एनटीएसबी नियमित रूप से हर साल लगभग 450 अंतरराष्ट्रीय दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाने में मदद करता है।
विमान हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक
राष्ट्रपति भवन की तरफ से एक्स पर पोस्ट में लिखा गया- 'अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बाद हुई जान-माल की हानि बेहद विनाशकारी है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। देश ने इस त्रासदी में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को भी खो दिया है। रूपाणी जी हमेशा लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध थे। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।'
सीएम योगी ने विमान हादसे और विजय रूपाणी के निधन पर जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा, 'अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और हादसे के शिकार अन्य यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
सीएम धामी ने हादसे पर जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अहमदाबाद विमान हादसे में हुई जानमाल की हानि पर अपनी संवेदना व्यक्त की।
महाराष्ट्र सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए
महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के पीड़ितों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। राज्य सचिवालय में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने तीन हेल्पलाइन नंबर- 022-22027990, 022-22794229 और 9321587143 जारी किए हैं। एक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर- 1070 भी जारी किया। राज्य सचिवालय ने कहा कि प्रभावित लोग त्रासदी से जुड़ी जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
अहमदाबाद में अपने परिजनों के इंतजार में लोग
अहमदाबाद में एआई-171 विमान दुर्घटना से प्रभावित लोगों के रिश्तेदार अहमदाबाद सिविल अस्पताल के एक सभागार में अपने प्रियजनों की कुशलक्षेम जानने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान AI-171 दुर्घटना स्थल पर राहत-बचाव कार्य जारी। लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हुई है।
यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने झुकाया ध्वज
भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी नागरिकों की याद और सम्मान में ध्वज को आधा झुकाया। इस दुःख एवं शोक की घड़ी में हम शोकाकुल परिवारों और भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
हादसे के बाद गृह मंत्री अमित शाह का संबोधन
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया और शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने कहा- ये दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। इस हादसे में बचाव का मौका नहीं मिल सका, घायलों के इलाज की पूरी-व्यवस्था की गई है। गृह मंत्री ने आगे कहा कि इस घटना से पूरा देश क्षुब्ध है, पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। अमित शाह ने आगे कहा- डीएनए जांच के बाद ही मौतों का आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा, प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे घटना की जानकारी ली है। घटना के तुरंत बाद गुजरात सरकार ने सभी इकाइयों को अलर्ट करते हुए राहत और बचाव कार्य चलाया। इस राहत और बचाव कार्य में केंद्रीय एजेंसियां भी शामिल थी।
सीएम सिद्धारमैया ने विमान हादसे पर जताया शोक
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा, 'अहमदाबाद में विमान दुर्घटना हुई। इंडियन एयरलाइंस का विमान लंदन जा रहा था। विमान में 242 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार सभी 242 लोगों की मौत हो गई है। यह बहुत बड़ी त्रासदी है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। इस घटना से सभी को दुख होना चाहिए। सभी मृतकों की आत्मा को शांति मिले। मैं प्रार्थना करता हूं कि परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले'।
हम इस घटना से बहुत दुखी हैं- मजूमदार
अहमदाबाद विमान हादसे पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, 'हम इस घटना से बहुत दुखी हैं। मेरी प्रार्थनाएं 242 लोगों के परिवारों के साथ हैं... हमने अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और हम कल से फिर से कार्यक्रम शुरू करेंगे क्योंकि हम आज किसी भी तरह की राजनीति नहीं करना चाहते'।
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद गृह मंत्री ने की बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और अन्य के साथ बैठक की अध्यक्षता की।
पंजाब भाजपा ने विजय रूपाणी को दी श्रद्धांजलि
पंजाब के लुधियाना में भाजपा ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब के पार्टी प्रभारी विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि दी, जिनकी आज अहमदाबाद में हुई लंदन जाने वाली एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
घायलों से मिले अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घायलों से मुलाकात की, जिनमें एक घायल व्यक्ति भी शामिल है, जो आज सुबह दुर्घटनाग्रस्त हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान AI171 का एकमात्र जीवित बचा यात्री प्रतीत होता है।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद डॉक्टरों के छात्रावास की तस्वीर, जहां लंदन जाने वाला एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
एअर इंडिया ने दुर्घटनास्थल पर भेजी एक विशेष टीम
एअर इंडिया से देखभाल करने वालों की एक विशेष टीम ग्राउंड पर हमारी टीमों को सहायता प्रदान करने के लिए अहमदाबाद पहुंच गई है। हम आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं और इस घटना की जांच कर रहे अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहे हैं। एअर इंडिया हमारे एक्स हैंडल (https://x.com/airindia) और http://airindia.com पर नियमित अपडेट के माध्यम से आगे की जानकारी जारी करेगा।
दिल्ली और मुंबई से अहमदाबाद के लिए दो फ्लाइट चलाएगी एअर इंडिया
एअर इंडिया ने ट्वीट बताया कि, 'एअर इंडिया दिल्ली और मुंबई से अहमदाबाद के लिए दो राहत उड़ानों का आयोजन कर रही है, जो यात्रियों और एअर इंडिया कर्मचारियों के परिजनों के लिए होंगी... दिल्ली और मुंबई में यात्रियों और कर्मचारियों के परिजन जो इन उड़ानों से यात्रा करना चाहते हैं, वे हमारी हॉटलाइन 1800 5691 444 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, जो लोग अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से आ रहे हैं और यात्रा करना चाहते हैं, वे हमारी हॉटलाइन +91 8062779200 पर कॉल कर सकते हैं।'
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने जताया शोक
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'यह दुख की घड़ी है...हम दुखी हैं और जिन लोगों की जान गई है उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं'।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जताया शोक
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'एअर इंडिया के विमान का बहुत दुखद हादसा हुआ है। हम सब बहुत दुखी हैं। मेरी संवेदनाएं उन सभी यात्रियों के परिवारों के साथ हैं जिनकी हादसे में मृत्यु हो गई है...भगवान सभी परिवार के सदस्यों को शक्ति दे, इस दुखद घड़ी में हम सब उनके साथ हैं।'
घटनास्थल पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु और गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ हैं।
अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
विजय रूपाणी के निधन पर भाजपा सांसद ने जताया शोक
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने ट्वीट कर पूर्व सीएम विजय रूपाणी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा- 'अहमदाबाद में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य विजय रूपाणी जी के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और मन को झकझोर देने वाला है। उनका जाना न केवल गुजरात, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।'
दुर्घटनास्थल से कुल 204 शव बरामद- जीएस मलिक
अहमदाबाद शहर के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि दुर्घटनास्थल से कुल 204 शव बरामद किए गए हैं। पुलिस आयुक्त के अनुसार बरामद किए गए शवों में यात्री और जमीन पर मारे गए लोग दोनों शामिल हो सकते हैं, क्योंकि विमान दोपहर के भोजन के समय हवाई अड्डे के बाहर एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बता दें कि, यात्रियों में 217 वयस्क, 11 बच्चे और दो बच्चे शामिल थे। वहीं एयर इंडिया ने बताया है कि विमान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई सवार थे।
मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ की सहायता राशि देगा टाटा संस
इस हादसे पर टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन शोक जताते हुए कहा- एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी दुखद घटना से हम बहुत दुखी हैं। इस समय हम जो दुख महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं। टाटा समूह इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवारों को ₹1 करोड़ की सहायता राशि देगा। हम घायलों के चिकित्सा व्यय को भी वहन करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सभी आवश्यक देखभाल और सहायता मिले। इसके अतिरिक्त, हम बीजे मेडिकल के छात्रावास के निर्माण में सहायता प्रदान करेंगे। हम इस अकल्पनीय समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ खड़े हैं।
हादसे में पूर्व सीएम विजय रुपाणी का निधन
अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व सीएम अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान में सवार थे। जो उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पूर्व सीएम विजय रुपाणी के निधन की पुष्टि गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने की है।
यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है- राजीव प्रताप रूडी
अहमदाबाद विमान दुर्घटना हादसे पर भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, 'यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं (विमानन) विशेषज्ञ नहीं हूं, इसलिए इसके कारणों पर अटकलें लगाना मेरे लिए सही नहीं होगा। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की आवश्यकता है। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर को एक शक्तिशाली विमान माना जाता है, जो 12-14 घंटे तक उड़ान भरने में सक्षम है, जिसका अर्थ है कि इसमें लगभग 80-90 टन ईंधन था।'
विमान हादसे में एक शख्स के जिंदा बचने की खबर
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया, "पुलिस को सीट 11ए पर एक जीवित व्यक्ति मिला। व्यक्ति अस्पताल में पाया गया है और उसका इलाज चल रहा है। अभी तक मौतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।'
जीई एयरोस्पेस ने विमान हादसे पर जताया शोक
वैश्विक कंपनी जीई एयरोस्पेस ने भी विमान हादसे पर शोक जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में जीई एयरोस्पेस ने लिखा- हम एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने से बहुत दुखी हैं। हम प्रभावित लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। हमने अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम को सक्रिय कर दिया है, और हम अपने ग्राहक और जांच का समर्थन करने के लिए तैयार हैं।
पुर्तगाल के पीएम ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुख
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर पुर्तगाल के पीएम लुइस मोंटेनेग्रो ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- मुझे भारत में हुए दुखद विमानन हादसे के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ, जिसमें पुर्तगाली राष्ट्रीयता के 7 नागरिक शामिल थे। मैं अपनी और सरकार की ओर से पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना और गहरी एकजुटता व्यक्त करना चाहता हूं।
किसी के बचने की संभावना नहीं- अहमदाबाद कमिश्नर
एपी ने अहमदाबाद आयुक्त जीएस मलिक के हवाले से बताया, 'ऐसा प्रतीत होता है कि विमान दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है।' उन्होंने कहा कि चूंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जहां कार्यालय भी थे, इसलिए 'कुछ स्थानीय लोग भी मारे गए होंगे।' उन्होंने कहा, 'हताहतों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है।' बता दें कि, एअर इंडिया का ये विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 240 से अधिक लोग सवार थे।
हादसे के बाद सेना की टीम राहत-बचाव में जुटी- भारतीय सेना
अहमदाबाद के पास एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चल रहे मानवीय सहायता और आपदा राहत प्रयासों में नागरिक प्रशासन की सहायता के लिए लगभग 130 कर्मियों वाली भारतीय सेना की टीमें तैनात की गई हैं। भारतीय सेना की प्रतिक्रिया में मलबा हटाने के लिए जेसीबी के साथ इंजीनियरिंग टीमें, डॉक्टरों और पैरामेडिक्स वाली मेडिकल टीमें, त्वरित कार्रवाई दल (QAT), अग्निशामक यंत्रों और पानी के बाउजर के साथ अग्निशमन संपत्तियां और साइट प्रबंधन के लिए प्रोवोस्ट स्टाफ शामिल हैं। सैन्य अस्पताल को भी अलर्ट पर रखा गया है।
अहमदाबाद विमान हादसे पर राष्ट्रपति पुतिन ने जताया शोक
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए यात्री विमान हादसे पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संवेदना संदेश भेजा।व्लादिमीर पुतिन ने लिखा- आदरणीय राष्ट्रपति महोदया, आदरणीय प्रधानमंत्री महोदय, अहमदाबाद में हुए यात्री विमान हादसे के दुखद परिणामों पर कृपया गहरी संवेदना स्वीकार करें। कृपया पीड़ितों के परिवारों और उनके करीबी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और समर्थन व्यक्त करें, साथ ही इस आपदा में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें।
अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बाद जर्मनी, चीन, रूस, फ्रांस ने भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल ने कहा कि जर्मनी अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की चौंकाने वाली तस्वीरों पर नजर रख रहा है और भारत के लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा है एक्स पर एक पोस्ट में, वेडफुल ने कहा, 'हम अहमदाबाद में उड़ान के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान की चौंकाने वाली तस्वीरों पर नजर रख रहे हैं। चूंकि हम अभी विवरण जान रहे हैं, इसलिए मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं भारत में हमारे मित्रों और वर्तमान में अपने प्रियजनों के लिए आशा कर रहे सभी लोगों के साथ हैं।'
भारत में चीन के राजदूत, जू फेइहोंग ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा- 'अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे से बहुत दुखी हूं। हमारी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं। हम इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं'।
भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने कहा कि अहमदाबाद में विमान हादसे की खबरों से फ्रांस बहुत दुखी है और इस मुश्किल समय में पूरी एकजुटता व्यक्त करता है।
एक्स पर एक पोस्ट में मथौ ने कहा, 'अहमदाबाद में विमान हादसे की खबरों से फ्रांस बहुत दुखी है। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके प्रियजनों के साथ हैं। हम इस मुश्किल समय में अपनी पूरी एकजुटता व्यक्त करते हैं।'
भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने पीड़ितों के परिवारों और उनके करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एक्स पर एक पोस्ट में अलीपोव ने कहा, 'अहमदाबाद से दिल दहला देने वाली खबर आ रही है। इस दुखद बड़ी आपदा पर पीड़ितों के परिवारों और उनके करीबियों और सभी भारतीय लोगों और भारत सरकार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है!'
अहमदाबाद विमान हादसे की भयावह तस्वीर
लंदन जा रहे एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान का अगला हिस्सा अहमदाबाद की एक इमारत से टकरा गया। घटनास्थल से दृश्य। एअर इंडिया का B787 विमान VT-ANB, अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने हादसे पर जताया दुख
अहमदाबाद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने हमें एक विनाशकारी मानवीय त्रासदी का सामना करने पर मजबूर कर दिया है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस घटना से प्रभावित हुए हैं। दुख की इस घड़ी में, पूरा देश उनके साथ एकजुटता से खड़ा है।
अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन फिर से शुरू
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि, अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन फिर से शुरू हो गया है। बता दें कि, एअर इंडिया के विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कुछ घंटों के लिए हवाई अड्डे पर परिचालन बंद कर दिया गया था।
विमान हादसे पर यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने जताया दुख
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्वीट किया, 'भारत से अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की दुखद खबर आई है। इस भयानक नुकसान से पीड़ित परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। हम आपके दर्द को साझा करते हैं। यूरोप इस दुख की घड़ी में आपके और भारत के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।'
एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच करेगा AAIB
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) गुरुवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच करेगा। दुर्घटना में शामिल एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान में 12 चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। अधिकारी ने कहा कि एएआईबी के महानिदेशक और एजेंसी में जांच निदेशक सहित अन्य लोग अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत, एएआईबी भारतीय हवाई क्षेत्र में परिचालन करने वाले विमानों से जुड़ी सुरक्षा घटनाओं को दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं में वर्गीकृत करने के लिए जिम्मेदार है। यह दुर्घटनाओं की विस्तृत जांच करता है और सुरक्षा में सुधार के उपाय भी सुझाता है। बोइंग ने एक बयान में कहा, 'हम शुरुआती रिपोर्टों से अवगत हैं और अधिक जानकारी जुटाने के लिए काम कर रहे हैं।'
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के मद्देनजर कांग्रेस ने महाराष्ट्र में 'वोट चोरी' के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन 16 जून तक टाला
कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना के मद्देनजर महाराष्ट्र चुनाव में 'वोट चोरी' के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन तीन दिनों के लिए टाल रही है। पार्टी ने एक बयान में कहा कि तीन दिन के शोक के बाद अब विरोध प्रदर्शन 16 जून से शुरू होगा, जिसके दौरान जिला इकाई कार्यालयों में शोक सभाएं आयोजित की जाएंगी।
कांग्रेस ने अपने नेता राहुल गांधी द्वारा नवंबर 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में हेराफेरी का आरोप लगाने वाले एक लेख और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद विरोध कार्यक्रम की योजना बनाई, जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति ने बड़े पैमाने पर जीत हासिल की। महायुति की जीत कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) से मिलकर बने महा विकास अघाड़ी द्वारा राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से 31 सीटें जीतने के कुछ ही महीने बाद हुई थी।
242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अहमदाबाद में NDRF की तीन टीमें तैनात
एनडीआरएफ में अहमदाबाद विमान हादसे पर बताया- राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की तीन टीमें अहमदाबाद में विमान दुर्घटना स्थल पर काम कर रही हैं। वडोदरा से कुल तीन और टीमें भेजी जा रही हैं।
विमान हादसे के बाद सीएम भूपेंद्र पटेल असरवा सिविल अस्पताल पहुंचे
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद के असरवा सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां विमान दुर्घटना में घायलों को लाया गया है।
यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है- मुरलीधर मोहोल
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम सभी अहमदाबाद पहुंच रहे हैं...वहां राहत कार्य चल रहा है...हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं'।
तेजस्वी यादव ने विमान हादसे पर जताया दुख
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'बहुत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। 242 लोग उसमें सवार थे। घटना जांच का विषय है। जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर नया एयरक्राफ्ट है, उसकी तकनीक अच्छी है। किस कारण से ऐसा हुआ ये टीम जांच के बाद ही बताएगी।'
अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे पर इंडिगो ने जताया शोक
इंडिगो ने पोस्ट किया, 'हम अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बेहद दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं यात्रियों, चालक दल और उनके परिवारों के साथ हैं। हम इस कठिन समय में एयर इंडिया के साथ एकजुटता से खड़े हैं।'
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने विमान हादसे पर जताया दुख
एयर इंडिया का यात्री विमान दुर्घटना पर बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, 'बहुत दुखद घटना है। हमें जैसे ही घटना की जानकारी मिली हम स्तब्ध रह गए। जो भी उसमें सवार थे उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। भगवान उनको शक्ति दें।' खबरों के अनुसार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के विमान में होने की बात पर उन्होंने कहा, 'अभी कोई पुख्ता खबर नहीं है, हमने भी टीवी पर देखा है।'
विमान हादसे पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जताया दुख
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, 'घटना बहुत दुखद है...आज हमने अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं... हम सब भगवान से प्रार्थना करते हैं कि जो भी घायल हुए हैं, वो जल्दी से जल्दी ठीक हो जाएं...पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है'।
भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने जताया शोक
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा, 'हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि सभी सुरक्षित हों...मुझे लगता है कि यह एक बहुत बड़ा हादसा है...जानकारी मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है'।
राहुल गांधी ने विमान हादसे पर जताया दुख
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना दिल दहला देने वाली है। यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द और चिंता हो रही होगी, वह अकल्पनीय है। इस अविश्वसनीय रूप से कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के साथ हैं। प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव और राहत प्रयास महत्वपूर्ण हैं - हर जीवन मायने रखता है, हर सेकंड मायने रखता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीन पर मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।'
अहमदाबाद से अतिरिक्त ट्रेनें चलाएगा रेलवे
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर पश्चिमी रेलवे ने कहा, 'दुखद अहमदाबाद विमान दुर्घटना के जवाब में, पश्चिमी रेलवे की आपदा प्रबंधन टीम राज्य के साथ निकट समन्वय बनाए रखते हुए, घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से पूर्ण सहायता प्रदान कर रही है। बचाव कार्यों में सहायता के लिए पश्चिमी रेलवे मेडिकल टीम और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के जवानों को भी पहले ही तैनात किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, पश्चिमी रेलवे मांग के आधार पर अहमदाबाद से अतिरिक्त ट्रेनें संचालित करेगी। फिलहाल, अहमदाबाद से मुंबई के लिए एक ट्रेन और दिल्ली के लिए एक ट्रेन चलाने की योजना बनाई जा रही है।'
राष्ट्रपति मुर्मू ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुख
राष्ट्रपति भवन की तरफ से एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा गया- अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बारे में जानकर मैं बहुत दुखी हूं। यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
पीएम मोदी ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे हृदय विदारक है। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।'
अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर बनाया जा रहा है सहायता डेस्क
लंदन जाने वाली एयर इंडिया विमान दुर्घटना के यात्रियों के रिश्तेदारों के लिए अस्थायी रूप से बंद अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर एक सहायता डेस्क और सहायता क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है।
अहमदाबाद सिटी पुलिस ने आपातकालीन नंबर किया जारी
अहमदाबाद सिटी पुलिस ने पुलिस आपातकालीन सेवाओं और अहमदाबाद विमान दुर्घटना के संबंध में जानकारी के लिए आपातकालीन नंबर 07925620359 जारी किया है।
अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
विमान हादसे के बाद घटनास्थल पर भयावह मंजर
अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्यों में कई एजेंसियां शामिल हैं, घटनास्थल पर धुएं के साथ मलबा फैला हुआ है।
विमान हादसे में सवार लोगों के परिजन का बयान
एयर इंडिया विमान दुर्घटना: गुजरात के अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में पहुंची भावना पटेल ने बताया, 'मेरी बहन लंदन जा रही थी। दोपहर 1.10 बजे उसकी फ्लाइट थी, लेकिन फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई।'
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कंट्रोल रूम नंबर किया स्थापित
AI171 दुर्घटना के मद्देनजर, सभी विवरणों के समन्वय के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक परिचालन नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है। संपर्क: 011-24610843 | 9650391859।
विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और कनाडाई नागरिक थे सवार
एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली उड़ान संख्या AI171 आज उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अहमदाबाद से दोपहर 1338 बजे रवाना हुई इस उड़ान में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।
दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान जारी
अहमदाबाद में जिस जगह एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वहां पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अग्निशमन सेवाएं और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं।
अमित शाह ने गुजरात सीएम से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।
गांधीनगर से दुर्घटना स्थल पर भेजी गईं तीन टीमें
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 90 कर्मियों वाली 3 टीमें गांधीनगर से विमान दुर्घटना स्थल पर भेजी गई हैं। वडोदरा से कुल 3 और टीमें भेजी जा रही हैं।
अहमदाबाद से लंदन जा रहा था विमान
अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही विमान संख्या- AI171 12 जून, 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एअर इंडिया प्रवक्ता ने कहा कि विवरण का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आगे की अपडेट साझा करेंगे।
गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा हुआ है। हादसा अहमदाबाद के मेघाणी इलाके में हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ विमान एयर इंडिया का है और उसमें 242 यात्री सवार थे। हादसे के बाद आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ करते ही हादसे का शिकार हो गया। घटनास्थल पर अग्निशमन दल की टीमें पहुंच गई हैं और राहत और बचाव कार्य जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विमान ने लंदन के लिए उड़ान भरी थी। विमान रिहायशी इलाके में क्रैश हुआ है। ऐसे में बड़ा नुकसान होने की आशंका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान हादसे के बाद एनडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया है।