फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चक्रवात मुरासु: आंध्र के तट से टकराया तूफान, दक्षिणी तटीय इलाकों में भारी बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

Tue, 03 Nov 2026 10:30 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

गंभीर चक्रवाती तूफान 'मुरासु' 3 नवंबर 2026 को तड़के आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। ओंगोल के पास 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) लगातार हालात की निगरानी कर रहा है। मुरासु से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें
विज्ञापन
चक्रवात मुरासु तट से टकराया - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:30 PM, 03-Nov-2026

चक्रवात कमजोर होगा या बारिश का खतरा बना रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात 'मुरासु' उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मंगलवार आधी रात तक इसके धीरे-धीरे कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। मंगलवार को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और आसपास के तेलंगाना में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। बुधवार को भी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सचिवालय के रियल-टाइम गवर्नेंस सोसाइटी केंद्र से हालात की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बारिश और हवा की गति से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण करने और राहत कार्य प्रभावी ढंग से चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों से भी राहत और बहाली कार्यों में सहयोग मांगा है। अधिकारियों के मुताबिक, चक्रवात और बारिश से राज्य में वर्षा की कमी 53 प्रतिशत से घटकर 28.9 प्रतिशत रह गई है। एक दिन में भूजल स्तर 0.45 मीटर बढ़ा है। इससे भूजल भंडार में 20 से 30 टीएमसी पानी जमा होने का अनुमान है। तालाबों और छोटे सिंचाई टैंकों में 10 टीएमसी तक पानी पहुंच सकता है। जलाशयों में अब तक 7 से 8 टीएमसी पानी पहुंचने की जानकारी दी गई है।

10:30 PM, 03-Nov-2026

किन जिलों में बारिश का सबसे ज्यादा असर पड़ा?

प्रकाशम, बापटला, पलनाडु, कृष्णा, एलुरु और पश्चिम गोदावरी जिलों में व्यापक बारिश दर्ज की गई है। सोमवार से राज्य में औसतन 20.38 सेंटीमीटर बारिश हुई है। बापटला में 21 सेंटीमीटर और प्रकाशम में 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बापटला, गुंटूर और प्रकाशम में बुधवार सुबह तक भारी बारिश की आशंका है। बापटला के तटीय इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठीं। सूर्यलंका बीच पर समुद्र का पानी करीब 50 मीटर अंदर तक पहुंच गया। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पोलावरम, काकीनाडा, एनटीआर, कृष्णा, बापटला और पलनाडु में अगले कुछ घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, मान्यम, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कोनासीमा और एलुरु में मध्यम बारिश हो सकती है।

10:29 PM, 03-Nov-2026

दक्षिणी तटीय इलाकों में चक्रवात के असर से भारी बारिश

आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय इलाकों में चक्रवात 'मुरासु' के असर से भारी बारिश हो रही है। तूफान मंगलवार तड़के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से गुजरा। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं से कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। निचले इलाकों में पानी भर गया और फसलें भी प्रभावित हुईं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

विज्ञापन
11:50 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश: तटीय इलाकों में चक्रवात मुरासु ने मचाई बड़े पैमाने पर तबाही

चक्रवात अर्नब के बाद भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु ने तटीय आंध्र प्रदेश में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। तूफान के मंगलवार तड़के तट पार करने के दौरान हजारों पेड़ उखड़ गए, सैकड़ों बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और मछली पकड़ने वाली नौकाओं को भी नुकसान पहुंचा। 

11:49 AM, 03-Nov-2026

ओडिशा में सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए 1.60 लाख लोग

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए ओडिशा सरकार ने पांच दक्षिणी जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को तैनात किया है। साथ ही 1.60 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

विज्ञापन
11:47 AM, 03-Nov-2026

चक्रवात मुरासु की दस्तक के बीच ओडिशा में हल्की बारिश

पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट पर मंगलवार तड़के भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु के दस्तक देने के बाद ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हुई। इस बीच राज्य सरकार ने क्षेत्र के सभी जिला कलेक्टरों को मौसम की किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। एक मंत्री ने यह जानकारी दी।

ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने पीटीआई को बताया कि कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल और कालाहांडी समेत कई जिलों के कलेक्टरों ने हल्की बारिश होने की सूचना दी है। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि स्थिति गंभीर नहीं होगी।"
मंत्री ने बताया कि राज्य में हाई अलर्ट जारी है। भूस्खलन ओडिशा के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने कहा, "हम हाई अलर्ट पर हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को कुछ समय तक राहत शिविरों में रखा जाएगा।"

11:34 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश: चिराला के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं ने मचाई तबाही

चक्रवात मुरासु की वजह से आंध्र प्रदेश के चिराला के तटीय इलाकों में तेज बारिश और हवाओं ने भारी तबाही मचाई है। खेतों में पानी भर गया है और फसलों को नुकसान पहुंचा है।

11:26 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश: चक्रवाती तूफान मुरासु के कारण भारी बारिश से जलभराव

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के कारण लगातार हो रही भारी बारिश से निचले इलाकों में बड़े पैमाने पर बाढ़ और जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। प्रकाशम जिले में अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को जिला परिषद स्कूल में बनाए गए चक्रवात राहत केंद्र में पहुंचाया है।

11:24 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश: प्रकाश जिले में बड़े पैमाने पर हुआ नुकसान

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सामने आए दृश्यों में सड़कों पर वाहन फंसे और पलटे हुए दिखाई दे रहे हैं।

11:16 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश के कई जिलों में हो रही भारी बारिश

चक्रवात मुरासु के प्रभाव को लेकर एनटीआर जिले के कलेक्टर जी. लक्ष्मीशा ने कहा, "अभी तक किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। जिले में औसतन हर घंटे 1.52 से 2 मिलीमीटर बारिश हो रही है। पिछले दो घंटों में करीब 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।"

उन्होंने कहा, "जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। बुडामेरू के जलग्रहण क्षेत्र की निगरानी की जा रही है और फिलहाल वहां किसी तरह का तत्काल खतरा नहीं है। सड़क से मलबा हटाने और हालात पर नजर रखने वाली सभी टीमें तैनात हैं। स्थिति चिंताजनक नहीं है। कहीं भी सड़क पर बड़ा अवरोध या यातायात में रुकावट नहीं है। सभी जगह हालात सामान्य हैं।"

कलेक्टर ने कहा, "हम अगले 24 से 36 घंटों तक स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। मैं आम लोगों से अपील करता हूं कि वे अधिकारियों का सहयोग करें और उनके निर्देशों का पालन करें। कृपया यात्रा करने या बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें। जब भी सरकारी अधिकारी लोगों को राहत केंद्रों में जाने का निर्देश दें, तो सभी से अनुरोध है कि वे इसमें सहयोग करें। फिलहाल स्थिति सामान्य है और कोई समस्या नहीं है।"

11:11 AM, 03-Nov-2026

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू से लिया स्थिति का जायजा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवात मुरासु को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से बात की। शाह ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, ''उनसे चक्रवात मुरासु से हुए नुकसान और इसके प्रभावों की जानकारी ली। सीएम को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें पहले से ही प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं और लोगों की मदद कर रही हैं। भारत सरकार किसी भी तरह की स्थिति का मजबूती से सामना करने के लिए आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है।''
 

09:11 AM, 03-Nov-2026

कोठापटनम में कई झोपड़ियों को नुकसान, उखड़े कई पेड़

आंध्र प्रदेश के ओंगोल में चक्रवाती तूफान मुरासु के कोठापटनम के पास तट से टकराने के कारण इलाके में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते कई झोपड़ीनुमा मकानों को नुकसान पहुंचा है और पेड़ उखड़कर गिर गए हैं। चक्रवात मुरासु के तट से टकराने के साथ ही कोठापटनम गांव में समुद्र की स्थिति खराब हो गई है।

दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवात मुरासु के लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ओंगोल के पास कोठापटनम बीच इलाके में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। चक्रवात के तट से टकराने के दौरान समुद्र तट पर हवा की रफ्तार काफी तेज देखी जा रही है। चक्रवात मुरासु के प्रभाव से गुंटूर शहर में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है।

 

08:37 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश के बापटला में उखड़ा पेड़, कई इलाकों में भरा पानी

आंध्र प्रदेश में चक्रवात मुरासु के प्रभाव से तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण बापटला में सूर्यलंका रोड के पास एक पेड़ उखड़कर गिर गया। एनडीआरएफ के जवान सड़क से गिरे हुए पेड़ को हटाने में जुटे हैं। वहीं, इलाके में कई जगहों पर पानी भरने की जानकारी भी सामने आई है।

08:02 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश में चल रही तेज हवाएं

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' ने आज भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के पास दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार किया। इस दौरान तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

06:21 AM, 03-Nov-2026

हाई अलर्ट मोड में आंध्र का ओंगोल प्रशासन, राहत-बचाव में किन कामों को प्राथमिकता?

आंध्र प्रदेश के ओंगोल में कलेक्टर पी. राजाबाबू चक्रवात मुरासु से बचाव के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए कमांड कंट्रोल रूम पहुंचे। जमीनी स्तर पर तत्काल किए जाने वाले काम की रणनीति बनाते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तूफान के दौरान गिरे हुए पेड़ों को तुरंत हटाने के साथ-साथ खराब बिजली के इंफ्रास्ट्रक्चर की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने अधिकारियों को कोठापट्टनम में जल्द से जल्द बिजली सप्लाई बहाल करने का भी निर्देश दिया और लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की।

05:51 AM, 03-Nov-2026

मुरासु के तट से टकराने के बाद आंध्र प्रदेश भारी बारिश, कहां सबसे अधिक खतरा?

गंभीर चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का लैंडफॉल बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में ओंगोल के पास शुरू हुआ। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक लैंडफॉल 3 नवंबर की आधी रात के बाद लगभग 1 बजे शुरू हुआ था। इस दौरान 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जो 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गईं। कावली से 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और बापटला से 70 किलोमीटर दक्षिण में भी इसका असर देखा गया। लैंडफॉल बिंदु नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल में रहने का अनुमान है। अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। समुद्री लहरों के कारण निचले इलाकों के जलमग्न होने का खतरा है। अधिकतम समुद्री लहरें बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में उठने का अनुमान है।

05:38 AM, 03-Nov-2026

समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका, निचले इलाकों में पानी भर सकता है: मौसम विभाग

05:20 AM, 03-Nov-2026

दक्षिण ओडिशा में गंभीर हालात, भूस्खलन में कई लापता; राज्य सरकार मुस्तैद

मौसम विभाग ने दक्षिणी ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों में 4 नवंबर तक भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी दी है। राज्य सरकार ने सोमवार को ही संवेदनशील और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया था। राज्य के दक्षिणी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पिछले हफ्ते आए चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण पहले ही गंजाम समेत कई जिलों में भारी बर्बादी हुई है। गंजाम जिले में अर्नब के कारण बारिश के चलते हुए भूस्खलन में एक गांव चपेट आ गया था, जहां 10 लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

04:59 AM, 03-Nov-2026

चक्रवात का नाम मुरासु कैसे पड़ा?

महासागरों में उठने वाले चक्रवातों के नाम रखने की प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत होती है। महासागरों के किनारे बसे देशों के सुझाव पर बारी-बारी से चक्रवात के नाम तय किए जाते हैं। मौजूदा चक्रवाती तूफान का नाम मुरासी तमिल भाषा से लिया गया है। मुरासु एक बड़ा ढोल या नगाड़ा होता है जो युद्ध के समय, उत्सवों में या खतरे की चेतावनी देने के लिए बजाया जाता था। यह नाम इसलिए चुना गया ताकि लोग आसानी से याद रख सकें और सतर्क रहें। आमतौर पर चक्रवात बंगाल की खाड़ी से उठते हैं, लेकिन उनका नामकरण क्षेत्रीय भाषाओं के मुताबिक होती है।

04:45 AM, 03-Nov-2026

चक्रवात मुरासु को लेकर सरकार की क्या हैं तैयारियां?

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) ने प्रभावित जिलों के लोगों को घरों के अंदर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ एक और दूरभाष बैठक की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि चक्रवात ओंगोल के पास कोठापट्टनम के करीब तट को पार कर सकता है। राज्य सरकार ने प्रभावित जिलों के लिए 37 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

ये भी पढ़ें- एक्सप्लेनर: भारत पर हफ्तेभर में दूसरे चक्रवाती तूफान का जोखिम क्यों, कैसे खतरे का केंद्र बन रही बंगाल की खाड़ी?

04:27 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश के किन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट?

मौसम विभाग के मुताबिक तटीय आंध्र इलाकों के अलावा यनम के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। रायलसीमा के कई स्थानों पर भी ऐसा ही मौसम रहेगा। पालनाडु, तिरुपति और नंद्याल जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की उम्मीद है। एलुरु, एनटीआर, कृष्णा, गुंटूर, बापटला, प्रकाशम, नेल्लोर, चित्तूर, अन्नामय्या, कडपा और कुरनूल सहित कई अन्य जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। श्रीकाकुलम से अनंतपुर तक के कई तटीय और आंतरिक जिलों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 4 और 5 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। 4 नवंबर को पालनाडु, प्रकाशम, कुरनूल और नंद्याल जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बारिश के दिनों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

04:13 AM, 03-Nov-2026

चक्रवात के कारण बारिश: चेन्नई-तिरुवल्लूर में स्कूल-कॉलेज बंद

चक्रवात मुरासु के प्रभाव से तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू सहित उत्तरी तमिलनाडु के तटीय जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। चेन्नई और तिरुवल्लूर में एहतियात के तौर पर स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

03:58 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश में दो दिन भारी बारिश के आसार

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक चक्रवात मुरासु के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर, गुंटूर, कृष्णा, बापटला और प्रकाशम जिलों में भारी बारिश हो रही है। तटीय इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इन जिलों में अगले दो दिनों तक अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। 

03:45 AM, 03-Nov-2026

चक्रवात मुरासु: तटीय इलाकों में रेड अलर्ट, 19 से ज्यादा उड़ानें रद्द

मौसम विभाग ने तटीय राज्यों में मंगलवार को भी भीषण तेज हवाएं और अत्यधिक तेज बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है और अगले दो दिनों तक ज्यादातर इलाकों में तेज बारिश जारी रहने की चेतावनी भी दी है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 19 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। ओडिशा में 3.3 लाख से अधिक लोगों को हटाकर सुरिक्षत जगहों पर पहुंचाया गया है।

03:20 AM, 03-Nov-2026

आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में बारिश के साथ तेज हवाएं

बंगाल की खाड़ी में एक हफ्ते के भीतर दूसरे भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। इससे पहले सोमवार को भी मूसलाधार बारिश होती रही और प्रचंड वेग से हवाएं भी चलीं। तेलंगाना, छत्तीसगड़, मध्य महाराष्ट्र और केरलम के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश (7-21 सेमी) हुई।

03:06 AM, 03-Nov-2026

चक्रवात मुरासु: आंध्र के तट से टकराया तूफान, दक्षिणी तटीय इलाकों में भारी बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

गंभीर चक्रवाती तूफान 'मुरासु' ने 3 नवंबर 2026 को तड़के 2:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इसका लैंडफॉल जारी है। तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। जो आंध्र प्रदेश के ओंगोल से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है।

चक्रवाती तूफान 'मुरासु' आंध्र प्रदेश तट से टकराया, तेज हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान मुरासु लैंडफॉल के बाद दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में प्रवेश कर रहा है। अगले तीन घंटों में यह नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के करीब, दक्षिण आंध्र प्रदेश तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की गति 100-110 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी, जो 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। चेन्नई और मछलीपट्टनम में डॉप्लर वेदर रडार से इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें