फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: बंगाल में संक्रमण के 5887, असम में 3803 नए मामले

Tue, 08 Jun 2021 12:24 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश के कई हिस्सों में अब अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दिल्ली में सोमवार यानी आज से अनलॉक 2.0 शुरू होने जा रहा है। इस दौरान 50 फीसदी क्षमता के साथ मेट्रो चलेंगी और निजी और सरकारी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों के आने की इजाजत है। वहीं सोमवार को देश में कोरोना वायरस के एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 2427 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। इधर कोरोना को मात देने के लिए वैक्सीनेशन पर खासा जोर दिया जा रहा है। हालांकि कोरोना वैक्सीन  की किल्लत की वजह से कई जगहों पर 18+ वैक्सीनेशन पर रोक लगा दी गई है। आज से दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अनलॉक शुरू होते ही राजधानी दिल्ली के आईटीओ में जाम लगने लगा। आंध्र प्रदेश में 20 जून तक कोरोना कर्फ्यू की अवधि को बढ़ा दिया गया है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
ब्लैक फंगस - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:24 AM, 08-Jun-2021

मध्यप्रदेश ने चार पड़ोसी राज्यों से बसों की आवाजाही पर लगाया प्रतिबंध 15 जून तक बढ़ाया

कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर मध्यप्रदेश सरकार ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से आने-जाने वाली यात्री बस सेवाओं पर लगाए गए प्रतिबंध को 15 जून तक बढ़ा दिया है।

प्रदेश के अतिरिक्त परिवहन आयुक्त अरविंद सक्सेना ने सोमवार को बताया कि इन राज्यों से बसों का आवागमन प्रतिबंधित करने का आदेश सोमवार को समाप्त होना था। सोमवार को जारी आदेश के तहत इस प्रतिबंध को अब 15 जून तक बढ़ाया गया है।

उन्होंने बताया कि बसों की आवाजाही पर प्रतिबंध करने का आदेश अखिल भारतीय पर्यटक परमिट हासिल करने वाली बसों पर भी लागू होगा।

12:11 AM, 08-Jun-2021

कोरोना वायरस संक्रमण के सोमवार को पश्चिम बंगाल में 5,887 और असम में 3,803 नए मामले सामने आए। पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में बताया कि राज्य में संक्रमण के 5,887 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 14,32,019 हो गई, जबकि 103 और लोगों की मौत के बाद कुल मृतक संख्या 16,362 हो गई।

पश्चिम बंगाल में इस समय 26,886 संक्रमितों का उपचार चल रहा है और 13,88,771 लोग ठीक हो चुके हैं। 

इस बीच, असम में 3,803 नए मामले सामने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,38,746 हो गई। राज्य में 37 और लोगों की मौत के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 3,695 हो गई। असम में इस समय 48,672 मरीज उपचाराधीन हैं।

11:34 PM, 07-Jun-2021

मुंबई में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 728 नये मामले सामने आये जबकि 28 लोगों की महामारी के कारण मौत हो गई। इसके साथ ही यहां संक्रमितों एवं मृतकों की संख्या क्रमश: 7,12,329 और 5,066 हो गई । बृहन्मुंबई महानगरपालिका परिषद (बीएमसी) ने इसकी जानकारी दी।

बीएमसी ने बताया कि इससे एक दिन पहले मुंबई में 794 नये मामले सामने आये थे जबकि 20 लोगों की मौत हो गई थी। राज्य में पिछले सात दिनों से संक्रमण के मामले एक हजार के नीचे हैं । बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार मुंबई में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 15,786 है।

स्थानीय निकाय ने बताया कि मुंबई में आज 980 मरीज ठीक हुये हैं और इसके साथ ही यहां संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 6,79,258 हो गई है।
 

विज्ञापन
08:54 PM, 07-Jun-2021

मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में 571 नए मामले

मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 571 नए मामले सामने आए हैं और 32 लोगों की मौत हो गई है।

 

08:51 PM, 07-Jun-2021

महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस के 523 मामले

महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस संक्रमण के अब तक 6,384 मामले सामने आए हैं और 523 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी है।

 

विज्ञापन
08:48 PM, 07-Jun-2021

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में 19448 नए मामले

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 19,448 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 31,360 लोग डिस्चार्ज हुए और 351 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। 

08:19 PM, 07-Jun-2021

आंध्र प्रदेश में ब्लैक फंगस से अब तक 103 लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश में ब्लैक फंगस से अब तक 103 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है। 

 

07:26 PM, 07-Jun-2021

कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए केरल सरकार ने 16 जून तक के लिए  लॉकडाउन बढ़ा दिया है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की बिक्री करने वाले स्टोर, उद्योगों के लिए कच्चा माल (पैकेजिंग सहित), निर्माण सामग्री और बैंकों को काम करने की अनुमति रहेगी।

 

06:17 PM, 07-Jun-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 231 नए मामले

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 231 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 876 लोग स्वस्थ भी हो गए। 

 

04:53 PM, 07-Jun-2021

तमिलनाडु में ब्लैक फंगस के इलाज के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित

तमिलनाडु सरकार ने राज्य में ब्लैक फंगस रोगियों के इलाज के लिए एम्फोटेरिसिन बी दवा और अन्य दवाओं की खरीद के लिए मुख्यमंत्री जन राहत कोष से 25 करोड़ रुपये आवंटित किए।

 

04:50 PM, 07-Jun-2021

पंजाब सरकार ने 15 जून तक के लिए बढ़ाया प्रतिबंध

पंजाब सरकार ने कुछ छूट के साथ कोरोना प्रतिबंधों को 15 जून तक के लिए बढ़ा दिया है। दुकानें शाम 6 बजे तक खुलेंगी। निजी कार्यालय 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे। रविवार को नियमित कर्फ्यू जारी रहेगा। 

 

04:07 PM, 07-Jun-2021

यूपी में सक्रिय मामले घटकर 15681 हुए

उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 15,681 रह गई है। पिछले 24 घंटे में 81 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कल प्रदेश में 2,80,220 सैंपल की जांच की गई। अब तक कुल मिलाकर 5,16,22,903 सैंपल की जांच की जा चुकी है। 

03:36 PM, 07-Jun-2021

ओडिशा में बीते 24 घंटे में कोरोना के 6118 नए मामले

ओडिशा में बीते 24 घंटे में कोरोना के 6,118 नए मामले सामने आए हैं और 41 लोगों की मौत हो गई।

03:21 PM, 07-Jun-2021

पश्चिम बंगाल बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा भी रद्द

कोरोना संकट को देखते हुए पश्चिम बंगाल बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा भी रद्द कर दी गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसकी घोषणा की है।

 

02:56 PM, 07-Jun-2021

नागपुर में अनलॉक के तहत खुला बाजार

महाराष्ट्र के शहर नागपुर में अनलॉक के तहत आज कोरोना कर्फ्यू में छूट दी गई। यहां दो महीने बाद बाजार खुला है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में छूट देने से हमें काफी राहत मिलेगी।
 

02:30 PM, 07-Jun-2021

महाराष्ट्र में शाम चार बजे तक जिम खोलने की मंजूरी

महाराष्ट्र के पुणे में शाम चार बजे तक जिम खोलने की मंजूरी मिल गई है। जिम के एक मालिक ने जानकारी दी कि हमें सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक जिम खोलने की अनुमति मिली है। इस दौरान सभी सामान को अच्छी तरह से सैनिटाइज किया जा रहा है। 
 

02:22 PM, 07-Jun-2021

दिल्ली में ऑड-ईवन के हिसाब से खुलीं दुकानें

दिल्ली में आज से ऑड-ईवन के हिसाब से दुकानें खुलीं। एक दुकानदार ने बताया, "आज लगभग 49 दिन बाद बाजार खुला है और ये सरकार का अच्छा फैसला है लेकिन दुकानें ऑड-ईवन में न खोलकर सभी दुकानें खोल देते तो ज्यादा अच्छा रहता।"
 

02:17 PM, 07-Jun-2021

आंध्र प्रदेश में 20 जून तक बढ़ा कोरोना कर्फ्यू

आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य में कर्फ्यू 20 जून तक बढ़ाया। कर्फ्यू में सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक छूट रहेगी और सरकारी दफ़्तर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुले रहेंगे।
 

01:35 PM, 07-Jun-2021

मुंबई में आम जनता के लिए लोकल ट्रेन पर एक हफ्ते बाद फैसला संभव

मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि आम जनता के लिए लोकल ट्रेन पर एक हफ्ते में फैसला हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते बाद कोरोना की स्थिति को देखते हुए इस पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज मुंबई में अनलॉक के तहत कई छूट दी गई हैं।
 

01:25 PM, 07-Jun-2021

आज शाम पांच बजे पीएम मोदी का संबोधन

कोरोना संकट के बीच आज शाम पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे।
 

01:16 PM, 07-Jun-2021

मध्यप्रदेश: जूनियर डॉक्टर की हड़ताल खत्म

मध्यप्रदेश में 31 मई को शुरू जूनियर डॉक्टर की हड़ताल आज खत्म हो गई है। राज्य मंत्री वी सारंग ने कहा कि अब जूनियर डॉक्टर अपने काम पर वापस चले गए हैं और हम उनके स्टायपंड में 17 फीसदी की वृद्धि करेंगे।
 

01:08 PM, 07-Jun-2021

उपमुख्यमंत्री ने ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन का किया उद्घाटन

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज के पास ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, ''आस पास के लोगों के लिए यहां ड्राइव करके आकर सुरक्षित तरीके से वैक्सीन लगाए जाने की व्यवस्था है।''
 

12:40 PM, 07-Jun-2021

स्वास्थ्य मंत्री ने मंत्रियों के समूह की 28वीं बैठक को संबोधित किया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने देश में कोविड-19 की स्थिति पर मंत्रियों के समूह की 28वीं बैठक को संबोधित किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 12 मई से प्रतिदिन आने वाले कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। 14 मई से ठीक होने वाले मामले नए मामलों से अधिक हैं। 83 फीसदी मामले 10 राज्यों में हैं बाकी 17 फीसदी 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हैं। सात राज्यों में प्रतिदिन 1,000 से कम मामले आ रहे हैं।
 

12:29 PM, 07-Jun-2021

दिल्ली में बूथ लेवल पर शुरू हुआ टीकाकरण अभियान

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 45 साल से अधिक लोगों के लिए दिल्ली में आज से एक स्पेशल अभियान शुरू किया जा रहा है जिसका नाम 'जहां वोट वहां वैक्सीनेशन' है। अगर वैक्सीन की कमी नहीं हुई तो इस अभियान के तहत 4 हफ्तों में 45 साल से अधिक सभी लोगों को दिल्ली में वैक्सीन लगा दी जाएंगी। आज से दिल्ली के 70 वार्ड से ये शुरू किया जाएगा। हर हफ्ते 70 वार्ड में ये अभियान किया जाएगा।
 

12:06 PM, 07-Jun-2021

लखनऊ में आज से महिला स्पेशन वैक्सीनेशन बूथ खुले

उत्तर प्रदेश में आज से महिला स्पेशल वैक्सीनेशन बूथ शुरू हो गए हैं। लखनऊ के जिलाधिकारी ने बताया कि लखनऊ में दो केंद्रों पर पिंक बूथ शुरू हो गए हैं। तस्वीरें लखनऊ के वीरांगना अवंती बाई महिला चिकित्सालय की हैं।
 

11:56 AM, 07-Jun-2021

महाराष्ट्र में अनलॉक शुरू होने के बाद औरंगाबाद में खुलीं दुकानें

महाराष्ट्र में अनलॉक प्रक्रिया शुरू होने के बाद औरंगाबाद में दुकानें खुलीं।
 

11:33 AM, 07-Jun-2021

उत्तराखंड: ब्लैक फंगस के 299 मामले, 47 मौतें

उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार देहरादून में कल ब्लैक फंगस के 20 नए मामले सामने आए और तीन मौतें हुईं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 299 हो गई है, जिसमें 47 मौतें और 18 रिकवरी हैं।
 

11:26 AM, 07-Jun-2021

महाराष्ट्र में आज से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू

महाराष्ट्र राज्य में आज से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद जिम और सैलून खुल गए हैं। तस्वीरें पुणे की हैं।
 

11:14 AM, 07-Jun-2021

दिल्ली: अनलॉक के शुरू होते ही आईटीओ पर लगा ट्रैफिक जाम

राजधानी दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद आईटीओ पर ट्रैफिक जाम लगा।
 

11:05 AM, 07-Jun-2021

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हटा कोरोना कर्फ्यू

कोरोना कर्फ्यू हटने के बाद आगरा में आज दुकानें खुलीं। लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर और गोरखपुर को छोड़कर सभी जिलों से कोरोना कर्फ्यू हटा दिया गया है।
 

10:56 AM, 07-Jun-2021

मुंबई: दोबारा शुरू हुईं बस सेवा

मुंबई में आज से आम जनता के लिए बस सेवा फिर से शुरू हुईं।
 

10:53 AM, 07-Jun-2021

नोएडा में चलनी शुरू हुई मेट्रो

नोएडा में आज से 50 फीसदी यात्रियों के साथ मेट्रो फिर से चलनी शुरू हुईं। एक यात्री ने बताया, "मेट्रो के शुरू होने से ड्यूटी करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी क्योंकि टैक्सी में 300 रुपये लगते हैं और मेट्रो में सिर्फ 40 रुपये।
 

10:23 AM, 07-Jun-2021

पिछले 61 दिनों में सबसे कम मामले दर्ज- स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारत में पिछले 24 घंटे में आए कोरोना वायरस के नए मामले 61 दिनों में सबसे कम है। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 6.34% है।
 

09:56 AM, 07-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 13,90,916 लोगों को लगी वैक्सीन

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 13,90,916 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 23,27,86,482 हुआ।
 

09:23 AM, 07-Jun-2021

बीते 24 घंटे में एक लाख छह सौ मामले हुए दर्ज, 2427 मरीजों की मौत

भारत में कोरोना के 1,00,636 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,89,09,975 हुई। 2,427 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,49,186 हो गई है। 1,74,399 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,71,59,180 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 14,01,609 है।
 

09:12 AM, 07-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 15,87,589 सैंपल टेस्ट किए गए- आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने जानकारी दी किभारत में कल कोरोना वायरस के लिए 15,87,589 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 36,63,34,111 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
 

08:52 AM, 07-Jun-2021

कोवैक्सीन से ज्यादा एंटीबॉडी बनाती हैं कोविशील्ड

फंगस और टीके को लेकर देश में पहली बार दो अलग-अलग अध्ययन सामने आए हैं। इनमें से 12 राज्यों के 19 अस्पतालों में हुए एक अध्ययन में खुलासा हुआ है कि जहां कोविशील्ड टीका लेने वालों में कोवाक्सिन लेने वालों की तुलना में एंटीबॉडी का स्तर अधिक मिला। 

08:29 AM, 07-Jun-2021

दिल्ली में मेट्रो चलनी शुरू, अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन की तस्वीर

राजधानी में आज से 50% बैठने की क्षमता के साथ मेट्रो चलनी शुरू हो गई है। तस्वीरें अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन की हैं।
 

08:20 AM, 07-Jun-2021

दिल्ली में ऑड-ईवन के आधार पर बाजार खुलेंगे

दिल्ली में आज से ऑड-ईवन के हिसाब से सुबह 10 बजे से बाज़ार खुल जाएंगे। तस्वीरें करोल बाग की हैं।
 

08:03 AM, 07-Jun-2021

दिल्ली में चलने लगी मेट्रो

करीब डेढ़ महीने बाद दिल्ली मेट्रो एक बार फिर पटरी पर दौड़ने लगी है। अनलॉक-2 के तहत दिल्ली सरकार ने 50 फीसदी क्षमता के साथ दिल्ली मेट्रो का संचालन शुरू कर दिया है।
 

07:54 AM, 07-Jun-2021

मिजोरम: बीते 24 घंटे में सामने आए 113 नए केस

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 113 नए मामले सामने आए और दो मरीजों की मौत हो गई। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 13,679 है जिसमें 3,279 सक्रिय मामले, 10,345 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 55 मौतें शामिल हैं।
 

07:34 AM, 07-Jun-2021

समाजवादी पार्टी युवजन सभा के औरैया इकाई अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव और 200 अन्य के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत शनिवार को दर्ज मामले में पुलिस ने 24 कारों को जब्त किया है और 34 लोगों को हिरासत में लिया है। इनपर कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने और जुलूस निकालने का आरोप है।

07:20 AM, 07-Jun-2021

Corona Live: बंगाल में संक्रमण के 5887, असम में 3803 नए मामले

देश के कई हिस्सों में अब अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दिल्ली में सोमवार यानी आज से अनलॉक 2.0 शुरू होने जा रहा है। इस दौरान 50 फीसदी क्षमता के साथ मेट्रो चलेंगी और निजी और सरकारी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों के आने की इजाजत है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर का खतरा अब भले ही कम हो गया हो लेकिन संक्रमण बढ़ती भीड़ होने की वजह से दोबारा फैल सकता है। इधर कोरोना को मात देने के लिए वैक्सीनेशन पर खासा जोर दिया जा रहा है। हालांकि कोरोना वैक्सीन  की किल्लत की वजह से कई जगहों पर 18+ वैक्सीनेशन पर रोक लगा दी गई है। रविवार को कोरोना के दूसरी लहर की पीक से अब तक के सबसे कम मामले दर्ज हुए, हालांकि कोरोना से रोजाना होने वाली मौत का आंकड़ा चिंताजनक है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें