फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus India Live: छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12666 नए मामले मामले सामने आए, 190 की मौत

Mon, 26 Apr 2021 01:26 AM IST
कुमार संभव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

कोरोना के कहर से देश को फिलहाल राहत नहीं मिल रही है। लगातार चौथे दिन देश में कोरोना वायरस के तीन लाख से ज्यादा नए मामले मिले। ऐसा आज तक दुनिया के किसी भी देश में नहीं हुआ। शनिवार (24 अप्रैल) को देश में 3.49 लाख नए मामले सामने आए, जबकि 2760 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, दिल्ली और महाराष्ट्र में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। 
विज्ञापन
देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मामले (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:23 AM, 26-Apr-2021

छत्तीसगढ़ में 12666 नए मामले सामने

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 12,666 नए मामले सामने आए, इस दौरान 176 मरीज डिस्चार्ज किए गए और 190 मौतें हुई हैं। राज्य में सक्रिय मामले 1,23,835 हैं और अब तक 7,310 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

12:52 AM, 26-Apr-2021

झारखंड में 5903 नए मामले सामने आए

झारखंड में कोविड-19 के 5,903 नए मामले सामने आए, 3,287 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई और 103 मौतें हुईं। राज्य में सक्रिय मामले 48,105 हैं। अब तक कुल 1,51,651 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1,991 संक्रमितों की मौतें हुई हैं।

12:49 AM, 26-Apr-2021

असम में 1844 नए मामले सामने आए

असम में कोरोना संक्रमण के 1,844 नए मामले सामने आए, 558 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है और 14 मौतें हुईं। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 15,470 है। अब तक 1,200 लोगों की मौत हो चुकी है और कुल 2,19,516 लोग ठीक हो चुके हैं।

विज्ञापन
12:06 AM, 26-Apr-2021

तिरंगे की रोशनी में रंगा बुर्ज खलीफा

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भारत में मौजूदा कोविड-19 स्थिति के बीच समर्थन देने के लिए बुर्ज खलीफा को तिरंगे की रोशनी में दिखाया।
 

11:54 PM, 25-Apr-2021

पुणे में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10193 नए मामले मामले सामने आए

महाराष्ट्र के पुणे जिले में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10,193 नए मामले मामले सामने आए। इस दौरान 139 मौतें हुईं और 10,607 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। यहां
सक्रिय मामले 1,01,714 हैं। अब तक कुल 7,93,186 मामले सामने आए हैं जिसमें से 6,79,335 लोग ठीक हो चुके हैं और 12,306 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

विज्ञापन
10:29 PM, 25-Apr-2021

बांग्लादेश ने भारत के यात्रियों पर लगाई 14 दिनों की रोक

बांग्लादेश ने भारत में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के मद्देजनर देश के साथ लगती अपनी सीमा को रविवार को दो हफ्तों के लिए बंद कर दिया। अब इसके तहत कोई भी भारतीय यात्री बांग्लादेश नहीं जा पाएंगे।

09:50 PM, 25-Apr-2021

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में कोरोना के 34,804 नए मामले

कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 34,804 नए मामले सामने आए हैं। 6,982 लोग डिस्चार्ज हुए और 143 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई।  

रेमडेसिविर की कालाबाजारी के आरोप में रायपुर से छह गिरफ्तार
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते वायरल-रोधी दवा रेमडेसिविर की उच्च मांग के बीच छत्तीसगढ़ में इस दवा की कालाबाजारी के आरोप में दो अलग-अलग मामलों में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

09:45 PM, 25-Apr-2021

दिल्ली में कोरोना का कोहराम

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 22,933 मामले सामने आए हैं और 350 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 21,071 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

09:40 PM, 25-Apr-2021

ओडिशा में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को मुफ्त में टीका

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को मुफ्त में टीका मुहैया कराने की घोषणा की, राज्य सरकार इसपर 2000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

09:19 PM, 25-Apr-2021

संसद के सभी प्रशासनिक कर्मचारी को घर से काम करने का आदेश

कोरोना को बढ़ते मामलों के बीच संसद के सभी प्रशासनिक कर्मचारी को घर से काम करने का आदेश दिया गया है।

09:10 PM, 25-Apr-2021

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में 66,191 लोग संक्रमित हो गए और 832 लोगों की जान चली गई।  इस दौरान 61,450 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

08:58 PM, 25-Apr-2021

केरल में सामने आए कोरोना के 28,000 से अधिक मामले, 30 की मौत 

 केरल में रविवार को कोविड-19 से 45 स्वास्थ्यकर्मियों सहित 28,469 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई जबकि 30 और मरीजों की मौत हो गयी। राज्य में इस महामारी के मामले अब बढ़कर करीब 14.05 लाख हो गये है और अब तक 5,110 मरीजों की जान चली गयी। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी।

08:12 PM, 25-Apr-2021

राहत- मुंबई में लगातार घटने लगे हैं कोरोना के मामले

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना के मामले में लगातार कमी आ रही है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में यहां 5542 नए मामले सामने आए हैं और 64 लोगों की मौत हुई है। वहीं बीते शनिवार की बात करें तो शहर में 24 घंटे में कोरोना वायरस के 5,888 नए मामले मिले थे और 71 लोगों की मौत हो गई थी।  शुक्रवार को 7,221 लोग संक्रमित और 72 की मौत, गुरुवार को 7,410 और 75 लोगों की मौत दर्ज की गई थी।  यानि मृतकों की संख्या में भी कमी आई है।

07:22 PM, 25-Apr-2021

भोपाल नगर निगम क्षेत्र और बैरसिया नगर पालिका क्षेत्र में कोरोना कर्फ्यू को 3 मई तक बढ़ा

मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण से आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोपाल नगर निगम क्षेत्र और बैरसिया नगर पालिका क्षेत्र में कोरोना कर्फ्यू को 3 मई सुबह 6 बजे तक बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है।

06:40 PM, 25-Apr-2021

राजस्थान में कोरोना का कहर जारी, बीते 24 घंटे में 15809 मामले, 74 की मौत

राजस्थान में कोरोना का कहर लगातार जारी है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 15809 मामले सामने आए हैं और 74 लोगों की मौत हो गई।

06:38 PM, 25-Apr-2021

केरल में पिछले 24 घंटे में 28,469 नए मामले  

केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 28,469 नए मामले सामने आए हैं। 8,122 लोग डिस्चार्ज हुए और 30 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। राज्य में 1,26,773 टेस्ट किए गए। 

06:35 PM, 25-Apr-2021

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12,634 नए मामले 

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12,634 नए मामले सामने आए हैं। 4,304 लोग डिस्चार्ज हुए और 69 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। 

 

06:30 PM, 25-Apr-2021

विजय बल्लभ अस्पताल के सीईओ और सीएओ गिरफ्तार

महाराष्ट्र के विरार स्थित कोविड डेडिकेटेड विजय बल्लभ अस्पताल(Vijay ballabh hospital) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया जहां 15 अप्रैल को ICU में आग लगने से 15 कोरोना रोगियों की जान चली गई थी। 

06:15 PM, 25-Apr-2021

कर्नाटक में अब अंतिम संस्कार के लिए केवल पांच लोगों को अनुमति

कर्नाटक में अब अंतिम संस्कार के लिए केवल पांच लोगों को ही जाने की अनुमति होगी।

05:33 PM, 25-Apr-2021

राजस्थान में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी लोगों को को निशुल्क कोरोना वैक्सीन

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान सरकार ने प्रदेश के 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी लोगों को लगभग 3,000 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च कर निशुल्क कोविड वैक्सीन लगाने का फैसला किया है।

05:26 PM, 25-Apr-2021

लोग घर में ऑक्सीजन सिलिंडर न रखें : डॉ. रणदीप गुलेरिया

एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि कोरोना वायरस की मौजूदा स्थिति में जनता में भय का माहौल है और लोगों ने घर में इंजेक्शन, सिलिंडर रखने शुरू कर दिए हैं जिससे इनकी कमी हो रही है। कोरोना आम संक्रमण है, 85-90 फीसदी लोगों में ये आम बुखार, जुकाम होता है इसमें ऑक्सीजन, रेमडेसिविर की जरूरत नहीं पड़ती है। डाॅ.रणदीप गुलेरिया ने कहा कि जो मरीज घर हैं और जिनका ऑक्सीजन सेचुरेशन 94 से ज्यादा  है उन्हें रेमडेसिविर की कोई जरूरत नहीं है और अगर आम रेमडेसिविर लेते हैं तो उससे आपको नुकसान ज्यादा हो सकता है, फायदा कम होगा।

05:22 PM, 25-Apr-2021

टीकों को लेकर अफवाह पर ध्यान न दें: डॉ. सुनील कुमार

डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि टीकों को लेकर कई तरह की अफवाह फैली हुई है। मैं बताना चाहता हूं कि इसके कोई गंभीर दुष्परिणाम नहीं है, बल्कि यह नगण्य है। वैक्सीन और कोरोना का उपयुक्त व्यवहार दो विकल्प हैं जो हमें चेन को तोड़ने में मदद करेंगी। 

05:22 PM, 25-Apr-2021

खबरों पर इतना ध्यान मत दें : डॉ सुनील कुमार

स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक डॉ सुनील कुमार ने कहा कि खबरों पर इतना ध्यान केंद्रित न करें, केवल चुनिंदा समाचार देखें। देश में एक व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी चल रही है। इस पर ध्यान न दें। जिम्मेदारी से व्यवहार का पालन करें। इस व्यवहार को डॉक्टरों और समाज के साथ-साथ मीडिया को भी पालन करना होगा।

05:17 PM, 25-Apr-2021

भारत सरकार ने अपना कर्तव्य जिम्मेदारी से निभाया: डॉ सुनील कुमार 

स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक डॉ सुनील कुमार ने कहा कि 2020 में यह नया वायरस आया और हम तैयार नहीं थे। भारत सरकार ने अपना कर्तव्य जिम्मेदारी से निभाया और परीक्षण क्षमता को बढ़ाया। हमें अपनी सरकार पर विश्वास करना चाहिए कि वह डॉक्टरों, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, महामारी विज्ञानियों के सुझावों के साथ ठोस और वैज्ञानिक कदम उठा रही है।

05:13 PM, 25-Apr-2021

समय पर सही दवा दी जाए तो 90 फीसदी मरीज घर पर ठीक हो सकते हैं

मेदांता अस्पताल के डॉक्टर त्रेहान ने कोरोना महामारी पर चर्चा करते हुए कहा कि जैसे ही आपकी आरटी-पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, मेरी सलाह होगी कि आप अपने स्थानीय डॉक्टर से सलाह लें, जिसके साथ आप संपर्क में हैं। सभी डॉक्टर प्रोटोकॉल जानते हैं और उसी के अनुसार आपका इलाज शुरू करेंगे। समय पर सही दवा दी जाए तो 90 फीसदी मरीज घर पर ठीक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे स्टील प्लांट की ऑक्सीजन की बहुत क्षमता है लेकिन उनको ट्रांसपोर्ट करने के लिए क्रायो टैंक की जरूरत होती है जिसकी तादाद इतनी नहीं थी। लेकिन सरकार ने आयात कर लिए हैं, उम्मीद है कि आने-वाले 5-7 दिन में स्थिति काबू में आ जाएगी।  

04:51 PM, 25-Apr-2021

इन 10 राज्यों में कोरोना चरम पर

एक दिन में देश में सामने आ रहे मामलों में से 74.53 फीसदी मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों में दर्ज किए जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने रविवार को बताया कि भारत में संक्रमण के 3,49,691 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,69,60,172 हो गई है।

मंत्रालय के मुताबिक 10 राज्यों की सूची में कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान अन्य राज्य हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 67,160 नए मामले सामने आए। उसके बाद उत्तर प्रदेश से 37,944, जबकि कर्नाटक में 29,438 नए मामले मिले।

04:26 PM, 25-Apr-2021

मोदी सरकार ने 'मातम में उत्सव' मनाया

वैक्सीनेशन को लेकर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार के सिस्टम ने वैक्सीन के नाम पर 'मातम में उत्सव' तो मना लिया; लेकिन वैक्सीनेशन की धीमी गति ने हालातों को भयावह बना दिया है। मोदी सरकार 'उत्सव' से बाहर निकलकर गंभीरता से वैक्सीनेशन प्रक्रिया में तेजी लाए। 

मुंबई के बीकेसी जंबो टीकाकरण केंद्र पर कोरोना की वैक्सीन हुई खत्म   
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बीकेसी जंबो वैक्सीनेशन सेंटर में कोरोना वायरस की वैक्सीन खत्म हुई। 

04:18 PM, 25-Apr-2021

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेमडेसिविर कालाबाजारी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेमडेसिविर की कालाबाजारी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

04:14 PM, 25-Apr-2021

भारत सरकार ने नौजवानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा: सुरजेवाला  

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार ने वैक्सीनेशन नीति में नौजवानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया, भारत सरकार ने कहा कि 18-45 साल के लोगों के वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी उनकी नहीं है, मोदी जी ने कहा कि या तो वो खुद टीका लगवाएं या प्रांतीय सरकार उनके टीके का भार वहन करे।

03:57 PM, 25-Apr-2021

दिल्ली में रेमडेसिविर की कालाबाजारी

दिल्ली में रेमडेसिविर की कालाबाजारी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रेमेडिसविर को 40,000 रुपये प्रति इंजेक्शन बेच रहे थे। इसके अलावे इनके पास से 1,20,000 रुपये नकद, 3 इंजेक्शन,100 ऑक्सीमीटर और 48 छोटे आकार के ऑक्सीजन सिलिंडर मिले। मामला दर्ज कर लिया गया है आगे की जांच जारी है।
 

03:47 PM, 25-Apr-2021

झारखंड उच्च न्यायालय में केवल अत्यंत जरूरी मामलों की होगी सुनवाई

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए झारखंड उच्च न्यायालय ने 26 अप्रैल से अपनी सभी बेंचों को केवल 2021 में दर्ज किए गए अत्यंत जरूरी मामलों को लेने का आदेश दिया है। इन सभी सुनवाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा।

03:38 PM, 25-Apr-2021

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने टीकाकरण के फेज 3 को लेकर लिखा पत्र 

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों के अतिरिक्त मुख्य सचिव और मुख्य सचिव(स्वास्थ्य) को पत्र लिखकर 1 मई 2021 से टीकाकरण अभियान के चरण III के व्यवस्थित कार्यान्वयन की सुविधा के निर्णयों के बारे में जानकारी मांगी है।
 

03:00 PM, 25-Apr-2021

अंडमान में कोविड-19 के 45 नये मामले, एक मरीज की मौत

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में कोविड-19 के 45 नये मरीज मिले हैं जिसके बाद केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 5,614 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बीमारी से एक और मरीज की मौत होने के बाद मृतक संख्या 66 हो गई है। अधिकारी ने बताया कि संक्रमितों के संपर्कों का पता लगाने के दौरान 38 मामलों का पता चला जबकि सात मरीज हवाईअड्डे पर मिले। द्वीपसमूह में प्रवेश से पहले अन्य स्थानों से आने वाले हवाई यात्रियों को यहां हवाईअड्डे पर रैपिड एंटीजन जांच करानी होती है। पिछले 24 घंटों में 52 लोग बीमारी से स्वस्थ हुए हैं जिसके बाद द्वीपसमूह में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 5,410 हो गई है।

02:36 PM, 25-Apr-2021

महाराष्ट: कोरोना से 2 पुलिसकर्मियों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर लगातार बढ़ रहा है। इस बीच राज्य में दो पुलिसकर्मी इस खौफनाक वायरस के शिकार बन गए। 
 

 

02:00 PM, 25-Apr-2021

महाराष्ट्र सरकार का बड़ा एलान

महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राज्य सरकार ने बड़ा एलान किया है। राज्य के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि राज्य के हर नागरिक को कोरोना का टीका मुफ्त लगाया जाएगा।
 

01:14 PM, 25-Apr-2021

तेलंगाना में 8 हजार से ज्यादा नए मामले

तेलंगाना में पिछले 24 घंटे के दौरान 8,126 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 38 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
 

12:45 PM, 25-Apr-2021

बाबुल सुप्रियो कोरोना संक्रमित

कोलकाता की टॉलीगंज विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
 

12:29 PM, 25-Apr-2021

कोरोना की ताजा लहर के ‘तूफान’ ने देश को झकझोर दिया: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि कोरोना की ताजा लहर के ‘तूफान’ ने देश को झकझोर कर रख दिया है लेकिन इसके बावजूद पहली लहर का सफलतापूर्वक मुकाबला करने के बाद देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘‘मन की बात’’ की 76वीं कड़ी में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से कोविड-19 की ताजा लड़ाई को जीतने के लिए विशेषज्ञों और वैज्ञानिक सलाह को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

11:49 AM, 25-Apr-2021

कोविड-19 की मुफ्त जांच, मुफ्त टीका और मुफ्त इलाज हो: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर नाकामी का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार से कोविड-19 की मुफ्त जांच, मुफ़्त टीका और के मरीजों के मुफ्त इलाज की मांग की है। सपा प्रमुख ने रविवार को ट्वीट के जरिये अपनी मांग रखी। उन्होंने ट्वीट में कहा 'सपा की मांग, मुफ्त जांच, मुफ्त टीका, मुफ्त इलाज।'

10:48 AM, 25-Apr-2021

भोपाल में लगे कोविड कोच

मध्यप्रदेश में भी कोरोना का कहर बढ़ रहा है। ऐसे में राजधानी भोपाल में कोविड मरीजों के लिए रेलवे के आइसोलेशन कोच तैनात कर दिए गए हैं। 
 

10:10 AM, 25-Apr-2021

महाराष्ट्र : ठाणे में कोविड-19 के 5,192 नये मामले, 46 और मरीजों की मौत

ठाणे में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,192 मामले सामने आने के बाद महाराष्ट्र के इस जिले में कोविड-19 मरीजों की संख्या 4,46,376 हो गई है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार को सामने आए इन नये मामलों के अलावा संक्रमण से 46 और मरीजों की जान चली गई। जिल में मृतक संख्या बढ़कर 7,232 हो गई है। उन्होंने बताया कि ठाणे में संक्रमण से मृत्यु दर 1.62 प्रतिशत है। जिला प्रशासन ने स्वस्थ हो चुके और उपचाराधीन मरीजों के ब्यौरे उपलब्ध नहीं कराए हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पड़ोस के पालघर जिले में, कोविड-19 के मामले 76,678 हैं और मृतक संख्या 1,447 है।

09:50 AM, 25-Apr-2021

कर्नाटक में नियमों का उल्लंघन

कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते कर्नाटक में वीकेंड कर्फ्यू लागू है। इस दौरान सुबह 6 से 10 बजे तक खाने-पीने का सामान खरीदने के लिए दुकानें खुलीं तो लोगों की भीड़ लग गई। उन्होंने कोरोना गाइडलाइंस का ध्यान तक नहीं रखा।
 

09:34 AM, 25-Apr-2021

जम्मू-कश्मीर में भी लॉकडाउन

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में भी वीकेंड कर्फ्यू लगाया गया है। 
 

08:52 AM, 25-Apr-2021

गोरखपुर में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त

उत्तर प्रदेश में आज वीकेंड लॉकडाउन है। इसके चलते गोरखपुर में सुरक्षा व्यवस्था काफी मुस्तैद रही। 
 

08:38 AM, 25-Apr-2021

अलीगढ़ में हुआ सैनिटाइजेशन

उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में अलीगढ़ के बाजारों में रविवार सुबह सैनिटाइजेशन किया गया।
 

08:24 AM, 25-Apr-2021

पीएम मोदी आज करेंगे मन की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 मन की बात के तहत देश को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान पीएम मोदी कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों पर चर्चा कर सकते हैं।

08:07 AM, 25-Apr-2021

मिजोरम में 24 घंटे में 105 नए मामले

मिजोरम में पिछले 24 घंटे के दौरान 105 नए मामले मिले हैं। वहीं, एक व्यक्ति ने अपनी जान गंवा दी। राज्य में अब कुल मामले 5,388 हो गए हैं।
 

08:00 AM, 25-Apr-2021

ऑक्सीजन की सुविधा वाले 500 बिस्तरों के साथ दोबारा खुलेगा सरदार पटेल कोविड केंद्र

राष्ट्रीय राजधानी में सरदार पटेल कोविड देखभाल केंद्र खोले जाने से पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शनिवार को इसका दौरा किया और कहा कि ऑक्सीजन की सुविधा वाले 500 बिस्तरों के साथ इसे फिर से खोला जाएगा। हर्षवर्धन ने इस केंद्र की कोविड-19 से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि मंत्री को सूचित किया गया कि इस केंद्र की क्षमता को एक और सप्ताह में बढ़ाकर 1,000 बिस्तर किया जाएगा और इसके बाद 1,500 और अंतत: 2,000 बिस्तरों की क्षमता बनाई जाएगी।

07:56 AM, 25-Apr-2021

दिल्ली में लगातार चेकिंग जारी

दिल्ली में लगे 6 दिन के लॉकडाउन का आज आखिरी दिन है। इस दौरान पुलिसकर्मी वाहन और लोगों के पहचान पत्र चेक करते नजर आए। 
 

07:50 AM, 25-Apr-2021

गंगाराम अस्पताल पहुंचा 5 टन ऑक्सीजन

दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में आज सुबह 4:15 बजे 5 टन ऑक्सीजन पहुंचा। अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि काफी समय बाद हमने फुल प्रेशर में ऑक्सीजन का इस्तेमाल किया।
 

07:32 AM, 25-Apr-2021

Live : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12666 नए मामले मामले सामने आए, 190 की मौत

कोरोना के कहर से देश को फिलहाल राहत नहीं मिल रही है। लगातार चौथे दिन देश में कोरोना वायरस के तीन लाख से ज्यादा नए मामले मिले। ऐसा आज तक दुनिया के किसी भी देश में नहीं हुआ। शनिवार (24 अप्रैल) को देश में 3.49 लाख नए मामले सामने आए, जबकि 2760 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, दिल्ली और महाराष्ट्र में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि हालात पर काबू पाने के मकसद से दिल्ली में लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें