फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना का कहर : मुंबई में सोमवार से धारा 144 लागू, प्रवासी मजदूर लौट रहे घर

Mon, 05 Apr 2021 11:05 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना के दैनिक मामलों ने अबतक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए और 478 लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ दिया।यह आंकड़ा चिंताजनक है क्योंकि पिछले साल भी कोरोना के इतने मामले नहीं दर्ज किए गए थे। कोरोना से जुड़े दिनभर के सभी अपडेट्स यहां पढ़ें...
विज्ञापन
प्रवासी मजदूर - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:04 PM, 05-Apr-2021

राजस्थान के जोधपुर में लगा नाइट कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजस्थान सरकार ने जोधपुर में छह अप्रैल से 19 अप्रैल तक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक 'नाइट कर्फ्यू' लगाने का निर्णय लिया है।  

10:15 PM, 05-Apr-2021

कोरोना के कारण मुंबई में धारा 144 लागू

मुंबई पुलिस ने सोमवार से भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की। इसके तहत 30 अप्रैल तक सुबह सात बजे से रात आठ बजे के बीच सार्वजनिक स्थानों पर पांच या इससे अधिक संख्या में लोगों के एकत्र होने पर रोक होगी। आदेश के मुताबिक सप्ताह के कार्यदिवसों में रात का कर्फ्यू लगाया गया है जबकि सप्ताहांत (शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक) सख्त लॉकडाउन लागू रहेगा।

प्रवासी मजदूर मुंबई छोड़कर लौटने लगे घर
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण प्रवासी मज़दूर मुंबई छोड़कर अपने राज्यों की तरफ जा रहे हैं। एक प्रवासी मजदूर ने बताया कि मैं मजदूरी का काम करता हूं। कोई काम नहीं मिल रहा है। थोड़ा काम मिलता था लेकिन वो भी बंद हो गया। मैं गांव जा रहा हूं, खेती करूंगा।

10:02 PM, 05-Apr-2021

एच डी देवेगौड़ा हुए कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त

 कोरोना संक्रमण का उपचार करा रहे पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है । उनकी पार्टी जनता दल सेकुलर (जदएस) ने कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने के बाद उन्हें मणिपाल अस्पताल से छुट्टी दिए जाने के बारे में सोमवार को ट्वीट कर जानकारी दी।

विज्ञापन
09:45 PM, 05-Apr-2021

केंद्र ने महाराष्ट्र समेत तीन राज्यों में स्वास्थ्य टीमों को किया रवाना 

केंद्र ने कोरोना नियंत्रण और रोकथाम उपायों के लिए महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पंजाब में 50 उच्च-स्तरीय स्वास्थ्य टीमों को रवाना कर दिया है।

08:56 PM, 05-Apr-2021

सीएम उद्धव ने 25 साल से ऊपर के लोगों टीका लगाने की सिफारिश की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर 25 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीकाकरण की अनुमति देने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण के लिए योग्य 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों को अनुमति देने के उनके प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए पीएम मोदी का भी धन्यवाद दिया।

विज्ञापन
08:29 PM, 05-Apr-2021

प्रवासी मजदूर मुंबई छोड़कर लौटने लगे घर

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण प्रवासी मज़दूर मुंबई छोड़कर अपने राज्यों की तरफ जा रहे हैं। एक प्रवासी मजदूर ने बताया कि मैं मजदूरी का काम करता हूं। कोई काम नहीं मिल रहा है। थोड़ा काम मिलता था लेकिन वो भी बंद हो गया। मैं गांव जा रहा हूं, खेती करूंगा।

08:22 PM, 05-Apr-2021

सिद्धिविनायक मंदिर पर कोरोना का साया

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर को आज रात 8 बजे से दर्शन के लिए अगले आदेश तक बंद कर दिया जाएगा। नियमित आरती और पूजा की जाएगी और इसे वेबकास्ट किया जाएगा।

 

07:56 PM, 05-Apr-2021

दिल्ली में बढ़ा कोरोना का खतरा

दिल्ली में आए दिन कोरोना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 3548 नए मामले सामने आए हैं वहीं 15 लोगों की मौत हो गई है। 
 

07:48 PM, 05-Apr-2021

महाराष्ट्र में दुकान को 24 घंटे बंद रखने के सुझाव 

अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ ने महाराष्ट्र सरकार को सुझाव देते हुए कहा कि कोरोना के प्रसार पर काबू पाने के लिए दुकान को 24 घंटे बंद रखने के आदेश दें। बता दें कि राज्य में अभी दिन के 11 बजे से शाम के पांच बजे तक दुकान खोलने की अनुमति है।

07:39 PM, 05-Apr-2021

मुंबई में कोरोना के 9,857 नए मामले सामने आए

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना के 9,857 नए मामले सामने आए हैं। 3,357 लोग डिस्चार्ज हुए और 21 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई।  

 

07:36 PM, 05-Apr-2021

केरल में कोरोना के 2357 नए मामले

केरल में कोरोना के 2,357 नए मामले सामने आए हैं। वर्तमान में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 28,372 है। अब तक 11,04,225 मरीज इलाज के बाद ठीक हो गए हैं।

07:35 PM, 05-Apr-2021

राजस्थान में बीते 24 घंटे में 2,429 नए मामले

राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 2,429 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 527 लोग डिस्चार्ज हुए और 12 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। 

 

07:24 PM, 05-Apr-2021

हर्षवर्धन 11 राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ करेंगे बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन मंगलवार को 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक कर कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी की समीक्षा करेंगे। इन 11 राज्यों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब में कोविड-19 के मामलों में तेज बढ़ोतरी हुई है और एक दिन में आए एक लाख से ज्यादा मामलों में इनकी भागीदारी 81.90  फीसदी है।

07:20 PM, 05-Apr-2021

कोरोना के कारण नौकरशाहों का विदेशी प्रशिक्षण निलंबित  

केंद्र ने फैसला किया है कि नौकरशाहों के विदेशी प्रशिक्षण को अगले आदेश तक निलंबित रखा जाएगा। बता दें कि कार्मिक मंत्रालय ने पिछले साल जून में कहा था कि कोरोना के प्रकोप के कारण वर्ष 2020-21 के दौरान कोई विदेशी प्रशिक्षण नहीं होगा।

07:12 PM, 05-Apr-2021

जिला स्तर पर करेंगे लोगों से बातचीत: नीतीश  

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना देश में बढ़ रहा है। बिहार में भी कोरोना बढ़ना शुरू हुआ है। इसके लिए हमने मीटिंग भी की है। कल जिला स्तर पर लोगों के साथ बातचीत करेंगे। कोरोना की सबसे ज्यादा जांच आरटीपीसीआर के जरिए होनी चाहिए। हम पूरे दिन भर इसकी रिपोर्ट लेते हैं। 

05:57 PM, 05-Apr-2021

राघव चड्ढा बोले- पाकिस्तान को देने के लिए वैक्सीन है लेकिन अपने नागरिकों के लिए नहीं?

आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने कहा कि भारत सरकार ने कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत भारत पाकिस्तान को वैक्सीन की 45 लाख खुराक देगा। मैं प्रधानमंत्री मोदी से पूछना चाहता हूं कि, क्या हमारे लोगों का जीवन पाकिस्तान की तुलना में कम महत्वपूर्ण है ? 

05:32 PM, 05-Apr-2021

ओडिशा में कोरोना के 573 नए मामले, दस जिलों में रात का कर्फ्यू

ओडिशा में 573 और लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सोमवार को संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,43,268 हो गए । कोरोना का यह रोजाना मामला इस साल का सर्वाधिक आंकड़ा है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ये नए मामले राज्य के 30 में से 29 जिलों में सामने आए। उनमें 337 नये मरीज पृथक-वास केंद्रों से सामने आए जबकि 236 नये मामले संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के दौरान सामने आए।

05:10 PM, 05-Apr-2021

टीकाकरण के मुद्दे पर सभी मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी कोरोना टीकाकरण के मुद्दे पर आठ अप्रैल को सभी मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे। 

 

05:05 PM, 05-Apr-2021

देश में अब तक आठ करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक

देश में अब तक आठ करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।  

 

04:36 PM, 05-Apr-2021

बांग्लादेश ने लगाया सात दिन का राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन

बांग्लादेश ने कोराना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने के मद्देनजर सोमवार से सात दिन का राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लगा दिया। बंद के खिलाफ छोटे कारोबारियों के प्रदर्शन के बीच सार्वजनिक परिवहन पर रोक और बाजारों को नहीं खोलने का फैसला लिया गया है।

ढाका ट्रिब्यून अखबार की खबर के मुताबिक रविवार को जारी सरकारी परिपत्र के अनुसार, ये निर्देश पांच अप्रैल को सुबह छह बजे से 11 अप्रैल की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेंगे। इसमें बताया गया कि लोगों को शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक अपने घरों से नहीं निकलने को कहा गया है।

04:18 PM, 05-Apr-2021

कर्नाटक के पूर्व मंत्री रमेश जरकीहोली कोरोना संक्रमित

कर्नाटक के पूर्व मंत्री रमेश जारकीहोली कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और वह गोकक तालुक अस्पताल में भर्ती हैं। वह फिलहाल यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं।

03:05 PM, 05-Apr-2021

जो लोग कोविड से ठीक हो गए, वो प्लाज्मा डोनेट करें - सत्येंद्र जैन

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि डॉक्टरों के मुताबिक, कोरोना की दूसरी लहर भले ही तेजी से फैल रही हो लेकिन ये कं गंभीर है। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही दो से तीन इलाकों में माइक्रो कंटेनमेंट जोन लॉन्च करेंगे। जो लोग कोरोना वायरस से ठीक होकर घर वापस लौट गए हैं, उन लोगों से अपील रहेगी कि वो अपना प्लाज्मा डोनेट करें।
 

03:00 PM, 05-Apr-2021

राजस्थान : बाहर से आने वाले लोगों को आरटी-पीसीआर रिपोर्ट साथ लाना जरूरी

राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है कि जो लोग राज्य के बाहर से आ रहे हैं उन्हें अपने साथ आरटी-पीसीआर रिपोर्ट लेकर आना जरूरी है। ये रिपोर्ट 72 घंटे पहले की हुई होनी चाहिए। अगर बाहर से आने वाले लोग रिपोर्ट नहीं लाएंगे तो उन्हें 14 दिन के लिए होम आइसोलेशन में भेज दिया जाएगा और अगर वो होम आइसोलेशन के प्रोटोकॉल का पालन नहीं करेंगे तो उन्हें संस्थागत क्वारंटीन किया जाएगा।
 

02:55 PM, 05-Apr-2021

हिमाचल प्रदेश : एक बोर्डिंग स्कूल के 158 लोग कोरोना पॉजिटिव

29 मार्च को डलहौजी पब्लिक स्कूल में कोरोना का एक संक्रमित मामला आने के बाद कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की गई। जिसके बाद 158 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। चंबा के सीईओ डॉक्टर राजेश गुलेरी ने जानकारी दी कि इन संक्रमित लोगों में छात्र, शिक्षक और सहायक शामिल हैं। इन सभी लोगों को स्कूल कैंपस में आइसोलेट कर दिया है।
 

02:48 PM, 05-Apr-2021

गायक अभिजीत सावंत कोरोना पॉजिटिव

बॉलीवुड में कोरोना तेजी से फैल रहा है। भूमि पेडनेकर और विक्की कौशल के बाद अब गायक अभिजीत सावंत कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। अभिजीत सावंत ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी और कहा कि मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। कृपया मास्क पहनना ना भूलें और सुरक्षित रहें। बता दें कि अभिजीत सावंत इंडियन आइडल के पहले सीजन के विजेता रहे हैं।
 

02:34 PM, 05-Apr-2021

पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा की स्थिति में सुधार

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की स्थिति में पहले से सुधार है। 31 मार्च को वो कोरोना संक्रमित पाए गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। 31 मार्च को एचडी देवगौड़ा को मणिपाल अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल के मुताबिक उनकी हालत पहले से स्थिर है और वो अस्पताल में छुट्टी लेने के लिए उत्सुक हैं।
 

02:32 PM, 05-Apr-2021

महाराष्ट्र : राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने ली दूसरी खुराक

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। मुंबई के जेजे ग्रुप अस्पताल में भगत सिंह कोश्यारी ने कोरोना के टीके की दूसरी खुराक ली। 
 

02:15 PM, 05-Apr-2021

महाराष्ट्र के मंत्री शंकरराव गडाख संक्रमित

 महाराष्ट्र के मंत्री शंकरराव गडाख ने सोमवार को बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री शंकरराव गडाख ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। अहमदनगर जिले के नेवासा क्षेत्र से विधायक ने लिखा, 'मैं कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया हूं और चिकित्सकों की सलाह पर घर पर ही पृथक वास में रह रहा हूं। मेरे सम्पर्क में आए सभी लोग अपना ध्यान रखें और अपनी जांच करा लें।'

01:55 PM, 05-Apr-2021

तेलंगाना : शादी में शामिल हुए 370 लोगों में से 87 लोग कोरोना पॉजिटिव

तेलंगाना में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। एक शादी समारोह में शामिल हुए 370 लोगों में से 87 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये मामला निजामाबाद जिले का है। ये सभी लोग होम आइसोलेशन में हैं। फिलहाल इन लोगों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस किया जा रहा है और उनका कोविड टेस्ट किया जा रहा है। शादी में सिद्दापुर गांव के भी कुछ लोग शामिल हुए थे, इनमें भी कोरोना संक्रमण पाया गया है। 

01:39 PM, 05-Apr-2021

मध्यप्रदेश : सीएम शिवराज ने जनता से मांगा सहयोग

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से अपील की और कहा कि नए लोग संक्रमित न हों, इसके लिए लॉकडाउन आवश्यक है, लेकिन मैं लंबा लॉकडाउन नहीं चाहता हूं। एक दिन के लॉकडाउन से भी काम चल सकता है, यह तब संभव है, जब जनता पूरी तरह से सहयोग करे। सहयोग का अर्थ है कि आप मास्क लगाएं। उन्होंने आगे कहा कि संक्रमण रोकने के लिए मास्क सबसे कारगर उपाय है। आज मैं अपने परिवार को शाम 5:30 बजे मास्क लगाकर एक अभियान की शुरुआत करूंगा। आप स्वयं और अपने परिवार को मास्क लगाकर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

01:31 PM, 05-Apr-2021

राजस्थान : सीएम गहलोत ने जनता से टीका लगवाने के लिए आगे आने की अपील की

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को राज्य के लोगों से कोरोना वायरस संक्रमण का टीका लगवाने के लिए आगे आने की अपील की है। गहलोत ने ट्वीट के जरिए कहा, ‘‘मेरी जनता से अपील है कि टीका लगवाने के लिए आगे आएं। विशेषज्ञों का मानना है कि टीकाकरण के बाद भी मास्क लगाना जरूरी है। टीका लगाने का लाभ यह होता है कि अगर कोरोना हो जाता है तो मरीज की स्थिति गंभीर नहीं होती है और मृत्यु की आंशका नहीं के बराबर हो जाती है, इसलिए टीका लगवाना बेहद आवश्यक है।

12:49 PM, 05-Apr-2021

जम्मू : सीआरपीएफ के जवानों ने ली कोरोना की दूसरी खुराक

जम्मू के श्रीनगर में सीआरपीएफ सैनिकों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी खुराक ली। श्रीनगर के रामबाघ में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में जवानों को कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी खुराक दी गई।
 

12:29 PM, 05-Apr-2021

गौतम बुद्ध नगर : बीते 24 घंटे इस साल कोरोना के सबसे ज्यादा दैनिक मामले

गौतम बुद्ध नगर में सोमवार को इस साल कोविड-19 के एक दिन में सबसे अधिक 97 मामले सामने आए वहीं बीमारी से ठीक हुए 36 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। जिले में कोविड-19 के कुल 26,481 मामले सामने आए जिनमें से 25,845 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, संक्रमण की वजह से अब तक 91 लोगों की मौत हो चुकी है।

12:15 PM, 05-Apr-2021

बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल कोरोना पॉजिटिव

कोरोना ने अब बॉलीवुड में भी अपना कोहराम मचाना शुरू कर दिया है। अक्षय कुमार के बाद अब अभिनेत्री भूमि पेडनेकर और विक्की कौशल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। विक्की कौशल ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है।
 

11:54 AM, 05-Apr-2021

अक्षय कुमार के बाद भूमि पेडनेकर कोरोना पॉजिटिव

अक्षय कुमार के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी तक तो उन्हें ठीक महसूस हो रहा है और उनके शरीर के अंदर कोरोना के हल्के लक्षण देखे गए हैं। भूमि पेडनेकर ने कहा कि उनके संपर्क में जो लोग भी आए हैं, वो अपना कोविड टेस्ट जरूर कराएं। 

11:51 AM, 05-Apr-2021

दिल्ली : एक स्कूल के नौ छात्र कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली के राजेंद्र नगर में आर्य कन्या गुरूकुल स्कूल के नौ छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक, अगले आदेश तक स्कूल को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
 

11:05 AM, 05-Apr-2021

तेलंगाना : कोविड-19 के 1,097 नए मामले, छह लोगों की मौत

तेलंगाना में कोविड-19 के 1,097 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3.13 लाख से ज्यादा हो गई है जबकि संक्रमण से छह और लोगों के दम तोड़ देने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,723 हो गई है।

10:53 AM, 05-Apr-2021

पंजाब : लुधियाना में आरटी-पीसीआर कियोस्क स्थापित किए गए

पंजाब में बढ़ते कोरोना के संक्रमण को देखते हुए लुधियाना जिला प्रशासन ने जगह-जगह आरटी-पीसीआर कियोस्क की स्थापना कर दी है। इसके अलावा वैक्सीनेशन वैन लॉन्च की हैं। एक सिविल सर्जन का कहना है कि जल्द ही 200 वैक्सीनेशन वैन को लगाया जाएगा, इसके अलावा हमने कुछ टीम गठित की हैं जो बिना मास्क के लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट कर रही हैं।
 

10:19 AM, 05-Apr-2021

अस्पताल में भर्ती हुए अभिनेता अक्षय कुमार

बॉलीवुड में भी कोरोना ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। कल ही अभिनेता अक्षय कुमार ने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। आज उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अक्षय कुमार ने ट्वीट कर जानकारी दी और कहा कि चिकित्सा सलाह के आधार पर मैं अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। कल उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया था। 
 

10:02 AM, 05-Apr-2021

ड्रग मामले में गिरफ्तार अभिनेता एजाज खान कोरोना संक्रमित

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा ड्रग मामले में गिरफ्तार किए गए अभिनेता एजाज खान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एनसीबी ने इसकी जानकारी दी। एजाज खान को अस्पताल में भर्ती करने के लिए ले जाया गया है। वहीं जो एनसीबी अधिकारी एजाजा खान से पूछताछ कर रहे थे, उन्हें कोरोना टेस्ट करने के लिए कहा गया है। 
 

09:39 AM, 05-Apr-2021

कोरोना का कहर : एक दिन में एक लाख के पार मिले नए मरीज

देश में कोरोना के दैनिक मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के एक लाख से ज्यादा दैनिक मामले सामने आए हैं और 478 लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया है। वहीं 52,847 मरीज अस्पताल से ठीक होकर अपने घर वापस लौट गए हैं। इसके अलावा संक्रमित मामलों में रिकॉर्ड तेजी की वजह से सक्रिय मामले भी साढ़े सात लाख के करीब पहुंच गए हैं। 
 

09:01 AM, 05-Apr-2021

महाराष्ट्र : कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दादर सब्जी बाजार में उमड़ी भीड़

महाराष्ट्र और खासकर मुंबई में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद भी वहां के लोग इसे गंभीर तौर पर नहीं ले रहे हैं। लोगों के बीच अभी भी जागरुकता की कमी है और यही वजह है कि एक बार फिर मुंबई के दादर सब्जी बाजार में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। रविवार को मुंबई में 11 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए और 25 लोगों ने अपनी जान गंवाई। राज्य सरकार ने सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक धारा 144 लगा दी है ताकि पांच से ज्यादा लोग एक जगह पर इकट्ठा नहीं दिखाई दे। 
 

08:35 AM, 05-Apr-2021

कर्नाटक : 4,553 नए मरीज मिले और 15 लोगों की मौत

रविवार को सामने आए मामलों के मुताबिक, कर्नाटक में साढ़े चार हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। जबकि इस खतरनाक बीमारी के आगे 15 मरीजों ने हार मानी। इसके अलावा राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर दस लाख के पार हो गए हैं और मृतकों की संख्या 12,625 हो गई है। कर्नाटक राज्य में 39,092 मरीजों का इलाज चल रहा है।

08:32 AM, 05-Apr-2021

मध्यप्रदेश : महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमाएं सील की

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से सटे जिलों की सीमाओं की सील करने का फैसला लिया है। मध्यप्रदेश में संक्रमण की दर तेजी से फैल रही है। रविवार को यहां तीन हजार से ज्यादा मामले सामने आए। जबकि संक्रमित मरीजों की कुल संख्या तीन लाख के पार चली गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में राज्य में 11 मरीजों ने अपना दम तोड़ा है और मृतकों की संख्या बढ़कर चार हजार के करीब हो गई है।

08:29 AM, 05-Apr-2021

छत्तीसगढ़ : संक्रमण की रफ्तार हुई तेज

छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बीते 24 घंंटे में छत्तीसगढ़ में 5,250 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद राज्यों में संक्रमण की संख्या बढ़कर चार लाख के करीब पहुंच गई है। इसके अलावा राज्य में बीते 24 घंटे में 36 लोगों ने अपनी जान गंवाई है और मृतकों की संख्या चार हजार के पार चली गई है।

08:22 AM, 05-Apr-2021

दिल्ली : चार हजार से ज्यादा कोरोना के दैनिक मामले

दिल्ली में भी कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। एक दिन में दिल्ली में कोरोना के चार हजार से ज्यादा मामले सामने आए, जो अबतक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। वहीं इस महामारी की वजह से दिल्ली में 21 मरीजों ने अपनी जान गंवा दी है। दिल्ली में संक्रमण के कुल आंकड़े बढ़कर 6.76 लाख से भी ज्यादा हो गए हैं, वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हजार के पार हो गई है।

08:18 AM, 05-Apr-2021

महाराष्ट्र : बीते 24 घंटे में 57 हजार से ज्यादा मामले, 222 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस ने विकराल रूप ले लिया है। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में 57,000 से ज्यादा मामले सामने आए और 222 लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया। महाराष्ट्र में कुल संक्रमितों की संख्या 30 लाख के पार पहुंच गई है, जबिक मृतकों की संख्या 55,878 हो गई है। 

08:16 AM, 05-Apr-2021

सीएम योगी ने लगवाया कोरोना का टीका

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक ली। लखनऊ के सरकारी अस्पताल में योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक ली। 
 

08:12 AM, 05-Apr-2021

12 राज्यों में संक्रमण की रफ्तार तेज

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना का नया संक्रमण 12 राज्यों में तेजी से फैल रहा है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, कर्नाटक, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और केरल शामिल हैं।

08:06 AM, 05-Apr-2021

कोरोना के दैनिक मामलों में दस गुना से ज्यादा वृद्धि हुई

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के मामलों में 10 गुना से ज्यादा वृद्धि हुई है। इस साल 16 फरवरी को देश में कोरोना के केस सिर्फ 9,121 आए थे, जिसके बाद यह संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। अप्रैल की शुरुआत में नए मरीजों की संख्या बढ़कर 90 हजार के पार पहुंच चुकी है, जोकि पिछले साल सितंबर के बाद सबसे अधिक है। 

07:51 AM, 05-Apr-2021

कोरोना का कहर : मुंबई में सोमवार से धारा 144 लागू, प्रवासी मजदूर लौट रहे घर

देश में कोरोना से हालात बद से बदतर हो रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हो रही है। देश में कोरोना के दैनिक मामलों में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक रविवार रात तक पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमितों की दैनिक संख्या ने एक लाख का आंकड़ा पार कर दिया है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के 1,03,764 दैनिक मामले सामने आए हैं, जो अपने आप में चिंताजनक हैं। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें