05:19 PM, 14-Jan-2024
कांग्रेस नेता देबब्रत सैकिया (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
कांग्रेस का आरोप- असम सरकार ने जानबूझकर यात्रा में अड़चन पैदा की, टकराव के लिए ऐसे रखी गई फॉर्म वितरण की तारीखें
भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत पूर्वोत्तर भारत से हुई है। इसी बीच असम की हिमंत बिस्वा सरमा सरकार पर यात्रा में अड़चन डालने के आरोप लगे हैं। असम कांग्रेस नेता देबब्रत सैकिया ने रविवार को कहा, असम की भाजपा सरकार ने ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए नई योजना शुरू की है। इसके लिए फॉर्म के वितरण की तारीखें जानबूझकर इस तरह से तय की गई हैं कि राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय' से टकराव पैदा हो।
असम में राहुल गांधी का यात्रा कार्यक्रम
देबब्रत सैकिया ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को एक पत्र भी लिखा। इसमें विशेष रूप से शिवसागर जिले का उल्लेख है। 18 जनवरी को यहीं से यात्रा का असम चरण शुरू होना है। इसी दिन शिवसागर और पड़ोसी जिलों में ग्रामीण महिला उद्यमियों के बीच फॉर्म भी बांटे जाने हैं। गौरतलब है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम के 17 जिलों में 833 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। 18 जनवरी को शिवसागर से शुरुआत के बाद 25 जनवरी को यात्रा धुबरी पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा दूसरे राज्यों की तरफ आगे बढ़ जाएगी।
सैकिया ने दावा किया, शुरुआत में जब योजना की घोषणा की गई थी, तो आवेदन पत्र वितरण की कोई तारीख घोषित नहीं की गई थी। अब, सरकार ने कार्यक्रम इस तरह से तय किया है कि तारीखें राहुल की असम यात्रा से टकरा रही हैं। सैकिया के मुताबिक उनके गृह जिले शिवसागर और पास के जोरहाट, तिनसुकिया, डिब्रूगढ़ और चराइदेव के लिए फॉर्म 18 जनवरी को वितरित किए जाएंगे। माजुली, लखीमपुर, धेमाजी और गोलाघाट में अगले दिन फॉर्म बांटे जाएंगे।
इन दो दिनों के दौरान कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। पड़ोसी जिलों के लोग बड़ी संख्या में इससे जुड़ेंगे, ऐसी उम्मीद है। तारीखों के टकराव से भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के गलत इरादे साफ दिखते हैं। असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सैकिया ने कहा, मुख्यमंत्री का दावा है कि राहुल गांधी एक 'पर्यटक' हैं और वह कांग्रेस से नहीं डरते। उनकी बातें सरकार के फैसले में दिखनी भी चाहिए।
सैकिया ने महिलाओं के लिए बनाई गई योजना के लिए फॉर्म जमा करने के लिए सिर्फ एक दिन तय करने पर भी सरकार पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि केवल एक दिन की अनुमति देना 'बहुत अनुचित' है। महिलाएं विभिन्न कारणों- स्वास्थ्य मुद्दों, अदालती सुनवाई, पारिवारिक कार्यों के कारण फॉर्म जमा नहीं कर सकेंगी। कभी-कभी नेटवर्क की विफलता या बिजली आपूर्ति की कमी जैसे कारणों से भी पंजीकरण बाधित हो सकता है। उन्होंने महिलाओं की अधिक भागीदारी के लिए पंजीकरण की तारीख कम से कम 10 से 15 दिन बढ़ाने का अनुरोध किया है।
क्या है सरकार की योजना
दरअसल, असम सरकार ने 40 लाख स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्यों के लिए यह योजना शुरू की है। इसके तहत महिलाओं को व्यक्तिगत स्तर पर ग्रामीण सूक्ष्म उद्यमियों के रूप में विकसित करने के प्रयास होंगे। सीएम ने महिलाओं को 'लखपति बैदोस (करोड़पति बड़ी बहन)' बनाने का नारा दिया है। सरमा ने गुरुवार को 'मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान' नामक योजना की घोषणा की थी। इसका लाभ उठाने के लिए, लाभार्थियों को निर्दिष्ट तिथियों पर निकटतम पंचायत कार्यालय से आवेदन पत्र जमा करना होगा। सरकार ने साफ किया है कि फॉर्म की कोई फोटोकॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी।