प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित 'एट होम' रिसेप्शन में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रपति भवन में 'एट होम' रिसेप्शन का आयोजन किया गया है। इस दौरान पीएम मोदी समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं।
पटना में लालू यादव ने फहराया तिरंगा
राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने पटना में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी के साथ लोगों ने ली सेल्फी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए मेहमानों से मुलाकात की।
पूरी दुनिया ने महंगाई को दबोच रखा है
प्रधानमंत्री बोले कि पूरी दुनिया ने महंगाई को दबोच रखा है। हम सामान तो आयात करते हैं, हमारा दुर्भाग्य है कि महंगाई भी आयात करनी पड़ती है। भारत ने महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए भरसक प्रयास किए हैं। पिछले कालखंड की तुलना में हमें सफलता मिली है। हम इतने से नहीं मान सकते, महंगाई को कम से कम रखने के लिए कदम उठाने होंगे। मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
पीएम मोदी बोले- आज देश को जी-20 समिट की मेहमानवाजी का अवसर मिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय चेतना एक ऐसा शब्द है, जो चिंताओं से मुक्त कर रहा है। आज वह राष्ट्रीय चेतना सिद्ध कर रही है। जन-जन में हमारा विश्वास, जन-जन का सरकार पर, देश के प्रति विश्वास है। यह विश्वास हमारी नीतियों, हमारी रीति का है। मेरे परिवारजनों, यह बात निश्चित है कि भारत का सामर्थ्य विश्वास की नई बुलंदियों को पार करने वाली है। आज देश में जी-20 समिट की मेहमानवाजी का अवसर मिला है। हिंदुस्तान के हर कोने में जी-20 के कई कार्यक्रम हुए हैं। उसने देश की विविधिता का दुनिया को परिचय कराया है।
प्रधानमंत्री ने भारत के युवाओं के लिए कही बड़ी बात
पीएम बोले कि मैं साफ देख रहा हूं कि मां भारती जागृत हो चुकी है। विश्व भर में भारत की चेतना और सामर्थ्य के प्रति नया आकर्षण, नया विश्वास पैदा हुआ है, उसे विश्व में अपने लिए ज्योति नजर आ रही है। हमारा सौभाग्य है कि कुछ ऐसी चीजें हमारे पास हैं, जो हमारे पूर्वजों ने हमें दी हैं। आज हमारे पास डेमोग्राफी है, आज हमारे पास डेमोक्रेसी है, आज हमारे पास डायवर्सिटी है। यह त्रिवेणी भारत के हर सपने को साकार करने का सामर्थ्य रखती है। आज पूरे विश्व में देशों की उम्र ढल रही है, तब भारत युवान की तरफ ऊर्जावान होकर बढ़ रहा है। आज तीस साल से कम आयु की जनसंख्या दुनिया में सर्वाधिक कहीं हैं तो यह भारत मां की गोद में है। तीस साल से कम उम्र के नौजवान हों, कोटि-कोटि भुजाएं हों, मस्तिष्क हों, संकल्प हों, सपने हों तो हम इच्छित परिणाम प्राप्त करके रह सकते हैं।
पीएम मोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा
पीएम मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहरा दिया है। वायुसेना के हैलिकॉप्टरों ने समारोह में शामिल हुए लोगों पर पुष्पवर्षा की।
लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह शुरू
पीएम मोदी लाल किला पहुंचे चुके हैं यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी 10वीं बार लाल किले से देश को संबोधित करेंगे।
राजघाट पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने पुष्प अर्पित कर गांधी जी को नमन किया।
कश्मीर के लाल चौक में भी कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस पर श्रीनगर का प्रसिद्ध लाल चौक भी देशभक्ति के रंग से सराबोर दिखा। यहां सैकड़ों लोग इकट्ठे हुए। इस दौरान सबके हाथों में तिरंगा था। कार्यक्रम के दौरान चौक पर देशभक्ति के गीत बजते रहे।
केंद्रीय मंत्रियों ने अपने-अपने आवास पर किया झंडारोहण
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नई दिल्ली में अपने आवास पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण आयोजित किया। वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने आवास पर झंडारोहण किया।
आज कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
स्वतंत्रता दिवस पर ट्रेन से यात्रा करने की सोच रहे हैं तो एक बार ट्रेनों की स्थिति पता करके ही घर से निकलें। लालकिले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित होने की वजह से कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा फिरोजपुर मंडल के लखेवाली स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। इस वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह की वजह से कई ट्रेनें अस्थायी रूप से रद्द रहेंगी तो कई परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से ट्रेन संख्या 04413 और 04447 गाजियाबाद-दिल्ली स्पेशल रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 04486 और 04940 दिल्ली-गाजियाबाद स्पेशल रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 04091 खुर्जा –शकूरबस्ती स्पेशल एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 04339 बुलंदशहर-तिलक ब्रिज स्पेशल एक्सप्रेस बरास्ता साहिबाबाद-तिलक ब्रिज चलेगी। ट्रेन संख्या 18102 जम्मूतवी–टाटानगर मूरी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15910 लालगढ़- अवध असम एक्सप्रेस व ट्रेन संख्या 04946 दिल्ली-गाजियाबाद स्पेशल को मार्ग में रोककर चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 04404 सहारनपुर-दिल्ली शाहदरा के बीच रोकी जाएगी।
इंडिया गेट तिरंगे के रंग में जगमगाया
स्वतंत्रता दिवस पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। राजधानी दिल्ली में ऐतिहासिक इमारतों और धरोहरों को लाइटिंग से सजाया गया है। इंडिया गेट भी तिरंगे के रंग में सराबोर है।
पीएम मोदी से कुछ अहम घोषणाओं की उम्मीद
प्रधानमंत्री 2014 के बाद से अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में देश की प्रगति का खाका खींच सकते हैं। साथ ही आने वाले सालों के लिए अपने दृष्टिकोण को भी रेखांकित कर सकते हैं। अगले साल चुनाव के मद्देनजर कुछ अहम घोषणाओं की उम्मीद भी की जा रही है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान और जनधन खातों जैसे कई नए कार्यक्रमों की घोषणा लाल किले की प्राचीर से ही की थी।
77वें स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम में 1800 विशेष मेहमान शिरकत करेंगे। इनमें 660 वाइब्रेंट गांवों के 400 सरपंच शामिल हैं। इनके अलावा किसान उत्पादन संगठनों से जुड़े 250 लोग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के 50-50 लाभार्थी, 50 श्रम योगी, जिन्होंने सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट और नए संसद भवन के निर्माण में योगदान दिया, सीमा पर सड़कों का निर्माण करने वाले कर्मी, 50 खादी कर्मचारी, अमृत सरोवरों का निर्माण करने वाले 50 कर्मी और हर घर जल योजना में काम करने वाले 50 कर्मी, 50 प्राइमरी स्कूल के अध्यापक, नर्सें और मछुआरे इन 1800 विशेष मेहमानों में शामिल हैं।
राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी लाल किला पहुंचेंगे। उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और रक्षा सचिव गिरिधर अरामने करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा। फिर पीएम लाल किले की प्राचीर की ओर बढ़ेंगे। सेना का बैंड ध्वजारोहण और राष्ट्रीय सलामी के दौरान राष्ट्रगान बजाएगा। जैसे ही प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करेंगे, वायु सेना के दो उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर मार्क-3 ध्रुव से पुष्पवर्षा की जाएगी। 21 तोपों की सलामी के साथ इस कार्यक्रम का समन्वय किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
77th Independence Day, 15th August Celebration Live Updates: देश ने आजादी के 76 वर्ष पूरे कर लिए हैं। आज पूरा देश 77वां स्वतंत्रता दिवस (Swatantrata Diwas) मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरा राष्ट्र देशभक्ति से लबरेज है। इसके साथ ही दिल्ली से लेकर जम्मू कश्मीर तक सुरक्षा चाक चौबंद है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम से जुड़े हर अपडेट के लिए जुड़े रहें अमर उजाला डॉट कॉम के साथ...