फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election 2024 Live: ‘चीन ने कथित तौर पर हमला किया’, मणिशंकर अय्यर ने अपने बयान पर मांगी माफी

Tue, 28 May 2024 11:00 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: छह दौर के चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद अब अंतिम चरण का लोकसभा चुनाव एक जून को होना है। एक जून को होने वाले मतदान से पहले भाजपा आलाकमान पूरी ताकत झोंक रहा है। पीएम मोदी ने आज प्रचार की शुरुआत झारखंड के दुमका से की। उधर विपक्ष भी प्रचार अभियान में जुटा है। पंजाब में मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने सभा के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। पढ़ें लोकसभा चुनाव से जुड़े बड़े अपडेट्स...
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:56 PM, 28-May-2024

कांग्रेस नेता अय्यर ने मांगी माफी
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने 1962 में चीनी आक्रमण के लिए 'कथित' शब्द का इस्तेमाल करने के लिए मंगलवार को माफी मांगी। अय्यर ने आज एक कार्यक्रम में किस्सा सुनाते हुए कहा था कि अक्टूबर 1962 में, चीनियों ने कथित तौर पर भारत पर आक्रमण किया। विवाद बढ़ा तो अय्यर ने कहा कि आज शाम विदेशी संवाददाता क्लब में 'चीनी आक्रमण' से पहले गलती से 'कथित' शब्द का इस्तेमाल किया, इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।

09:29 PM, 28-May-2024

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को जनता बहुत प्यार और आशीर्वाद दे रही है। आप विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में भी भारी जनादेश ला रही है। 






 

09:28 PM, 28-May-2024

पंजाब में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- जहां-जहां गैर भाजपा की सरकारें हैं, वहां-वहां पेट्रोल-डीजल महंगा है और जहां भी भाजपा सरकार है, वहां-वहां पेट्रोल-डीजल सस्ता है।  

विज्ञापन
08:16 PM, 28-May-2024

ईसी ने बंगाल के तीन पुलिस अधिकारियों को हटाया
पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण के चुनाव से पहले ईसी ने तीन पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। सुंदबरन जिले के एसपी कोटेश्वर राव, मीनाखान एसडीपीओ अमीनुल इस्लाम खान और रहरा पुलिस स्टेशन के आईसी देबाशीष सरकार को पद मुक्त कर दिया गया है। इन तीन पदों पर प्रतिस्थापन के लिए राज्य सचिवालय से बुधवार तक सुझाव मांगे गए थे।  


 

07:44 PM, 28-May-2024

कोलकाता के श्री श्री सारदा मायेर बाड़ी मंदिर में पीएम मोदी ने पूजा-अर्चना की।

 

विज्ञापन
07:42 PM, 28-May-2024

कोलकाता में पीएम मोदी ने सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद रोड शो किया।

07:37 PM, 28-May-2024

केंद्रीय मंत्री पुरषोत्तम रुपाला की छवि खराब करने के आरोप में पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी का उपयोग करने वाले पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भाजपा कार्यकर्ता योगेश पंचानी की शिकायत के आधार पर राजकोट साइबर क्राइम सेल ने 26 मई को केस दर्ज किया था।  

06:21 PM, 28-May-2024

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह वीडियो परेशान करता है। पांडियन नवीन बाबू के हाथों को भी नियंत्रित कर रहे हैं। मैं यह कल्पना करके परेशान हो जाता हूं कि तमिलनाडु का एक पूर्व नौकरशाह अधिकारी किस तरह से ओडिशा के भविष्य पर नियंत्रण कर रहा है। भाजपा राज्य के लोगों को ओडिशा की बागडोर वापस देने के लिए प्रतिबद्ध है।

06:09 PM, 28-May-2024

 कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रोड शो किया।

04:45 PM, 28-May-2024

पंजाब पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री
पंजाब के संगरूर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के लोग विकास चाहते हैं। आज लोगों को यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि अगर पंजाब को आगे बढ़ाना है तो प्रधानमंत्री मोदी को मजबूत करना पड़ेगा। आज देश के लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े हैं।
 
 

04:43 PM, 28-May-2024

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दावा किया कि नवीन पटनायक चार जून के बाद ओडिशा के पूर्व सीएम बनेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा 75 से अधिक सीटें जीत के सरकार बनाएगी। भद्रक में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से 17 सीटें जीतने के लिए तैयार है।

04:41 PM, 28-May-2024

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने मंगलवार को बताया कि विधान परिषद चुनाव के कारण पार्टी नेतृत्व परेशान है। क्योंकि 300 लोग सीटों की दावेदारी कर रहे हैं। कुमार ने कहा कि टिकटों का निर्धारण पार्टी आलाकमान करेगा। परिषद की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 13 जून को होंगे। विधानसभा की स्थिति के अनुसार, कांग्रेस सात, बीजेपी तीन और जेडीएस एक सीट जीत सकती है। 

04:06 PM, 28-May-2024

30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कन्याकुमारी जाएंगे। वे यहां रॉक मेमोरियल का दौरा करेंगे। पीएम 30 मई की शाम से 1 जून की शाम तक ध्यान मंडपम में दिन-रात ध्यान करेंगे। बता दें, यह वही स्थान है, जहां स्वामी विवेकानंद से ध्यान किया गया था।  


 

04:01 PM, 28-May-2024

उत्तर प्रदेश के देवरिया में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ हमारे लिए नहीं बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी है। सबसे पहले हमें संविधान बचाना है। जो सुनाते रहे मन की बात, अब होगी संविधान की बात।

03:58 PM, 28-May-2024

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बताया कि बाकी सभी लोग बायोलॉजिकल हैं लेकिन नरेंद्र मोदी बायोलॉजिकल नहीं हैं। उन्हें 'परमात्मा' ने अंबानी और अडानी की मदद के लिए भेजा है। 'परमात्मा' ने उन्हें किसानों और मजदूरों की मदद के लिए नहीं भेजा है। ये नरेंद्र मोदी जी वाले 'परमात्मा हैं'। 

03:51 PM, 28-May-2024

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राजनीतिक दल, राजनीतिक गठबंधन, राजनीतिक चुनाव है तो राजनीति नहीं करेंगे तो और क्या करेंगे। 

02:22 PM, 28-May-2024

पंजाब: किसी के लिए हैट्रिक की लड़ाई तो किसी को खाता खुलने का इंतजार

लखबीर सिंह लक्खा की आवाज में मां चिंतपूर्णी के भजन दुकानों, गलियों और बाजारों में गूंजते हैं तो पंजाब का होशियारपुर शहर उत्तर प्रदेश के किसी मझोले शहर सा लगता है। पहाड़ों में बादलों की जरा भी अठखेलियां शुरू होती हैं तो ऊना और कांगड़ा से सटा यह जिला हिमाचली होने को मचल उठता है। बैसाखी, लोहड़ी और तीज में यहां पंजाबियत हिलोरे मारती है। जैसा माहौल, उसी में रम जाना ही होशियारपुर की होशियारी है। पढ़ें पूरी खबर...

02:01 PM, 28-May-2024

कांग्रेस ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

पीएम मोदी की तरफ से विपक्ष को घेरे जाने पर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, "प्रधानमंत्री झूठ पर झूठ बोलते हैं। प्रधानमंत्री के पद और गरिमा के लिए यह अच्छी बात नहीं है। नरेंद्र मोदी होते हुए वे कुछ भी बोल सकते हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी होते हुए वे कुछ भी नहीं बोल सकते... आपने जनगणना क्यों नहीं करवाई?... जब राहुल गांधी ने मांग की कि जाती आधारित जनगणना हो तो आपने क्यों नहीं किया? ... आप OBC, दलितों और आदिवासियों को झूठा आश्वासन दे रहे हैं... कांग्रेस देश में अगर 60 साल तक सत्ता में थी, कांग्रेस ने देश की संवैधानिक व्यवस्था को संभाल कर रखा... इसलिए आपका(पीएम मोदी) कांग्रेस पर ये आरोप लगाने का अधिकार नहीं बनता। देश की जनता आपको समझ चुकी है।"

01:46 PM, 28-May-2024

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "भाजपा सरकार के सामने किसानों ने अपनी मांग रखी परन्तु उन्होंने मांग नहीं मानी। उस वक्त किसानों के आंदोलन में कम से कम 750 लोग मारे गए...हम एमएसपी की गारंटी के लिए कानून लागू करेंगे।"

01:22 PM, 28-May-2024

कांग्रेस ने अग्निपथ योजना पर साधा निशाना

कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि सेना में भर्ती की 'अग्निपथ' योजना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक खबर का हवाला देते हुए सवाल भी किया कि क्या ये सच नहीं है कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती की संख्या को 75,000 प्रति वर्ष से घटाकर 46,000 प्रति वर्ष कर दिया गया है? खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मोदी सरकार द्वारा अग्निवीर (अग्निपथ) योजना थोपने से भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ हुआ है।"

उन्होंने सवाल किया, "क्या ये सच नहीं है कि अग्निपथ ने भर्ती की संख्या को 75,000 प्रति वर्ष से घटाकर 46,000 प्रति वर्ष कर दिया है? क्या ये सच नहीं है कि देश के रक्षा मंत्री को बार-बार दोहराना पड़ रहा है कि वे अग्निवीर योजना पर पुनः विचार करेंगे, बदलाव करेंगे, सुधार करेंगे? क्या ये सच नहीं है कि सैन्य मामलों का विभाग (डीएमए) व सेना नए सैनिकों की भर्ती में लगातार हो रही कमी से चिंतित है जो इस दशक के अंत तक सबसे ऊँचे स्तर पर पहुंचने वाली है? "

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, "एक तरफ देश की सीमाओं पर चीनी घुसपैठ, कब्जा और अतिक्रमण हो रहा है, जिससे निपटने के लिए अधिक सैन्य बल चाहिए, दूसरी ओर मोदी सरकार ने अग्निवीर से हमारे देशभक्त युवाओं का जीवन तबाह करने का काम किया है। "

01:00 PM, 28-May-2024

अमित शाह आपको मुश्किल हो जाएगी: अरविंद केजरीवाल

पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए गए दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दो दिन पहले लुधियाना में अमित शाह आए थे। वे धमकी देकर गए हैं कि 4 जून के बाद पंजाब की सरकार खत्म कर दी जाएगी और भगवंत मान को मुख्यमंत्री के पद से हटा दिया जाएगा। मुझे याद नहीं आता है कि आजादी के बाद पिछले 75 साल में किसी गृह मंत्री ने इस तरह का गुंडागर्दी वाला संदेश दिया हो। वे ऐसा कैसे कर सकते हैं? इनके हौसले इतने हैं कि जैसे हमने (भाजपा) NCP, शिवसेना को तोड़ दी ऐसे ही पंजाबियों को भी तोड़ देंगे। प्यार से मांगते तो एक-आधी सीटें दे भी देते लेकिन धमकी दोगे तो अमित शाह आपको मुश्किल हो जाएगी।"

12:44 PM, 28-May-2024

झारखंड के दुमका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "2014 में आपने मोदी को आशीर्वाद दिया था तब पूरा देश कांग्रेस के कुशासन से तंग आ चुका था। आप याद करें 2014 में मोदी के आने से पहले रोज-रोज घोटाले होते थे। कांग्रेस गरीबों के नाम पर पैसे लूटती थी। मोदी ने वो सब बंद कर दिया। जनता का पैसा आज जनता के हित में इस्तेमाल हो रहा है।"

12:25 PM, 28-May-2024

लालू यादव ने पीएम मोदी पर कसा तंज

बिहार: राजद प्रमुख लालू यादव ने कहा, "मोदी अब गए। मोदी बोल रहे हैं कि वे अवतार हैं अवतार हैं। 4 जून को हमारी सरकार बनेगी।" उन्होंने आगे कहा, "INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी। नरेंद्र मोदी का सफाया हो गया है।"

12:07 PM, 28-May-2024

भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा, "घमंडिया गठबंधन इसलिए बनाया गया था ताकी ठिकरा कांग्रेस पर अकेले न टूटे। कांग्रेस की विदाई तय है। 4 तारीख के बाद कांग्रेस दो फाड़ में टूटने वाली है क्योंकि नेतृत्व अपरिपक्व है और वे लोग जो दिल से कांग्रेसी हैं वे इन्हें दिल से बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

11:49 AM, 28-May-2024

भाजपा पर बरसीं बंगाल सीएम ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "अगर हम राज्य से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को उखाड़कर फेंक सकते हैं तो भाजपा को भी उखाड़कर फेंक देंगे।"

11:33 AM, 28-May-2024

ओडिशा विधानसभा चुनाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''25 साल से ओडिशा में प्रगति नहीं हो रही है। सबसे बड़ी चिंता इस बात की है कि कुछ ऐसे लोगों की टोली है जिसने पूरे ओडिशा की व्यवस्था पर कब्जा कर लिया है। ओडिशा अगर उन बंधनों से बाहर आएगा तो ओडिशा खिलेगा।" उन्होंने आगे कहते हैं, "ओडिशा के पास इतने प्राकृतिक संसाधन हैं, इतने समृद्ध राज्य में गरीब लोगों को देखकर दुख होता है। ओडिशा भारत के समृद्ध राज्यों में से एक है। बहुत अधिक प्राकृतिक संपदा है और ओडिशा भी भारत के गरीब लोगों के राज्यों में से एक है, इसलिए ओडिशा के लोगों को उनका अधिकार मिलना चाहिए इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। ओडिशा का भाग बदलने वाला है। ओडिशा की वर्तमान सरकार की एक्सपायरी डेट 4 जून है।"

11:05 AM, 28-May-2024

'मैं गालीप्रूफ हो गया हूं', चुनाव के बीच पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा

लोकसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साक्षात्कार दिया। इस साक्षात्कार में उन्होंने कई मुद्दों पर बात की। एएनआई को दिए विशेष साक्षात्कार में पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव हो या न हो ये लोग मानते हैं कि गालियां देना उनका अधिकार है। पीएम मोदी ने कहा कि वह अब गालीप्रूफ हो चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर...

10:41 AM, 28-May-2024

पीएम मोदी का दावा- BJP के लिए सबसे ज्यादा फायदे वाला राज्य होगा बंगाल

पीएम मोदी ने ताजा इंटरव्यू में कहा कि 'वह एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को अलर्ट करना चाहते हैं क्योंकि उन्हें अंधेरे में रखकर उनके आरक्षण को लूटा जा रहा है।' उन्होंने कहा कि 'चुनाव ऐसा समय है, जब मुझे देशवासियों को इस सबसे बड़े खतरे को लेकर आगाह करना चाहिए। मैं लोगों को समझा रहा हूं कि यह भारत के संविधान की मूल भावना का उल्लंघन है और ये वोटबैंक की राजनीति के लिए किया जा रहा है।' पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल को लेकर भी बड़ा दावा किया और कहा कि इस बार बंगाल में भाजपा को बंपर सीटें मिलेंगी। पढ़ें पूरी खबर...

10:21 AM, 28-May-2024

राजद नेता मनोज झा ने कहा, "अमित शाह को ये दिव्य ज्ञान कहां से प्राप्त हो रहा है? 2014 में तो वे देश को कांग्रेस मुक्त कर रहे थे और अब उन्होंने खुद भाजपा को कांग्रेस युक्त कर लिया... कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों से लाए गए लोग मंत्री बन रहे हैं। अमित शाह उसकी चिंता करें। जीत-हार 4 जून को तय होगी... राजनीतिक पार्टी के नेता को राजनीतिक जुबान बोलनी चाहिए। ये जुबान राजनीतिक नहीं है।"

09:50 AM, 28-May-2024

गृह मंत्री शाह और पार्टी प्रमुख नड्डा के कार्यक्रम

ओडिशा दौरे पर शाह भद्रक लोकसभा सीट पर चांदबली में दोपहर करीब 12.30 बजे प्रचार करने जाएंगे। इसके बाद जाजपुर में दोपहर करीब सवा दो बजे एक और जनसभा होगी। दिन की अंतिम चुनावी रैली में शाह पुरी के नीमापाड़ा में जनता को संबोधित करेंगे। यह जगतसिंहपुर लोकसभा सीट के दायरे में आता है। शाह के अलावा जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश के मंडी में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राजधानी शिमला में भी एक चुनावी रैली प्रस्तावित है। नड्डा किन्नौर जिले में सुबह 11 बजे, जबकि शिमला में रामपुर के ननखड़ी मैदान में दोपहर 1.20 से चुनावी रैली होगी।

09:43 AM, 28-May-2024

झारखंड और बंगाल को साधने की अंतिम कोशिशें

पीएम मोदी झारखंड के दुमका में दोपहर लगभग 12.15 बजे से चुनावी रैली करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल रवाना हो जाएंगे। बंगाल में पीएम मोदी दोपहर करीब ढाई बजे बारासात में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम करीब चार बजे से जादवपुर में रैली प्रस्तावित है। शाम लगभग 5.55 बजे पीएम मोदी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उत्तर कोलकाता में भाजपा ने रोड शो की योजना बनाई है। रोड शो का समय शाम करीब 6 बजे से तय किया गया है। रोड शो के बाद पीएम मोदी विवेकानंद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

09:36 AM, 28-May-2024

Lok Sabha Election 2024 Live: ‘चीन ने कथित तौर पर हमला किया’, मणिशंकर अय्यर ने अपने बयान पर मांगी माफी

Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: छह दौर के चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद अब अंतिम चरण का लोकसभा चुनाव एक जून को होना है। एक जून को होने वाले मतदान से पहले भाजपा आलाकमान पूरी ताकत झोंक रहा है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो राज्यों में तीन चुनावी रैलियां और एक रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री इन राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा बंगाल में दो और कार्यक्रमों में भी शरीक होंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ओडिशा दौरे पर तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश में तीन चुनावी रैली करेंगे। भाजपा की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी प्रचार की शुरुआत झारखंड के दुमका से करेंगे। पढ़ें लोकसभा चुनाव से जुड़े बड़े अपडेट्स...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें