फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Blast News Live: मृतकों के परिवारों को दिल्ली सरकार देगी 10 लाख रुपये; कल भी लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद

Tue, 11 Nov 2025 11:06 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

Delhi Lal Qila Blast News: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम करीब 6:52 बजे एक i20 कार में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि आसपास की 6-10 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। जांच एजेंसी NIA के अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे हैं। यहां पढ़िए पल-पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
दिल्ली में धमाके के बाद जांच करती पुलिस टीम और सुरक्षाबल - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:38 PM, 11-Nov-2025

मृतकों के परिवारों को दिल्ली सरकार देगी 10 लाख रुपये
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। इस मुश्किल की घड़ी में दिल्ली सरकार की गहरी संवेदनाएँ उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो इस घटना में घायल हुए हैं। दिल्ली सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है और हमने तत्काल राहत के लिए एक संवेदनशील निर्णय लिया है । इस घटना में मृतक के परिवारों को ₹10 लाख, स्थायी रूप से अक्षम लोगों को ₹5 लाख, गंभीर रूप से घायलों को ₹2 लाख की राशि देगी। घायलों के समुचित और गुणवत्तापूर्ण इलाज की जिम्मेदारी हमारी सरकार लेगी। दिल्ली की शांति और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है और सभी पीड़ित लोगों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।

07:34 PM, 11-Nov-2025

12 नवंबर तक बंद रहेगा लाल किला मेट्रो स्टेशन
दिल्ली धमाके की जांच के बीच डीएमआरसी ने कहा, सुरक्षा कारणों से, लाल किला मेट्रो स्टेशन 12 नवंबर को भी बंद रहेगा। बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

05:07 PM, 11-Nov-2025

अमित शाह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली कार ब्लास्ट पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने इस घटना के पीछे के प्रत्येक अपराधी का पता लगाने का निर्देश दिया। साथ कहा कि ही इस कृत्य में शामिल हर व्यक्ति को हमारी एजेंसियों की कड़ी सजा मिलेगी।

ब्लास्ट के बाद क्या है दिल्ली का हाल-

विज्ञापन
04:43 PM, 11-Nov-2025

अल फलाह विवि. में 52 से ज्यादा लोगों से पूछताछ
फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल केस में स्थानीय पुलिस ने अल फलाह विश्वविद्यालय में डॉ. मुजम्मिल के साथ काम करने वाले छात्रों, प्रिंसिपल और संकाय सदस्यों से पूछताछ की। 52 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। फरीदाबाद पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे आतंकी मॉड्यूल के संबंध में पूछताछ कर रही है।

लाल किला से ग्राउंड रिपोर्ट

04:30 PM, 11-Nov-2025

राष्ट्रपति ने अंगोला से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की बात
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंगोला से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और दिल्ली में लाल किले के पास कल शाम हुए विस्फोट के बारे में जानकारी ली है।

विज्ञापन
03:18 PM, 11-Nov-2025

इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि मैं भारत के लोगों और विशेष रूप से दिल्ली के मध्य में हुए विस्फोट में मारे गए निर्दोष पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी और इजराइल की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इजराइल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है।
 

03:16 PM, 11-Nov-2025

गृह मंत्रालय पहुंचे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली कार विस्फोट मामले के बाद सुरक्षा समीक्षा बैठक के एक और दौर की अध्यक्षता करने के लिए कर्तव्य भवन स्थित गृह मंत्रालय के कार्यालय पहुंचे।
 

03:08 PM, 11-Nov-2025

जांच के लिए पहुंची एनआईए और फोरेंसिक टीमें 

03:04 PM, 11-Nov-2025

पीएम मोदी ने दी मरने वालों को श्रद्धांजलि
भूटान दौरे पर गए पीएम मोदी ने दिल्ली ब्लास्ट में मरने वालों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पूरा देश दिल्ली विस्फोट से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

03:01 PM, 11-Nov-2025

दिल्ली धमाके में मरने वालों की संख्या हुई 12
दिल्ली धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। 20 घायलों का इलाज चल रहा है। दो शवों की पहचान हो गई है। बाकी की पहचान डीएनए टेस्ट से की जाएगी। सोमवार शाम 6.52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती कार में जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट में जिस सफेद i20 कार का इस्तेमाल हुआ, उसका एक सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया।लमेट्रो स्टेशन की पार्किंग से निकल रही कार में काला मास्क पहने एक शख्स बैठा दिखाई दिया। उसका नाम डॉ. मो. उमर नबी बताया जा रहा है। ये पुलवामा का रहने वाला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उमर ने विस्फोटकों के साथ खुद को उड़ा लिया। उसके डीएनए टेस्ट के लिए कश्मीर पुलिस ने पुलवामा में उसकी मां और दो भाई को हिरासत में लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शुरुआती जांच से पता चला है कि विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट, फ्यूल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया।

02:26 PM, 11-Nov-2025

दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके से जुड़ा एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि धमाका जोरदार था और काफी दूरी पर धमाका हुआ है।
 

02:24 PM, 11-Nov-2025

दिल्ली धमाके में कालकाजी इलाके के निवासी अमर कटारिया की मौत
मृतक अमर कटारिया के पिता जगदीश कुमार कटारिया ने कहा कि अभी तक कुछ नहीं पता है, क्या हुआ है और कैसे हुआ। मेरा बेटा 34 साल का था। उसकी भागीरथ में दुकान थी। रोज काम करने जाता था। शाम को 6:45 बजे वे दुकान से निकला था। उसके सिर पर चोट आई। हमने उसे फोन किया तो उसका फोन किसी महिला ने उठाया और कहा कि लाल किले के पास फोन मिला है। यहां ब्लास्ट हुआ है। बाद में हमने पहचान की।
 

01:25 PM, 11-Nov-2025

जांच में एजेंसियों को मिला कुछ संदिग्ध सामान
पुलिस को घटनास्थल के आसपास से कुछ संदिग्ध सामान मिला है। इनमें टीवी का रिमोट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें फ़ॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

01:24 PM, 11-Nov-2025

अल फलाह यूनिवर्सिटी में जांच के लिए पहुंची पुलिस
फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर भी पुलिस ने सघन जांच की है। कई घंटे की जांच के बाद अभी अधिकतर पुलिस यहां से निकल गई है। कुछ पुलिसकर्मी एहतियात के तौर पर अंदर हैं।

01:23 PM, 11-Nov-2025

चांदनी चौक बाजार में कारोबार पर असर
धमाके की घटना के बाद चांदनी चौक बाजार में कारोबार पर असर साफ दिखाई दे रहा है। दुकाने खुले कई घंटे बीत गए, लेकिन ग्राहकों की आमद न के बराबर रही। व्यापारियों का कहना है कि डर और सुरक्षा जांच के माहौल के बीच अब तक बोनी तक नहीं हो पाई, जिससे बाजार में निराशा छाई हुई है।

01:21 PM, 11-Nov-2025

दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
लोकनायक अस्पताल में 25 घायलों का उपचार जारी है। तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को अलग-अलग तरह की इंजरी है। किसी के सिर पर किसी के चेहरे पर पर और पेट पर भी चोट लगी है। कुछ लोगों की सर्जरी की गई। कुछ के फ्रेक्चर भी हुआ है। आईसीयू में भर्ती है। तीन अलग-अलग लोगों के बाॅडी पार्ट अस्पताल में लाए गए थे। 12 की मौत की सूचना है।

01:20 PM, 11-Nov-2025

दिल्ली एलजी ने लोकनायक अस्पताल में पीड़ितों से की मुलाकात
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुजरात के केवड़िया में 'राष्ट्र पर्व' के अवसर पर दिल्ली दिवस समारोह में अपनी आधिकारिक यात्रा को अचानक समाप्त कर दिया। वे अहमदाबाद और फिर दिल्ली लौटे, जहां उन्होंने तुरंत लोकनायक अस्पताल का दौरा किया। उपराज्यपाल सक्सेना ने लोकनायक अस्पताल पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान, उन्होंने पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

01:17 PM, 11-Nov-2025

लाल किला के आस-पास की कई दुकानें बंद
धमाके की घटना के बाद आज दिन में जामा मस्जिद मार्केट और आसपास के इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है। सुरक्षा एहतियात के चलते कई दुकानदारों ने अपने शटर बंद रखे हैं।

01:16 PM, 11-Nov-2025

लालकिला हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ित परिवारों की मदद के लिए सरोजनी नगर मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा पहुंचे। सरोजनी नगर मार्केट में 29 अक्टूबर 2005 में बम हादसा हुआ था। खुद भी बम हादसे के पीड़ित हैं।

01:14 PM, 11-Nov-2025

फरीदाबाद पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी
फरीदाबाद में केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम फतेहपुर तगा में उस मकान में जांच के लिए टीम पहुंची है, जहां से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ था। 

12:38 PM, 11-Nov-2025

मोहसिन के परिजनों ने की न्याय की मांग
लाल किले के पास सोमवार शाम हुए कार विस्फोट में मारे गए लोगों में से एक मोहसिन का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह उनके गृहनगर मेरठ पहुंचा, जिससे इलाके में गहरा शोक छा गया। बताया जा रहा है कि मोहसिन, जिसकी उम्र लगभग 30 साल थी। किसी व्यापारिक काम से दिल्ली गए थे। जब यह हादसा हुआ। खबरों के मुताबिक, विस्फोट के समय वह अमरोहा के हसनपुर निवासी व्यापारी लोकेश अग्रवाल के साथ थे। 

12:08 PM, 11-Nov-2025

कार डीलर को दिल्ली पुलिस ले गई अपने साथ
दिल्ली बम धमाके में इस्तेमाल आई20 कार फरीदाबाद के डीलर से चार दिन पहले ही खरीदी गई थी। डीलर को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है। सेक्टर 37 में रॉयल कार जोन के कार डीलर सोनू का ऑफिस है। इसने ओएलएक्स पर कार सेल की एड पोस्ट की थी। इसके बाद कार बिकी। फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सोनू को पकड़कर दिल्ली स्पेशल सेल के हवाले कर दिया गया है।

12:03 PM, 11-Nov-2025

लाल किला के आस-पास की सड़कों पर जाम
लक्ष्मी नगर से आईटीओ की तरफ जाने वाले रास्ते पर लंबा जाम लगा। उस दौरान गाड़ी हिल भी नहीं रही थी। हालांकि ईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर जाने वाले रास्ते खाली नजर आए। वहीं गुरुग्राम शांतिनगर में मोहम्मद सलमान किराये के मकान में रहता था। जिसके नाम से कार थी।

11:54 AM, 11-Nov-2025

लाल किला तीन दिन के लिए बंद, सड़कों पर भी असर
 बीते सोमवार की रात को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन पर पास कार में बड़ा विस्फोट हुआ। जिसके बाद अब लाल किला को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के बाहर वाहनों की आवाजाही बंद है।
 

11:50 AM, 11-Nov-2025

'धमाका बहुत बड़ा था'
श्री दिगंबर जैन लाल मंदिर में काम करने वाले प्रदीप ने बताया कि मैं अपने ऑफिस में काम कर रहा था, तभी धमाके से शीशे टूट गए। मैंने लोगों को भागते देखा। मैंने बाहर पानी का एक बर्तन रखा था। मैंने लोगों को पीने के लिए दिया।मंदिर के अंदर भी नुकसान हुआ। धमाका बहुत बड़ा था।
 
 

11:48 AM, 11-Nov-2025

लाल किला पर हुए धमाके के बाद अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारी विस्फोट स्थल पर पहुंच गए हैं। कल शाम करीब 7 बजे लाल किले के पास एक हुंडई i20 कार में हुए विस्फोट में कई लोगों की मौत हो गई थी।
 

10:36 AM, 11-Nov-2025

दिल्ली में हुआ फिदायीन हमला: पुलिस
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच से पता चलता है कि लाल किले में हुआ कार विस्फोट एक 'फिदायीन' (आत्मघाती) हमला हो सकता है। जांच से संदिग्ध के मकसद का पता चलता है। जैसे ही उसे पता चला कि फरीदाबाद मॉड्यूल का भंडाफोड़ हो गया है, उसने आत्मघाती हमले की योजना बना ली। सभी संबंधित एजेंसियां विस्फोट के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर काम कर रही हैं।
 

10:27 AM, 11-Nov-2025

फरीदाबाद में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 800 पुलिसकर्मी तैनात
दिल्ली में हुए धमाके के बाद फरीदाबाद में आज सुबह से धौज थाना इलाके में पुलिस बड़े स्तर पर सर्च अभियान चला रही है। 800 पुलिसकर्मी अल फलाह यूनिवर्सिटी के आस-पास के इलाके में चेकिंग कर रहे हैं।

10:21 AM, 11-Nov-2025

दिल्ली धमाके को लेकर क्या बोले आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके को लेकर कहा कि बीती रात जो हुआ वह घोर निंदनीय और अमानवीय है। भगवान से प्रार्थना है कि जिनका शरीर पूरा हुआ उन्हें वे अपने चरणों में स्थान दें। हम शोक संवेदना व्यक्त करते हैं। हम सुख संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। कट्टहर मजहबी पंत की विचारधारा की सोच पर लगाम लगाने के लिए अब सनातनियों को एक होना ही पड़ेगा। इस देश में जब तक भारतीयों की एकता नहीं हो जाती है तब तक हम पद यात्रा करते रहेंगे।।

10:14 AM, 11-Nov-2025

दिल्ली धमाके में श्रावस्ती के दिनेश की मौत
सोमवार रात दिल्ली में हुए धमाके में श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के चिकनीपुरवा गांव निवासी दिनेश मिश्रा (34) की भी मौत हो गई। आधार न होने से उसका शव अज्ञात में रखा गया था।

09:37 AM, 11-Nov-2025

लाल किला मेट्रो स्टेशन को लेकर दिल्ली मेट्रो ने दी बड़ी जानकारी
राजधानी दिल्ली में हुए धमाके के बाद डीएमआरसी ने यात्रियों को यात्रा से संबंधित जानकारी दी है। सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद है। अन्य सभी स्टेशन सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

09:31 AM, 11-Nov-2025

दिल्ली पुलिस नहीं अब एनआईए को दी जाएगी जांच
उत्तरी दिल्ली के कोतवाली थाने में धमाके को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में यूएपीए में धारा 16 और 18, विस्फोटक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अभी जांच लोकल पुलिस और स्पेशल सेल कर रही थी। लेकिन बताया जा रहा है कि जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए को दी जा रही है। पुलिस की जांच में जो लाल किले के सामने बम धमाका हुआ है, उसका सीधा लिंक फरीदाबाद से पकड़े गए आरोपी से है। धमाके मामले में पुलिस डॉक्टर मोहम्मद उमर की तलाश कर रही है। उसके साथ जो लोग थे, उनकी भी तलाक की जा रही है।

09:28 AM, 11-Nov-2025

पहाड़गंज में दिल्ली पुलिस का छापा, चार लोगों को पकड़ा
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईईडी बम धमाका था। दिल्ली पुलिस ने सुबह तड़के पहाड़गंज के एक होटल से चार लोगों को उठाया है।

09:28 AM, 11-Nov-2025

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
नेताजी सुभाष मार्ग के एक बड़े हिस्से पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। यह प्रतिबंध चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक के दोनों कैरिजवे और सर्विस रोड पर लागू होगा।

यातायात प्रभावित क्षेत्र और समय
मार्ग- चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक (दोनों दिशाओं में)
सड़कें- नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों कैरिजवे और सर्विस रोड
अवधि- सुबह 6:00 बजे से अगले आदेश तक
 

09:27 AM, 11-Nov-2025

दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट के संबंध में कोतवाली पुलिस स्टेशन में गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 16, 18 और विस्फोटक अधिनियम और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी है।

08:49 AM, 11-Nov-2025

ब्लास्ट से पहले की सीसीटीवी फुटेज
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट के संबंध में कोतवाली पुलिस स्टेशन में गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 16, 18 और विस्फोटक अधिनियम और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी है। वहीं दूसरी तरफ धमाके से पहले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है।

08:49 AM, 11-Nov-2025

धमाके वाली कार के मालिक की हुई पहचान
जिस कार एचआर-26-सीई 7674 से धमाका हुआ, उसका रजिस्ट्रेशन गुरुग्राम, हरियाणा निवासी सलमान के नाम है। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया, कार ओखला निवासी देवेंद्र को बेच दी थी। देवेंद्र ने उसे अंबाला में किसी तीसरे को बेचा। वहां से पुलवामा निवासी तारिक को बेच दी गई थी। पुलवामा में 2019 में आतंकियों ने इसी तरह एक वाहन में विस्फोटक भर धमाका किया था, जिसमें 40 जवान बलिदान हुए थे।

08:23 AM, 11-Nov-2025

Delhi Blast News Live: मृतकों के परिवारों को दिल्ली सरकार देगी 10 लाख रुपये; कल भी लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम को एक कार में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी चपेट में आकर आसपास खड़े वाहनों के भी परखच्चे उड़ गए।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें