दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करने के एक दिन बाद भाजपा ने रविवार को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के साथ नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों की बैठक के लिए समय मांगा। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सक्सेना को पत्र लिखकर शहर के 48 नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों और सात लोकसभा सांसदों के साथ बैठक के लिए समय मांगा।
मुस्तफाबाद सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट ने कहा, "मैंने कहा था कि अगर मैं जीत गया तो मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिवपुरी या शिव विहार रख दूंगा, मैं ऐसा करूंगा।"
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अमित शाह के आवास पर पहुंचे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इस पर चर्चा हो सकती है।
सीएम आतिशी ने एलजी को सौंपा इस्तीफा
अधिकारियों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की हार के एक दिन बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
आतिशी के जीत के जश्न पर स्वाति मालीवाल ने बोला हमला
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कालकाजी सीट से जीत के बाद जश्न में डांस करने के लिए आतिशी की आलोचना की है। आतिशी ने अपने एक्स अकाउंट पर आतिशी का डांस करते हुए एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'ये कैसा बेशर्मी का प्रदर्शन है? पार्टी हार गई, सब बड़े नेता हार गये और आतिशी ऐसे जश्न मना रही हैं?'
सभी नवनिर्वाचित 48 विधायकों से मिलेंगे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सभी 48 विधायकों से मिलेंगे। माना जा रहा है इस मुलाकात के साथ ही विधायक दल का नेता चुने जाने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
अपने पैतृक गांव मुंडका पहुंचे प्रवेश वर्मा और पिता की समाधि पर अर्पित की पुष्पांजलि
नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा का उनके पैतृक गांव मुंडका पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। साथ ही अपने पिता व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
11 बजे एलजी को इस्तीफा सौंपेंगी आतिशी
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे दिल्ली की सीएम आतिशी राजनिवास जाकर उप राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगी। कल दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम में में 70 में से 48 सीटें जीतकर भाजपा ने जीत हासिल की है।