फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CJP Protest Live: मंच पर फूट-फूटकर रोने लगे अभिजीत दीपके, कहा- आंदोलन खत्म नहीं; सोनम की तबीयत पर बड़ा अपडेट

Sat, 18 Jul 2026 02:52 PM IST
Vijay Singh Pundir डिजिटल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Soman Wangchuk Hospitalised Live Updates : जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस अस्पताल ले गई है। दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों से जंतर मंतर खाली करने की अपील कर रही है। जंतर मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रदर्शनकारी जमकर नारेबाजी कर रहे हैं और जंतर मंतर पर डटे हुए हैं। उधर, अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की। भूख हड़ताल पर बैठे अभिजीत पर एक महिला ने स्याही फेंक दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:48 PM, 18-Jul-2026

वांगचुक की सेहत पर चिंता: डॉक्टरों ने बताई ड्रिप की जरूरत, सोनम ने इलाज कराने से किया इनकार

सफदरजंग अस्पताल और वीएमएमसी में भर्ती सोनम वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर है।  एम्स नई दिल्ली के एक स्वतंत्र विशेषज्ञ ने भी मरीज की जांच की। विशेषज्ञ ने भी माना कि सोनम को तुरंत ड्रिप और इलेक्ट्रोलाइट थेरेपी की जरूरत है। एम्स का एक डॉक्टर भी अब इलाज करने वाली टीम के साथ 24 घंटे मौजूद रहेगा। अस्पताल ने बताया कि इलाज करने वाली टीम और एम्स के डॉक्टर ने कई बार समझाया, लेकिन सोनम वांगचुक ने ड्रिप, ओआरएस और कोई भी दवा लेने से मना कर दिया है। उनके परिवार ने भी अब तक इलाज के लिए सहमति नहीं दी है। अस्पताल ने कहा कि मरीज पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टर और परिवार को इलाज के लिए राजी करने की पूरी कोशिश की जा रही है ताकि आगे कोई गंभीर परेशानी न हो।

04:22 PM, 18-Jul-2026

सोनम वांगचुक के डॉक्टर का आरोप, कहा- मेडिकल रिपोर्ट नहीं दिखाई जा रही

 

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के डॉक्टर डॉ. नितिन दिघे ने कहा कि 'मेरी टीम और मैं पिछले 20 दिनों से उनकी नियमित जांच कर रहे हैं। अब तक न तो हमें और न ही उनके वकीलों को उनसे मिलने की अनुमति दी गई है। उनकी पत्नी यहां मौजूद हैं और केवल उन्हें मिलने दिया जा रहा है। मैंने अधिकारियों से पूछा कि उन्हें यहां क्यों रखा गया है। हमें बताया गया कि उनके शरीर में पोटैशियम की कमी पाई गई है। मैंने कल दोपहर तीन बजे उनका ब्लड सैंपल लिया था और उस समय पोटैशियम का स्तर सामान्य था। यह 4.8 था, जबकि सामान्य स्तर 3.5 माना जाता है। अब कहा जा रहा है कि उनका पोटैशियम स्तर गिर गया है। जब उनकी पत्नी मेडिकल रिपोर्ट मांग रही हैं तो उन्हें रिपोर्ट नहीं दी जा रही। यह संदेहास्पद है। इसलिए मैं उनका फिर से ब्लड सैंपल लेकर उसकी जांच कराऊंगा और रिपोर्ट आपके सामने पेश करूंगा। हमें सरकारी लैब की रिपोर्ट पर भरोसा नहीं है।

03:57 PM, 18-Jul-2026

सोनम वांगचुक की तबीयत पर बड़ा अपडेट: अस्पताल में भर्ती, डिहाइड्रेशन के मिले संकेत; इलाज लेने से किया इनकार

सोनम वांगचुक को 18 जुलाई 2026 को सुबह 7:40 बजे दिल्ली पुलिस द्वारा वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के अनुसार, भर्ती के समय वह पूरी तरह होश में थे। उनकी नाड़ी, रक्तचाप और ऑक्सीजन सैचुरेशन सामान्य एवं स्थिर पाया गया। हालांकि, शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) के लक्षण दिखाई दिए। जांच में ब्लड गैस एनालिसिस से क्षतिपूरित एसिडोसिस की स्थिति और सीरम पोटैशियम का स्तर कम पाया गया। भर्ती के समय उनका ब्लड शुगर 78 mg/dl दर्ज किया गया। दोबारा की गई जांच में भी सीरम पोटैशियम का स्तर पहले जैसा ही रहा। भर्ती के समय यूरिन में कीटोन (Urinary Ketones) का स्तर 1+ था, जो दोपहर 1:00 बजे तक बढ़कर 3+ हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें नस के जरिए तरल पदार्थ (इंट्रावेनस फ्लूइड्स) देने की सलाह दी, लेकिन सोनम वांगचुक ने आईवी फ्लूइड्स, ओरल रिहाइड्रेशन फ्लूइड (ओआरएस) और किसी भी अन्य दवा को लेने से इनकार कर दिया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनके बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उपचार स्वीकार करने के लिए लगातार परामर्श दिया जा रहा है।

विज्ञापन
02:51 PM, 18-Jul-2026

सोनम वांगचुक की पत्नी ने सफदरजंग अस्पताल को पत्र लिखा

सोनम वांगचुक की पत्नी ने सफदरजंग अस्पताल को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक को दूसरे निजी अस्पताल में रेफर करने की मांग की है।

01:37 PM, 18-Jul-2026

अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकी, आरोपी महिला हिरासत में

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकी का मामला सामने आया है। एक महिला ने अभिजीत पर स्याही फेंक दी। दिल्ली पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।

विज्ञापन
12:16 PM, 18-Jul-2026

'सोनम वांगचुक अभी भी भूख हड़ताल पर हैं'

सोनम वांगचुक की पत्नी ने खुलासा किया है कि सोनम अभी भी भूख हड़ताल पर हैं। डॉक्टरों को उन्हें इलेक्ट्रोल देने से मना किया है। वो किसी दूसरे लैब से भी सोनम की जांच करवाएंगी, क्योंकि उन्हें सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है। उन्होंने बताया कि जल्द ही यह से डिस्चार्ज करवाकर उन्हें किसी विश्वसनीय अस्पताल में भर्ती करवाया जाएगा। 20 जुलाई को अगर सोनम मार्च में शामिल नहीं हो पाएंगे, तो मैं उनकी जगह मार्च का नेतृत्व करूंगी।यह मार्च सोमवार को पहले से तय योजना के मुताबिक होगा।

11:55 AM, 18-Jul-2026

सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाने पर बोले अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- 'सोनम वांगचुक को ‘बल-प्रयोग’ करके, जबरदस्ती उनके आमरण अनशन स्थल से उठाकर ले जाना अत्यंत निंदनीय समाचार है। आज सुबह घटी ये घटना थोड़ी ही देर में पूरे देश और संपूर्ण विश्व में फैल चुकी है। सारी दुनिया और देशभर में सोनम वांगचुक को लेकर गहरी चिंता है और भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश भी। जो लोग सादी वर्दी में इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए धोखे से अचानक घुसे थे, उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए।'

11:17 AM, 18-Jul-2026
अभिजीत दीपके रोने लगे - फोटो : अमर उजाला

फूट-फूटकर रो पड़े अभिजीत दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान फूट-फूटकर रो पड़े।

11:13 AM, 18-Jul-2026

प्रशासन और पुलिस पर सोनम वांगचुक की पत्नी का आरोप

सोनम वांगचुक की पत्नी का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस सोनम वांगचुक के मेडिकल रिपोर्ट साझा नहीं कर रहे हैं और उन्हें उस कमरे में फोन ले जाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं, जहां सोनम को रखा गया है। वकील और निजी डॉक्टरों को अब अंदर जाने की अनुमति है।

10:35 AM, 18-Jul-2026

सोनम वांगचुक को 7:40 बजे अस्पताल में कराया गया भर्ती

सोनम वांगचुक को आज सुबह 7:40 बजे आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। लंबे समय तक उपवास और निर्जलीकरण के कारण वे कमजोर हैं। हालांकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, फिर भी उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।

10:00 AM, 18-Jul-2026
अभिजीत दीपके आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे - फोटो : अमर उजाला

अभिजीत दीपके आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे

अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की। अभिजीत दीपके आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। अभिजीत का दावा है कि उनके साथ मारपीट की गई, वह पुलिस की गिरफ्त से भाग कर जंतर मंतर पहुंचे।

09:25 AM, 18-Jul-2026

सोनम वांगचुक की पत्नी का बयान

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि मेरी और मेरे डॉक्टर की सहमति के बिना सोनम वांगचुक को कोई दवा नहीं दी जानी चाहिए। अंग्मो ने कहा, 'वह सफदरजंग अस्पताल में हैं। मैंने उन्हें मेरी मंजूरी के बिना कुछ भी देने से मना किया है। मेरी मंजूरी के बिना कोई इलाज शुरू नहीं होना चाहिए। अगर कुछ भी होता है, तो मैं सभी को जिम्मेदार ठहराऊंगी।' उन्होंने कहा, “कल वह बिल्कुल ठीक थे। उन्हें अस्पताल लाने की कोई जरूरत नहीं थी। अनुच्छेद 32 के तहत यह मेरा अधिकार है। मेरी और मेरे डॉक्टर की सहमति के बिना कुछ भी नहीं दिया जा सकता।”

09:21 AM, 18-Jul-2026

अब हम पीएम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे: अभिजीत दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा, 'अगर उन्हें लगता है कि सोनम सर को ले जाने से यह आंदोलन खत्म हो जाएगा, तो वे गलतफहमी में हैं। हम यहीं रहेंगे और 20 जुलाई को संसद तक मार्च करेंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'अब तक हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन इस घृणित कृत्य के बाद अब हम पीएम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे।'

09:00 AM, 18-Jul-2026

जंतर मंतर जाने वाले सभी रास्ते बंद

दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों से जंतर मंतर को खाली करने की अपील कर रही है। 

08:34 AM, 18-Jul-2026

केंद्र सरकार पर संजय सिंह का हमला

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा, ये क्या गुंडागर्दी चल रही है? मोदी जी ये सत्ता का अहंकार लंबे समय तक नही चलता। जिस युवा पर लठ्ठ चला रहे हो, यही आपका तख्त उखाड़ेगा। एक शख्स सोनम वांगचुक जो पिछले 21 दिनों से आमरण अनशन पर है, उनकी मांगें सुनने के बजाय उसको जबरन गिरफ्तार करके हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया।'

08:31 AM, 18-Jul-2026

ये पुलिस नहीं आरएसएस के गुंडे हैं: अभिजीत दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा, 'सुबह सात बजे जब मैं फ्रेश होने के लिए यहां से निकला, तो पुलिस के गुंडे वहां आए। वे सोनम सर को गालियां देते हुए घसीटकर लेकर गए। 60 साल का एक व्यक्ति, जो 20 दिनों से भूख हड़ताल पर था उन्हें दिल्ली पुलिस जबरदस्ती घसीटकर यहां से लेकर गई। हमें नहीं पता कि कहां लेकर गए हैं। जैसे ही मुझे खबर मिली, मैं जंतर-मंतर आ रहा था, तो पुलिस ने मेरे साथ भी मारपीट की। ये पुलिस नहीं आरएसएस के गुंडे हैं। मैं विदेश से अपने देश वापस आया था, क्या मैं कोई अपराधी हूं? मुझे इन लोगों ने सड़कों पर मारा।'

08:26 AM, 18-Jul-2026

सफदरजंग अस्पताल में कराया गया भर्ती

सूत्रों के मुताबिक, एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। वे होश में हैं और उनके वाइटल्स (महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर) स्थिर हैं। वहीं, नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, 'माननीय हाई कोर्ट के आदेशानुसार और स्वास्थ्य की स्थिति व मेडिकल सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक को जरूरी मेडिकल इलाज के लिए यहा से एक उपयुक्त सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है और वे अभी मेडिकल निगरानी में हैं।'

08:05 AM, 18-Jul-2026

जंतर मंतर से हटाए जा रहे प्रदर्शनकारी

जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाए जाने के बाद, वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों को हटाया जा रहा है। प्रदर्शनकारी जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

07:58 AM, 18-Jul-2026

सोनम वांगचुक को लेकर दिल्ली पुलिस का बयान

दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, डीसीपी नई दिल्ली ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'माननीय हाई कोर्ट के आदेश और मेडिकल एक्सपर्ट्स की सलाह के अनुसार, सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। पुलिस ने बहुत संयम बरता और यह काम सुरक्षित तरीके से किया। हम जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीके से जगह खाली कर दें।'

07:50 AM, 18-Jul-2026

जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाया गया

20 दिन से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस अस्पताल ले गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाया जा रहा है। पुलिस जबरन सभी को बाहर निकालने की कोशिश कर रही। जंतर मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात है। 

07:42 AM, 18-Jul-2026

सीजेपी ने लगाया मारपीट का आरोप

सीजेपी का बड़ा आरोप, सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने और छात्रों पर लाठीचार्ज का दावा। सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और अभिजीत दीपके जहां ठहरे हुए थे, वहां भी उनके साथ मारपीट की गई। वहीं, सौरभ के मुताबिक सोनम वांगचुक को भी पुलिस ने हिरासत में लेने की कोशिश की। उनके अनुसार, कल देर रात भी सोनम वांगचुक पर हमले की कोशिश की गई।

07:37 AM, 18-Jul-2026

CJP Protest Live: मंच पर फूट-फूटकर रोने लगे अभिजीत दीपके, कहा- आंदोलन खत्म नहीं; सोनम की तबीयत पर बड़ा अपडेट

जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस अस्पताल ले गई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें