फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Election Date Live: दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान, आठ को होगी मतगणना; यहां पढ़ें पूरी जानकारी

Tue, 07 Jan 2025 03:15 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

खास बातें

Delhi Election 2025 Date, Election Comission PC Live Update: दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर चुनावों का एलान हो गया है। दिल्ली में एक चरण में पांच फरवरी को मतदान होगा। आठ फरवरी को मतगणना होगी। साल 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा के खाते में आठ सीटें आई थीं। जबकि, कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।
विज्ञापन
Election Commissioner Rajiv Kumar - फोटो : X @ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:12 PM, 07-Jan-2025

मनीष सिसोदिया का दावा आठ फरवरी को बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार

दिल्ली विधानसभा चुनाव पर  नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, "5 फरवरी को वोट डालने जरूर जाएं। 8 फरवरी को जब नतीजे आएंगे उसके लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। AAP की सरकार फिर से बनेगी।"
 

02:51 PM, 07-Jan-2025

Election in Delhi 2025: पांच फरवरी को मतदान होगा

दिल्ली में 70 विधानसभा सीटें पर चुनाव आयोग ने तारीखों का एलान कर दिया है। दिल्ली में एक चरण में विधानसभा चुनाव होंगे। पांच फरवरी को मतदान होगा। जबकि आठ फरवरी को मतगणना होगी।

02:46 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक चरण में होगा

दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, "दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक चरण में होगा। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को जारी किए जाएंगे।

विज्ञापन
02:39 PM, 07-Jan-2025

चुनाव में 85 वर्ष से अधिक आयु के तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान की सुविधा रहेगी। मतदान में आसानी के लिए मतदान केंद्रों पर स्वयंसेवक, व्हीलचेयर तथा रैंप बनाए जाएंगे। चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को नसीहत भी दी। चुनाव प्रचार में भाषा का ख्याल रखें। महिलाओं के खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल न करें। 

02:37 PM, 07-Jan-2025

Election in Delhi 2025: '13 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ'

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 13 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ हैं। दिल्ली में कुल एक करोड़ 55,24,858 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 85,49,645 हैं, जबकि 71,73,952 महिला मतदाता हैं। दिल्ली में दो लाख फर्स्ट वोटर हैं।

विज्ञापन
02:35 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election Date 2025: 'शक का इलाज किसी के पास नहीं'

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि मतदाता मतदान में हेराफेरी का हौवा है। शाम पांच बजे के बाद वीटीर में वृद्धि पर गलत बयानबाजी है। लोकसभा और महाराष्ट्र चुनाव में करोड़ों मतदाताओं के नाम गलत तरीके से जोड़े जाने के आरोप लगे। शक का इलाज किसी के पास नहीं है। वोटिंग पर झूठ के गुब्बारे न उड़ाएं। गड़बड़ी की शिकायत का हम जवाब देंगे। चुनाव को लेकर शंकाओं को खारिज करते हैं। चुनाव हम सबकी साझा विरासत है।

02:31 PM, 07-Jan-2025

Election in Delhi 2025: 'EVM से छेड़छाड़ के आरोप निराधार हैं'

मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि EVM मतगणना के लिए पूर्णतया सुरक्षित हैं। EVM से छेड़छाड़ के आरोप निराधार हैं, हम अब इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि चुनाव के समय हम नहीं बोलते VVPAT प्रणाली वाली EVM मतदान प्रणाली की सटीकता सुनिश्चित करती है। पुराने पेपर बैलट की वापसी अनुचित और प्रतिगामी है। इसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को पटरी से उतारना है।

02:27 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election Date 2025: 'टेम्परिंग के आरोप बेबुनियाद हैं'

चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि "ईवीएम में अविश्वसनीयता या किसी खामी का कोई सबूत नहीं है... ईवीएम में वायरस या बग आने का कोई सवाल ही नहीं है। ईवीएम में अवैध वोट होने का सवाल ही नहीं है। कोई धांधली संभव नहीं है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट अलग-अलग फैसलों में लगातार यही कह रहे हैं... और क्या कहा जा सकता है? ईवीएम मतगणना के लिए फुलप्रूफ डिवाइस है। टेम्परिंग के आरोप बेबुनियाद हैं। हम अभी बोल रहे हैं क्योंकि चुनाव के समय हम नहीं बोलते।"

02:24 PM, 07-Jan-2025

Election in Delhi 2025: 'फॉर्म सात के बिना नाम नहीं हटाया जा सकता'

चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि "भारतीय मतदाता बेहद जागरूक हैं। मतदाता सूचियों को लेकर अब भी कहानियां चल रही हैं। करीब 70 चरण हैं। जिसमें राजनीतिक दल और उम्मीदवार हमारे साथ रहते हैं, जितने भी दावे और आपत्तियां आती हैं। उन्हें सभी राजनीतिक दलों के साथ साझा किया जाता है। फॉर्म सात के बिना नाम नहीं हटाया जा सकता।

02:23 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025: एजेंट के सामने सील की जाती हैं ईवीएम- राजीव कुमार

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि एजेंट के सामने ईवीएम सील की जाती हैं। एजेंट के सामने ईवीएम में चुनाव चिन्ह डाले जाते हैं। सात से आठ दिन पहले चुनाव चिन्ह डाले जाते हैं। हर दल को इसकी जानकारी दी जाती है। ईवीएम की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है। ईवीएम मेंअवैध वोट की संभावना नहीं है। 

02:20 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025: 'सात-आठ दिन पहले ईवीएम तैयार की जाती हैं'

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में भी लोकतंत्र मजबूत होता रहेगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीख से सात या आठ दिन पहले चेक की जाती हैं। उसी दिन नई बैटरी डाली जाती है। फिर सील करके रखी जाती हैं। पोलिंग वाले दिन ही ईवीएम की सील तोड़ी जाती हैं। इसके बाद मॉक पॉल होता है। चुनाव के प्रक्रिया के बाद फिर से सील की जाती हैं। 

02:14 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025: 'मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जोड़े और हटाए गए'

चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि कुछ चिंताएं (राजनीतिक दलों द्वारा) उठाई गई थीं। कहा गया कि मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जोड़े और हटाए गए हैं। यह भी कहा गया कि कुछ समूहों को निशाना बनाया जा रहा है और उनके नाम हटाए जा रहे हैं। ईवीएम के बारे में जवाब देने के बाद भी यह कहा गया कि ईवीएम में हेरफेर किया जा सकता है।

02:13 PM, 07-Jan-2025

'वोटर लिस्ट में नाम काटने की शिकायत की गई'

देश में 99 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं। लिस्ट में वोटर के काटने बढ़ाने की चर्चा। वोटर लिस्ट में नाम काटने की शिकायत की गई। कहा गया कि वोटरों के नाम काटे गए हैं। हर सवाल का जवाब देना हमारी जिम्मेदारी।

02:10 PM, 07-Jan-2025

'दिल्ली में बड़े पैमाने पर मतदान की अपील'

राजीव कुमार ने कहा कि दिल्ली में बड़े पैमाने पर मतदान की अपील है। दिल्ली विविधता का साक्षात नजारा है। साल 2024 दुनियाभर में चुनाव का साल रहा। 2024 में कई शंकाएं जाहिर की गई थीं। कहा गया कि वोटर लिस्ट में गलत एंट्री हुई। धीमी मतगणना के आरोप लगाए गए। कहा गया कि ये ईवीएम इलेक्शन है। 

02:05 PM, 07-Jan-2025

'मुख्य चुनाव आयुक्त के तौर पर यह मेरी आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस'

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली चुनाव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोकसभा चुनाव में नया रिकॉर्ड बना। हिंसा मुक्त चुनाव कराए गए। युवा लोकतंत्र में भागीदारी बढ़ाएं।  ज्यादा से ज्यादा मतदान की अपील है। राजीव कुमार ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के तौर पर यह मेरी आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस है। 

02:01 PM, 07-Jan-2025

'भाजपा सिर्फ़ गाली-गलौज करने में लगी रहती'

आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि दिल्ली के लोग इन चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं क्योंकि ये चुनाव दिल्ली के लोग ही लड़ रहे हैं। वे हर घर, हर कॉलोनी में जाते हैं, वे खुद ही प्रचार करते हैं। इसलिए, वे तैयार हैं क्योंकि दिल्ली के लोगों के लिए काम करने वाली सिर्फ़ एक सरकार है। भाजपा सिर्फ़ गाली-गलौज करने में लगी रहती है।" पार्टी के प्रचार गीत के लॉन्च पर वे कहते हैं, "दिल्ली चुनाव एक जश्न है। बिना गीत के कोई जश्न नहीं हो सकता। इसलिए, यह गीत सभी को जश्न मनाने के लिए दिया गया है।" सीएजी रिपोर्ट पर भाजपा के आरोपों पर वे कहते हैं, "भाजपा सिर्फ़ एक काम कर सकती है - दिन-रात गाली-गलौज करना। भाजपा के पास न तो कोई विजन है और न ही कुछ और। इसका नाम बदलकर 'गाली-गलौज पार्टी' कर देना चाहिए।"    

01:45 PM, 07-Jan-2025

Delhi Assembly Election 2025 'लोग भी इस तारीख का इंतजार कर रहे हैं'

चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव की तारीखों की घोषणा किए जाने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि "लोग भी इस तारीख का इंतजार कर रहे हैं, जिस दिन उन्हें इस 'आपदा' सरकार से मुक्ति मिलेगी। दिल्ली सरकार द्वारा की गई लूट को अलविदा कहने का समय आ गया है..."

आप के बारे में डीईओ के पत्र पर उन्होंने कहा कि "हम पिछले तीन महीनों से कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। राघव चड्ढा और संजय सिंह ने सार्वजनिक छुट्टियों पर चुनाव अधिकारियों को धमकाया। इससे पता चलता है कि वे पूरी तरह से अपनी जमीन खो चुके हैं।
 

01:45 PM, 07-Jan-2025

हम पूरी तरह तैयार हैं: सौरभ भारद्वाज

आज घोषित होने वाली दिल्ली चुनाव की तारीखों पर आप विधायक और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "...आप के लिए इससे अच्छी कोई बात नहीं है कि आज चुनावों की घोषणा हो रही है...हम पूरी तरह तैयार हैं और हमें इस बार भी बड़े बहुमत का भरोसा है..."
 

01:30 PM, 07-Jan-2025

Delhi Vidhan Sabha Election Date कांग्रेस तैयार है- प्रमोद तिवारी

दिल्ली चुनाव की तारीखों की आज होने वाली घोषणा पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "...कांग्रेस तैयार है। मुझे उम्मीद है कि भारत का चुनाव आयोग मतदाता सूची की पवित्रता बनाए रखेगा..."
 

01:20 PM, 07-Jan-2025

Delhi Assembly Election 2025 चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है- तरुण चुघ

चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव की तारीखों की घोषणा किए जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, "चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है। भाजपा ने हमेशा चुनावी प्रक्रिया का सम्मान किया है। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल नामक 'आपदा' से मुक्ति चाहती है।
 

01:20 PM, 07-Jan-2025

Delhi Vidhan Sabha Election Date 'आपदा' से निपटने के लिए मुझे चुना- आशीष

जनकपुरी सीट से भाजपा उम्मीदवार आशीष सूद ने कहा कि "मैं भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने जनकपुरी के 'आपदा' से निपटने के लिए मुझे चुना। ये चुनाव दिल्ली की जनता गंदे पानी, सीवर के खिलाफ लड़ रही है। चुनाव दिल्ली के भविष्य की दिशा तय करेगा। दिल्ली से 'आपदा' को हटाने की तारीखों का आज ऐलान होगा। 

01:02 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election Dates 'चुनाव अधिकारी पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ काम कर रहे हैं'

चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव की तारीखों की घोषणा किए जाने पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि "चुनाव अधिकारी पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ काम कर रहे हैं। इस बीच, आप जानकारी मांग रही है, यह साजिश क्यों है जिसमें राघव चड्ढा, संजय सिंह, आतिशी और अरविंद केजरीवाल चुनाव अधिकारी से पूछताछ कर रहे हैं, उन्हें कार्यालय बुला रहे हैं, जबकि उन्हें कानून के अनुसार काम करना चाहिए? चुनाव अधिकारी को धमकाने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

12:52 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025 Date 'कांग्रेस चुनाव के लिए तैयार है'

चुनाव आयोग आज दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, "कांग्रेस चुनाव के लिए तैयार है। हम दिल्ली के लिए अपना विजन लोगों के सामने रख रहे हैं। जो मुद्दे हैं, वे बने रहेंगे और हम मौजूदा दिल्ली सरकार से सवाल करते रहेंगे..."

12:42 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election Date 'दिल्ली में लोकतंत्र का उत्सव आ रहा है'

चुनाव आयोग आज दिल्ली चुनाव के लिए तारीखों का एलान करेगा। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि "मैं दिल्ली के लोगों को बधाई देता हूं कि दिल्ली में लोकतंत्र का उत्सव आ रहा है। मैं उन सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं देता हूं जिन्होंने कड़ी मेहनत की है, क्योंकि उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं की जांच की है। मैं सभी लोगों से इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील करता हूं। मैं उनसे लोगों की भलाई के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने की अपील करता हूं।
 

12:30 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025 Date: क्या वो अपने पिता के रुख का समर्थन करती हैं?

कालकाजी सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा कि "स्वाभाविक रूप से, दिल्ली के लोग जल्द से जल्द 'आप-दा' से छुटकारा पाना चाहते हैं। AAP को पीड़ित कार्ड खेलने की आदत है जब उन्हें पता चलता है कि उनका पर्दाफाश हो रहा है, सीएम (आतिशी) मगरमच्छ के आंसू बहा रही हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि क्या वह अपने पिता के रुख का समर्थन करती हैं जब वे अफजल गुरू के समर्थन में खड़े हुए थे?

 

12:15 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election Date: हम पूरे जोश के साथ चुनाव लड़ेंगे, बोले दुष्यंत गौतम

चुनाव आयोग आज दिल्ली विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करेगा। करोल बाग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत गौतम ने कहा कि "हम इस दिन का इंतजार कर रहे थे। चुनाव आयोग ने पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने का काम जारी रखा है। मुझे उम्मीद है कि हम पूरे जोश के साथ चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली की मौजूदा 'लुटेरी' सरकार से छुटकारा पाने के लिए दिल्ली की सभी जनता तैयार है..."

12:10 PM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025: 'केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर'

चुनाव आयोग द्वारा आज दिल्ली विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने पर कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा, "दिल्ली किसी भी पार्टी या नेता से ज्यादा चुनावों के लिए तैयार है। केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है। लोगों ने इस शासन के 10 वर्षों का विश्लेषण किया है और वे इस बार कांग्रेस को वोट देंगे। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। 

11:52 AM, 07-Jan-2025

Delhi Assembly Election 2025: 'यह चुनाव भाजपा के पक्ष में होगा'

चुनाव आयोग आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान करेगा। अंबेडकर नगर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार खुशीराम चुनार ने कहा, "हम जीत के बारे में सोच रहे हैं। हम अंबेडकर नगर से जीत रहे हैं और लंबित विकास कार्यों को पूरा करेंगे। यह चुनाव भाजपा के पक्ष में होगा और हम दिल्ली में सरकार बनाने जा रहे हैं..."
 

11:26 AM, 07-Jan-2025

साल 2020 में दिल्ली में ये रहे थे नतीजे 
साल 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा के खाते में आठ सीटें आईं थीं। जबकि, कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। दो चुनाव से एक भी सीट नहीं जीत सकी है। साल 2015 के चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को तीन सीटें मिलीं थीं। जबकि कांग्रेस का हाथ खाली रहा था। 
 

11:23 AM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025: फरवरी में खत्म हो रहा दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल

विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी, 2025 तक का है। इससे पहले दिल्ली विधानसभा का गठन करने के लिए चुनाव होने हैं। इसके लिए दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। 

11:10 AM, 07-Jan-2025

Delhi Election Date: हर आवेदन को जांचा गया

चुनाव आयोग ने पाया की 16 दिसंबर से एक माह में 5.10 लाख नए लोगों ने अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया। ऐसा पहली बार हुआ। ऐसा तब हुआ जबकि तय समय में तीन लाख से ज्यादा मतदाता नई सूची में जुड़ चुके थे। क्योंकि ऐसा 20 दिन के भीतर हो रहा था जब आपत्तियां, जांच का समय गुजर चुका था। यह तत्काल जांच का विषय था। सभी चुनाव पंजीकरण अधिकारियों- ईआरओ को जांच के लिए निर्देशित किया गया। हर आवेदन को जांचा गया। संबंधित अधिकारियों को सौ फीसदी सत्यापन के लिए कहा गया है।
 

11:04 AM, 07-Jan-2025

Delhi Election 2025 Date: दिल्ली में मतदाता बढ़े

वहीं, 2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार 7.26 लाख और 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 3.10 लाख वोटर्स दिल्ली में बढ़े हैं। 2020 के चुनाव में दिल्ली में 1.47 करोड़ मतदाता थे, जबकि, पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में दिल्ली में मतदाताओं की संख्या 1.52 करोड़ से अधिक थी।
 

10:54 AM, 07-Jan-2025

Delhi Election Dates: 1,67,329 नए मतदाता जुड़े

चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में एक महीने में 29 अक्तूबर से 28 नवंबर तक 1,35,089 मतदाताओं ने फार्म- 6 और 83,825 ने फार्म 8 के तहत मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने, पता बदलने, नाम को सूची से हटाने और आपत्तियां और सुझाव के लिए आवेदन किया। चुनाव आयोग के संबंधित अधिकारियों ने सभी आवेदनों को 24 दिसंबर तक सुलझा दिया। इस तरह से अंतिम मतदाता सूची जारी होने तक 3,08,942 नए नाम मतदाता सूचियों में जुड़े। 1,41,613 नाम हटाए गए। इस दौरान कुल 1,67,329 मतदाता नए जुड़े।
 

10:45 AM, 07-Jan-2025

Delhi Vidhan Sabha Election Date: प्रक्रिया के तहत नाम जोड़े और हटाए जाते हैं

चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के लिए नाम प्रक्रिया के तहत जोड़े और हटाए जाते हैं। इसके लिए फॉर्म 6 और फार्म सात होता है। नामों के घटाने और जोड़ने की जानकारी समय-समय पर राजनीति दलों को दी जाती है।

10:40 AM, 07-Jan-2025

Delhi Mein Election Kab Hai: चुनाव आयोग ने दर्ज की आठ प्राथमिकी

इस सूची में पुरुष मतदाता 85,49,645 हैं, जबकि 71,73,952 महिला मतदाता हैं। इस अंतिम मतदाता सूची के बाद अब आयोग आज चुनाव की तिथियों की घोषणा कर सकता है। थर्ड जेंडर 1,261 हैं। पिछले 20 दिन में रिकार्ड 5.1 लाख फार्म 6 नए मतदाताओं ने आवेदन किया। चुनाव आयोग ने 8 प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें 24 लोगों पर गलत सूचना और जानकारी देकर मतदाता पहचान पत्र बनाने का आरोप है। इसे लेकर चुनाव आयोग ने चुनाव पंजीकरण अधिकारियों से एक एक आवेदन की गहन जांच कराने के आदेश दिए हैं।

10:34 AM, 07-Jan-2025

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली में कुल एक करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 वोटर

इस बार भी दिल्ली में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखा जा सकता है। सोमवार को ही चुनाव आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। इस चुनाव में दो लाख के करीब मतदाता 18 से 19 वर्ष के हैं। वह पहली बार विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस सूची में कुल एक करोड़ 55,24,858 मतदाता हैं। 

10:23 AM, 07-Jan-2025

Delhi Election Date Live: दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान, आठ को होगी मतगणना; यहां पढ़ें पूरी जानकारी

देश की राजधानी दिल्ली में चुनावी बिगुल बजने वाला है।  चुनाव आयोग आज विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा। चुनाव आयोग दोपहर दो बजे चुनावी कार्यक्रम साझा करने के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटें हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त होने वाला है। दिल्ली में एक चरण में चुनाव हो सकता है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें