फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarkashi Tunnel Rescue Live: सुरंग से सुरक्षित बाहर आए 41 मजदूर, पीएम मोदी ने फोन पर की बात

Tue, 28 Nov 2023 11:54 PM IST
अलका त्यागी संवाद न्यूज एजेंसी, उत्तरकाशी

खास बातें

Uttarkashi (Uttarakhand) Tunnel Collapse Rescue Operation News Live: दिवाली के दिन से उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सुरंग में कैद 41 श्रमिक बाहर आ गए हैं। रैट माइनर्स की टीम ने मंगलवार को मजदूरों को सुरंग से बाहर निकालने में सफलता पाई। यहां पढ़ें हर पल का अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:49 PM, 28-Nov-2023
टीम से बात करते श्रमिक - फोटो : अमर उजाला

मजदूरों से डॉक्टरों ने की बात

चिन्यालीसौड़ अस्पताल में भर्ती सुरंग से निकाले गए श्रमिकों से डॉक्टरों की टीम ने बात की। वहीं, प्रशासन की टीम भी मजदूरों से बात करने पहुंची। 

11:48 PM, 28-Nov-2023

यहां देखें मजदूरों के नामों की सूची...

सुरंग में फंसे सभी 41 मजदूर अलग-अलग राज्यों से हैं। फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां देखें उनके नामों की सूची...

11:29 PM, 28-Nov-2023

इन रेस्क्यू टीमों को सलाम

राज्य और केंद्र सरकार की सभी एजेंसियां, अधिकारी और कर्मचारियों ने जी-तोड़ मेहनत और जज्बे से इस मिशन को मुकाम तक पहुंचाया है। केंद्र और राज्य सरकार की तमाम टीमें पूरे 17 दिन तक पूरी तन्मयता और मनोयोग से रेस्क्यू में जुटी रहीं। मुख्यमंत्री धामी निरंतर स्थलीय निरीक्षण करने साथ ही रेस्क्यू टीमों की हौसला-अफजाई करते रहे। रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ, आरवीएनएल, एसजेवीएनएल, ओएनजीसी, आईटीबीपी, एनएचएआईडीसीएल, टीएचडीसी, उत्तराखंड शासन, जिला प्रशासन, थल सेना, वायुसेना समेत तमाम संगठनों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई।


 

विज्ञापन
11:21 PM, 28-Nov-2023

एनडीआरएफ कर्मी ने जन्मदिन पर काटा केक

एनडीआरएफ कर्मी डॉ शैलेश कुमार चौधरी का आज जन्मदिन है। उन्होंने रेस्क्यू अभियान पूरा होने पर केक काटा। कहा कि मैं सभी को बधाई देना चाहता हूं क्योंकि श्रमिकों को सफलतापूर्वक बचाया गया है। जब भी मैं अपना जन्मदिन मनाऊंगा, मुझे यह दृश्य और यह बचाव अभियान याद आएगा।

11:19 PM, 28-Nov-2023

पीएम मोदी ने श्रमिकों से फोन पर की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिल्कयारा सुरंग से सफलतापूर्वक बचाए गए श्रमिकों से टेलीफोन पर बातचीत की।

विज्ञापन
10:34 PM, 28-Nov-2023
मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया - फोटो : अमर उजाला

चिन्यालीसौड़ लाए गए सभी श्रमिक

मजदूरों के सुरंग से निकालने के बाद तुरंत चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मजदूरों के यहां पहुंचने पर आस-पास के स्थानीय लोगों ने आतिशबाजी की।

10:33 PM, 28-Nov-2023

सीएम धामी और जनरल वीके सिंह मातली कैंप रवाना

रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद सीएम धामी और जनरल वीके सिंह मातली कैंप रवाना हो गए। बता दें कि सीएम धामी बीते कई दिनों से मातली में ही अस्थायी कैंप कार्यालय बनाकर डेरा जमाए थे। 

10:32 PM, 28-Nov-2023

मजदूरों को भेजे बैट-बॉल सहेज कर रखे जाएंगे- कर्नल दीपक पाटिल

एनएचआईडीसीएल के कर्नल दीपक पाटिल ने बताया कि सुरंग में फंसे मजदूरों को समय काटने और मनोबल बढ़ाए रखने के लिए पाइप के रास्ते बैट-बॉल भेजे गए थे। अब इस बैट-बॉल को एनएचआईडीसीएल आफिस में स्मारक के तौर पर सहेज कर रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मजदूरों के लिए मोबाइल फोन भेजे गए थे जिसमें वीडियो गेम और फिल्मी गाने थे, जिससे वह अपना मनोरंजन कर रहे थे। इसके बाद जब भोजन भेजने के लिए बड़ा पाइप लगा दिया गया तो उसके जरिए बैट-बॉल भी भेजा गया, ताकि वह खेलकर अपना समय गुजार सकें।

10:20 PM, 28-Nov-2023

केंद्र सरकार ने की हर संभवन मदद- वीके सिंह

केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा, अभियान में जिस भी हमें जरूरत पड़ी वह प्रधानमंत्री ने मुहैया करवाई... जितने साधन जुटाए गए हैं, इतने साधन किसी और ऑपरेशन के लिए नहीं जुटाए गए होंगे।

09:56 PM, 28-Nov-2023

जल्द बनेगा भगवान बौखनाग का भव्य मंदिर 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बाबा बौखनाग और देवभूमि के देवी-देवताओं की कृपा से ऑपरेशन सफल हुआ है। बौखनाग देवता का सिलक्यारा में भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। 

09:56 PM, 28-Nov-2023

सुरंग में फंसे श्रमिकों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता देगी सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों सभी श्रमिकों को सरकार एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पताल में इलाज और घर जाने तक की पूरी व्यवस्था की जाएगी। 

07:43 AM, 28-Nov-2023

पीएम मोदी ने सीएम धामी को फोन कर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिलक्यारा में 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाले जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन कर अपनी शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने इस दौरान श्रमिकों के बारे में मुख्यमंत्री से जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री से जाना कि सुरंग से निकालने के बाद श्रमिकों के स्वास्थ्य देखभाल, घर छोड़ने व परिजनों आदि के लिए क्या व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि सभी श्रमिकों को सुरंग से निकलने के बाद सीधे चिन्यालीसौड़ स्थित अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनकी जरूरी स्वास्थ्य जांच आदि की जाएगी। साथ ही अवगत कराया कि श्रमिकों के परिजनों को भी फिलहाल चिन्यालीसौड़ ले जाया गया जहां से उनकी सुविधा के अनुसार राज्य सरकार उनको घर छोड़ने की पूरी व्यवस्था करेगी। 

07:41 AM, 28-Nov-2023

सीएम ने अभियान में जुटे सभी लोगों को दी शुभकामनाएं

सिलकयारा टनल में फंसे 41 श्रमिकों के सकुशल बाहर निकलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभियान में जुटे समस्त बचाव दल को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा की श्रमिकों और उनके परिजनों के चेहरों की खुशी ही मेरे लिए इगास बग्वाल (दिवाली) है। मुख्यमंत्री  ने कहा कि बचाव दल की तत्परता, टेक्नोलॉजी के सहयोग, सुरंग के अंदर फंसे श्रमिक बंधुओं की जीवटता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की जा रही पल- पल निगरानी और बौखनाग देवता की कृपा से यह अभियान सफल हुआ। मुख्यमंत्री ने जरुरी होने पर श्रमिकों को हर चिकित्सा सुविधा देने के उन्होंने आदेश दिए हैं। 

07:26 AM, 28-Nov-2023

41 मजदूरों को निकाला गया बाहर

सिलक्यारा टनल में कैद 41 मजदूर 17वें दिन सुरक्षित बाहर आए। बचाव स्थल पर खुशी का माहौल है। मजदूरों को निकाल कर प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में शिफ्ट किया जा रहा है।

08:30 PM, 28-Nov-2023

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी हैं तो मुमकिन है के नारे लगाए

मोदी हैं तो मुमकिन है, पुष्कर धामी जिंदाबाद के नारे लगा रहे भाजपाई। सुरंग के बाहर मौजूद लोग इस सफलता की खुशी में एक दूसरे को मिठाई बांट रहे हैं। 
 

 

08:19 PM, 28-Nov-2023

15 श्रमिकों को सफलतापूर्वक बचाया गया

उत्तराखंड में 12 नवंबर से सिल्कयारा सुरंग के अंदर फंसे 41 श्रमिकों में से 15 श्रमिकों को सफलतापूर्वक बचाया गया है।
 

08:14 PM, 28-Nov-2023

सीएम धामी ने बाहर आए मजदूरों का लिया हालचाल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बाहर निकाले गए श्रमिकों से मुलाकात कर रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल ( से.नि) वीके सिंह भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिकों और रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए कर्मियों के मनोबल और साहस की जमकर सराहना की। बाहर निकाले जा रहे श्रमिको के परिजन भी टनल में मौजूद हैं। टनल से बाहर निकाले गए श्रमिकों का प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण टनल में बने अस्थाई मेडीकल कैंप में ही किया जाएगा।

08:06 PM, 28-Nov-2023

पांच मजदूरों को सफलतापूर्वक निकाला गया बाहर

उत्तराखंड में 12 नवंबर से सिल्कयारा सुरंग के अंदर फंसे 41 श्रमिकों में से पांच श्रमिकों को सफलतापूर्वक बचाया गया है। फिलहाल सभी मजदूर सिल्कयारा टनल के अंदर सेफ्टी टनल में हैं।
 

07:59 PM, 28-Nov-2023

टीम अंदर मजदूरों को पहना रही कपड़े

टीम अंदर गई है जो मजदूरों को कपड़े पहना रहे। वहीं एंबुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अगर कोई मजदूर खुद को असहज महसूस करता है तो उसे अस्पताल ले जाया जाएगा।

07:57 PM, 28-Nov-2023

पहले मजदूर को सफलतापूर्वक बचाया गया

उत्तराखंड में 12 नवंबर से सिल्कयारा सुरंग के अंदर फंसे 41 मजदूरों में से पहले मजदूर को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है।

 

07:44 PM, 28-Nov-2023

टनल रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी सफलता: सीएम धामी

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा है कि 'सिलक्यारा टनल में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है, पाइप पुशिंग का कार्य मलबे के आर-पार हो चुका है। अब श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी शुरू कर दी गई है'।

07:39 PM, 28-Nov-2023

सिल्कयारा में सीएम धामी समेत अन्य अधिकारी मौजूद

सिल्कयारा सुरंग बचाव स्थल पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य अन्य अधिकारी मौजूद हैं।
 

07:37 PM, 28-Nov-2023

कुछ ही मिनटों में शुरू होने वाला है मजदूरों को बचाने का ऑपरेशन

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान रेस्क्यू के लिए सुरंग के अंदर दाखिल हो गए हैं, कुछ ही मिनटों में मजदूरों को बचाने का ऑपरेशन शुरू होने वाला है।
 

07:20 PM, 28-Nov-2023

एनडीआरएफ के जवान पाइप के पार पहुंचे

सिलक्यारा सुरंग में पाइप के पार एनडीआरएफ के जवान पहुंचे गए हैं। बचाव स्थल से कुछ देर पहले रवाना हुए सीएम धामी फिर से साइट पर लौट आए हैं। इस बीच साइट पर हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ देर में मजदूर बाहर आ जाएंगे।

07:11 PM, 28-Nov-2023

सीएम ममता बनर्जी ने प्रदेश के मजूदरों को लेकर किया ट्वीट

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा है कि प्रदेश के लोगों की मदद के लिए एक टीम उत्तरकाशी भेजी गई है। दिल्ली के रेजिडेंट कमिश्नर कार्यालय के संपर्क अधिकारी राजदीप दत्ता के नेतृत्व में टीम उत्तरकाशी के सिल्कयारा में सुरंग में फंसे श्रमिकों को निकालने और पश्चिम बंगाल में उनके घरों तक सुरक्षित वापसी में मदद करेगी।
 

06:58 PM, 28-Nov-2023

रांची झारखंड में सुरंग में फंसे श्रमिक के परिवार के बीच बांटी गई मिठाई

उत्तरकाशी में सुरंग में फंसे मजदूरों के बचाव अभियान के अंतिम चरण में पहुंचने की जानकारी जैसी ही खबरों में आई वैसे ही रांची के झारखंड में अनिल बेदिया ने सुंरग में फंसे श्रमिकों में से एक के परिवार के सदस्यों के बीच मिठाइयां बांटी।
 

06:26 PM, 28-Nov-2023

यूपी के मिर्जापुर में अखिलेश के बाहर आने के इंतजार में परिवार

12 नवंबर से उत्तराखंड टनल हादसे में फंसे 41 मजदूरों को रेस्क्यू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रेस्क्यू को लेकर मिर्जापुर वासियों की दिल की धड़कन बढ़ी रही। टनल में फंसे मिर्जापुर के युवक अखिलेश की सुरक्षित वापसी को लेकर अदलहाट में रह रहा परिवार टकटकी लगाए टीवी देखता रहा। साथ ही फोन से संपर्क कर रेस्क्यू में लगने वाले समय इत्यादि की जानकारी भी लेता रहा। गांव में भी लोग अखिलेश की सुरक्षा को लेकर भगवान से कामना करते देखे गए।

06:24 PM, 28-Nov-2023

बचाव स्थल से रवाना हुए सीएम धामी

रेस्क्यू ऑपरेशन में अभी समय लग रहा है, बताया जा रहा है कि एक लाइफ लाइन पाइप अलग से डाला जा रहा है। इसी बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिल्कयारा सुरंग बचाव स्थल से रवाना हो गए हैं।
 

06:17 PM, 28-Nov-2023

सच हुई बाबा बौखनाग की भविष्यवाणी

यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग पर 12 नवंबर से फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने को लेकर चर्चा में आए क्षेत्र के आराध्य देव बाबा बौखनाग की भविष्यवाणी आज सही साबित हुई। बौख के पश्वा, माली, संजय डिमरी ने वचन दिया था कि अगले तीन दिन में सुंरग में फंसे मजदूर सुरक्षित निकाल लिए जाएंगे। इस बीच न कोई अड़चन आएगी और आज ठीक तीसरे दिन मजदूरों को बाहर निकलने का रास्ता साफ हुआ।

05:32 PM, 28-Nov-2023

रेस्क्यू ऑपरेशन में अभी थोड़ा समय, डाला जा रहा लाइफ लाइन पाइप

रेस्क्यू ऑपरेशन में अभी थोड़ा समय लग रहा है, बताया जा रहा है कि एक लाइफ लाइन पाइप अलग से डाला जा रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री रिटायर्ड जनरल वीके सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुरंग में ही मौजूद हैं।

05:27 PM, 28-Nov-2023

बीएसएनएल की लैंडलाइन से अंदर फंसे मजदूर परिजनों से कर पा रहे बात

सुरंग के भीतर बीते 16 दिन से फंसे मजदूरों को बाहरी दुनिया की मुश्किलों की जानकारी नहीं दी गई थी। उनका हर वक्त हौसला बढ़ाया जाता रहा, जिससे वह परेशानी महसूस न करें। वह मोबाइल पर गाने सुनते थे। बीएसएनएल के लैंडलाइन फोन से परिजनों से बातचीत भी कर पा रहे थे।

04:57 PM, 28-Nov-2023

जिला अस्पताल से लेकर साइट तक बेड तैयार: एनडीएमए सदस्य

एनडीएमए सदस्य ने कहा कि जिला अस्पताल में 30 बेड की व्यवस्था की गई है और 10 बेड का इंतेजाम साइट पर ही किया गया है। चिनूक रात में उड़ान भर सकता है, लेकिन मौसम इसके लिए अनुकूल नहीं प्रतीत हो रहा है और फिलहाल इसकी आवश्यकता प्रतीत नहीं हो रही है। इमरजेंसी में एम्बुलेंस से श्रमिकों को ऋषिकेश एम्स ले जाया जा सकता है।

04:39 PM, 28-Nov-2023

58 मीटर तक जाना अभूतपूर्व उपलब्धि: एनडीएमए सदस्य

एनडीएमए के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने कहा, रातभर काम किया गया है, हमारी टीम बहुत ही मुश्किल काम कर रही है। 58 मीटर तक जाना ये अभूतपूर्व उपलब्धि है। हम कह सकते हैं कि हम आर-पार हो गए हैं, सभी एहतियात बरते गए हैं।

04:25 PM, 28-Nov-2023

अभी दो मीटर खोदाई बची है: एनडीएमए के सदस्य

एनडीएमए के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने कहा कि हम कामयाबी के करीब हैं। अभी 2 मीटर की खोदाई बची है। अभी मैनुअल काम चल रहा है। हम 58 मीटर खोदाई कर चुके हैं। अंदर फंसे मजदूरों ने कहा है कि वे काम होने की आवाजें सुन सकते हैं।


04:13 PM, 28-Nov-2023

सुरंग से निकालने के बाद मजदूरों को किया जा सकता है एयरलिफ्ट

सिल्क्यारा सुरंग से श्रमिकों को निकालने के बाद एयरलिफ्ट किया जा सकता है। इसको लेकर चिन्यालीसौर हवाई पट्टी पर चिनूक हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है।
 

03:56 PM, 28-Nov-2023

सभी मजदूरों का स्वास्थ्य ठीक: सूत्र

सूत्रों ने बताया कि सभी मजदूरों का स्वास्थ्य ठीक है। सुरंग के अंदर मेडिकल की टीम मौजूद है। किसी भी वक्त मजदूरों को बाहर लाया जा सकता है। 

03:52 PM, 28-Nov-2023

टनल के अंदर का वीडियो सबसे पहले अमर उजाला पर


03:51 PM, 28-Nov-2023

रैंप बनते ही मजदूरों को निकाला जाएगा बाहर

एक्यूरेट कंक्रीट सॉल्यूशंस के एमडी अक्षत कात्याल कहते हैं कि पाइप को बिना किसी बाधा के बहुत सावधानी से अंदर धकेला गया है, एक सफलता हासिल की गई है और पाइप गुजर गया है। मजदूरों को बचाने का काम शुरू हो गया है। कम से कम तीन लोग हैं। चार चरण में रेस्क्यू ऑपरेशन होगा। एनडीआरएफ की टीमें अंदर घुस चुकी हैं। रैंप बनते ही मजदूरों को बाहर निकाला जाएगा
 

03:46 PM, 28-Nov-2023

टनल के अंदर ही दिया जाएगा प्राथमिक उपचार

बचाव अभियान के चलते सुरंग के अंदर अस्थायी चिकित्सा सुविधा का विस्तार किया गया है। फंसे हुए मजदूरों को निकालने के बाद यहीं पर स्वास्थ्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से आठ बेड की व्यवस्था की गई है और डॉक्टरों एवं विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई है।
 

03:40 PM, 28-Nov-2023

मजदूरों को ले जाया जाएगा सीधा अस्पताल

गद्दे और स्ट्रेचर सुरंग के अंदर ले जाए गए हैं। मजदूरों के लिए गर्म कपड़े भी सुरंग के अंदर ले जाए गए हैं। मजदूरों को सीधा अस्पताल ले जाया जाएगा। मजदूरों के साथ परिजन भी जाएंगे। 

03:08 PM, 28-Nov-2023

चिनूक हेलीकॉप्टर तैनात

चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर चिनूक हेलीकॉप्टर तैनात कर दिया गया है। टीम का कहना है कि अगर किसी भी मजदूर की तबीयत खराब लगेगी तो तुरंत एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा जाएगा।

03:05 PM, 28-Nov-2023

श्रमिकों के लिए मालाएं लेकर पहुंची टीम

श्रमिकों के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में तैयारियां पूरी हो गई हैं। वहीं, सुरंग के पास लोग श्रमिकों के लिए मालाएं लेकर पहुंचे हैं।

02:34 PM, 28-Nov-2023

मजदूरों के पाइप से बाहर निकालने की सूचना

सूचना है कि कुछ मजदूरों को पाइप से बाहर निकाला गया है। मेडिकल टीम भी सुरंग के अंदर है। कुछ परिजनों को भी वहां बुलाया गया है। मेडिकल टीम मजदूरों का चेकअप कर रही है। 

02:30 PM, 28-Nov-2023

सुरंग के अंदर पहुंचे सीएम

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह सुरंग से बाहर निकले हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुरंग के अंदर दाखिल हुए हैं।

02:27 PM, 28-Nov-2023

खुशी से झूम उठे मजदूर

सुरंग के अंदर ड्रिलिंग करने वाली ऑगर मशीन के ऑपरेटर शंभू मिश्रा ने बताया कि 1 बजकर 50 मिनट पर जब पाइप आर-पार हुआ तो अंदर फंसे मजदूर खुशी से झूम उठे। उन्होंने हाथ हिलाकर खुशी जताई।

02:26 PM, 28-Nov-2023

बाबा बौखनाग की रही असीम कृपा- सीएम धामी

उत्तरकाशी की सिलक्यारासुरंग में सफलतापूर्वक पाइप डालने पर सीएम धामी ने रेस्क्यू टीमों को बधाई दी। उन्होंने फेसबुक पोस्ट करते हुए लिखा बाबा बौखनाग जी की असीम कृपा रही। करोड़ों देशवासियों की प्रार्थना एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे सभी बचाव दलों के अथक परिश्रम के फलस्वरूप श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए टनल में पाइप डालने का कार्य पूरा हो चुका है। शीघ्र ही सभी श्रमिक भाइयों को बाहर निकाल लिया जाएगा।

02:01 PM, 28-Nov-2023

सीएम धामी सिलक्यारा पहुंचे

सीएम पुष्कर सिंह धामी सुबह सिलक्यारा सुरंग का जायजा लेने पहुंचे थे। इसके बाद वह देहरादून किसी कार्यक्रम में शामिल होने आ गए थे। वहीं अब सीएम दोबारा सिलक्यारा पहुंच चुके हैं। 

01:55 PM, 28-Nov-2023

श्रमिकों तक पहुंचा पाइप

17 दिन बाद सुरंग से खुशखबरी आई है। रैट माइनर्स की टीम ने मैन्युअल ड्रिलिंग पूरी कर दी है। श्रमिकों तक पाइप पहुंच चुका है। पाइप वेल्डिंग किया जा रहा है, जिससे मजदूरों को कोई क्षति न पहुंचे। सुरंग के बाहर एंबुलेंस व डाक्टरों की टीम तैनात है। वहीं, एक एंबुलेंस अंदर भी गई है। श्रमिकों को सुरंग से निकालते ही चिन्यालीसौड़ अस्पताल ले जाया जाएगा।

01:35 PM, 28-Nov-2023

मैन्युअल ड्रिलिंग लगभग पूरी

सिलक्यारा सुरंग में मैन्युअल ड्रिलिंग लगभग पूरी हो चुकी है।  एनडीआरएफ की टीम सुरंग के मुहाने पर पहुंची है। वहीं, एक एंबुलेंस भी सुरंग के अंदर से निकली है।

01:12 PM, 28-Nov-2023

एम्बुलेंस सिलक्यारा सुरंग के मुहाने पर पहुंची

टीम ने अब मजदूरों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वहां एंबुलेंस को भेज दिया है। यहां चार 108 एम्बुलेंस सिलक्यारा सुरंग के मुहाने पर पहुंची हैं। एसडीआरएफ के जवान सुरंग के अंदर ही श्रमिकों के मेडिकल चेकअप के लिए बेड लेकर जा रहे हैं। फोल्डिंग बेड के साथ तकिए और गद्दे भी पहुंचाए जा रहे हैं।

01:10 PM, 28-Nov-2023

56 मीटर तक पूरी हुई ड्रिलिंग

रेस्क्यू ऑपरेशन के नोडल अधिकारी सचिव डॉ. नीरज खैरवाल व एनएचआईडीसीएल के एमडी महमूद अहमद ने बताया कि मैन्युअल ड्रिलिंग करीब 56 मीटर तक कर ली गई है। जल्द ही मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा।

01:05 PM, 28-Nov-2023

पांच बजे तक पूरा हो सकता है बचाव अभियान

माइक्रो टनलिंग विशेषज्ञ क्रिस कूपर ने कहा, सुरंग में अब दो से तीन मीटर ड्रिलिंग ही बची है। हम शाम पांच बजे तक कुछ परिणाम देखने की उम्मीद कर रहे हैं।

12:32 PM, 28-Nov-2023

सुरंग के पास पूजा पाठ भी जारी

श्रमिकों की सलामती के लिए सुरंग के पास लोग पूजा पाठ भी कर रहे हैं। बाबा बौखना के मंदिर के पास लोग हवन पूजा कर रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय टनलिंग विशेषज्ञ, अर्नोल्ड डिस्क भी पूजा में शामिल हुए।

12:22 PM, 28-Nov-2023

श्रमिकों से महज तीन मीटर दूर रेस्क्यू टीम

रेस्क्यू टीम अब श्रमिकों से केवल तीन मीटर ही दूर है। कर्नल राहत एवं बचाव अभियान के प्रभारी कर्नल दीपक पाटिल ने बताया कि मैन्युअल ड्रिलिंग 53.9 मीटर तक हो गई है। 57 मीटर पर ब्रेकथ्रू  होने की उम्मीद है। 

11:36 AM, 28-Nov-2023

पीएम मोदी ने सीएम से फोन पर लिया अपडेट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दोबारा फोन कर सुरंग में फंसे श्रमिकों के राहत एवं बचाव कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा अंदर फंसे श्रमिकों के साथ ही बाहर राहत बचाव कार्य में जुटे लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। 

11:27 AM, 28-Nov-2023

सिलक्यारा में बारिश शुरू

अलर्ट के बीच सिलक्यारा में बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में बचाव अभियान में जुटी टीमों को भी परेशानी हो सकती है। बता दें कि आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। 3500 मीटर के अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है।

11:04 AM, 28-Nov-2023

सीएम धामी ने बौखनाग मंदिर में की पूजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने टनल के प्रवेश द्वार पर स्थित बाबा बौखनाग के मंदिर में पूजा अर्चना कर सभी श्रमिकों के सकुशल बाहर निकलने की प्रार्थना की। 

10:26 AM, 28-Nov-2023

परिजनों ने शुरू की तैयारी

फंसे हुए 41 मजदूरों के परिजनों को तैयार रहने और मजदूरों के कपड़े और बैग तैयार रखने को कहा गया है। मजदूरों को रेस्क्यू कर बाहर निकालकर चिन्यालीसौड़ अस्पताल ले जाया जाएगा।

10:16 AM, 28-Nov-2023

सुरंग के बाहर बढ़ी हलचल

जैसे-जैसे टीम मजदूरों के नजदीक पहुंच रही है वैसे-वैसे सुरंग के बाहर हलचल भी बढ़ गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री रिटायर्ड जनरल वीके सिंह भी सिलक्यारा पहुंचे हैं। वह मैन्युअल ड्रिलिंग का जायजा लेने के लिए सुरंग के अंदर गए हैं।

10:15 AM, 28-Nov-2023

52 मीटर तक तैयार हुआ एस्केप पैसेज

सीएम धामी ने कहा कि सुरंग के अंदर एस्केप पैसेज 52 मीटर तक तैयार कर लिया गया है। 57 मीटर पर एस्केप पैसेज आर-पार हो जाएगा। अब मेटल के टुकड़े मिलना कम हो गए हैं। इसलिए जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने की उम्मीद है।

09:46 AM, 28-Nov-2023

सीएम धामी ने ली बचाव अभियान की जानकारी

उन्होंने कहा कि जल्दी मजदूरों को निकालने की उम्मीद है। सुरंग के अंदर मैन्युअल ड्रिलिंग में तेजी है। 57 मीटर तक ड्रिलिंग होनी है। 57 मीटर की दूरी पर सुरंग में पहुंचेंगे। सीएम धामी ने बचाव अभियान की जानकारी ली।

09:40 AM, 28-Nov-2023

'सुरंग में सब ठीक है, जल्द मजदूरों को निकाल लिया जाएगा'

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फिर से रेस्क्यू का जायजा लेने पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी है। सीमेंट को अभी काटा जा रहा है। सुरंग में सब ठीक है, जल्द मजदूरों को निकाल लिया जाएगा। 52 मीटर अंदर जा चुके हैं, ज्यादा दिक्कत नहीं है। बड़ी बाधाएं दूर कर ली गई हैं।
 

09:07 AM, 28-Nov-2023

वर्टिकल ड्रिलिंग 40 और पांच मीटर हुई मैन्युअल ड्रिलिंग

आज सुबह तक सुरंग के ऊपर से वर्टिकल ड्रिलिंग 40 मीटर तक हो गई है। वहीं सुरंग के अंदर मैन्युअल ड्रिलिंग भी पांच मीटर तक पूरी कर ली गई है। वर्टिकल ड्रिलिंग अभी 46 मीटर और शेष है। वहीं मैन्युअल ड्रिलिंग सात मीटर और होना बाकी है। कोई अड़चन नहीं आई तो रेस्क्यू ऑपरेशन आज पूरा हो सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी पहुंचे हुए हैं, जिनके आज सिलक्यारा पहुंचने की सूचना है।

07:56 AM, 28-Nov-2023

पानी से सुरंग पर बनी भोलेनाथ की आकृति

सुरंग के मुहाने पर सोमवार को पानी के रिसाव से एक आकृति बनी। स्थानीय लोगों ने इसे शिव की आकृति बताया। लोगों का कहना है कि सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों की रक्षा करने के लिए स्वयं शिव आ गए हैं, अब उन्हें कुछ नहीं होगा।

07:52 AM, 28-Nov-2023

इन चार प्लान पर हो रहा काम

सुरंग के दूसरे छोर पर
  • यहां टीएचडीसी सुरंग के भीतर माइक्रो टनल बना रहा है, जिसका अभी तक केवल 12 मीटर हिस्सा बना है, जबकि सुरंग के ऊपर ओएनजीसी 324 मीटर वर्टिकल ड्रिल करेगा, जिसकी मशीन पहुंचाने के लिए सड़क पूरी नहीं हो पाई है। अभी तक पांच में से केवल 1.2 किमी तक ही सड़क बन पाई है।

सिलक्यारा छोर के ऊपर
  • सिलक्यारा छोर के ऊपर एसजेवीएन 1.2 मीटर व्यास की ड्रिल कर रहा है। खबर लिखे जाने तक 36 मीटर ड्रिल हो चुकी थी। अब 50 मीटर का सफर तय करता है, जिसमें करीब 100 घंटे का समय लग सकता है। लिहाजा, यहां 30 नवंबर तक कामयाबी मिल सकती है।  

सिलक्यारा छोर के बराबर
  • यहां से ड्रिफ्ट टनल बनाने का प्लान तैयार हो चुका है, जिस पर काम शुरू होने वाला है। अगर यह टनल बनती है तो इससे अपेक्षाकृत कम समय में मजदूरों तक पहुंच बन सकती है।

मैन्युअल खोदाई
  • श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए छह सदस्यीय रैट माइनर्स की टीम भी पहुंची है। सोमवार शाम सात बजे सेना की मदद से टीम ने हाथ से खोदाई शुरू कर दी। अब तक एक मीटर पाइप आगे बढ़ाया जा चुका है।

 

07:50 AM, 28-Nov-2023

उत्तरकाशी में आज भी बारिश का अलर्ट

राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। 3500 मीटर के अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है।

07:49 AM, 28-Nov-2023

बड़कोट साइड से तैयार हुई 12 मीटर की माइक्रो टनल

बड़कोट साइड से छह ब्लास्ट से 12 मीटर की माइक्रो टनल तैयार हुई है। ब्लास्टिंग से कमजोर चट्टानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। यहां शॉटक्रिटिंग कर चट्टान को थामा जा रहा है। 

07:48 AM, 28-Nov-2023

36 मीटर तक पूरी हुई वर्टिकल ड्रिलिंग

वर्टिकल ड्रिलिंग 36 मीटर तक हो गई है। अभी 50 मीटर तक वर्टिकल ड्रिलिंग की जानी है। लेकिन, वर्टिकल ड्रिलिंग में लोहे के गार्टर को भेदना आसान नहीं होगा। रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों ने भी इसे बड़ी चुनौती बताया है।

07:46 AM, 28-Nov-2023

रोबोटिक्स सिस्टम से पता चलेगी श्रमिकों की मनोस्थिति

सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों की मानसिक स्थिति जानने के लिए रेस्क्यू रोबोटिक्स सिस्टम की मदद ली जाएगी। सोमवार को लखनऊ से रेस्क्यू रोबोटिक्स वैज्ञानिक मिलिंद राज सिलक्यारा पहुंचे। उन्होंने बताया, इस तकनीक से 24 घंटे सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों की मानसिक स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी।

07:41 AM, 28-Nov-2023

Uttarkashi Tunnel Rescue Live: सुरंग से सुरक्षित बाहर आए 41 मजदूर, पीएम मोदी ने फोन पर की बात

16 दिन से उत्तरकाशी की सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने के चौतरफा अभियान में दुश्वारियां और उम्मीदें भी साथ-साथ चल रही हैं। 16वें दिन सुरंग के ऊपर तो काम चलता रहा, लेकिन भीतर ब्लेड निकलने के बावजूद मशीन का हेड फंसने से मैन्युअल खोदाई का काम लटका रहा। देर शाम हेड निकलते ही रैट माइनर्स सेना की मदद से मैन्युअल खोदाई में जुट गई। अब तक एक मीटर पाइप आगे बढ़ाया जा चुका है। ऑगर मशीन के फेल होने के बाद हाथ से खोदाई कराने का फैसला किया गया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें