फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haldwani Violence Live: हल्द्वानी में बवाल के बाद रामनगर में धारा-144 लागू, इंटरनेट सेवा भी की बंद

Fri, 09 Feb 2024 07:52 PM IST
रेनू सकलानी अमर उजाला ब्यूरो , देहरादून

खास बातें

Uttarakhand Haldwani News Live Updates: हल्द्वानी के बनभूलपुरा में गुरुवार शाम को  अतिक्रमण हटाने को लेकर बवाल हो गया। जिसके बाद प्रशासन ने देर शाम उपद्रवियों के पैर में गोली मारने के आदेश जारी किए। इस दौरान छह लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। यहां पढ़ें पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:40 PM, 09-Feb-2024

रामनगर में भी आज बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, इंटरनेट बंद

हल्द्वानी में बवाल के बाद रामनगर में धारा 144 लागू कर दी गई है। शुक्रवार को रामनगर में स्थिति पर प्रशासन की पल-पल की नजर रही। शनिवार को स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे। इधर, शुक्रवार शाम इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गईं।

10:38 PM, 09-Feb-2024

हल्द्वानी में हिंसा के बाद नैनीताल में भी पुलिस चौकस

हल्द्वानी में हुई हिंसा का असर शुक्रवार को नैनीताल में भी देखने को मिला। जुम्मे की नमाज के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से मस्जिदों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रही। पुलिस शहर के हर क्षेत्र में नजर भी बनाए हुए है।

09:22 PM, 09-Feb-2024

गोली लगने से इन लोगों की हुई है मौत 

- फईम (26) मो. नासिर निवासी गांधीनगर
- शहनवाज (22) पुत्र शफीक अहमद निवासी आजाद नगर
- अनस (19) पुत्र नाहिद निवासी गफूरबस्ती
- जाहिद (45) पुत्र नूर मोहम्मद निवासी गफूरबस्ती
- प्रकाश कुमार (24) पुत्र श्यामदेव निवासी शहना गांव बाजपुर

विज्ञापन
09:18 PM, 09-Feb-2024

सीएम धामी ने पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह को दिया अपडेट

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात हुई आगजनी और पथराव की घटना में घायल पुलिस, पत्रकारों व अन्य लोगों का हाल जानने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार शाम खटीमा पहुंचे। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को बनभूलपुरा की घटना का अपडेट दिया।

07:52 PM, 09-Feb-2024

उपद्रवियों पर लगेगा एनएसए

डीजीपी अभिनव कुमार ने हल्द्वानी में हुई हिंसा की घटना का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों पर एनएसए लगाया जाएगा।

विज्ञापन
07:10 PM, 09-Feb-2024

अवैध कब्जे राज्य की डेमोग्राफी बदलने की साजिश: भट्ट

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हल्द्वानी में हुई हिंसा पर सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे कर माहौल खराब करने की मंशा रखने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के कब्जे राज्य की डेमोग्राफी बदलने की साजिश का हिस्सा हैं।

06:34 PM, 09-Feb-2024

करीब छह करोड़ के नुकसान की आशंका

हल्द्वानी हिंसा में नगर निगम को पांच करोड़ जबकि पुलिस को एक करोड़ से ज्यादा के नुकसान की आशंका है। 

06:30 PM, 09-Feb-2024

पांच हजार अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज, पांच हिरासत में

बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक पांच हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, चार लोगों को हिरासत में लिया है।

06:29 PM, 09-Feb-2024

इंटरनेट के बाद टीवी का प्रसारण भी रोका

हल्द्वानी में हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। वहीं, इसके साथ ही केबल टीवी का प्रसारण भी रोक दिया गया। 

06:08 PM, 09-Feb-2024

वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस बनभूलपुरा में हुई हिंसा के उपद्रवियों और पत्थरबाजों की पहचान मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।  एहतियात के तौर पर हलद्वानी में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

04:37 PM, 09-Feb-2024

सीएम धामी पहुंचे हल्द्वानी, कहा-किसी को बख्शा नहीं जाएगा

हिंसा की घटना के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे और यहां घायलों व पीड़ितों से कुशलक्षेम पूछी। साथ ही पुलिस अधिकारियों से इस मामले की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने का काम कोर्ट के आदेश पर पहले से हो रहा था। लेकिन यह हमला सुनियोजित था। जिस तरह से हमारी पुलिस पर हमला हुआ है। यह बहुत ही दुख की बात है। यह देवभूमि है। इन लोगों ने कानून तोड़ा है और देवभूमि की छवि को खराब करने का काम किया है। कई पत्रकारों को भी बुरी तरह से पीटा गया है। जिस तरह से उनकी हत्या का प्रयास हुआ है। जिन लोगों ने संपत्ति जलाई है। वीडियो फुटेज के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहां जो भी सामान एकत्रित किया गया था उस पर कार्रवाई होगी।

04:07 PM, 09-Feb-2024

सीएम पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी की घटना का लगातार संज्ञान ले रहे हैं। वहीं, शाम करीब चार बजे सीएम हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए हैं। 

03:55 PM, 09-Feb-2024

हालात का जायजा लेने पहुंचीं मुख्य सचिव और डीजीपी

हल्द्वानी हिंसा के बाद हालात का जायजा लेने के लिए उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और डीजीपी अभिनव कुमार मौके पर पहुंचे। कहा- हम लोग पहले पूरी स्थिति को अच्छे से अध्ययन करेंगे और फिर उसके क्या लीगल बिंदु है वो देखेंगे, सरकार के खिलाफ कोई भी कार्रवाई होगी तो जो भी उसमें दोषी होंगे उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। हम स्थिति का पूरा अध्ययन करने के बाद सीएम को विस्तृत जानकारी देंगे। दंगाइयों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। 

03:49 PM, 09-Feb-2024

राज्यपाल से मिले सीएम धामी

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को बनभूलपुरा की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी।

02:49 PM, 09-Feb-2024

हरीश रावत ने जताई चिंता

हल्द्वानी में आगजनी और हिंसा की घटना पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने चिंता व्यक्त की है। हरीश रावत ने कहा कि हल्द्वानी हमेशा से प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक रहा है, वहां पर ऐसी घटना का होना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे में अगर शांत हल्द्वानी उबाल मार रहा है तो फिर यह गहन चिंता का विषय है। हरीश रावत ने सभी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

02:09 PM, 09-Feb-2024

कोटद्वार में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर

हल्द्वानी की घटना के बाद कोटद्वार में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। हर संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। माहौल खराब ना हो इस पर भी पूरी निगाह रखी जा रही है। पौड़ी जिले के तमाम पुलिस स्टेशनों से थानों से फोर्स को कोटद्वार बुला लिया गया है।

01:23 PM, 09-Feb-2024

एक-एक दंगाई की पहचान कर कार्रवाई की जाए

सीएम धामी ने एडीजी कानून व्यवस्था और जिलाधिकारी नैनीताल को घटना के दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही कर क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आगजनी और पथराव करने वाले एक -एक दंगाई की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था  के साथ खिलवाड़ करने वालों  पर सख्त से सख्त करवाई की जाए।

12:55 PM, 09-Feb-2024

मुख्यमंत्री धामी ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में शान्ति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एडीजी कानून और व्यवस्था ए.पी अंशुमान को प्रभावित क्षेत्र में कैंप करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अवैध निर्माण को हटाए जाने के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों एवं कार्मिकों पर हुए हमले और क्षेत्र में अशान्ति फैलाने की घटना को सख्ती से लेते हुए अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त करवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलाधिकारी नैनीताल से निरंतर समन्वय बनाकर रखें ।

12:30 PM, 09-Feb-2024

पुलिस की लापरवाही की अलग से होगी जांच : भरने 

हल्द्वानी हिंसा पर पुलिस प्रवक्ता आईजी निलेश आनंद भरने ने कहा कि हिंसा में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है। कई लोगों को गिरफ़्तारी की गई है। पूरे प्रदेश में संवेदनशील इलाक़ों में भी भ्रमण करने के निर्देश दिए गए है।

11:56 AM, 09-Feb-2024

पैरामिलिट्री फोर्स ने संभाला हल्द्वानी में मोर्चा

भड़की हिंसा के बाद पैरामिलिट्री फोर्स ने हल्द्वानी में मोर्चा संभाला लिया है। छह जिलों से भारी फोर्स मंगाई गई है। वहीं पुलिस ने उपद्रवियों का चिह्नीकरण शुरू कर दिया है। कल तक सेना भी पहुंच जाएगी।

11:28 AM, 09-Feb-2024

अराजकर तत्वों ने दिया घटना को अंजाम

डीएम ने कहा कि पंद्रह-बीस दिन से हल्द्वानी में अलग-अलग जगहों पर और उससे पहले भी उच्च न्यायालय के आदेश पर भी अतिक्रमण पर कार्रवाई हुई हैं। सरकार द्वारा भी अवैध अतिक्रमण हटाए जाने के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स गठित की गई। सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के निर्देश दिए गए। सभी जगह विधिक रूप से कार्रवाई की गई है। सबकी बात सुनने के बाद हम आगे बढ़े। किसी विशेष संपत्ति को टारगेट करके नहीं किया गया। किसी को उकसाने की कोशिश नहीं की गई, लेकिन कुछ अराजकर तत्वों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया।

11:03 AM, 09-Feb-2024

डीएम ने की प्रेस कांफ्रेंस

हल्द्वानी में हुई हिंसा को लेकर जिलाधिकारी वंदना ने पत्रकारावार्ता में कहा कि कल तीन तरीके से हमला हुआ था। पहले पत्थरबाजी की गई। फिर पेट्रोल पंप जलाया और फिर थाना फूंका गया। हमारी कल भी सुरक्षा व्यवस्था पूरी थी। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम की टीम जहां थाना फूंका गया वहां सफाई करने गई है। सुरक्षा व्यवस्था पूरी की गई है।

10:11 AM, 09-Feb-2024

उठ रहा सवाल... कार्रवाई से पहले सर्वे क्यों नहीं 
मलिक का बगीचा में बने अवैध मदरसे और धर्म स्थल को तोड़ने के लिए नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की टीम क्षेत्र में बिना हवाई सर्वे के ही घुस गई। बीते चार फरवरी के विरोध के बावजूद पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीम ने मामले को हल्के में ले लिया। कई मौकों पर ड्रोन से निगरानी करने वाले पुलिस प्रशासन कार्रवाई से पहले हवाई सर्वे तक नहीं करा पाया।

09:53 AM, 09-Feb-2024

संवेदनशील जगहों पर बढ़ाई गश्त 
बवाल के बाद पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। जिले में मिश्रित आबादी वाले थाना क्षेत्रों में संवेदनशील जगहों पर गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही दो कंपनी, दो प्लाटून पीएसी को हल्द्वानी भेजा गया है।ध्वस्तीकरण वाले नोटिस पर रोक पर सुनवाई 14 को मलिक का बगीचा और अच्छन का बगीचा क्षेत्र में अतिक्रमण के ध्वस्तीकरण वाले नोटिस पर रोक लगाने संबंधी याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई 14 फरवरी को होगी। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित ने मामले की सुनवाई की।

09:43 AM, 09-Feb-2024

दूसरे जिलों से आई पुलिस को नहीं था हालात का अंदाजा
बनभूलपुरा की तंग गलियों में उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए अंदर घुस रही पुलिस फोर्स उनके ही जाल में फंसती नजर आई। घरों की छतों से पुलिसकर्मियों पर लगातार पथराव होता रहा। बमुश्किल गलियों से बचते-बचाते पुलिसकर्मी किसी तरह मुख्य सड़क पर आ सके। जानकारों की मानें तो बनभूलपुरा में भेजी गई पुलिस फोर्स दूसरे जिलों या अन्य थानों से आई थी जिन्हें इस इलाके का अंदाजा तक नहीं था। अधिकारियों के आदेश का पालन पूरा करने के लिए फोर्स अंदर तो घुस गई, लेकिन वह चक्रव्यूह में फंस गई, जिस कारण जान भी सांसत में आ गई।


09:30 AM, 09-Feb-2024

वाटर कैनन और हवाई फायरिंग से भी नहीं रुके
बलभूलपुरा क्षेत्र में आग बुझाने पहुंची दमकल विभाग के वाहन को देखते ही उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने वाटर कैनन गन से उपद्रवियों पर पानी की बौछार कर उन्हें रोकने की कोशिश की। मगर, पथराव कम होने की बजाय बढ़ गया।

09:27 AM, 09-Feb-2024

350 से अधिक बार हुई हवाई फायरिंग 
मलिक के बगीचे के चारों ओर से पथराव में फंसने के बाद किसी तरह पुलिस फोर्स यहां से निकलकर मुख्य सड़क पर पहुंच सकी। मगर यहां भी बनभूलपुरा थाने को आग के हवाले कर दिया गया था। आग बुझाने पहुंचे दमकल वाहन को भी उपद्रवियों ने आग लगा दी। जिसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों को तितर बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की। इस दौरान एके 47, एसएलआर और पिस्टल से पुलिस ने करीब सैकड़ों राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद भी पथराव होने पर पैरों में गोली मारी जाने लगी। जानकारी के अनुसार उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस टीम ने 350 राउंड से अधिक बार फायरिंग की। जिसके बाद लोग मौके से इधर उधर होने लगे।

06:58 PM, 08-Feb-2024

कब क्या हुआ
  • 3:00 बजे अतिक्रमण हटाने के लिए बनभूलपुरा थाने के पास टीमें जुटने लगी।
  • 4: 23 बजे टीम पुलिस फोर्स के साथ रवाना हुई।
  • 4: 30 बजे टीम मलिक के बगीचे में पहुंची।
  • 4: 40 बजे लोग अतिक्रमण स्थल पर जुटने लगे।
  • 4: 42 पर लोगों ने विरोध शुरू किया।
  • 4: 44 पर लोगों ने पुलिस द्वारा लगाई बैरिकेटिंग हटाना शुरू कर दिया। 
  • 4: 51 पर अराजक तत्त्वों ने जेसीबी रोकी।
  • 4: 55 पर हंगामा शुरू हुआ और पत्थर बाजी हुई।
  • 5: 17 बजे अतिक्रमण तोड़न की कार्रवाई शरू की।
  • 5: 20 पर लोगों ने जेसीबी तोड़ी।
  • 5: 24 पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आसू गैस के गोले दागे।
  • 5: 35 पर उपद्रवियों ने वाहनों में आग लगाई।
  • 5: 54 पर पुलिसकर्मी घायल हुए।
  • 6: 30 बजे उपद्रवियों ने थाना फूंका। 
  • 7:00 बजे घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल भेजा।
  • 7:30 पर सीएम ने बैठकर कर उपद्रवियों को गोली मारने के आदेश दिए। 
  • 7:48 पर शहर में कर्फ्यू का आदेश जारी हुआ। 
  • 7:55 पर उधमसिंह नगर से और फोर्स हल्द्वानी पहुंची। 

06:32 PM, 08-Feb-2024

Haldwani Violence Live: हल्द्वानी में बवाल के बाद रामनगर में धारा-144 लागू, इंटरनेट सेवा भी की बंद

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में मलिक के बगीचे में अवैध मदरसा और धर्मस्थल ढहाने गई पुलिस और प्रशासन की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। पथराव में सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह रामनगर कोतवाल समय 300 से अधिक पुलिसकर्मी और निगम कर्मी घायल हो गए।



उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाना भी फूंक दिया। पुलिस की जीप जेसीबी दमकल की गाड़ी समेत कई दुपहिया वाहन फूंक दिए गए। आंसू गैस के गोले दागने और लाठी चार्ज के बाद भी जब हालात काबू में नहीं आए तो सबसे पहले अधिकारी जान बचाने के लिए मौके से भाग गए। पुलिस व निगम टीम जैसे तैसे वहां से निकली। प्रशासन ने उपद्रवियों को देखते ही पैर में गोली मारने के आदेश दिए। पिता पुत्र समेत छह लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया।

पुलिस की जीप समेत कई वाहनों में आग लगाई
पुलिस सुरक्षा में नगर निगम की टीम बृहस्पतिवार शाम करीब 4:00 बजे मलिक के बगीचे में बने अवैध मदरसे व धर्म स्थल को ढहाने के लिए पहुंची थी। जेसीबी जैसे ही अवैध धर्मस्थल की ओर बड़ी आसापास के लोग भड़क गए और पथराव कर दिया। पुलिस और निगम की टीम तीनों ओर से घिर गई।

पथराव के बीच लोगों ने जेसीबी तोड़ दी और पुलिस की जीप समेत कई वाहनों में आग लगा दी। पथराव में 150 के करीब पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया। लेकिन छतों से हो रहे पथराव के बीच पुलिस कर्मियों के लिए मुश्किल हो रही थी। पुलिस अंदर ना आ पाए इसके लिए उपद्रवियों ने गलियों के आगे टायर जलाकर रास्ता रोक दिया। पुलिस उपद्रवियों से निपट ही रही थी तभी दूसरी ओर कुछ लोगों ने बनभूलपुरा थाना फूंक दिया। अफसरों के वहां से निकलने से नेतृत्वविहीन हुई पुलिस व निगम की टीम वहां से किसी तरह बचते बचाते हुए निकली।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें