फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat By Election Live Update:  मुख्यमंत्री धामी ने किया जनता से विकास का वादा, कहा- मैं आपके हर सुख-दुख में खड़ा रहूंगा

Mon, 09 May 2022 04:03 PM IST
रेनू सकलानी संवाद न्यूज एजेंसी, चंपावत

खास बातें

उत्तराखंड में चंपावत उपचुनाव सियासी केंद्र बना हुआ है। आज पार्टी के तमाम दिग्गजों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नामांकन कराया। चंपावत में 31 मई को उपचुनाव होना है और तीन जून को नतीजा आएगा। सीएम के सामने कांग्रेस ने महिला प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को मैदान में उतारा है। बता दें, कि धामी को सीएम की कुर्सी पर बने रहने के लिए उपचुनाव जीतना जरूरी है। वह खटीमा से विधानसभा चुनाव हार गए थे। यहां पढ़ें नामांकन के पल-पल के अपडेट...
विज्ञापन
सीएम धामी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:23 PM, 09-May-2022

सीएम ने किया चंपावत के लोगों से विकास का वादा

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत की जनता से विकास का वादा किया। उन्होंने पहाड़ी में कहा कि 'मैं तुमर चेल छू तुमुल ख्याल रखना छ यांक लोग सब लोग की मदद करनान मैं तुमर हर सुख दुख में काम उन। तुमर धन्यवाद करनहन शब्द नहोनी। अब सब तुम्हारे हाथ में छ। इसी के साथ सीएम ने अपना संबोधन खत्म किया। इन पक्तियों में सीएम ने जनता से कहा कि मैं आप सब के साथ हूं। आप सभी अपना ख्याल रखें। मैं आपके सुख-दुख में खड़ा रहूंगा। अब सब आपके हाथ में है। इसी के साथ सीएम की जनसभा भी खत्म हुई। सीएम सहित पार्टी के सभी नेता सर्किट हाउस चले गए है। 

 

03:08 PM, 09-May-2022

सीएम धामी बोले - क्षेत्र की हर समस्या से वाकिफ

इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में कहा  था कि क्षेत्र की हर समस्या से वाकिफ हूं। शारदा सागर क्षेत्र में आने वाले सातों गांवों को जलभराव और जमीन संबंधी समस्या का जल्द ही निस्तारण किया जाएगा। रविवार को तराई नगरा गांव स्थित अपने आवास पर जन समस्याएं सुनते सीएम ने कहा था कि खटीमा की जनता के बल पर ही आज वह प्रदेश के मुखिया बने हैं। खटीमा के विकास कार्यों पर पूरी नजर बनी हुई है।

02:50 PM, 09-May-2022

जनता का किया आभार व्यक्त

सीएम धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो प्यार और आशीर्वाद मुझे जनता से मिला है वह अभूतपूर्व है। मुझे यकीन है कि आगे भी जनता से मुझे यह प्यार मिलता रहेगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हित में अहम फैसले ले रही है। जनता को इसका लाभ मिले इसके भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। 

विज्ञापन
02:42 PM, 09-May-2022

सीएम ने कहा- गोलज्यू सर्किट को किया जाएगा विकसित

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंपावत गुरु गोरखनाथ की भूमि है। उन्होंने बताया कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान कहा था कि वह चंपावत गुरु गोरखनाथ के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि गोलज्यू सर्किट को विकसित किया जाएगा। 

02:26 PM, 09-May-2022

चंपावत पिथौरागढ़ और मैदान को जोड़ने का काम करेगा : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि चंपावत पिथौरागढ़ और मैदान को जोड़ने का काम करेगा। सीएम ने कहा कि जब मेरा परिवार डीडीहाट से खटीमा जाता था तो बीच में चंपावत पड़ता था। मेरी मां कहती थी कि चंपावत के लोग बहुत ही अच्छे हैं और व्यवहारिक होते हैं। विधायक कैलाश गहतोड़ी यह साबित किया है। उन्होंने कहा कि चंपावत के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोडूंगा।

विज्ञापन
02:19 PM, 09-May-2022

उपचुनाव में कांग्रेस हताश : मदन कौशिक

जनता को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि चंपावत के उपचुनाव में कांग्रेस हताश है। उनकी घबराहट से साफ लग रहा है कि कांग्रेस ने हार मान ली है। यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इस कदर डरी हुई है कि उसने अपने दूसरे नंबर के प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। उपचुनाव में प्रदेश में नया इतिहास रचा जाएगा। 

02:07 PM, 09-May-2022

अलग अंदाज में दिखे सीएम धामी

चंपावत उपचुनाव के नामांकन से लेकर जनसभा तक सीएम पुष्कर सिंह धामी का आज अलग ही अंदाज नजर आया। सीएम धामी के साथ ही उनके समर्थकों का उत्साह भी हाई दिखा। रोड शो के जरिए जहां उन्होंने शक्ति प्रदर्शन किया, वहीं जनसभा में उमड़ी भीड़ देखकर वह गदगद नजर आए। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया। 
 

02:00 PM, 09-May-2022

चंपावत की जनता विधायक नहीं सीएम चुनने जा रही : गणेश जोशी

जनसभा को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि चंपावत की जनता विधायक नहीं सीएम चुनने जा रही है। जोशी ने कहा कि मैंने सीएम धामी के सामने मसूरी से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उन्होंने गोलू देवता की पावन धरती को चुना। उन्होंने  कहा कि यह चुनाव उत्तराखंड के विकास का है।

01:39 PM, 09-May-2022

चंपावत के विकास के लिए सीएम धामी पर करें भरोसा: दुष्यंत गौतम

जनसभा में उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि चंपावत के विकास के लिए यहां के लोगों को सीएम पुष्कर सिंह धामी को जिताना होगा। कहा कि धामी प्रदेश के विकास के लिए बेहतर काम कर रहे हैं। वह इसी तरह यहां के विकास के लिए काम करते रहेंगे, लेकिन यहां की जनता को इस बार उनका साथ देना होगा। 

01:34 PM, 09-May-2022

सबसे अधिक वोटों के अंतर से उपचुनाव जीतने का रिकॉर्ड बहुगुणा के नाम

सबसे अधिक वोटों के अंतर से उपचुनाव जीतने का रिकॉर्ड मुख्यमंत्री के तौर पर विजय बहुगुणा का है। 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने रामनगर विस से चुनाव  जीता था। उन्होंने भाजपा के राम सिंह को 9693 वोटों के अंतर से हराया था। 2007 में भाजपा की सरकार बनीं तो जनरल बीसी खंडूड़ी ने धुमाकोट से उपचुनाव लड़ा। खंडूड़ी के कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह नेगी को 14171 मतों के अंतर से हराया। 2012 में कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा सिंतारगंज विस सीट से उपचुनाव लड़े। भाजपा ने उनके खिलाफ प्रकाश पंत को मैदान में उतारा। बहुगुणा ने यह चुनाव 40154 वोटों के अंतर से जीता। 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने धारचूला से उपचुनाव लड़ा। भाजपा ने उनकी टक्कर भानु दत्त को मैदान में उतारा। रावत  20600 वोटों के अंतर से चुनाव जीते।

01:23 PM, 09-May-2022

जीत के साथ वोटों के अंतर का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने पांच साल मुख्यमंत्री बने रहने के लिए चुनाव जीतना ही पहला और आखिरी विकल्प है। साथ ही उन पर अब तक उपचुनाव जीते मुख्यमंत्रियों के वोटों के अंतर का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती का दबाव भी रहेगा। उत्तराखंड में मुख्यमंत्रियों के उपचुनाव का इतिहास जीत का रहा है।

01:05 PM, 09-May-2022

मंच पर पहुंचे भाजपा के दिग्गज, जनसभा में उमड़ी भीड़

नामांकन दाखिल करने के बाद सीएम धामी जनसभा के लिए पहुंच गए हैं। वहीं भाजपा के दिग्गज नेता भी जनसभा के लिए मंच पर पहुंच गए हैं। यहां कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनसभा की भीड़ देखकर सीएम सहित सभी नेता गदगद हैं। मंच पर पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, डॉ रमेश पोखरियाल निंशक, अजय भट्ट सहित तमाम नेता मौजूद हैं। 

12:55 PM, 09-May-2022

कार्यकर्ताओं का उमड़ा हुजूम

सीएम पुष्कर सिंह धामी के नामांकन के दौरान चंपावत मोटर स्टेशन पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा। इस दौरान यहां मौजूद कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने लोगों से मुलाकात कर सीएम धामी को उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील की। कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए सीएम धामी की जीत जरूरी है।  

12:45 PM, 09-May-2022

नामांकन दाखिल करने के बाद सीएम ने किया ट्वीट

नामांकन दाखिल करने के बाद सीएम धामी ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा कि जय मां पूर्णागिरी, जय माां शारदा, जय श्री गोल्ज्यू देवता ! समस्त देवी-देवताओं के आशीर्वाद से मैं चंपावत की देवतुल्य जनता की सेवा करने के लिए तैयार हूं। विधानसभा उप चुनाव को लेकर नामांकन कराने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित समय से पहले ही बनबसा पहुंच गए थे। उन्होंने 12 बजे नामांकन कराया।
 

12:40 PM, 09-May-2022

राज्य में मुख्यमंत्रियों के उपचुनावों का इतिहास

राज्य में मुख्यमंत्रियों के उपचुनावों का इतिहास जीत का रहा है, लेकिन विधानसभा चुनाव में पराजय के घाव सहला रही कांग्रेस उपचुनाव की जंग पूरी शिद्दत के साथ लड़ना चाहती है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा कहते हैं, हम चुनाव जीतने के लिए लड़ेंगे और पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे। 

12:31 PM, 09-May-2022

इनके सामने भी रही है उपचुनाव की चुनौती

उत्तराखंड में एनडी तिवारी, बीसी खंडूड़ी, विजय बहुगुणा और हरीश रावत के सामने उपचुनाव की चुनौती आई। अब सीएम धामी के सामने यह चुनौती है। चंपावत का समर मुख्यमंत्री धामी के लिए ही अग्नि परीक्षा से गुजरना नहीं होगा बल्कि इस इम्तिहान से कांग्रेस के तीन क्षत्रप भी गुजरेंगे।

12:16 PM, 09-May-2022

गोलज्यू मंदिर जा सकते हैं सीएम धामी

चंपावत उपचुनाव के लिए सीए्म धामी ने अपना नामांकन करा दिया है। सीए्म के नामांकन करने ही उनके समर्थक जोर शोर से नारेबाजी करने लगे। सीएम धामी ने यहां सभी कार्यकर्ताओें से मुलाकात की। साथ ही वह लोगों से भी मिल रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार सीएम गोलज्यू मंदिर जा सकते हैं। उसके बाद चंपावत स्टेशन में सभा को संबोधित करेंगे।

12:01 PM, 09-May-2022

मुख्यमंत्री धामी के खिलाफ सपा ने मनोज भट्ट को मैदान में उतारा

चंपावत उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने मनोज भट्ट उर्फ ललित मोहन भट्ट को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ मैदान में उतारा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके नाम पर मुहर लगाई।

11:36 AM, 09-May-2022

मेगा रोड शो के बाद करेंगे जनसभा

90 किमी लंबा रोड शो करने के बाद सीएम धामी चंपावत पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी सहित कई समर्थक मौजूद रहे। यहां पहुंचते ही सीएम धामी ने अपना नामांकन कराया। उन्हें एक बजे नामांकन करना था, लेकिन रोड शो करने के बाद वह सीधे नामांकन के लिए पहुंचे। 

11:30 AM, 09-May-2022

पहला राजनीतिक दौरा भी चंपावत का ही किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी चुनावी राह को आसान बनाने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही उनकी नजर अपने उपचुनाव की तैयारी पर है। इसी रणनीति के तहत उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपना पहला राजनीतिक दौरा भी चंपावत का ही किया। उनके इस दौरे से ही सियासी हलकों में उनके चंपावत से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं। 

11:13 AM, 09-May-2022

मोहरे फिट करने में जुटी भाजपा

चंपावत उपचुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा समर में अपने मोहरे फिट करने में जुटी है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार चंपावत का कहना है कि पार्टी उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और मुख्यमंत्री रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतेंगे। 

11:07 AM, 09-May-2022

चंपावत में सीएम धामी की सक्रियता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपचुनाव में अपनी जीत को लेकर आश्वस नजर आ रहे हैं। सीएम धामी का काफिला कुछ ही देर में नामांकन स्थल पहुंचेगा। इसी बीच वह लोगों से जनसंपर्क भी कर रहे हैं। बता दें, सीएम धामी इससे पहले यहां रोड शो कर चुके हैं। उपचुनाव की तिथि घोषित होने के बाद से सीएम इस क्षेत्र में सक्रिय हो गए थे। 

10:58 AM, 09-May-2022

चंपावत में भाजपा दिग्गजों का जमावड़ा

बस कुछ ही घंटे बाद सीएम धामी उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। भाजपा के दिग्गज नेता रविवार से ही चंपावत में डेरा जमाए हुए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक रविवार को ही चंपावत के लिए रवाना हो गए थे। पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री भी मुख्यमंत्री के नामांकन के लिए पहुंचे हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी रविवार को ही चंपावत के लिए रवाना हो थे। 

10:47 AM, 09-May-2022

उपचुनाव को भाजपा हल्के में नहीं लेगी

चंपावत विधानसभा उपचुनाव को भाजपा हल्के में नहीं लेगी। पार्टी इस चुनाव में जीत का नया रिकॉर्ड बनाना चाह रही है। इसलिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने प्रतिद्वंद्वी दलों के प्रत्याशी चाहे जैसे भी हों, पार्टी पूरी गंभीरता के साथ चुनाव लड़ेगी।

10:36 AM, 09-May-2022

सीएम धामी की हार का खटीमा के लोगों ने किया प्रायश्चित

उपचुनाव के लिए नामांकन करने जा रहे सीएम पुष्कर सिंह धामी का खटीमा में लोगों ने स्वागत किया। सीएम धामी के अपने ही गृह क्षेत्र में विधानसभा चुनाव में हार से निराश होकर दो दिन पहले खटीमा के सात गांवों के ग्रामीणों ने खुद को जिम्मेदार मानते हुए उप शारदा नहर 22 पुल पर सामूहिक रूप से सांकेतिक जल समाधि ली थी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुषों ने मुख्यमंत्री धामी की हार पर प्रायश्चित किया और सीएम धामी के विकास कार्यों पर भरोसा जताया।

10:25 AM, 09-May-2022

प्रदेश में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

प्रदेश में इन दिनों राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। चंपावत सीट पर लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने वाले कैलाश गहतोड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए यह सीट छोड़ी थी। चंपावत सीट पर भाजपा ने लगातार दो बार चुनाव जीता। भाजपा के मीडिया प्रभारी मोहन अधिकारी ने दावा किया कि इस सीट पर भाजपा रिकॉर्ड जीत दर्ज करते हुए सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त करेगी। 

10:20 AM, 09-May-2022

96016 वोटर करेंगे भाग्य का फैसला

31 मई को होने वाले उपचुनाव में 96016 वोटर 151 बूथों में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एनएस मेहरा का कहना है कि चंपावत सीट में 50057 पुरुष और 45959 महिला मतदाता हैं। 

10:08 AM, 09-May-2022

सीएम धामी के सामने कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी

चंपावत उपचुनाव में सीएम धामी को घेरने के लिए कांग्रेस भी तैयार है। लंबी माथापच्ची के बाद कांग्रेस ने चंपावत विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशी का चेहरा घोषित कर किया था। चंपावत सीट से निर्मला गहतोड़ी सीएम पुष्कर सिंह धामी के सामने खड़ी हैं। चार मई को उपचुनाव की अधिसूचना जारी हो हुई थी और नामांकन पत्र भी लिए जाने लगे थे, लेकिन कांग्रेस किस चेहरे पर उपचुनाव में दांव लगाएगी, इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ पाया था। इसके बाद निर्मला गहतोड़ी को मैदान में उतारकर कांग्रेस ने अपने पत्ते खोले। 

09:58 AM, 09-May-2022

नामांकन से पहले गंगा पूजन

नामांकन से पहले सीएम धामी ने पत्नी संग गंगा पूजन किया था। उन्होंने मां गंगा से जीत का आशीर्वाद लिया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंपावत उपचुनाव सबको साथ लेकर लड़ा जाएगा। क़हा कि लोगों का प्यार, आशीर्वाद उनके साथ है। उपचुनाव में जनता उनके साथ खड़ी है।  

09:44 AM, 09-May-2022

सीएम धामी का जगह-जगह स्वागत, पत्नी ने लगाया विजय तिलक

नामांकन से पहले सीएम धामी का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। सबसे पहले सीएम की पत्नी ने उन्हें विजय तिलक लगाया। वहीं चंपावत बनबसा में विधायक रेखा आर्य ने सीएम का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज बेहद महत्वपूर्ण दिन है। हम सभी उत्साहित हैं। रेखा आर्य के अलावा पार्टी के नेताओं ने कहा कि चंपावत में सीएम धामी की ऐतिहासिक जीत होगी। 

09:40 AM, 09-May-2022

चंपावत में मंत्री व पदाधिकारियों ने संभाला मोर्चा

चंपावत के चुनावी समर में सरकार के सभी मंत्री और पार्टी के पदाधिकारी मोर्चा संभाले हुए हैं। पार्टी चंपावत उपचुनाव के लिए अलग से रणनीति बना रही है। पिछले दिनों राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की बैठक में चंपावत उपचुनाव के लिए एक टीम का एलान कर दिया गया था। पार्टी ने इस सीट पर कमजोर बूथों पर काम शुरू किया। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है।

09:26 AM, 09-May-2022

सीएम ने टनकपुर में जनता का अभिवादन स्वीकारा

सीएम धामी के स्वागत के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। सड़क मार्ग से जाते वक्त सीएम ने टनकपुर में जनता का अभिवादन स्वीकारा। सीएम का काफिला खटीमा से बनबसा और टनकपुर होते हुए चंपावत पहुंचा है। इस दौरान भारी संख्या में उनके समर्थक पहुंचे हैं। 

09:19 AM, 09-May-2022

चंपावत में सीएम धामी का शक्ति प्रदर्शन

उपचुनाव में नामांकन से पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी के दिगग्ज नेताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। इसके बाद सीएम धामी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जनसंपर्क कर लोगों से वोट की अपील भी सीएम करेंगे। सीएम धामी के नामांकन के लिए पार्टी के तमाम दिग्गज एक दिन पहले ही यहां डेरा डाल चुके थे। उपचुनाव को पार्टी किसी भी तरह हल्के में नहीं लेना चाहती है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। 

09:05 AM, 09-May-2022

आवाजाही वाले मुख्य बिंदु 

चंपावत मुख्य बाजार में सभी व्यावसायिक और परिवहन व्यावसायिक-परिवहन संबंधी वाहनों पर प्रतिबंध।
पिथौरागढ़ और लोहाघाट क्षेत्र से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को लोहाघाट-देवीधुरा मार्ग से भेजा जा रहा।
टनकपुर से पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को कापड़ी तिराहा पुलिस लाइन के पास से जीआईसी रोड बाईपास से भेजा जा रहा। 
पिथौरागढ़-लोहाघाट से टनकपुर जाने वाले वाहनों को छतार-भैरवा तिराहा, ललुवापानी रोड से टनकपुर से रवाना।
टनकपुर-बनबसा से आने वाले वाहनों की पार्किंग गोरलचौड़ मैदान चंपावत में रहेगी। 
पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, लोहाघाट क्षेत्र से आने वाले वाहनों की पार्किंग होटल सी-हॉक के पास बने मैदान में की जाएगी।

07:50 AM, 09-May-2022

चंपावत उपचुनाव लाइव अपडेट: मुख्यमंत्री धामी ने किया जनता से विकास का वादा, कहा- मैं आपके हर सुख-दुख में खड़ा रहूंगा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विधानसभा की चंपावत सीट से नामांकन कराया। नामांकन में उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्या समेत कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी नामांकन के लिए चंपावत पहुंच गए हैं। इससे पहले उन्होंने बनबसा, टनकपुर में रोड शो किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने बताया कि चंपावत के स्टेशन बाजार में जनसभा होगी। सीएम के कार्यक्रम के चलते  स्टेशन से बसों की आवाजाही बंद की गई है। वहीं एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रोडवेज स्टेशन में वीआईपी पार्किंग होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नामांकन कार्यक्रम के कारण यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। रोडवेज का लोहाघाट डिपो सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चंपावत से बसों का संचालन नहीं करेगा। एजीएम नरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि अगर यात्री होंगे, तो शाम चार बजे बाद बस सेवा संचालित की जाएगी। दिल्ली और देहरादून की ओर जाने वाली बसों का संचालन नहीं होगा। इन जगहों के यात्रियों को देवीधुरा होकर हल्द्वानी तक ले जाया जाएगा। एजीएम ने बताया कि दिल्ली और देहरादून से आने वाली लोहाघाट डिपो की बसों के यात्रियों को टनकपुर से छोटी बसों से लोहाघाट तक लाया जाएगा। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें