सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत उपचुनाव को लेकर कहा कि यह अब पार्टी के बारे में नहीं है, बल्कि विकास के बारे में है। लोग बड़ी संख्या में विकास के लिए मतदान कर रहे हैं। इस बार वोटिंग प्रतिशत बहुत ज्यादा होगा। शत-प्रतिशत मतदाता के साथ इस चुनाव के ऐतिहासिक परिणाम होंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी ने चंपावत उपचुनाव में उनके एजेंटों को धमकाने का आरोप लगाया है। बाहरी विधायकों और बीजेपी नेताओं के चंपावत में चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाते वह कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गई हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे मतदान में खलल पैदा किया जा रहा है।
चंपावत विधानसभा उपचुनाव में दोपहर एक बजे तक 45.90 प्रतिशत मतदान हुआ। बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी है। चुनाव कार्यालय के अनुसार चंपावत विधानसभा उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 33.96 फीसदी मतदान हुआ है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ था। मतदान के शुरुआती दो घंटे में 18 प्रतिशत वोट पड़े। बूथों पर मतदान के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
चंपावत चुनाव में सीएम धामी के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि चंपावत अब उत्तराखंड के विकास का नेतृत्व करेगा। उपचुनाव के लिए 31 मई को हो रहे मतदान में चंपावत के नागरिक सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री को चुनेंगे।
चंपावत विधानसभा के सबसे बड़े बूथ कुलेठी में नौ बजे तक 14.06 प्रतिशत मतदान हुआ। बूथ पर महिलाओं की लंबी कतार लगी है। चंपावत उपचुनाव के 96213 भाग्यविधाता है। इनमें 50171 पुरुष और 46042 महिला वोटर शामिल हैं।