पाकिस्तान ने विश्व कप के अपने पहले मैच में नीदरलैंड को 81 रन से हराकर बड़ी जीत हासिल की है। यह नीदरलैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में उसकी लगातार सातवीं जीत है। उसने अब तक एक भी मैच नहीं गंवाया है। अगर विश्व कप की बात करें तो पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच यह तीसरा मुकाबला था। हर पाकिस्तानी टीम को जीत मिली है।
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम 49 ओवर में 286 रन पर सिमट गई। जवाब में नीदरलैंड की टीम 41 ओवर में 205 रन पर ही ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए अर्धशतक लगाने वाले साऊद शकील को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बास डी लीडे और विक्रमजीत का अर्धशतक हुआ बेकार
नीदरलैंड के लिए पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। बास डी लीडे ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। उन्होंने 68 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। ओपनर विक्रमजीत सिंह ने 67 गेंद पर 52 रन बनाए। लोगन वान बीक 28 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। कॉलिन एकरमैन ने 17 और साकिब जुल्फिकार ने 10 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। हसन अली को दो सफलता मिली। शाहीन अफरीदी, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज ने एक-एक विकेट लिए।
शकील और रिजवान का अर्धशतक, डी लीडे ने लिए चार विकेट
इससे पहले पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील ने 68-68 रन बनाए। मोहम्मद नवाज ने 39 और शादाब खान ने 32 रन का योगदान दिया। हारिस रऊफ ने 16, इमाम उल हक ने 15, शाहीन अफरीदी ने नाबाद 13 और फखर जमान ने 12 रन बनाए। इफ्तिखार अहमद नौ और बाबर आजम पांच रन ही बना सके। हसन अली खाता भी नहीं खोल पाए। नीदरलैंड के लिए बास डी लीडे ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। कॉलिन एकरमैन को दो सफलता मिली। आर्यन दत्त, लोगन वान बीक और पॉल वान मिकेरेन ने एक-एक विकेट लिया।
नीदरलैंड को दोहरा झटका लगा है। उसके नौ बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। 36वें ओवर की आखिरी गेंद पर वान डर मर्वे के रूप में आठवां झटका लगा। मर्वे सात गेंद पर चार रन बनाकर रनआउट हो गए। उनके बाद 38वें ओवर की पहली गेंद पर आर्यन दत्त आउट हो गए। आर्यन दो गेंद पर एक रन ही बना सके। हसन अली ने उन्हें बोल्ड कर दिया। नीदरलैंड ने 38 ओवर में नौ विकेट पर 186 रन बना लिए हैं।
मोहम्मद नवाज ने पाकिस्तान को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे बास डी लीडे को आउट कर दिया। डी लीडे 68 गेंद पर 67 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। नीदरलैंड ने 34 ओवर में सात विकेट पर 165 रन बनाए हैं। लोगन वान बीक और वान डेर मर्वे क्रीज पर हैं।
शाहीन अफरीदी को मैच में पहली सफलता मिली। उन्होंने अपने छठे और पारी के 33वें ओवर की पहली गेंद पर साकिब जुल्फिकार को एलबीडब्ल्यू कर दिया। जुल्फिकार ने 18 गेंद पर 10 रन बनाए। नीदरलैंड ने 33 ओवर में छह विकेट पर 163 रन बना लिए हैं। बास डी लीडे 67 और वान डर मर्वे एक रन बनाकर नाबाद हैं। नीदरलैंड को जीत के लिए 17 ओवर में 124 रन बनाने हैं।
नीदरलैंड के बास डी लीडे ने शानदार अर्धशतक लगाया। विश्व कप में उनका यह पहला अर्धशतक है। नीदरलैंड 31 ओवर में पांच विकेट पर 152 रन बना लिए हैं। बास डी लीडे 62 रन बनाकर नाबाद हैं। साकिब जुल्फिकार पांच रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान को दोहरी सफलता हारिस रऊफ ने दिलाई। उन्होंने एक ही ओवर में दो बल्लेबाजों को आउट कर दिया। रऊफ ने 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर तेजा निदामानुरु को आउट किया। तेजा नौ गेंद पर पांच रन बनाकर फखर जमान को कैच थमा बैठे। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स खाता नहीं खोल पाए। वह दो गेंदों का सामना करने के बाद एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। नीदरलैंड का स्कोर 27 ओवर में पांच विकेट पर 133 रन है। बास डी लीडे 49 रन बनाकर नाबाद हैं। उनका साथ के लिए साकिब जुल्फिकार आए हैं।
शादाब खान ने पाकिस्तान को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 24वें ओवर की पांचवीं गेंद पर विक्रमजीत सिंह को आउट कर दिया। विक्रमजीत छक्का लगाने के प्रयास में फखर जमान को कैच थमा बैठे। उन्होंने आउट होने से पहले अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। विक्रमजीत ने 67 गेंद पर 52 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। नीदरलैंड ने 24 ओवर में तीन विकेट पर 120 रन बना लिए हैं। बास डी लीडे 41 रन बनाकर नाबाद हैं। उनका साथ देने के लिए तेजा निदामानुरु आए हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ नीदरलैंड के बल्लेबाजों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। उसने 22 ओवर में दो विकेट पर 108 रन बना लिए हैं। विक्रमजीत सिंह और बास डी लीडे ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर ली है। विक्रमजीत सिंह 46 और बास डी लीडे 35 रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान को दूसरी सफलता इफ्तिखार अहमद ने दिलाई। उन्होंने 12वें ओवर की पहली गेंद पर कॉलिन एकरमैन को क्लीन बोल्ड कर दिया। एकरमैन ने 21 गेंद पर 17 रन बनाए। नीदरलैंड ने 14 ओवर में दो विकेट पर 58 रन बना लिए हैं। विक्रमजीत सिंह 42 गेंद पर 27 और वास डी लीडे नौ गेंद पर पांच रन बनाकर नाबाद हैं।
नीदरलैंड मे पाकिस्तान के खिलाफ 287 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मजबूत शुरुआत की है। उसने 10 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 47 रन बना लिए हैं। विक्रमजीत सिंह 23 और कॉलिन एकरमैन 15 रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान को पहली सफलता हसन अली ने दिलाई। उन्होंने छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर मैक्स ओडाड को आउट कर दिया। मैक्स ओडाड 12 गेंद पर पांच रन बनाकर शाहीन अफरीदी को कैच थमा दिया। नीदरलैंड ने सात ओवर में एक विकेट पर 30 रन बना लिए हैं। विक्रमजीत सिंह 22 और कॉलिन एकरमैन एक रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ नीदरलैंड की पारी शुरू हो गई है। उसके लिए विक्रमजीत सिंह और मैक्स ओडाड ने पारी की शुरुआत की है। नीदरलैंड ने तीन ओवर में बिना किसी नुकसान के 15 रन बना लिए हैं। विक्रमजीत ने 13 और ओडाड ने एक रन बनाए हैं।
पाकिस्तान की टीम नीदरलैंड के खिलाफ 49 ओवर में 286 रन पर ऑलआउट हो गई। उसके लिए मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील ने 68-68 रन बनाए। मोहम्मद नवाज ने 39 और शादाब खान ने 32 रन का योगदान दिया। हारिस रऊफ ने 16, इमाम उल हक ने 15, शाहीन अफरीदी ने नाबाद 13 और फखर जमान ने 12 रन बनाए। इफ्तिखार अहमद नौ और बाबर आजम पांच रन ही बना सके। हसन अली खाता भी नहीं खोल पाए। नीदरलैंड के लिए बास डी लीडे ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। कॉलिन एकरमैन को दो सफलता मिली। आर्यन दत्त, लोगन वान बीक और पॉल वान मिकेरेन ने एक-एक विकेट लिया।
नीदरलैंड को नौवीं सफलता रन आउट के रूप में मिली। एकरमैन ने मोहम्मद नवाज को रन आउट कर दिया। नवाज 43 गेंद पर 39 रन बनाए। पाकिस्तान ने 47 ओवर में नौ विकेट पर 267 रन बना लिए हैं।
पाकिस्तान को सातवां झटका शादाब खान के रूप में लगा। वह 44वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गए। शादाब 34 गेंद पर 32 रन बनाए। उन्हें बास डी लीडे ने क्लीन बोल्ड कर दिया। लीडे ने अगली ही गेंद पर हसन अली को एलबीडब्ल्यू कर दिया। हसन खाता भी नहीं खोल पाए। पाकिस्तान ने 44 ओवर में आठ विकेट पर 252 रन बना लिए हैं। मोहम्मद नवाज 35 और शाहीन अफरीदी खाता खोले बगैर नाबाद हैं।
पाकिस्तान की टीम ने 41 ओवर में छह विकेट पर 233 रन बना लिए हैं। शादाब खान 25 और मोहम्मद नवाज 23 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी कर ली है।
पाकिस्तान को छठा झटका भी बास डी लीडे ने ही दिया। उन्होंने 32वें ओवर की आखिरी गेंद पर इफ्तिखार अहमद को आउट कर दिया। इफ्तिखार नौ गेंद पर 11 रन बनाकर विकेटकीपर स्कॉट एडवर्ड्स को कैच थमा बैठे। इसी ओवर में बास डी लीडे ने रिजवान को आउट किया था। पाकिस्तान ने 32 ओवर में छह विकेट पर 188 रन बना लिए हैं।
पाकिस्तान को 158 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। सऊद शकील 52 गेंदों में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने चौथे विकेट के लिए मोहम्मद रिजवान के साथ 120 रन की साझेदारी निभाई। वहीं, 182 के स्कोर पर पाकिस्तान को पांचवां झटका लगा। रिजवान 75 गेंदों में आठ चौके की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए।
पाकिस्तान की टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ वापसी कर ली है। उसने 26 ओवर में तीन विकेट पर 148 रन बना लिए हैं। मोहम्मद रिजवान और साउद शकील के अर्धशतक हो गए हैं। शकील 44 गेंद पर 60 और रिजवान 60 गेंद पर 51 रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान के 100 रन पूरे हो गए हैं। उसने शुरुआती झटकों से खुद को संभाला है। मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी कर ली है। पाकिस्तान ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। रिजवान 38 और शकील 28 रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान को तीसरा झटका इमाम उल हक के रूप में लगा। पॉल वान मिकेरेन ने इमाम अल हक को आउट कर दिया। इमाम 19 गेंद पर 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मिकेरेन की गेंद पर आर्यन दत्त ने उनका कैच लिया। पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 38 रन हो गया है।
बाबर आजम का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह नीदरलैंड के खिलाफ पांच रन ही बना सके। उन्होंने 18 गेंद का सामना किया। कॉलिन एकरमैन ने साकिब जुल्फिकार के हाथों उन्हें कैच कराया। पाकिस्तान ने दो विकेट पर 34 रन बनाए हैं। बाबर के आउट होने के बाद मोहम्मद रिजवान क्रीज पर आए हैं।
फखर जमान का बल्ला नीदरलैंड के खिलाफ नहीं चला। वह 15 गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हो गए। फखर ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। लोगन वान बीक ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लिया। फखर के आउट होने के बाद बाबर आजम क्रीज पर आए हैं। पाकिस्तान ने चार ओवर में एक विकेट पर 16 रन बनाए हैं।
पाकिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है। फखर जमान और इमाम उल हक ने पारी की शुरुआत की है। पाकिस्तान ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के चार रन बना लिए हैं। फखर चार रन बनाकर नाबाद हैं। इमाम को अपना खाता खोलना है।
पाकिस्तान: इमाम उल हक, फखर जमान, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, हसन अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ।
नीदरलैंड: विक्रमजीत सिंह, मैक्स ओडाड, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), बास डी लीडे, तेजा निदामानुरु, साकिब जुल्फिकार, लोगन वान बीक, रूलोफ वान डेर मर्वे, आर्यन दत्त, पॉल वान मीकेरेन।
विश्व कप के दूसरे मैच में नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने टॉस जीत लिया है। उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। बाबर आजम ने बताया कि अनुभवी तेज गेंदबाज हसन अली प्लेइंग-11 में शामिल हैं।
पाकिस्तान की टीम नीदरलैंड के खिलाफ अभी तक वनडे प्रारूप में हारी नहीं है और टीम अपनी इसे कायम रखना चाहेगी। हालांकि, पाकिस्तान की टीम अपने दोनों अभ्यास मैच हार गई थी। नीदरलैंड के खिलाफ मैच में वह अपनी खामियों को दूर करने और स्टार खिलाड़ियों के फॉर्म में लौटने की उम्मीद करेगा। अभ्यास मैचों में पाकिस्तानी गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और गेंदबाज राऊफ के फॉर्म लौटने की उम्मीद है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वनडे विश्व कप के दूसरे मैच में पाकिस्तान के सामने नीदरलैंड की चुनौती है। दोनों टीमों के बीच यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मौजूदा विश्व कप में पाकिस्तान और नीदरलैंड का यह पहला मुकाबला है। टूर्नामेंट के इतिहास में 20 साल बाद दोनों के बीच मुकाबला होगा। पिछली बार 2003 में पाकिस्तान ने जीत हासिल की थी।