श्रीलंका ने भारत को छह विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 173 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने 72 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका ने 19.5 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के साथ भारतीय टीम पर एशिया कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय टीम सुपर फोर राउंड में लगातार दो मैच हार चुकी है। श्रीलंका से पहले पाकिस्तान ने भारत को पांच विकेट से हराया था। भारत का भाग्य अब दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर होगा। वहीं, श्रीलंका की टीम ने फाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। उसने लगातार दो मैच जीते हैं। भारत से पहले श्रीलंका ने सुपर-4 में अफगानिस्तान को हराया था।
सुपर फोर के प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो श्रीलंका दो जीत के साथ अब टॉप पर है। वहीं, पाकिस्तान एक जीत के साथ दूसरे नंबर पर है। दोनों का नेट रन रेट पॉजिटिव है। वहीं, भारत निगेटिव रन रेट के साथ और दो हार के साथ तीसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान चौथे स्थान पर है। भारतीय टीम के पास अब भी फाइनल में पहुंचने का मौका है। हालांकि, उसके लिए बुधवार को पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच होने वाला मैच अहम होगा। पाकिस्तान की टीम अगर कल जीती तो भारत और अफगानिस्तान दोनों एशिया कप से बाहर हो जाएंगे।
17 ओवर के बाद श्रीलंका ने चार विकेट गंवाकर 141 रन बना लिए हैं। फिलहाल भानुका राजपक्षा 19 रन और दासुन शनाका 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका को 18 गेंदों में 33 रन चाहिए।
15वें ओवर में 110 के स्कोर पर श्रीलंका को चौथा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने कुसल मेंडिस को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मेंडिस 37 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। 15 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 120 रन है। श्रीलंका को 30 गेंदों में 54 रन की जरूरत है। फिलहाल भानुका राजपक्षा और दासुन शनाका क्रीज पर हैं। श्रीलंका ने पिछले तीन ओवर में चार विकेट गंवाए हैं। मेंडिस से पहले चहल ने पाथुम निसांका (52) और चरिथ असलंका (0) को एक ही ओवर में पवेलियन भेजा। वहीं, अश्विन ने दानुष्का गुनातिलाका (1) को आउट किया।
14वें ओवर में श्रीलंका को 110 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने दानुष्का गुनातिलाका को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। गुनातिलाका एक रन बनाकर आउट हुए। 14 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 110 रन है। श्रीलंका को 36 गेंदों में 64 रन बनाने हैं। फिलहाल भानुका राजपक्षा और कुसल मेंडिस क्रीज पर हैं। मेंडिस ने अर्धशतक लगाया।
श्रीलंका को पहला झटका युजवेंद्र चहल ने दिया। उन्होंने 12वें ओवर की पहली गेंद पर पाथुम निसांका को आउट कर दिया। निसांका ने पहले विकेट के लिए कुसल मेंडिस के साथ 97 रन की साझेदारी की। वह 37 गेंद पर 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। निसांका का कैच अश्विन ने लिया। चहल ने इसी ओवर में चरिथ असलंका को भी आउट कर दिया। वह तीन गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल पाए। सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच लिया। 12 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 98 रन है। फिलहाल कुसल मेंडिस और दानुष्का गुनातिलाका क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद श्रीलंका ने बिना कोई विकेट गंवाए 89 रन बना लिए हैं। पाथुम निसांका ने 33 गेंदों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक लगाया। फिलहाल पाथुम निसांका 50 रन और कुसल मेंडिस 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत के खिलाफ श्रीलंकाई टीम ने शानदार शुरुआत की है। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए जूझ रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हार्दिक पांड्या और अश्विन सभी विकेट के लिए जूझते दिख रहे हैं।
नौ ओवर के बाद श्रीलंका ने बिना कोई विकेट गंवाए 85 रन बना लिए हैं। फिलहाल पाथुम निसांका 48 रन और कुसल मेंडिस 37 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत के खिलाफ श्रीलंकाई टीम ने शानदार शुरुआत की है। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए जूझ रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हार्दिक पांड्या और अश्विन सभी विकेट के लिए जूझते दिख रहे हैं।
पांच ओवर के बाद श्रीलंका ने बिना कोई विकेट गंवाए 45 रन बना लिए हैं। फिलहाल पाथुम निसांका 19 गेंदों में 28 रन और कुसल मेंडिस 11 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रीलंका को अब 90 गेंदों में 129 रन की जरूरत है।
दो ओवर के बाद श्रीलंका ने बिना कोई विकेट गंवाए नौ रन बना लिए हैं। फिलहाल पाथुम निसांका आठ रन और कुसल मेंडिस एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में एक रन और अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओवर में आठ रन लुटाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। दूसरे ओवर में 11 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। केएल राहुल फिर फ्लॉप रहे। वह सात गेंदों में छह रन बनाकर महेश तीक्ष्णा की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। राहुल ने अब तक इस टूर्नामेंट में खराब बल्लेबाजी की है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में राहुल खाता भी नहीं खोल सके थे। वहीं, हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ दूसरे मैच में 39 गेंदों में 36 रन बना सके थे। पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे मैच में राहुल 20 गेंदों में 28 रन बना सके थे।
भारत को तीसरे ओवर में 13 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया। कोहली ने चार गेंदें खेलीं। कोहली पहली बार इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके। इससे पहले उन्होंन दो अर्धशतक लगाए थे। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में 35 रन की पारी खेली थी। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। दोनों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को अटैक करना शुरू किया।
रोहित और सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 97 रन की साझेदारी निभाई। रोहित ने 41 गेंदों पर 72 रन की अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े। वह 13वें ओवर में 110 के स्कोर पर आउट हुए। ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया एक बड़े स्कोर के तरफ बढ़ रही है। हालांकि, रोहित के आउट होते ही विकेटों की झड़ी लग गई। सूर्यकुमार यादव 29 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, हार्दिक पांड्या 17 रन, ऋषभ पंत 17 रन , दीपक हुड्डा 3 रन और भुवनेश्वर कुमार खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।
आखिर में रविचंद्रन अश्विन सात गेंदों में 15 रन और अर्शदीप सिंह एक रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका ने डेथ ओवर में शानदार बॉलिंग की। आखिरी पांच ओवर में भारत ने सिर्फ 46 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। मदुशंका ने तीन विकेट लिए। वहीं, चमिका करुणारत्ने और शनाका को दो-दो विकेट मिले। महेश तीक्ष्णा को एक विकेट मिला।
भारत ने श्रीलंका के सामने 174 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 173 रन बना सकी। कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 41 गेंदों में 72 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 करियर का 28वां अर्धशतक रहा। वहीं, श्रीलंका की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मदुशंका, दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज करुणारत्ने और कप्तान दासुन शनाका ने घातक गेंदबाजी की। मदुशंका ने तीन और करुणारत्ने-शनाका ने दो-दो विकेट लिए।
19वें ओवर में भारत को दो झटके लगे। मदुशंका ने दो विकेट झटके। उन्होंने दीपक हुड्डा और ऋषभ पंत को पवेलियन भेजा। हुड्डा तीन रन और पंत 17 रन बनाकर आउट हुए। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 161 रन है। फिलहाल भुवनेश्वर कुमार और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं।
18वें ओवर में 149 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। हार्दिक पांड्या 13 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने निसांका के हाथों कैच कराया। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 157 रन है। फिलहाल ऋषभ पंत और दीपक हुड्डा क्रीज पर हैं। इस ओवर में दीपक हुड्डा को जीवनदान मिला। वह कैच आउट हो गए थे। हालांकि, दूसरा बाउंसर होने के कारण नो बॉल करार दिया गया।
17 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 140 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या नौ रन और ऋषभ पंत 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले सूर्यकुमार यादव 34 कन और कप्तान रोहित शर्मा 72 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, केएल राहुल छह रन और विराट कोहली खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे।
15वें ओवर में 119 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। कप्तान दासुन शनाका ने सूर्यकुमार यादव को महेश तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार 29 गेंदों में 34 रन बना सके। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 127 रन है। फिलहाल ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा 72 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, केएल राहुल छह रन और विराट कोहली खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे।
13वें ओवर में 110 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा एक बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 41 गेंदों में 72 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और चार छक्के लगाए। रोहित ने सूर्यकुमार के साथ मिलकर भारत को मुश्किल से निकाला। एक वक्त भारत ने 13 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद रोहित और सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 97 रन की साझेदारी निभाई। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 112 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 30 रन और हार्दिक पांड्या एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 33 गेंदों में 53 रन और सूर्यकुमार यादव 16 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित ने 32 गेंदों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 28वां अर्धशतक लगाया। इससे पहले भारतीय टीम को शुरुआती दो ओवर में दो झटके लगे। राहुल छह रन और कोहली खाता खोले बिना आउट हुए। महेश तीक्ष्णा और मदुशंका को एक-एक विकेट मिला।
सात ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 49 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 23 गेंदों में 33 रन और सूर्यकुमार यादव आठ गेंदों में सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय टीम को शुरुआती दो ओवर में दो झटके लगे। राहुल छह रन और कोहली खाता खोले बिना आउट हुए। महेश तीक्ष्णा और मदुशंका को एक-एक विकेट मिला।
पांच ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 36 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव पांच गेंदों में चार रन और रोहित शर्मा 14 गेंदों में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय टीम को शुरुआती दो ओवर में दो झटके लगे। राहुल छह रन और कोहली खाता खोले बिना आउट हुए। महेश तीक्ष्णा और मदुशंका को एक-एक विकेट मिला।
भारत को तीसरे ओवर में 13 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया। कोहली ने चार गेंदें खेलीं। कोहली पहली बार इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके। इससे पहले उन्होंन दो अर्धशतक लगाए थे। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में 35 रन की पारी खेली थी। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 15 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।
दूसरे ओवर में 11 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। केएल राहुल फिर फ्लॉप रहे। वह सात गेंदों में छह रन बनाकर महेश तीक्ष्णा की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। राहुल ने अब तक इस टूर्नामेंट में खराब बल्लेबाजी की है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में राहुल खाता भी नहीं खोल सके थे। वहीं, हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ दूसरे मैच में 39 गेंदों में 36 रन बना सके थे। पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे मैच में राहुल 20 गेंदों में 28 रन बना सके थे। वहीं, इस मैच में वह छह रन बना सके। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 11 रन है। फिलहाल विराट कोहली और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।
श्रीलंका ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है। कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल ओपनिंग के लिए उतरे हैं। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए चार रन है। फिलहाल रोहित और राहुल दोनों एक-एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
श्रीलंका: पाथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, दानुष्का गुणातिलाका, भानुका राजपक्षा, दासुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।
एशिया कप के सुपर-4 राउंड में भारत के खिलाफ श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। रवि बिश्नोई की जगह रविचंद्रन अश्विन को मौका दिया गया है।
मैच के लिए दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में काफी संख्या में भारतीय फैन्स उमड़े हैं। फैन्स को उम्मीद है कि टीम इंडिया इस मैच में जीत हासिल करेगी और फाइनल में जगह जरूर बनाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेज गेंदबाज आवेश खान एशिया कप से बाहर हो सकते हैं। आवेश पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच से पहले बीमार हो गए थे। उन्हें बुखार था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आवेश पांच दिनों से होटल में अपने कमरे से बाहर नहीं निकले हैं। भारत को आज श्रीलंका के खिलाफ मैच खेलना है। वहीं, आगे उसे अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलना है। ऐसे में आवेश का नहीं खेलना टीम इंडिया के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। ऐसे में रिजर्व के तौर पर गए दीपक चाहर या नेट बॉलर के तौर पर गए कुलदीप सेन को स्क्वॉड में शामिल किया जा सकता है।
बल्लेबाजी में टीम इंडिया अपने पांच खिलाड़ी तय कर चुकी है। रोहित और राहुल का टी20 विश्व कप में पारी की शुरुआत करना तय है और विराट तीसरे नंबर पर टीम को संभालने का काम करेंगे। चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव और इसके बाद हार्दिक पांड्या का खेलना तय है। ऐसे में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक को लेकर रोहित और द्रविड़ को जल्द फैसला करना होगा। इस मैच में पंत को ही मौका दिया जा सकता है, क्योंकि टीम में शीर्ष क्रम में कोई बाएं हाथ का बल्लेबाज नहीं है।
आवेश खान इस मैच में टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले उन्हें बुखार आया था और वे यह मैच नहीं खेल सके थे। इस मुकाबले के लिए वे फिट हो सकते हैं और प्लेइंग 11 में उनकी वापसी हो सकती है।
टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम लगातार प्रयोग कर रही है और इस टूर्नामेंट में भी यह देखने को मिला है। श्रीलंका के खिलाफ मैच में भी टीम इंडिया कुछ बदलावों के साथ उतर सकती है। हालांकि, रवींद्र जडेजा के चोटिल होने की वजह से कप्तान रोहित के पास आजमाने के लिए ज्यादा विकल्प नहीं बचे हैं। इसके अलावा खराब फॉर्म से जूझ रहे युजवेंद्र चहल की जगह रविचंद्रन अश्विन को टीम में शामिल किया जा सकता है। श्रीलंका की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की भरमार है और इस टीम के खिलाफ अश्विन का रिकॉर्ड भी शानदार है।
शुरुआती मुकाबले में करारी हार के बाद श्रीलंका ने बांग्लादेश और अफगानिस्तान करीबी मुकाबलों हराकर अपने अभियान को पटरी पर ले आई है। तीसरे नंबर के बल्लेबाज चरित असालंका को छोड़कर श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने प्रभाव डाला है। बांग्लादेश के खिलाफ कप्तान दसुन शनाका और कुसाल मेंडिस और अफगानिस्तान के खिलाफ धनुष्का गुणतिलके और भानुका राजपक्षे प्रभावी पारियां खेलीं।
कोच क्रिस सिल्वरवुड की टीम अब राहत की सांस ले सकती है कि वह किन्ही भी परिस्थितियों में जीत हासिल कर सकती है। यही कारण है कि भारत को श्रीलंका से सतर्क रहना होगा। शनाका ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद कहा था कि ड्रेसिंग रूम में जज्बा बना हुआ है। उन्हें लगता है कि वे बतौर टीम किसी भी लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ सकारात्मक चीज यह रही कि शीर्ष क्रम ने शानदार प्रदर्शन किया। रोहित, केएल राहुल और विराट कोहली ने आक्रामकता दिखाते हुए भारत को तेज शुरूआत दिलाई। कोहली के आलोचक एशिया कप में उनके लगातार दूसरे अर्धशतक के बाद अब चुप हो सकते हैं। वह भले ही अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हों, लेकिन रविवार को उन्होंने संकेत दिया कि वह इस ओर बढ़ रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में कोहली और दोनों सलामी बल्लेबाजों से पहली ही गेंद से तेज तर्रार बल्लेबाजी की उम्मीद करनी होगी।
पाकिस्तान के खिलाफ शुरूआती मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले हार्दिक पंड्या मंहगे साबित हुए। चहल के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं होने के कारण पांच गेंदबाजों की ‘थ्योरी’ में हार्दिक के चार ओवर काफी अहम हो जाते हैं। अगर वह चले तो ठीक है और नहीं चले तो टीम का नुकसान तय है। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ जडेजा की जगह बुलाए गए अक्षर पटेल को संतुलन प्रदान करने के लिये अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है। आवेश खान पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले अस्वस्थ थे, वह तीसरे विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के तौर पर टीम में वापसी कर सकते हैं।
चोटिल रविंद्र जडेजा, हर्षल पटेल और जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भारत के पास गेंदबाजी में खिलाने ज्यादा विकल्प भी नहीं हैं। भारत के पास जो गेंदबाज हैं उनमें निरंतरता की कमी है। खासतौर पर युजवेंद्र चहल इस वक्त रोहित शर्मा की चिंताओं का कारण होंगे। पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को पांच गेंदबाजों के साथ खेलना भी भारत को रास नहीं आया। उसे एक अतरिक्ति तेज गेंदबाज की कमी खली। खासतौर पर भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पंड्या के असफल होने की स्थिति में छठे गेंदबाज की जरूरत महसूस हुई।
सात बार की विजेता टीम इंडिया जब मंगलवार को ‘सुपर फोर’ मुकाबले में श्रीलंका के सामने होगी तो उसे अपने गेंदबाजों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की जरूरत होगी। अब उसके लिए टूर्नामेंट में बने रहने के लिए ज्यादा प्रयोग की गुंजाइश भी नहीं बची है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशिया कप के सुपर-4 राउंड में आज भारत का सामना श्रीलंका से है। भारत के लिए ये मुकाबला 'करो या मरो' वाला है। टीम इंडिया सुपर-4 राउंड का अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ हार चुकी है। श्रीलंका के खिलाफ मैच हारने पर भारतीय टीम एशिया कप से बाहर हो जाएगी। वहीं, श्रीलंका ने सुपर-4 राउंड का अपना पहला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ जीता था। इस मैच को जीतने पर टीम का फाइनल का रास्ता आसान हो जाएगा। हारने पर श्रीलंका के पास एक और मौका होगा। श्रीलंका को अभी पाकिस्तान से मैच खेलना है।