भारत ने वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराकर सीरीज में पहली जीत हासिल कर ली है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 159 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 17.5 ओवर में तीन विकेट पर 164 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज के लिए ब्रेंडन किंग ने 42 और रोवमन पॉवेल ने 40 रन बनाए। वहीं, गेंद के साथ अल्जारी जोशेफ ने दो विकेट लिए। वहीं, भारत के लिए पहले कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए फिर सूर्यकुमार यादव ने 83 और तिलक वर्मा ने नाबाद 49 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ ही भारत ने वापसी की है और पांच मैच की सीरीज में टीम इंडिया अभी भी बनी हुई है। वेस्टइंडीज ने दो और भारत ने एक मैच जीता है। यह सीरीज जीतने के लिए भारत को बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम एक और मैच जीतते ही सीरीज अपने नाम कर ली।
सीरीज के बाकी दो मैच शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। अब भारतीय टीम जीत की दहलीज पर पहुंच गई है। तिलक और हार्दिक क्रीज पर हैं।
121 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। सूर्यकुमार यादव 44 गेंद में 83 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और चार छक्के लगाए। अल्जारी जोशेफ की गेंद पर ब्रेंडन किंग ने उनका कैच पकड़ा। अब तिलक वर्मा के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 123 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी ने यह मुकाबला एकतरफा कर दिया है। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 106 रन है। सूर्या और तिलक के बीच शानदार अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।
सूर्यकुमार यादव ने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अब तक सात चौके और दो छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते भारतीय टीम बहुत बेहतर स्थिति में है। तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार और तिलक वर्मा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 84 रन है।
भारत के दो विकेट जल्दी गिरने के बाद तिलक वर्मा ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाला है। दोनों बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट लगा रहे हैं। पावरप्ले के छठे ओवर में भारत ने 17 रन बटोरे और शुरुआती छह ओवर में भारतीय टीम दो विकेट पर 60 रन बनाने में सफल रही है। अब भारत को जीत के लिए 14 ओवर में 100 रन बनाने हैं।
34 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल एक बार फिर फेल रहे हैं। उन्होंने 11 गेंद में एक चौके की मदद से छह रन बनाए। अल्जारी जोशेफ ने उन्हें जॉनसन चार्ल्स के हाथों कैच कराया। अब सूर्यकुमार यादव के साथ तिलक वर्मा क्रीज पर हैं।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही है। छह रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। यशस्वी जायसवाल दो गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। ओबेड मैकॉय की धीमी गेंद पर जायसवाल ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और टाइमिंग सही नहीं कर पाए। गेंद हवा में ऊंची गई और अल्जारी जोशेफ ने उनका कैच पकड़ा। अब गिल के साथ सूर्यकुमार क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 16 रन है।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शुभमन गिल के साथ इस मैच में यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की है। यशस्वी का यह पहला टी20 मैच है और टेस्ट मैच की तरह वह अपने पहले टी20 मैच में भी यादगार पारी खेलना चाहेंगे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने पांच विकेट पर 159 रन बनाए हैं। ब्रेंडन किंग ने 42 और कप्तान रोवमन पॉवेल ने नाबाद 40 रन बनाए। इन दोनों के अलावा मेयर्स ने 25 और पूरन ने 20 रन का योगदान दिया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। अक्षर पटेल और मुकेश कुमार को एक-एक विकेट मिला। इस सीरीज में यह सबसे बड़ा स्कोर है। भारत को सीरीज में बने रहने के लिए किसी भी हालात में लक्ष्य का पीछा करना होगा।
वेस्टइंडीज की पारी में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने धीमी, लेकिन ठोस शुरुआत की। शुरुआती दो ओवर में हार्दिक और अर्शदीप ने सिर्फ नौ रन दिए। इसके बाद किंग और मेयर्स ने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ हाथ खोले और पावरप्ले में इन दोनों ने मिलकर 38 रन बनाए। अगले ओवर में वेस्टइंडीज का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन हो गया। मेयर्स और किंग ने पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। मेयर्स 20 गेंद में 25 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह आउट हुए।
तीसरे नंबर पर आए जॉनसन चार्ल्स स्पिन गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते दिखे। उन्होंने एक छक्का और एक चौका जरूर लगाया, लेकिन लय में नहीं थे। 12 रन के स्कोर पर कुलदीप ने उन्हें आउट किया। शानदार फॉर्म में चल रहे पूरन ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत की। हालांकि, 12 गेंद में 20 रन बनाने के बाद वह कुलदीप के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में स्टंप आउट हो गए। इसी ओवर में कुलदीप ने ब्रेंडन किंग को भी आउट किया और वेस्टइंडीज का स्कोर 106/4 हो गया। किंग ने 42 रन बनाए। यहां से वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई। हेटमायर भी आठ गेंद में नौ रन बनाकर मुकेश कुमार के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गए।
18 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 131/5 था, लेकिन 19वें ओवर में अर्शदीप ने 17 रन लुटा दिए। रोवमन पॉवेल ने उनकी जमकर धुनाई की। मुकेश कुमार के 20वें ओवर में भी 11 रन बने और वेस्टइंडीज की टीम पांच विकेट पर 159 रन बनाने में सफल रही। कप्तान पॉवेल 19 गेंद में तीन छक्के और एक चौके की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहे। यह इस सीरीज का सबसे बड़ा स्कोर रहा। भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीन विकेट झटके। इस मैच में उन्होंने टी20 में अपने 50 विकेट भी पूरे किए और सबसे कम गेंद और मैच में यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ी बने। उनके अलावा अक्षर पटेल और मुकेश कुमार को एक-एक विकेट मिला।
अर्शदीप सिंह ने 19वें ओवर में 17 रन लुटा दिए और वेस्टइंडीज का स्कोर 150 रन के करीब पहुंच गया है। रोवमन पॉवेल ने इस उनकी जमकर कुटाई की। अब वेस्टइंडीज की टीम अच्छे स्कोर तक पहुंच चुकी है।
123 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का पांचवां विकेट गिरा है। शिमरन हेटमायर आठ गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने एक चौका लगाया। मुकेश कुमार ने उन्हें तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। अब रोवमन पॉवेल के साथ रोमारिया शेफर्ड क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर पांच विकेट पर 131 रन है।
106 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का चौथा विकेट गिरा है। ब्रेंडन किंग 42 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। कुलदीप यादव ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपका। कुलदीप ने एक ही ओवर में दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर वेस्टइंडीज की टीम को बैकफुट में ढकेल दिया है। अब रोवमन पॉवेल और शिमरन हेटमायर क्रीज पर हैं।
105 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिरा है। निकोलस पूरन इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने 12 गेंद में 20 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। कुलदीप ने पूरन को सैमसन के हाथों स्टंप आउट कराया। यह बड़ा विकेट है और अब वेस्टइंडीज के लिए बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल होगा।
दो विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। ब्रेंडन किंग और निकलोस पूरन क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और कैरिबियाई टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 14 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 105 रन है।
75 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का दूसरा विकेट गिरा है। जॉनसन चार्ल्स 14 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। चार्ल्स ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। अब ब्रेंडन किंग के साथ निकोलस पूरन क्रीज पर हैं।
55 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का पहला विकेट गिरा है। काइल मेयर्स 20 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अक्षर पटेल ने उन्हें अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। मेयर्स ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। अब ब्रेंडन किंग के साथ जॉनसन चार्ल्स क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 67 रन है।
वेस्टइंडीज का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। काइल मेयर्स और ब्रेंडन किंग ने शानदार साझेदारी की है। दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते वेस्टइंडीज की टीम अच्छे स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने बेहतरीन शुरुआत की है। ब्रेंडन किंग और काइल मेयर्स की जोड़ी सूझ-बूझ के साथ खेल रही है और पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए वेस्टइंडीज ने 38 रन बनाए हैं।
शुरुआती दो ओवर में खामोश रहने के बाद कैरिबियाई बल्लेबाजों ने अपने हाथ खोले हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले जा चुके हैं। हार्दिक और अर्शदीप ने शुरुआती दो ओवर में ज्यादा रन नहीं दिए थे, लेकिन चहल और अक्षर पटेल ने अगले दो ओवरों में जमकर रन लुटाए। चार ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर बिना किसी नुकसान के 30 रन है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने बेहद धीमी शुरुआत की है। ब्रेंडन किंग और काइल मेयर्श क्रीज पर हैं। हालांकि, भारत ने अब तक दोनों को बांधकर रखा है और हाथ नहीं खोलने दिए हैं। दो ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर बिना नुकसान नौ रन है।
भारत: शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, मुकेश कुमार।
वेस्टइंडीज: ब्रेंडन किंग, काइल मेयर्स, जॉनसन चार्ल्स, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल (कप्तान), शिमरन हेटमायर, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, ओबेड मैकॉय।
वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। वेस्टइंडीज की टीम एक बदलाव के मैदान पर उतरी है। चोटिल जेसन होल्डर की जगह रोस्टन चेज यह मैच खेल रहे हैं। वहीं, भारतीय टीम दो बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। ईशान किशन की जगह यशस्वी जायसवाल और रवि बिश्नोई की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया गया है।
यशस्वी जायसवाल को मैच शुरु होने से पहले भारतीय टी20 टीम की कैप दी गई। इससे साफ है कि वह आज भारत के लिए पहला टी20 मैच खेलेंगे। वेस्टइंडीज के इसी दौरे पर यशस्वी ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की और पहली पारी में ही शानदार 171 रन बनाए। अब टी20 में भी उनसे कमाल की उम्मीद होगी।
इस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में टीम इंडिया को करीबी हार का सामना करना पड़ा है। पहले मैच में वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 150 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन टीम इंडिया 145 रन पर ही सिमट गई थी और मैच चार से हार गई थी।
पहले मैच के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सीरीज के दूसरे मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 152 रन बनाए थे और वेस्टइंडीज ने आठ विकेट खोकर 155 रन बना लिए और मैच सात गेंद रहते अपने नाम किया। इसके साथ ही कैरिबियाई टीम पांच मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है।
दूसरे मैच के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Live Cricket Score, India vs West Indies (IND vs WI) 3rd T20: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 मुकाबला गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में है। पांच मैच की सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले वेस्टइंडीज की टीम जीत चुकी है और तीसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। वहीं, भारत की कोशिश यह मैच जीतकर सीरीज में बने रहने की होगी।