विराट का 100वां टेस्ट
पूर्व कप्तान विराट कोहली आज अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। 23000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बना चुके विराट पिछले दो साल के अपने शतकों का सूखा ख़त्म करते हुए अपना 71वां शतक लगाना चाहेंगे।
रोहित पहली बार करेंगे टेस्ट की कप्तानी
रोहित शर्मा अब भारत के तीनों प्रारुप के कप्तान हैं। 15 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करिअर के बाद रोहित को टीम की कमान सौंपी गई है, ऐसे में उनके लिए विराट की सफलता को आगे बढ़ाना एक चुनौतिपुर्ण काम रहेगा।
पुजारा-रहाणे के बगैर उतरेगी टीम इंडिया
एक दशक तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों को उनके कमजोर प्रदर्शन के लिए टीम से बाहर किया गया है। ऐसे में उनकी जगह दो नए चेहरे मैदान पर दिखेंगे और उनसे टीम को एक अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
अनुभवी खिलाड़ी बाहर
भारत के अनुभवी खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋद्धिमान साहा और ईशांत शर्मा इन सभी को इस सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। ऐसे में युवाओं के लिए खुद को साबित करने और अपनी जगह बनाने का मौका है।
पिच रिपोर्ट
सुनील गावस्कर और दीप दासगुप्ता में पिच का मुआयना करने के बाद बताया कि शॉर्ट ऑफ़ गुड लेंथ पर हरियाली रखी गई है लेकिन अन्य भाग बिल्कुल साफ़ हैं। पिच कड़क है और गेंद बल्ले पर अच्छे तरीक़े से आएगी। बल्ले और गेंद के बीच अच्छा मुक़ाबला देखने को मिलेगा।
टॉस रिपोर्ट
रोहित शर्मा भारत के 35वें टेस्ट कप्तान बन गए हैं। उन्होंने अपने पहले मैच में ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
भारतीय प्लेइंग XI
टीम इंडिया तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के समीकरण के साथ उतरी है।
टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जाडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जयंत यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह
श्रीलंकाई अंतिम एकादश
श्रीलंकाई टीम ने भारत के उलट तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिनरों को मैच में उतारा है।
टीम:
दिमुथ करूणारत्ना (कप्तान), लहिरू थिरिमाने, पथुम निसंका, ऐंजेलो मैथ्यूज, धनंजय डीसिल्वा, चरिथ असलंका, निरोशन दिकवेला (विकेटकीपर), सुरंगा लकमल, लसिथ एम्बुलदेनिया, विश्वा फ़र्नांडो, लहिरू कुमारा
विराट 100 टेस्ट खेलने वाले 12वें भारतीय क्रिकेटर बने
मैच शुरू
भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने पारी की शुरुआत की है। वहीं श्रीलंका की तरफ से सुरंगा लकमल ने पहला ओवर डाला है।
रोहित के बल्ले से मैच का पहला चौका
रोहित शर्मा ने तीसरे ओवर में लकमल के खिलाफ अपना और मैच का पहला चौका लगाया। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर: 5/0, रोहित शर्मा (5*), मयंक अग्रवाल (0*)
भारत के लिए अच्छा ओवर
मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा ने मिलकर विश्वा फर्नांडो के दूसरे ओवर में तीन चौके के साथ 13 रन बटोरे। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर: 18/0, रोहित शर्मा (9*), मयंक अग्रवाल (9*)
विराट को सम्मान
विराट कोहली को उनके 100वें टेस्ट के मौके पर कोच राहुल द्रविड़ ने मैच शुरू होने से पहले सम्मानित किया और उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।
भारत की मजबूत शुरूआत
मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा हर ओवर में रन बना रहे हैं और किसी भी तरह के दबाव में नहीं दिख रहे हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर: 32/0, रोहित शर्मा (11*), मयंक अग्रवाल (19*)
भारत के 50 रन पूरे
रोहित शर्मा ने लहिरू कुमारा के दूसरे ओवर में लगातार दो चौके लगाए और भारत के स्कोर को 50 के पार पहुँचाया।
रोहित शर्मा आउट
कप्तान रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 29 रन बनाकर आउट हुए। वह लहिरू कुमारा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलना चाहते थे लेकिन गेंद हवा में गई और लकमल ने उनका कैच लपक लिया। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 53/1, मयंक अग्रवाल (21*), हनुमा विहारी (1*)
भारत का दूसरा विकेट गिरा, मयंक आउट
भारत की सलामी जोड़ी अब पवेलियन वापस लौट चुकी है। इस बार मयंक अग्रवाल 49 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एम्बुलदेनिया ने एलबीडब्ल्यू किया। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 82/2, विराट कोहली (2*), हनुमा विहारी (16*)
भारत के 100 रन पूरे
भारतीय टीम ने तेजी से रन बनाते हुए 23वें ओवर में ही अपने पहले 100 रन पूरे कर लिए हैं। रोहित और मयंक के आउट होने के बाद विराट कोहली और हनुमा विहारी क्रीज पर हैं और पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। 23 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 101/2, विराट कोहली (8*), हनुमा विहारी (29*)
लंच ब्रेक
पहले दिन के खेल का लंच ब्रेक हो चुका है। यह सत्र भारत के नाम रहा। हालांकि, उसने अपने दोनों ओपनर्स के विकेट गंवाए लेकिन टीम ने 100 से अधिक रन भी बनाए। फिलहाल विराट कोहली और हनुमा विहारी क्रीज पर हैं और दोनों के बीच 29 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
26 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 109/2, विराट कोहली (15*), हनुमा विहारी (30*)
विराट-विहारी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
विराट कोहली और हनुमा विहारी ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों ही खिलाड़ी मौका देखकर रनों की संख्या में इजाफा कर रहे हैं।
31 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 133/2, हनुमा विहारी (43*), विराट कोहली (24*)
हनुमा विहारी का अर्धशतक
हनुमा विहारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सीरीज का पहला और करिअर का पांचवां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंन 93 गेंदों में पांच चौके की मदद से अपनी फिफ्टी पूरी की।
36 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 146/2, हनुमा विहारी (50*), विराट कोहली (29*)
भारत के 150 रन पूरे
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने 150 रन पूरे कर लिए हैं। हनुमा विहारी अपना अर्धशतक जड़ चुके हैं तो वहीं विराट भी लय में बने हैं। 38 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 157/2, हनुमा विहारी (53*), विराट कोहली (37*)
विराट के 8000 टेस्ट रन पूरे
विराट कोहली ने अपने 100वें टेस्ट मैच में 38 रन बनाने के साथ ही टेस्ट करिअर के 8000 रन भी पूरे कर लिए हैं। कोहली यह रिकॉर्ड बनाने वाले छठवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर, वीरेन्द्र सहवाग और वीवीएस लक्ष्मण यह कारनामा कर चुके हैं।
विराट कोहली अर्धशतक से चूके
विराट कोहली एक बार फिर से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। अच्छी लय में नजर आ रहे कोहली 45 रन के स्कोर पर लसिथ एम्बुलदेनिया की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। 44 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 170/3, ऋषभ पंत (0*), हनुमा विहारी (56*)
हनुमा विहारी 58 रन बनाकर आउट
हनुमा विहारी 128 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें विश्वा फर्नांडो ने अपना पहला शिकार बनाया। भारत ने पांच रन के अंदर दोनों सेट बल्लेबाजों विराट और विहारी को विकेट गंवा दिया है।
चायकाल
मोहाली में पहले टेस्ट के पहले दिन टी-ब्रेक हो चुका है। दूसरा सत्र भारत के लिए कुछ खास नहीं रहा। भारत ने इस सत्र में 90 रन बनाकर अपने दो सेट बल्लेबाजों विराट कोहली (45) और हनुमा विहारी (58) के विकेट गंवाए।
53 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 199/4, श्रेयस अय्यर (14*), ऋषभ पंत (12*)
भारत का स्कोर 200 के पार
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 के पार जा चुका है। पंत 16 और अय्यर 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 29 रन की साझेदारी हो चुकी है।
श्रेयस और पंत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। 60 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 224/4, श्रेयस अय्यर (27*), ऋषभ पंत (24*)
श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर आउट
भारत ने अपना पांचवा विकेट गंवा दिया है। श्रेयस अय्यर 48 गेंदों में 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें धनंजय डीसिल्वा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।
भारत के 250 रन पूरे
भारत ने पांच विकेट खोकर अपने 250 रन पूरे कर लिए हैं। टीम की तरफ से रविंद्र जडेजा और ऋषभ पंत की जोड़ी क्रीज पर है। 68 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 252/5, रवींद्र जाडेजा (11*), ऋषभ पंत (41*)
IND vs SL Live: पंत का अर्धशतक
ऋषभ पंत ने टेस्ट करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 73 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। 75 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 277 रन बना लिए हैं। फिलहाल पंत 75 गेंदों पर 50 रन और रवींद्र जडेजा 54 गेंदों पर 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक छठे विकेट के लिए 83 गेंदों पर 49 रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत के 300 रन पूरे
ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने मिलकर छठे विकेट के लिए 50 रन से अधिक की साझेदारी कर ली है। वही पंत बेहद आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत के इस बीच 300 रन भी पूरे हो गए हैं। 77 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 310/5, ऋषभ पंत (82*), रवींद्र जाडेजा (27*)
पंत-जडेजा के बीच शतकीय साझेदारी
ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा ने मिलकर छठे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों ही खिलाड़ी तेजी से रन बटोर रहे हैं।
ऋषभ पंत से शतक से चूके
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की तूफानी पारी का अंत हो गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज पंत अपने पांचवें शतक से चूक गए और 97 गेंदों में 96 रन बनाकर लकमल की गेंद पर बोल्ड हुए। 81 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 332/6, रवींद्र जाडेजा (35*), रविचंद्रन अश्विन (0*)
पहले दिन का खेल खत्म, भारत का स्कोर 357/6 (85)
पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने 85 ओवर में छह विकेट खोकर 357 रन बनाए हैं। रविचंद्रन अश्विन 10 और रवींद्र जडेजा 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। पहले दिन भारत के लिए सबसे ज्यादा 96 रन ऋषभ पंत ने बनाए। वहीं हनुमा विहारी ने 58 और विराट कोहली ने 45 रन की पारी खेली। श्रीलंका के लिए लसिथ इंबुलडेनिया ने दो विकेट लिए। चरिथ असालंका को छोड़कर श्रीलंका के बाकी सभी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला।
रोहित पहली बार टेस्ट में कप्तानी कर रहे
इस मैच में रोहित शर्मा पहली बार भारत की टेस्ट टीम के कप्तान के रूप में मैदान में उतरे। वे भारत के 35वें टेस्ट कप्तान बने। टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी रही और मयंक अग्रवाल और रोहित ने पहले विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी निभाई। रोहित के रूप में टीम को पहला झटका लगा। वे 29 रन बना सके।
100वें टेस्ट में अर्धशतक लगाने से चूके कोहली
इसके बाद मयंक भी 33 रन बनाकर पवेलिय लौट गए। हनुमा विहारी ने फिर अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे विराट कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी निभाई। विराट अपने 100वें टेस्ट में फिफ्टी लगाने से चूक गए और 45 रन बनाकर एम्बुलडेनिया की गेंद पर बोल्ड हुए।
विहारी ने टेस्ट करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया
इस बीच विहारी ने टेस्ट करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। वे 58 रन बनाकर आउट हुए। विहारी के आउट होने के बाद ऋषभ पंत ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की। श्रेयस हालांकि, 27 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने पंत के साछ पांचवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। इसके बाद पंत ने जडेजा के साथ मिलकर भारत की पारी को आगे बढ़ाया।
पंत और जडेजा के बीच 104 रन की साझेदारी
पंत और जडेजा के बीच छठे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की। पंत शतक से चूक गए और पांचवीं बार नर्वस 90 में आउट हुए। उन्हें 96 के निजी स्कोर पर सुरंगा लकमल ने क्लीन बोल्ड किया। अपनी पारी में पंत ने नौ चौके और चार छक्के लगाए। फिलहाल जडेजा और अश्विन मैदान पर हैं। दूसरे दिन टीम इंडिया 450 रन के स्कोर तक पहुंचना चाहेगी। श्रीलंका की ओर से स्पिनर एम्बुलडेनिया ने अब तक सबसे ज्यादा दो विकेट लिए हैं। वहीं, लकमल, विश्वा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा और धनंजय डीसिल्वा को एक-एक विकेट मिला।