भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हरा दिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 278 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने तीन विकेट खोकर 25 गेंद रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। सीरीज का आखिरी और निर्णायक मैच 11 अक्तूबर को दिल्ली में होगा।
इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के लिए एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। वहीं, रीजा हेंड्रिक्स ने 74 रन की पारी खेली। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट झटके। भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने नाबाद 113 रन बनाए। ईशान किशन ने 93 रन की पारी खेली। संजू सैमसन 30 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के फोर्तूइन, पार्नेल और रबाडा ने एक-एक विकेट लिया।
श्रेयस अय्यर ने वनडे करियर का दूसरा शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 103 गेंदों में पर अपने 100 रन पूरे किए। वनडे में श्रेयस शानदार फॉर्म से गुजर रहे हैं। पिछली छह पारियों में उन्होंने पांचवीं बार 50 रन से ज्यादा की पारी खेली है। इस पारी में उन्होंने 14 चौके लगाए हैं। मैच में भारतीय टीम जीत के करीब पहुंच गई है। 44 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 269 रन है। जीते के लिए भारत को सिर्फ 10 रन की जरूरत है।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 230 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, संजू सैमसन भी बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। 41 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 242 रन है। भारत को जीत के लिए 54 गेंदों में 37 रन की जरूरत है।
209 रन के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा है। ईशान किशन 84 गेंदों पर 93 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ 155 गेंदों में 161 रन की साझेदारी की। किशन ने अपनी पारी में चार चौके और सात छक्के लगाए। फोर्तूइन ने उन्हें रीजा हेंड्रिक्स के हाथों कैच कराया। श्रेयस अय्यर के साथ संजू सैमसन क्रीज पर हैं। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 210 रन है।
भारतीय टीम का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 200 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन अपने शतक के करीब हैं और अय्यर भी अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 150 रन की साझेदारी हो चुकी है। मैच में भारत की स्थिति काफी मजबूत है। टीम इंडिया यह मैच जीतकर सीरीज में बराबरी कर सकती है। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 208 रन है।
श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और भारत को जीत के करीब ले जा रहे हैं।
श्रेयस अय्यर ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 48 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। पिछली छह वनडे पारियों में यह श्रेयस का पांचवां अर्धशतक है। वनडे में वह कमाल की फॉर्म से गुजर रहे हैं। श्रेयस और ईशान के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है।
ईशान किशन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 60 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। किशन ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की है और भारत का स्कोर 150 के करीब ले गए हैं।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और भारत को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 21 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 111 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 75 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और ईशान किशन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है।
48 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। शानदार लय में दिख रहे शुभमन गिल 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कगिसो रबाडा ने अपनी ही गेंद पर उनका शानदार कैच पकड़ा। अब ईशान किशन के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं। पावरप्ले खत्म होने के बाद भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 55 रन बना लिए हैं।
28 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा है। कप्तान शिखर धवन 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वेन पार्नेल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब शुभमन गिल और ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 35 रन है। ईशान किशन के रबाडा की गेंद पर एक जीवनदान भी मिल चुका है। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर तक पहुंची थी, लेकिन डिकॉक के ठीक सामने गिर गई और वह ठीक से कैच नहीं पकड़ पाए।
भारतीय टीम 279 रन के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतर चुकी है। शिखर धवन और शुभमन गिल ने भारत के लिए पारी की शुरुआत की है। वहीं ब्योर्न फोर्तूइन ने दक्षिण अफ्रीका के लिए पहला ओवर किया। उन्होंने पहले ओवर में कोई रन नहीं दिया। दूसरे ओवर में वेन पार्नेल ने आठ रन दिए। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के आठ रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट पर 278 रन बनाए। सिराज ने आखिरी ओवर में सिर्फ तीन रन दिए और केशव महाराज का विकेट भी लिया। सिराज के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने आखिरी पांच ओवर में सिर्फ 26 रन दिए और दो विकेट भी हासिल किए। डेथ ओवर में खराब गेंदबाजी की परेशानी से जूझ रही भारतीय टीम के लिए यह राहत की खबर है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। सिर्फ सात रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिर गया। सिराज ने क्विंटन डिकाक को बोल्ड किया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। इसके बाद शाहबाज अहमद ने यानेमन मलान को पवेलियन भेजा। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट था और इसके लिए भी उन्हें रिव्यू लेना पड़ा। 40 रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवाने के बाद अफ्रीकी टीम संघर्ष कर रही थी।
रीजा हेंड्रिक्स और एडेन मार्करम ने अफ्रीकी पारी को संभाला और दोनों के बीच 129 रन की साझेदारी हुई। हेंड्रिक्स 32वें ओवर में सिराज का शिकार बने। उन्होंने 76 गेंदों में 74 रन बनाए। इसके बाद 38वें ओवर में एडेन मार्करम भी 89 गेंदों में 79 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर आउट हो गए और यहीं से दक्षिण अफ्रीका की पारी पटरी से उतर गई। अंत में क्लासेन ने 30 और मिलर ने नाबाद 35 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर सात विकेट पर 278 रन तक पहुंचाया।
सिराज की शानदार गेंदबाजी
भारत के लिए इस मैच में मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 38 रन दिए और तीन अहम विकेट लिए। उनके अलावा भारत के बाकी सभी बल्लेबाजों को एक-एक विकेट मिला। सिर्फ आवेश खान इस मैच में विकेट नहीं हासिल कर पाए। आवेश ने सात ओवर में 35 रन दिए, लेकिन कोई सफलता उनके हाथ नहीं लगी।
49 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर छह विकेट पर 275 रन हो चुका है। डेविड मिलर ने शार्दुल ठाकुर के ओवर में 12 रन बनाकर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। भारत के लिए आखिरी ओवर सिराज कर रहे हैं, जिन्होंने इस मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है।
256 रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका का छठा विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर ने वेन पार्नेल को आउट करके भारत को छठी सफलता दिलाई है। पार्नेल 16 रन बनाकर आउट हुए। अब डेविड मिलर और केशव महाराज क्रीज पर हैं। 47 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर छह विकेट पर 257 रन है।
पांच विकेट के नुकसान पर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 250 रन के करीब पहुंच चुका है। एडेन मार्करम और रीजा हेंड्रिक्स बेहतरीन अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। अब डेविड मिलर और वेन पार्नेस क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। 44 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट पर 245 रन बना लिए हैं।
39वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने एडेन मार्करम को शिखर धवन के हाथों कैच कराया। मार्करम 89 गेंदों में 79 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और एक छक्का लगाया। इससे पहले 38वें ओवर में हेनरिक क्लासेन पवेलियन लौटे थे। 39 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर पांच विकेट पर 217 रन है। फिलहाल डेविड मिलर और वेन पार्नेल क्रीज पर हैं।
38वें ओवर में 215 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका लगा। कुलदीप यादव ने हेनरिक क्लासेन को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच कराया। क्लासेन 26 गेंदों में 30 रन बना सके। फिलहाल एडेन मार्करम 79 रन बनाकर और डेविड मिलर क्रीज पर हैं।
मोहम्मद सिराज ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। 169 रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट गिरा। सिराज ने रीजा हेंड्रिक्स को शाहबाज अहमद के हाथों कैच आउट कराया। हेंड्रिक्स ने 76 गेंदों में 74 रन बनाए। उनके आउट होने के साथ मार्करम के साथ उनकी 129 रन की साझेदारी टूट चुकी है। अब भारत के पास वापसी करने का मौका है। 32 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 169 रन है।
रीजा हेंड्रिक्स के बाद एडेन मार्करम ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 64 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। यह उनके वनडे करियर का पांचवां अर्धशतक है। हेंड्रिक्स और मार्करम के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। 30 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 156 रन है।
रीजा हेंड्रिक्स ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 57 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। इस मैच में उन्हें कप्तान बावुमा की जगह मौका मिला है और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। मार्करम के साथ बेहतरीन साझेदारी कर उन्होंने अपनी टीम को मुश्किल से निकाला है। यह उनके वनडे करियर का चौथा अर्धशतक है।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 100 रन के पार जा चुका है। एडेन मार्करम और रीजा हेंड्रिक्स शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम मैच में वापस आ चुकी है। भारतीय कप्तान शिखर धवन सभी गेंदबाजों को आजमा चुके हैं, लेकिन इस जोड़ी के सामने सब कुछ बेअसर साबित हुआ है। 22 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 110 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 70 रन के पार जा चुका है। रीजा हेंड्रिक्स और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 32 रन की साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, कुलदीप यादव ने मार्करम को काफी परेशान किया है। दक्षिण अफ्रीका ने 17 ओवर में दो विकेट खोकर 72 रन बनाए हैं।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। रीजा हेंड्रिक्स और एडेन मार्करम क्रीज पर मौजूद हैं। दो विकेट गिरने के बाद दोनों अपनी टीम को संभालने का काम कर रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 17 रन की साझेदारी हो चुकी है और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 14 ओवर के बाद दो विकेट पर 57 रन है।
शाहबाज अहमद ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में यानेमन मलान को एलबीडब्ल्यू आउट किया। हालांकि, अंपायर ने आउट नहीं दिया था, लेकिन विकेटकीपर संजू और शाहबाज ने धवन को रिव्यू लेने के लिए कहा और उनका यह फैसला सही साबित हुआ। पावरप्ले में दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट के नुकसान पर 40 रन बनाए हैं।
डिकॉक के आउट होने के बाद यानेमन मलान और रीजा हेंड्रिक्स संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और मौका मिलने पर हाथ भी खोल रहे हैं। आवेश खान ने अपने पहले ओवर में नौ रन दिए और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 30 रन के पार जा चुका है। आठ ओवर के बाद अफ्रीकी टीम ने एक विकेट पर 35 रन बना लिए हैं।
मोहम्मद सिराज ने भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को पांच रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। गेंद डिकॉक के बल्ले पर लगकर स्टंप पर चली गई और वह निराश होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने पिछले मैच में अच्छी बल्लेबाजी की थी। अब भारत के पास दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम पर दबाव बनाने का मौका है, क्योंकि मलान की फॉर्म कुछ खास नहीं है और हेंड्रिक्स को काफी समय बाद मौका मिला है। सिराज ने तीसरे ओवर में कोई रन नहीं दिया और तीन ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर एक विकेट पर सात रन है।
दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है। क्विंटन डिकॉक और यानेमन मलान ने पारी की शुरुआत की है। भारत के लिए पहला ओवर सिराज ने किया और पांच रन दिए। दूसरे ओवर में सुंदर ने दो रन दिए और दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना किसी नुकसान के सात रन है।
दक्षिण अफ्रीका: यानेमन मलान, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज (कप्तान), ब्योर्न फोर्च्यून, कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्त्जे।
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आवेश खान।
भारत के लिए इस मैच में ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को डेब्यू करने का मौका मिला है। वह घरेलू क्रिकेट में बंगाल और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलते हैं। शाहबाज अहमद के साथ वॉशिंगटन सुंदर को भी टीम में शामिल किया गया है। ऋतुराज गायकवाड़ और रवि बिश्नोई को बाहर कर दिया गया है।
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में टॉस जीत लिया है। उसने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। अफ्रीकी टीम के कप्तान तेम्बा बावुमा इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर केशव महाराज कप्तानी कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका की टीम में बावुमा के अलावा तबरेज शम्सी भी नहीं खेल रहे हैं। रीजा हेंड्रिक्स और ब्योर्न फोर्तूइन को मौका दिया गया है।
चोट की वजह से वनडे सीरीज से बाहर हुए दीपक चाहर की जगह वॉशिंगटन सुंदर को शनिवार को टीम में शामिल किया गया। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, इंदौर में हुए अंतिम टी-20 मैच के दौरान दीपक चाहर की पीठ में जकड़न हो गई है। वह लखनऊ में अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं थे। अब वह नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में मेडिकल टीम की निगरानी में रहेंगे। चाहर टी-20 विश्वकप के लिए रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में हैं। उनकी जगह 23 वर्षीय सुंदर टीम में खेलेंगे। सुंदर ने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय वनडे फरवरी में खेला था। वह भी चोट से उबरे हैं। सुंदर ने भरत के लिए चार टेस्ट, चार वनडे और 31 टी-20 मैच खेले हैं।
भारत : शिखर धवन (कप्तान), ऋतुराज गायुकवाड़, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रजत पाटीदार, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, मुकेश कुमार, आवेश खान, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर।
दक्षिण अफ्रीका : तेम्बा बावुमा (कप्तान), यानेमन मलान, क्विंटन डीकॉक, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडी, तबरेज शम्सी, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन, एनरिच नोर्त्जे और एंडिले फेहलुकवायो।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला थोड़ी देर में रांची में खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में बराबरी करने के लिए उतरेगी। दक्षिण अफ्रीका लखनऊ में पहला वनडे जीतकर 1-0 से आगे है। उसकी नजर सीरीज में अजेय बढ़त लेने पर होगी। भारतीय टीम रांची में हारती है तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घर में लगातार दूसरी सीरीज गंवाएगी। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 2015 में भारत की धरती पर पांच मैचों की सीरीज 3-2 से जीती थी।