फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: गत चैंपियन इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत, शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला

Fri, 28 Jun 2024 01:44 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गयाना

खास बातें

ENG vs IND Semi Final T20 WC 2024 : भारतीय टीम ने बारिश बाधित मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन इंग्लैंड को 68 रनों से हराकर तीसरी बार आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। अब शनिवार को टीम का सामना खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारत ने 2007 में इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था और अब उसके पास खिताबी सूखे को समाप्त करने का अवसर रहेगा।
विज्ञापन
कुलदीप यादव - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:31 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: भारत 10 साल बाद फाइनल में

कप्तान रोहित शर्मा की शानदार पारी के बाद कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की दमदार गेंदबाजी से भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 68 रनों से हराकर टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। भारत का सामना अब शनिवार को खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारतीय टीम ने इस तरह 10 साल के लंबे अंतराल के बाद इस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया है। भारत इससे पहले 2014 में टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचा था। यह तीसरी बार है जब भारतीय टीम टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला खेलेगी। इससे पहले टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में 2007 और 2014 में फाइनल में प्रवेश किया था। भारत को 2007 में जीत मिली थी, जबकि 2014 में वह खिताब से चूक गया था। 

भारत ने रोहित शर्मा की 39 गेंदों पर 57 रनों की पारी और सूर्यकुमार यादव के 47 रनों के दम पर 20 ओवर में सात विकेट पर 171 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवर में 103 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने 19 रन देकर तीन विकेट, जबकि अक्षर पटेल ने 23 रन देकर तीन विकेट झटके। अक्षर को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार से नवाजा गया। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक 25 रन बनाकर सर्वोच्च स्कोरर रहे। भारत ने इस तरह टूर्नामेंट में अपना विजयी अभियान जारी रखा। अब फाइनल में उसका सामना ऐसी टीम से जो पहली बार विश्व कप के खिताबी मुकाबले में पहुंची है और उसी की तरह अजेय चल रही है। 

01:24 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: भारत जीत से एक कदम दूर

अक्षर पटेल ने शानदार फील्डिंग कर आदिल राशिद को रन आउट किया और भारत को नौवीं सफलता दिलाई। भारत अब जीत से एक कदम दूर है, जबकि इंग्लैंड के लिए मुश्किल बढ़ गई है। राशिद दो गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर आर्चर के साथ रीस टॉप्ली मौजूद हैं। 

01:21 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: लिविंगस्टोन रन आउट हुए

अक्षर पटेल के ओवर में लियाम लिविंगस्टोन रन आउट हो गए। अक्षर की गेंद पर आर्चर ने शॉट खेला और लिविंगस्टोन रन लेने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन आर्चर अपनी जगह से नहीं हिले और अक्षर ने लिविंगस्टोन को रन आउट कर दिया। लिविंगस्टोन 16 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम अब फाइनल में पहुंचने से दो विकेट दूर है, जबकि गत चैंपियन इंग्लैंड की पारी अब पूरी तरह लड़खड़ा गई है। 

विज्ञापन
01:13 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: कुलदीप को मिली तीसरी सफलता

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने एक बार फिर अपनी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और क्रिस जॉर्डन को आउट कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। कुलदीप ने एलबीडब्ल्यू आउट कर जॉर्डन की पारी का अंत किया जो पांच गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। यह कुलदीप का टी20 में 200वां विकेट है। अब क्रीज पर जोफ्रा आर्चर उतरे हैं और उनके साथ लियाम लिविंगस्टोन मौजूद हैं। 

01:05 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: ब्रूक पवेलियन लौटे

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को छठा झटका दिया। कुलदीप ने हैरी ब्रूक को बोल्ड कर भारत को एक और सफलता दिलाई। ब्रूक 19 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए। ब्रूक के आउट होने के बाद क्रिस जॉर्डन क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ लियाम लिविंगस्टोन मौजूद हैं। इंग्लैंड ने 11 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 68 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए 54 गेंदों पर 104 रन बनाने हैं। 

विज्ञापन
12:54 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौटी

इंग्लैंड को 49 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। कुलदीप यादव ने सैम करन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह दो रन बना सके। फिलहाल हैरी ब्रूक और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं। भारतीय स्पिनर्स ने कहर बरपाया है। अक्षर तीन विकेट ले चुके हैं। वहीं, कुलदीप को एक सफलता मिली है। एक विकेट बुमराह ने लिया है। नौ ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 53 रन है।

12:49 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को चौथा झटका

इंग्लैंड को 46 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। अक्षर पटेल ने मोईन अली को विकेटकीपर पंत के हाथों स्टंप कराया। पंत का विकेट के पीछे इस विश्व कप में 12वां शिकार रहा। वहीं, अक्षर को तीसरी सफलता मिली। इससे पहले उन्होंने बटलर और बेयरस्टो को आउट किया था। आठ ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट पर 49 रन है। फिलहाल हैरी ब्रूक और सैम करन क्रीज पर हैं।

12:40 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को तीसरा झटका

इंग्लैंड को 35 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में अक्षर पटेल ने जॉनी बेयरस्टो को बोल्ड किया। बेयरस्टो खाता नहीं खोल सके। अक्षर को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने कप्तान जोस बटलर (23) को आउट किया था। वहीं, बुमराह ने फिल सॉल्ट को क्लीन बोल्ड किया था। छह ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 39 रन है। फिलहाल हैरी ब्रूक और मोईन अली क्रीज पर हैं।

12:36 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को दूसरा झटका

इंग्लैंड को पांचवें ओवर में 34 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने फिल सॉल्ट को क्लीन बोल्ड किया। सॉल्ट पांच रन बना सके। इससे पहले कप्तान जोस बटलर 23 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने थे। पांच ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 35 रन है। फिलहाल मोईन अली और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं।

12:29 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को पहला झटका

इंग्लैंड को चौथे ओवर में 26 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अक्षर पटेल ने कप्तान जोस बटलर को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंद में चार चौके की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल फिल सॉल्ट और मोईन अली क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 33 रन है।

12:18 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की पारी शुरू

इंग्लैंड की पारी शुरू हो चुकी है। फिल सॉल्ट और जोस बटलर क्रीज पर हैं। अर्शदीप ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना विकेट गंवाए पांच रन है।

12:05 AM, 28-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: भारत ने 171 रन बनाए

भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के सामने 172 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 171 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 47 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से क्रिस जॉर्डन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। हालांकि, भारतीय पारी के 18वें ओवर में जॉर्डन हैट्रिक से चूक गए। उन्होंने लगातार दो गेंद पर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को आउट किया था। जॉर्डन इस टी20 विश्व कप में एक हैट्रिक पहले ही ले चुके हैं।

पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। विराट कोहली (9) और ऋषभ पंत (4) कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद रोहित ने सूर्या के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई। रोहित ने इस दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 32वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने सैम करन की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, इसके बाद वह तुरंत आउट हो गए। आदिल रशीद ने रोहित को क्लीन बोल्ड किया। हिटमैन ने 39 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 57 रन की पारी खेली। सूर्या भी 36 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने 13 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 23 रन बनाए। दुबे गोल्डन डक का शिकार हुए। अक्षर पटेल ने छह गेंद में एक छक्के की मदद से 10 रन बनाए। रवींद्र जडेजा नौ गेंद में दो चौके की मदद से 17 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए 171 रन का बचाव करना होगा।

11:51 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: जॉर्डन हैट्रिक से चूके

भारत को 18वें ओवर में 146 के स्कोर पर दो झटके लगे। क्रिस जॉर्डन इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने लगातार दो छक्के जड़े। इसके बाद तीसरी गेंद पर भी छक्का लगाने के चक्कर में हार्दिक कैच आउट हो गए। उन्होंने 13 गेंद में 23 रन बनाए। इसके बाद अगली ही गेंद पर शिवम दुबे को जॉर्डन ने विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया। वह गोल्डन डक का शिकार हुए। फिलहाल अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 147 रन है।

11:39 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: भारत को चौथा झटका

भारत को 124 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। 16वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने सूर्यकुमार यादव को क्रिस जॉर्डन के हाथों कैच कराया। वह 36 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक से चूक गए। इससे पहले कप्तान रोहित 57 रन बनाकर आउट हुए थे। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 126 रन है। हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।

11:31 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: रशीद ने रोहित को आउट किया

14वें ओवर में भारत को 113 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। आदिल रशीद ने रोहित शर्मा को क्लीन बोल्ड किया। वह 39 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सूर्यकुमार के साथ 73 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल सूर्या का साथ निभाने हार्दिक पांड्या आए हैं।

11:25 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: रोहित ने छक्के से पूरा किया अर्धशतक

रोहित ने 13वें ओवर में सैम करन की गेंद पर छक्का लगाकर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 32वां अर्धशतक पूरा किया। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 92 रन की पारी खेली थी। रोहित ने अर्धशतक के लिए 36 गेंद लिए। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 110 रन है। फिलहाल रोहित 37 गेंद में 56 रन और सूर्यकुमार 26 गेंद में 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

11:23 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: 12 ओवर का खेल समाप्त

12 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 91 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 27 रन और रोहित शर्मा 49 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 51 रन की साझेदारी हो चुकी है।

11:18 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: 10 ओवर का खेल समाप्त

10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 77 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव 21 रन और रोहित शर्मा 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हिटमैन 32वें टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक के करीब हैं।

11:11 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: मैच फिर शुरू

मैच की फिर से शुरुआत हो चुकी है। भारत ने आठ ओवर में दो विकेट पर 65 रन से आगे खेलना शुरू किया है। सूर्यकुमार और रोहित क्रीज पर हैं। लियाम लिविंगस्टोन ने बारिश के खलल के बाद नौवें ओवर में गेंदबाजी की। इस ओवर से चार रन आए। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 69 रन है। रोहित 39 रन और सूर्या 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

11:00 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: कुछ देर में शुरू होगा मैच

रात 11 बजकर 10 मिनट पर मैच फिर से शुरू होगा। बारिश के कारण करीब एक घंटे का खेल बाधित हुआ। बारिश की वजह से मैच रुकने तक भारत ने आठ ओवर में दो विकेट पर 65 रन बना लिए थे। फिलहाल रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर नाबाद हैं। प्लेइंग कंडीशन में बदलाव की वजह से ओवर्स में कोई कटौती नहीं हुई है।

10:46 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: मैदान का निरीक्षण कर रहे अंपायर्स

अंपायर्स मैदान का निरीक्षण करने के लिए पहुंच चुके हैं। ग्राउंडस्टाफ मैदान को सुखाने के लिए काफी मेहनत करते दिखाई पड़ रहे हैं। फिलहाल धूप निकली हुई है और कुछ देर में मैच फिर से शुरू हो सकता है।

10:36 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: अंपायर्स करेंगे निरीक्षण

मैदान गीला होने के कारण खेल शुरू होने में देरी है। बारिश रुक चुकी है और कवर्स भी हटाए जा चुके हैं। ग्राउंडस्टाफ मैदान को सुखाने के काम में जुटे हुए हैं। रात 10 बजकर 45 मिनट पर अंपायर्स मैदान का निरीक्षण करेंगे और फैसला करेंगे कि मैच कब शुरू होगा।

10:13 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: बारिश रुकी

बारिश एक बार फिर रुक चुकी है। अंपायर्स मैदान के निरीक्षण के लिए पहुंचे हैं। मैदानकर्मी भी एक्शन में दिखाई पड़ रहे हैं और कवर्स हटा रहे हैं। धूप खिल चुकी है। हालांकि, आउटफील्ड गीली दिखाई पड़ रही है। वहीं, कवर्स पर भी काफी पानी जमा है। ऐसे में फैंस को काफी इंतजार करना पड़ सकता है। बारिश के कारण खेल रुकने तक भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 65 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 

09:53 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: बारिश के कारण रुका मैच

बारिश के कारण मैच को रोक दिया गया है। खेल रुकने तक टीम इंडिया ने दो विकेट गंवाकर 65 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 26 गेंद में 37 रन और सूर्यकुमार यादव सात गेंद में 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं। विराट कोहली नौ रन बनाकर और ऋषभ पंत चार रन बनाकर आउट हुए थे। कोहली को टॉप्ली ने क्लीन बोल्ड किया था, जबकि पंत को सैम करन ने बेयरस्टो के हाथों कैच कराया था। अब से ठीक 175 मिनट यानी तीन घंटे बाद ओवर्स कटने शुरू हो जाएंगे।

09:41 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को छठे ओवर में 40 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। सैम करन ने ऋषभ पंत को बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। वह चार रन बना सके। फिलहाल रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट पर 46 रन है। रोहित 26 रन और सूर्यकुमार पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।

09:37 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: पांच ओवर का खेल समाप्त

पांच ओवर का खेल समाप्त हो चुका है। भारत ने एक विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 17 गेंद में 25 रन और ऋषभ पंत चार गेंद में चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को एकमात्र झटका विराट कोहली के रूप में लगा। वह नौ रन बनाकर रीस टॉप्ली का शिकार बने।

09:26 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को तीसरे ओवर में 19 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रीस टॉप्ली ने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया। इस पूरे टूर्नामेंट में ओपनिंग करते हुए विराट का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। विराट ने नौ गेंद में नौ रन बनाए। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा का साथ निभाने ऋषभ पंत आए हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 21 रन है।

09:18 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: मैच शुरू

सेमीफाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं। इंग्लैंड के लिए पहले ओवर में रीस टॉप्ली ने गेंदबाजी की। पहले ओवर में छह रन बने। भारतीय बल्लेबाजों को संघर्ष करना पड़ रहा है। गेंदबाजों को स्विंग मिल रही है।

08:53 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह। 

इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, मोइन अली, लियाम लिविंगस्टोन, सैम करन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, रीस टॉप्ली।

08:51 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड ने टॉस जीता

भारत के खिलाफ इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान बटलर ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, जब कमेंटेटर रवि शास्त्री ने जब भारतीय कप्तान रोहित से पूछा कि वह टॉस जीतकर क्या फैसला करते? इस पर रोहित ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला ही करते। भारतीय कप्तान रोहित ने भी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

08:44 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: टॉस और मैच शुरू होने का समय

भारतीय समयानुसार रात आठ बजकर 50 मिनट पर टॉस होगा। वहीं, पहली गेंद सवा नौ पर फेंकी जाएगी। अंपायर्स ने मैदान का निरीक्षण कर यह फैसला लिया है। फिलहाल गयान में धूप खिली हुई है और आसमान भी साफ है। फैंस पूरा मैच होने की उम्मीद कर रहे होंगे।

08:20 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: निरीक्षण 15 मिनट बढ़ा

निरीक्षण के समय को 15 मिनट के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले जानकारी आई थी कि रात साढ़े आठ बजे अंपायर्स मैदान का निरीक्षण करेंगे। अब यह जानकारी सामने आई है कि अंपायर्स रात पौने नौ बजे मैदान का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद टॉस पर फैसला लिया जाएगा।

08:05 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Semi Final Live: साढ़े आठ बजे मैदान का निरीक्षण

अंपायर्स भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे मैदान का निरीक्षण करेंगे। फिलहाल गयाना में धूप खिली हुई है और भारतीय खिलाड़ी फुटबॉल खेलते दिखाई पड़ रहे हैं। विराट कोहली, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव और युजवेंद्र चहल फुटबॉल के मजे ले रहे हैं। मैदान के निरीक्षण के बाद ही अंपायर्स टॉस पर फैसला करेंगे। फिलहाल मैदान से कवर्स हटा दिए गए हैं। 

07:31 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Semi Final Live: टॉस में देरी

मैदान गीला होने की वजह से टॉस में देरी है। फिलहाल गयाना में बारिश नहीं हो रही है। हालांकि, ओवरकास्ट कंडीशंस हैं। भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी अपने-अपने ड्रेसिंग रूम में हैं। अंपायर्स ने भारतीय कप्तान से बातचीत भी की। फिलहाल मैदान पर पानी जमा है और टॉस में देरी है। अंपायर्स मैदान का फिर से निरीक्षण करेंगे और समय पर फैसला लेंगे। मैदान पर अब भी कवर्स हैं।

07:25 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Semi Final Live: अंपायर्स ने रोहित से की बातचीत

इस मैच के दो फील्ड अंपायर्स क्रिस गाफनी और रोड टकर भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे। उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा से बातचीत की। फिलहाल बारिश नहीं हो रही है, लेकिन मैदान को अब भी कवर्स से ढका गया है। ऐसे में टॉस में देरी हो सकती है। आउटफील्ड पर अब भी पानी है।

07:15 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Semi Final Live: मैदान पर अब भी कवर्स

कवर्स हटाने के बाद भी बारिश हुई और पिच को फिर से कवर्स से ढक दिया गया। मैदान के ऊपर अभी भी बादल मंडरा रहे हैं। हालांकि, अभी बारिश नहीं हो रही है। स्टेडियम में अब तक फैंस नहीं पहुंचे हैं। सिर्फ ग्राउंडस्टाफ ही मैदान को सुखाने की कवायद में जुटे हैं। भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी जरूर स्टेडियम पहुंच चुके हैं।

06:46 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Semi Final Live: भारतीय खिलाड़ी पहुंचे

बारिश रुक चुकी है और भारतीय खिलाड़ी मैदान पर पहुंच चुके हैं और पिच का जायजा ले रहे हैं। कवर्स हटाए गए हैं और खिलाड़ियों को मैदान पर घूमते देखा गया। इसका वीडियो ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर्स स्टार स्पोर्ट्स ने जारी किया है।

06:39 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Semi Final Live: डीके का एक और ट्वीट

दिनेश कार्तिक ने एक और ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- पहले मैंने बुरी खबर के साथ शुरू किया था, लेकिन अब धूप खिल चुकी है। कवर्स हटाए गए हैं। मैदान से पानी को भी सूखाया जा रहा है। 

05:46 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: डीके का ट्वीट

भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर दिनेश कार्तिक ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- फिलहाल स्थिति इतनी अच्छी नहीं है। जब हम रास्ते में थे तो भारी बारिश हुई और अब बूंदाबांदी हो रही है। लेकिन अच्छी खबर यह है कि सूरज बाहर झांक रहा है।

05:04 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: गेंदबाज बरपाएंगे कहर

स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव का होना तय है। तीनों ही गेंदबाजों ने अपनी घातक गेंदबाजी से वेस्टइंडीज कि पिचों पर खास प्रभाव छोड़ा है। वहीं, तेज गेंदबाजी आक्रमण का जिम्मा जसप्रीत बुमराह संभालते दिखेंगे। उनका साथ अर्शदीप सिंह देते नजर आएंगे। हार्दिक पांड्या भी अपने हिस्से के चार ओवर फेंकते दिखेंगे। 

05:02 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: सूर्या पर रहेगी नजर

तीसरे नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत उतरेंगे। पिछले छह मैचों में उन्होंने 132.53 के स्ट्राइक रेट से 167 रन बनाए हैं। चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करते नजर आएंगे। मौजूदा टूर्नामेंट में उन्होंने दो अर्धशतकों की मदद से 149 रन बनाए हैं। आगामी मैच में वह भारत के लिए सबसे बड़ी उम्मीद होंगे। पांचवें नंबर पर शिवम दुबे उतरेंगे। इस स्थिति में संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है। वहीं, उपकप्तान हार्दिक पांड्या एक बार फिर जलवा बिखेरते दिखेंगे। टी20 विश्व कप में वह गेंद और बल्ले से चमके हैं।

05:02 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: कोहली से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

इस मुकाबले में भारत को एक बार फिर रोहित शर्मा से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका बल्ला जमकर गरजा था। उन्होंने 92 रनों की तूफानी पारी खेलकर स्टार्क और पैट कमिंस की धज्जियां उड़ा दी थीं। आगामी मुकाबले में भी उनसे इस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद है। रोहित का साथ विराट कोहली देते हुए नजर आएंगे। हालांकि, स्टार बल्लेबाज की फॉर्म चिंता का विषय है। मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक वह सिर्फ 66 रन बना पाए हैं। इस स्थिति में एक बार फिर यशस्वी जायसवाल को बाहर बैठना पड़ सकता है। उन्हें अब तक प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बनाया गया है। 

05:00 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: टी20 क्रिकेट में भारत का इंग्लैंड पर पलड़ा भारी

नॉकआउट मैच में भारतीय टीम एक बार फिर रोहित शर्मा की अगुवाई में जोस बटलर की सेना का सामना करती नजर आएगी। टी20 क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच 23 बार भिड़ंत हुई है जिसमें भारत का पलड़ा भारी है। टीम इंडिया को 12 मैचों में जीत मिली है जबकि इंग्लैंड ने 11 मुकाबलों में जीत का स्वाद चखा है। वहीं, टी20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड का भारत से चार बार आमना-सामना हुआ है। दोनों ही टीमों ने दो-दो मैच जीते हैं। 

04:59 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: सुपर आठ में शीर्ष पर रहकर भारत ने किया क्वालिफाई

भारतीय टीम टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर रही है और उसने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय चल रही है और उसने ग्रुप चरण के बाद सुपर आठ में भी शीर्ष पर रहकर इस चरण का समापन किया। दूसरी तरफ, इंग्लैंड ने अमेरिका को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। इससे पहले भी 2022 में दोनों टीमों का सामना अंतिम चार में हुआ था जहां इंग्लैंड की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही थी।

04:56 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Live Score: पिछले सेमीफाइनल में भारत को मिली थी हार

टी20 विश्व कप 2022 में इंग्लैंड ने भारत को सेमीफाइनल में 10 विकेट से हराया था। इंग्लैंड ने जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को करारी शिकस्त दी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रनों का लक्ष्य तैयार किया था जिसे इंग्लैंड ने 16 ओवर में हासिल कर लिया था। मौजूदा टूर्नामेंट में भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 

04:48 PM, 27-Jun-2024

IND vs ENG Highlights: गत चैंपियन इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत, शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना डिफेंडिंग चैंपियंस इंग्लैंड से है। यह मैच गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय है। वहीं, इंग्लैंड की टीम ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से हार चुकी है। इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। इस मैच में बारिश खलल डाल सकता है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें