भारत ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड को पांच विकेट से हरा दिया है। इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.5 ओवर में 259 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत ने एक वक्त 72 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत ने मिलकर मैच पलट दिया। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी निभाई।
हार्दिक पांड्या ने 55 गेंदों पर 71 रन की पारी खेली। वहीं, ऋषभ पंत 113 गेंदों पर 125 रन बनाकर नाबाद रहे। यह उनका वनडे में पहला शतक रहा। इन दोनों की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 42.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। रवींद्र जडेजा भी सात रन बनाकर नाबाद रहे। पंत ने डेविड विली के 42वें ओवर में लगातार पांच चौके भी जड़े।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज भी 2-1 से अपने नाम की। भारत ने पहला वनडे 10 विकेट से जीता था, जबकि दूसरे वनडे में इंग्लैंड की टीम ने 100 रन से जीत हासिल की थी। एजबेस्टन टेस्ट हारने के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने जबरदस्त वापसी की। टीम ने टी-20 सीरीज और फिर वनडे सीरीज जीती।
भारत ने वनडे में इंग्लैंड से अब तक 11 सीरीज जीती हैं, लेकिन इंग्लैंड की धरती पर यह टीम इंडिया की चौथी वनडे सीरीज जीत है (इसमें 1986 में 1-1 से बराबर छूटी सीरीज भी शामिल है, जिसमें भारत को विजेता घोषित किया गया था)। आठ साल बाद इंग्लैंड में भारतीय टीम वनडे सीरीज जीतने में कामयाब हो पाई है। पिछली बार टीम इंडिया ने इंग्लैंड में 2014 में 3-1 से वनडे सीरीज जीती थी।
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में ऋषभ पंत का कहर देखने को मिला है। उन्होंने वनडे करियर का पहला शतक लगाया। पंत ने 106 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। भारत ने 41 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 244 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा सात रन और पंत 100 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
40 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 231 रन बना लिए हैं। भारत को अब 60 गेंदों में 29 रन की जरूरत है। फिलहाल ऋषभ पंत 102 गेंदों में 96 रन और रवींद्र जडेजा छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पंत अपने पहले वनडे शतक से चार रन दूर हैं।
भारत को 36वें ओवर में 205 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। हार्दिक पांड्या 55 गेंदों पर 71 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में हार्दिक ने 10 चौके लगाए। उन्होंने ऋषभ पंत के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 115 गेंदों पर 133 रन की साझेदारी निभाई और भारत को मुश्किल परिस्थिति से निकाला। 36 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट पर 206 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब 84 गेंदों पर 54 रन की जरूरत है। फिलहाल पंत 88 गेंदों पर 77 रन और रवींद्र जडेजा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत का तूफान देखने को मिल रहा है। इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 100 प्लस रन की साझेदारी कर ली है। 33 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 179 रन है। ऋषभ पंत 79 गेंदों पर 65 रन और हार्दिक पांड्या 49 गेंदों पर 57 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 17 ओवर में 81 रन की जरूरत है।
31 ओवर में भारत ने चार विकेट गंवाकर 159 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या के बाद ऋषभ पंत ने भी वनडे करियर का छठा अर्धशतक लगाया। पंत ने 71 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल हार्दिक 52 रन और पंत 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 19 ओवर में 101 रन की जरूरत है।
30 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 152 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या ने वनडे करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। वहीं, ऋषभ पंत भी फिफ्टी के करीब हैं। फिलहाल पांड्या 43 गेंदों पर 50 रन और पंत 67 गेंदों पर 45 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 20 ओवर में 108 रन की जरूरत है। पांड्या और पंत के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हो चुकी है।
28 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 141 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या 40 गेंदों पर 47 रन और ऋषभ पंत 58 गेंदों पर 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 22 ओवर में 119 रन की जरूरत है।
25 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 125 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या 28 गेंदों पर 35 रन और ऋषभ पंत 52 गेंदों पर 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया को अब 25 ओवर में 135 रन की जरूरत है। पांड्या और पंत के बीच पांचवें विकेट के लिए अब तक 50 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
22 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 108 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या 18 गेंदों पर 22 रन और ऋषभ पंक 44 गेंदों पर 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित, कोहली, धवन और सूर्यकुमार फेल रहे। ये चारों बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे।
17वें ओवर में 72 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। क्रेग ओवरटन ने सूर्यकुमार यादव को विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया। वह 28 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले रोहित शर्मा, शिखर धवन और विराट कोहली पवेलियन लौट चुके हैं। ओवरटन के अलावा रीस टॉप्ले ने तीन विकेट झटके। फिलहाल ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या क्रीज पर मौजूद हैं।
12 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 52 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। भारत को अब 208 रन की जरूरत है। वहीं, रोहित शर्मा, शिखर धवन और विराट कोहली पवेलियन लौट चुके हैं। तीनों विकेट रीस टॉप्ले ने झटके।
आउट होकर पवेलियन लौटते विराट कोहली
भारत को नौवें ओवर में 38 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। विराट कोहली एक बार फिर ऑफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद पर छेड़छाड़ करते हुए पवेलियन लौटे। कोहली को टॉप्ले ने विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया। कोहली 22 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। पिछले वनडे में कोहली 16 रन बना पाए थे। भारत को तीन झटके टॉप्ले ने ही दिए हैं। उन्होंने रोहित और धवन को भी पवेलियन भेजा। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 42 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।
पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर रीस टॉप्ले ने कप्तान रोहित शर्मा को स्लिप में जो रूट के हाथों कैच कराया। रोहित 17 गेंदों पर 17 रन बना सके। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 21 रन है। फिलहाल विराट कोहली और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।
विकेट लेने के बाद रीस टॉप्ले
भारत को तीसरे ओवर में 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रीस टॉप्ले ने शिखर धवन को जेसन रॉय के हाथों कैच कराया। धवन तीन गेंदों पर एक रन बना सके। तीन ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं।
भारतीय ओपनर्स रोहित शर्मा और शिखर धवन क्रीज पर हैं। दोनों के सामने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी है। एक ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए चार रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। मोहम्मद सिराज ने जसप्रीत बुमराह की कमी पूरी होने नहीं दी। उन्होंने पारी के दूसरे ओवर में इंग्लैंड को दो झटके दिए। यह दोनों विकेट 12 के कुल स्कोर पर गिरे। सिराज ने पहले जॉनी बेयरस्टो को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर जो रूट को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। रूट और बेयरस्टो दोनों बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। यह ओवर डबल विकेट मेडन ओवर रहा।
इसके बाद बेन स्टोक्स ने जेसन रॉय के साथ मिलकर इंग्लैंड की पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 54 रन की साझेदारी निभाई। रॉय अर्धशतक से चूक गए और 31 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने रॉय को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। इसके बाद हार्दिक ने बेन स्टोक्स को भी आउट किया। स्टोक्स 29 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक ने उनका कैच अपनी ही गेंद पर लपका।
चार विकेट गिरने के बाद मोईन अली ने कप्तान जोस बटलर के साथ मिलकर पारी संभालनी चाही। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 84 गेंदों पर 75 रन की साझेदारी निभाई। मोईन 44 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा ने मोईन अली को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। इस बीच बटलर ने वनडे करियर का 22वां अर्धशतक जड़ा। हालांकि, अर्धशतक लगाने के बाद वह ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सके।
37वें ओवर में हार्दिक ने इंग्लैंड को दो झटके दिए। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन और बटलर की 49 रन की साझेदारी को तोड़ा। पांड्या ने पहले लिविंगस्टोन को बाउंड्री पर रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। इससे दो गेंद पहले लिविंगस्टोन ने एक छक्का लगाया था। फिर से सिक्स लगाने के चक्कर में लिविंगस्टोन अपना विकेट गंवा बैठे। लिविंगस्टोन ने 31 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली। इसके बाद हार्दिक ने ओवर की आखिरी गेंद पर बटलर को पवेलियन भेजा। वह 80 गेंदों पर 60 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने बटलर का बेहतरीन कैच लपका। अपनी पारी में बटलर ने तीन चौके और दो छक्के लगाए।
इसके बाद डेविड विली और क्रेग ओवरटन ने पारी संभालते हुए 48 रन की साझेदारी कर डाली। इस साझेदारी को युजवेंद्र चहल ने तोड़ा। चहल ने विली को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों पर 18 रन बना सके। चहल ने इसके बाद ओवरटन को कोहली के हाथों कैच कराया। ओवरटन 32 रन बना सके। रीस टॉप्ले को क्लीन बोल्ड कर चहल ने इंग्लैंड की पारी को 259 रन पर समेट दिया। टॉप्ले खाता भी नहीं खोल सके। भारत की ओर से हार्दिक और चहल के अलावा सिराज ने दो विकेट झटके। वहीं, जडेजा को एक विकेट मिला।
इंग्लैंड ने भारत को 260 रन का लक्ष्य दिया है।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 45.5 ओवर में 259 रन पर ऑलआउट हो गई। हार्दिक पांड्या ने चार और युजवेंद्र चहल ने तीन विकेट झटके। वहीं, इंग्लैंड की ओर से कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए।
चहल ने तीन विकेट झटके
बटलर ने अर्धशतक जड़ा
44वें ओवर में 247 के स्कोर पर इंग्लैंड को आठवां झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने डेविड विली को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों पर 18 रन बना सके। विली और क्रेग ओवरटन के बीच आठवें विकेट के लिए 41 गेंदों पर 48 रन की साझेदारी हुई। 44 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 249 रन है। फिलहाल ब्रायडन कार्स और क्रेग ओवरटन क्रीज पर हैं।
42 ओवर के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 235 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रेग ओवरटन 19 रन और डेविड विली 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक आठवें विकेट के लिए 35 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। भारती गेंदबाज इन पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करने के लिए जूझ रहे हैं। मैच में अब तक भारत के हार्दिक पांड्या ने चार विकेट और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट झटके। वहीं, इंग्लैंड की ओर से कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए।
39 ओवर के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 208 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रेग ओवरटन आठ रन और डेविड विली दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। हार्दिक पांड्या ने चार विकेट झटके हैं। यह वनडे में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 2016 में धर्मशाला में 31 रन देकर तीन विकेट झटके थे। हार्दिक ने 37वें ओवर में जोस बटलर (60 रन) और लियाम लिविंगस्टोन (27 रन) को पवेलियन भेजा।
37वें ओवर में 198 के स्कोर पर इंग्लैंड को छठा झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने लियाम लिविंगस्टोन को बाउंड्री पर रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। इससे दो गेंद पहले लिविंगस्टोन ने एक छक्का लगाया था। फिर से सिक्स लगाने के चक्कर में लिविंगस्टोन अपना विकेट गंवा बैठे। लिविंगस्टोन ने 31 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली। इसके बाद हार्दिक ने ओवर की आखिरी गेंद पर जोस बटलर को पवेलियन भेजा। बटलर 80 गेंदों पर 60 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने बटलर का बेहतरीन कैच लपका। अपनी पारी में बटलर ने तीन चौके और दो छक्के लगाए। हार्दिक ने अब तक चार विकेट झटके हैं। 37 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर सात विकेट पर 199 रन है। फिलहाल क्रेग ओवरटन और डेविड विली क्रीज पर हैं।
32 ओवर के बाद इंग्लैंड ने पांच विकेट गंवाकर 170 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान जोस बटलर 51 रन और लियाम लिविंगस्टोन नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बटलर ने वनडे करियर का 22वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 65 गेंदों पर ऐसा किया।
28वें ओवर में 149 के स्कोर पर इंग्लैंड को पांचवां झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने मोईन अली को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। मोईन 44 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। मोईन और जोस बटलर के बीच 84 गेंदों पर 75 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल बटलर 40 रन और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं। 28 ओवर के बाद इंग्लैंड ने पांच विकेट गंवाकर 156 रन बना लिए हैं।
24 ओवर के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट गंवाकर 128 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोईन अली 33 गेंदों पर 23 रन और जोस बटलर 45 गेंदों पर 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
20 ओवर के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोस बटलर 31 गेंदों पर 14 रन और मोईन अली 23 गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
17 ओवर के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट गंवाकर 82 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोईन अली दो रन और जोस बटलर 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट झटके हैं। वहीं, जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट और बेन स्टोक्स पवेलियन लौट चुके हैं।
14वें ओवर में 74 के स्कोर पर इंग्लैंड को चौथा झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने जेसन रॉय को पवेलियन भेजने के बाद बेन स्टोक्स को भी आउट किया। स्टोक्स 29 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। रॉय 41 रन बना सके थे। 14 ओवर के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान जोस बटलर और मोईन अली क्रीज पर हैं।
10वें ओवर में 66 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने जेसन रॉय को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। रॉय अर्धशतक से चूक गए और 31 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल बेन स्टोक्स और कप्तान जोस बटलर क्रीज पर हैं। स्टोक्स और रॉय के बीच तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 54 रन की साझेदारी हुई। हार्दिक के अलावा दो विकेट सिराज ने लिए। उन्होंने बेयरस्टो और रूट को एक ही ओवर में पवेलियन भेजा था।
नौ ओवर के बाद इंग्लैंड ने दो विकेट पर 66 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेसन रॉय 26 गेंदों पर 41 रन और बेन स्टोक्स 22 गेंदों पर 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 50 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। पिछले कुछ ओवरों में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन लचर दिखा है।
छह ओवर के बाद इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर 38 रन बना लिए हैं। फिलहाल बेन स्टोक्स और जेसन रॉय तेजी से रन बटोर रहे हैं। स्टोक्स 15 गेंदों पर 13 रन और रॉय 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
चार ओवर के बाद इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर 24 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेसन रॉय 13 रन और बेन स्टोक्स 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने दो विकेट झटके। उन्होंने जॉनी बेयरस्टो (0) और जो रूट (0) को पवेलियन भेजा।
मोहम्मद सिराज ने जसप्रीत बुमराह की कमी पूरी होने नहीं दी। उन्होंने पारी के दूसरे ओवर में इंग्लैंड को दो झटके दिए। यह दोनों विकेट 12 के कुल स्कोर पर गिरे। सिराज ने पहले जॉनी बेयरस्टो को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर जो रूट को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। रूट और बेयरस्टो दोनों बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। फिलहाल जेसन रॉय और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। सिराज ने डबल विकेट मेडन ओवर फेंका।
टॉस हारने के बाद इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतर चुकी है। जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पहला ओवर किया। खराब फॉर्म में चल रहे जेसन रॉय ने इस मैच में तेज शुरुआत की है और बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। शमी के पहले ही ओवर में उन्होंने तीन चौके लगाए हैं। एक ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 12 रन है।
इंग्लैंड: जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, मोईन अली, क्रेग ओवरटन, डेविड विली, ब्रायडन कार्स, रीस टॉप्ले।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। रोहित ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में लगातार तीसरा टॉस जीता। भारतीय कप्तान रोहित ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। जसप्रीत बुमराह अनफिट होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं। कप्तान ने कहा कि वह बुमराह के मामले में जोखिम नहीं उठाना चाहते। बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, इंग्लैंड की टीम में कोई बदलाव नहीं है।
जहां तक भारत के गेंदबाजी आक्रमण का संबंध है तो उसने अभी तक पांच सफेद गेंद के मैचों में से चार में तो उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन किया है। बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की और मोहम्मद शमी ने अक्सर विकेट चटकाने वाली गेंद फेंकी हैं। युजवेंद्र चहल ने अपनी तकनीक में थोड़ा बदलाव किया है जिससे वह थोड़ी और धीमी गेंद फेंक रहे हैं।
प्रसिद्ध कृष्णा को पिच से अच्छी खासी उछाल मिल रही है और यह सामने वाली टीम के लिए घातक साबित हो सकता है। हार्दिक पंड्या की फॉर्म में वापसी से निश्चित रूप से भारतीय खेमे में खुशी की लहर होगी। हालांकि, रवींद्र जडेजा की गेंदबाजी चिंता का विषय जरूर है।
गेंदबाजी में वह लगातार नीचे जा रहे हैं। जडेजा गेंदबाजी की जगह बल्लेबाजी ऑलराउंडर के रूप में बदलते जा रहे हैं और समय ही बतायेगा कि यह उप महाद्वीप में काम करेगा या नहीं जहां कम से कम दो स्पिनरों को 20 ओवर गेंदबाजी करनी होती है।
भारतीय कोच राहुल द्रविड़ और टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह 37 साल के शिखर धवन को अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप के लिए पहली पसंद मानते हैं या नहीं। यह ध्यान में रखा जाना चाहिए कि धवन केवल एक ही फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं।
ऐसे में निश्चित तौर पर उनकी लय प्रभावित हो रही है, क्योंकि उन्हें बाध्य ब्रेक लेना पड़ता है। वनडे विश्व कप में अभी 15 महीने का समय बाकी है और ऐसे में धवन पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है। टीम मैनेजमेंट को यह सोचना होगा कि क्या आगे चलकर रोहित, धवन और कोहली ही भारत के पहले, दूसरे और तीसरे नंबर के खिलाड़ी होंगे?
कोहली निश्चित रूप से इस मैच के बाद एक महीने के लंबे ब्रेक के लिए जाएंगे। इस दौरान वह अपनी खामियों को दूर करने की कोशिश करेंगे। वह बार-बार बाहर जाती गेंदों पर बल्ला टच रहे हैं और उनकी यह कमजोरी जगजाहिर हो गई है।
ओल्ड ट्रैफर्ड पर सुबह होने वाले इस वनडे में बल्लेबाजी चुनौतीपूर्ण होगी। वहां गेंद काफी स्विंग करती है। भारत को यहां 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, तब बारिश ने मैच में खलल डाला था।
रोहित स्वीकार करेंगे कि वह और अनुभवी शिखर धवन इंग्लैंड के रीस टॉपले और डेविड विली की शानदार स्विंग के आगे कुछ ज्यादा रक्षात्मक हो गए। फिर विराट कोहली की लगातार असफलता से समस्या बढ़ गई। रोहित और धवन जैसे अनुभवी सलामी बल्लेबाजों के सामने शुरुआती दो ओवर मेडन गए। यह सकारात्मक मानसिकता नहीं दिखाता है। इसलिए निश्चित रूप से बल्लेबाजी के तरीके में बदलाव की जरूरत होगी। ओवल में पहले वनडे में जसप्रीत बुमराह ने छह विकेट लेकर अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई थी। ऐसे में तीसरे वनडे में भी उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने हाल में समाप्त हुई टी-20 सीरीज के दौरान अति आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था, जिससे काफी हद तक सफलता भी मिली। हालांकि, जिस तरीके से दूसरे वनडे में टीम ने 247 रन के कम स्कोर के लक्ष्य का पीछा किया, उसे देखकर लगता है कि डिफेंस की जगह भारत को आक्रामक होने की जरूरत है।
भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर है और मैनचेस्टर में होने वाले तीसरे मुकाबले को जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा जमाएगी। भारतीय टीम मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के निर्णायक वनडे मैच में अपनी बल्लेबाजी रणनीति में थोड़ा बदलाव करना चाहेगी। टीम सतर्क होने के बजाय निर्भीक होकर खेलना चाहेगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। भारत ने पहला वनडे 10 विकेट से जीता था, जबकि दूसरे वनडे में इंग्लैंड की टीम ने 100 रन से जीत हासिल की थी। ऐसे में यह मैच जीतकर दोनों टीमें वनडे सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेंगी।