भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने स्टंप्स तक पहली पारी में तीन विकेट पर 359 रन बना लिए हैं। भारत की ओर से दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान शुभमन गिल 175 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 127 रन और उपकप्तान ऋषभ पंत 102 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए यह शानदार दिन रहा और यशस्वी जायसवाल तथा गिल ने शतक जड़े, जबकि पंत अर्धशतक लगाने में सफल रहे।
इससे पहले, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। भारत के लिए यशस्वी और केएल राहुल ने पारी का आगाज किया और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। इंग्लैंड को पहली सफलता ब्रायडन कार्स ने दिलाई जिन्होंने राहुल को अपना शिकार बनाया। राहुल 42 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेब्यू मैच खेल रहे साई सुदर्शन खाता खोले बिना आउट हुए। लंच ब्रेक के बाद शुभमन बल्लेबाजी के लिए उतरे। गिल और यशस्वी ने दूसरे सत्र में इंग्लैंड को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी।
यशस्वी ने इंग्लैंड में अपने पहले मैच में शतक लगाया। गिल और यशस्वी के बीच साझेदारी को बेन स्टोक्स ने यशस्वी को आउट कर तोड़ा। यशस्वी 101 रन बनाकर तीसरे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। फिर क्रीज पर पंत उतरे और उन्होंने गिल के साथ मोर्चा संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और दिन के खेल की समाप्ति तक इंग्लैंड को सफलता हासिल नहीं करने दी। गिल और पंत ने चौथे विकेट के लिए अब तक 138 रन जोड़ लिए हैं और इन दोनों की कोशिश दूसरे दिन भारत को और मजबूत स्थिति पर ले जाने की होगी। इंग्लैंड के लिए अब तक स्टोक्स को दो विकेट और कार्स को एक विकेट मिला है।
भारत का स्कोर पहली पारी में 350 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए कप्तान शुभमन गिल शतक और उपकप्तान ऋषभ पंत अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 130 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
उपकप्तान ऋषभ पंत ने 91 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 16वां पचासा जड़ा है। इससे पहले शुभमन गिल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। भारत का स्कोर 330 रनों के पार पहुंच गया है।
शुभमन गिल ने 140 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का छठा पचासा जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वहीं, उपकप्तान ऋषभ पंत अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। भारत का स्कोर 300 के पार पहुंच गया है।
भारत का स्कोर 280 रन के पार पहुंच गया है। शुभमन गिल और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं।
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। भारत का स्कोर 270 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर गिल के साथ ऋषभ पंत मौजूद हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का स्कोर 240 रन के पार पहुंच गया है। भारत को यशस्वी के रूप में तीसरा झटका लगा जो शतक लगाकर आउट हुए। भारत के उपकप्तान ऋषभ पंत गिल का साथ देने उतरे और दोनों के बीच अब तक 21 रनों की साझेदारी हो गई है।
यशस्वी जायसवाल शतक लगाकर पवेलियन लौट गए हैं। यशस्वी और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी हुई जिसे बेन स्टोक्स ने यशस्वी को आउट कर तोड़ा। दूसरे सत्र में इंग्लैंड के गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए थे, लेकिन तीसरे सत्र की शुरुआत में ही उन्हें यशस्वी का विकेट मिला। यशस्वी 159 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 101 रन बनाकर आउट हुए।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन के तीसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। दूसरा सत्र पूरी तरह भारत के नाम रहा था और अब तीसरे सत्र में गिल और यशस्वी की नजरें इस लय को बरकरार रखने पर टिकी होंगी। भारत का स्कोर अब तक 200 रन के पार पहुंच गया है।
यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल की साझेदारी से पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन का दूसरा सत्र पूरी तरह भारत के नाम रहा है। भारत ने लंच ब्रेक से ठीक पहले दो विकेट गंवाए थे और दूसरे सत्र में यशस्वी का साथ देने के लिए गिल उतरे थे। गिल और यशस्वी ने इस सत्र में इंग्लैंड को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी जिससे भारत ने चायकाल तक दो विकेट पर 215 रन बनाए। यशस्वी ने इस दौरान अपना शतक पूरा किया, जबकि गिल ने अर्धशतक लगाया। यशस्वी और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 123 रनों की साझेदारी हुई है। यशस्वी 100 और गिल 58 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ 144 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। यशस्वी ने पहले टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी जारी रखी है और कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। भारत का स्कोर भी 200 रन के पार पहुंच गया है। यशस्वी का इंग्लैंड में यह पहला टेस्ट मैच है और उन्होंने इसमें अपना दम दिखाया है।
यशस्वी और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। भारत का स्कोर 200 रन के करीब पहुंच गया है।
यशस्वी के बाद कप्तान शुभमन गिल ने भी इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में अर्धशतक लगा दिया है। गिल ने 56 गेंदों पर पचासा पूरा किया। गिल और यशस्वी के बीच तीसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी हो रही है जिससे भारत का स्कोर 180 रन के पार पहुंच गया है।
यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के बीच शानदार साझेदारी हो रही है जिससे भारत का स्कोर पहली पारी में 160 रन के पार पहुंच गया है। गिल और यशस्वी ने तीसरे विकेट के लिए अब तक 70+ रनों की साझेदारी कर ली है। यशस्वी ने जहां अर्धशतक पूरा कर लिया है, वहीं गिल भी पचासा लगाने के करीब पहुंच गए हैं।
भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 96 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। यशस्वी ने केएल राहुल के साथ भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और अब पचासा लगाने में सफल रहे। भारत का स्कोर 130 रन के पार पहुंच गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत ने 100 रन पूरे कर लिए हैं। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल क्रीज पर टिके हुए हैं और उनका साथ देने के लिए शुभमन गिल उतरे हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले दिन के दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। क्रीज पर यशस्वी जायसवाल के साथ कप्तान शुभमन गिल मौजूद हैं। शुभमन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। भारत ने लंच ब्रेक से पहले केएल राहुल और साई सुदर्शन के रूप में दो विकेट गंवा दिए थे।
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन लंच तक दो विकेट गंवा दिए हैं। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की थी। इस साझेदारी को ब्रायडन कार्स ने केएल को आउट कर तोड़ा। राहुल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन क्रीज पर उतरे। सुदर्शन ने इस मैच से डेब्यू किया है, लेकिन पहली पारी में वह असफल रहे और खाता खोले बिना आउट हुए। भारत ने लंच ब्रेक तक दो विकेट पर 92 रन बनाए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 74 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड के लिए अब तक कार्स और स्टोक्स ने एक-एक सफलता हासिल की है।
अच्छी शुरुआत के बाद भारत को एक रन के अंतराल पर दूसरा झटका लग गया है। पहले केएल राहुल पवेलियन लौटे और अब डेब्यू मैच खेल रहे साई सुदर्शन खाता खोले बिना आउट हुए। बेन स्टोक्स की गेंद पर सुदर्शन विकेट के पीछे कैच थमा बैठे।
भारतीय टीम को केएल राहुल के रूप में पहला झटका लगा है। यशस्वी और राहुल के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़ लिए थे, लेकिन ब्रायन कार्स ने केएल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। राहुल अर्धशतक लगाने के करीब थी, लेकिन 78 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हो गए। अब क्रीज पर साई सुदर्शन उतरे हैं जिन्होंने इस मैच से टेस्ट डेब्यू किया है।
भारतीय टीम का स्कोर 65 रन के पार पहुंच गया है। इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी और राहुल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है और पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। भारत ने 20 ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 68 रन बनाए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत के 50 रन पूरे हो गए हैं। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। 15 ओवर की समाप्ति के बाद भारत ने बिना किसी नुकसान के 52 रन बना लिए हैं।
केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई है और टीम का स्कोर 25 रन के पार पहुंच गया है। राहुल और यशस्वी क्रीज पर टिक हुए हैं जिसकी मदद से भारत ने 10 ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर बिना किसी नुकसान के 27 रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत ने सधी शुरुआत की है। भारतीय टीम ने पांच ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 15 रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी शुरू हो गई है। इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग के लिए उतरे हैं।
पिछले सप्ताह अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए लोगों की श्रद्धांजलि देने के लिए भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी इस मैच में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे हैं। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बांह पर काली पट्टी बांधी हुई है। मैच शुरू होने से पहले राष्ट्रगान बजने से पूर्व इंग्लैंड और भारत के खिलाड़ियों ने शोक प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन धारण रखा।
करुण की वापसी क्रिकेट में सबसे जबरदस्त वापसी में से एक है। भारत के लिए छह टेस्ट मैचों में उन्होंने 62.33 की औसत से 374 रन बनाए थे। इसमें एक तिहरा शतक शामिल है। इस दौरान सात पारियों में उनका स्कोर- 4, 13, 303*, 26, 0, 23 और 5 रन का रहा है। तिहरे शतक के बावजूद उन्हें दरकिनार कर दिया गया था। वह 2018 इंग्लैंड दौरे की टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें उस सीरीज में कभी खेलने का मौका नहीं मिला। वह पिछली बार फरवरी 2017 में भारत के लिए खेले थे। भारत का तब टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया से धर्मशाला में सामना हुआ था। यानी करुण आठ साल बाद भारतीय प्लेइंग-11 का हिस्सा बने हैं।
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 की घोषणा पहले ही कर दी थी। वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी कहा कि वह टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। गिल ने कहा कि सुदर्शन डेब्यू कर रहे हैं। करुण की वापसी हुई है और तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाज खेल रहे हैं। शार्दुल ऑलराउंडर की भूमिका निभाते दिखेंगे। सुदर्शन तीसरे नंबर पर और करुण छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं।
साई सुदर्शन का डेब्यू होने जा रहा है। उन्हें दिग्गज चेतेश्वर पुजारा ने टेस्ट कैप दी। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 49 मैचों में करीब 39 की औसत से 1957 रन बनाए थे। सुदर्शन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
नया कप्तान, दृढ़ निश्चयी कोच, कुछ पुराने और कुछ नए चेहरे अगले 45 दिनों में एक दिलचस्प कहानी गढ़ने के लिए प्रतिबद्ध होंगे जब भारत शुक्रवार से एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड से भिड़ेगा। भारत अभी तक इंग्लैंड में केवल तीन बार टेस्ट सीरीज जीत पाया है। उसने 1971 में अजीत वाडेकर, 1986 में कपिल देव और 2007 में राहुल द्रविड़ की अगुवाई में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब शुभमन गिल इस सूची में अपना नाम लिखवाने के लिए बेताब होंगे। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 पर शुरू होगा।
यह इतना आसान नहीं होने वाला है क्योंकि विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने के कारण भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। इससे वह अनुभव के मामले में थोड़ा कमजोर नजर आती है। 25 वर्षीय गिल के लिए यह सीरीज अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी, क्योंकि इंग्लैंड की टीम ने ब्रेंडन मैकुलम की कोचिंग और बेन स्टोक्स की कप्तानी में टेस्ट मैच की बल्लेबाजी की परंपराओं को बदल दिया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम उनके आक्रामक रवैये का किस तरह से जवाब देती है।
भारत के 37वें टेस्ट कप्तान के रूप में गिल का चयन इस बात पर अधिक आधारित था कि उनसे क्या अपेक्षा की जा सकती है। उनको यहां काफी कुछ साबित करना है। असामान्य रूप से गर्म लीड्स (शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस हो सकता है) और हेडिंग्ले की आठ मिमी घास से भरी 22 गज की पिच इंग्लैंड के लिए बहुत भाग्यशाली नहीं रही है। ऐसे में जो भी टीम अच्छी बल्लेबाजी करेगी उसकी जीत की संभावना बढ़ जाएगी।
टेस्ट क्रिकेट में 36 शतकों सहित 13,000 से अधिक रन बनाने वाले जो रूट की मौजूदगी में इंग्लैंड की बल्लेबाजी कागजों पर भारत की तुलना में बेहतर नजर आती है। भारतीय टीम में सबसे अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल (58 टेस्ट, 3257 रन) हैं। लेकिन जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाला भारतीय गेंदबाजी आक्रमण इंग्लैंड की तुलना में मजबूत नजर आता है जिससे दोनों टीमों की स्थिति बराबर लगती है। ऐसा तब है जबकि तेज गेंदबाज बुमराह केवल तीन टेस्ट मैचों के लिए उपलब्ध है।
कोहली और रोहित की अनुपस्थिति के बावजूद भारत इंग्लैंड के गेंदबाजों को दबाव में ला सकता है। जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के संन्यास लेने तथा कुछ अन्य गेंदबाजों के चोटिल होने के कारण इंग्लैंड का आक्रमण कमजोर नजर आता है। क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर तथा कप्तान स्टोक्स का गेंदबाजी आक्रमण विपक्षी टीम में कोई खौफ पैदा नहीं करता।
इंग्लैंड पहले ही अपनी अंतिम एकादश की घोषणा कर चुका है और उसने बल्लेबाजी को मजबूत करने पर ध्यान दिया है जिसमें वोक्स आठवें नंबर पर आएंगे। वोक्स ने भारत के खिलाफ टेस्ट शतक लगाया है और वह एक अच्छे बल्लेबाज हैं। लेकिन यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि जैक क्रॉली और बेन डकेट बुमराह और सिराज के खिलाफ कैसी शुरुआत करते हैं। लेकिन पांच में से तीन मैचों में रूट और बुमराह के बीच मुकाबला ही सीरीज का परिणाम तय कर सकता है।
क्या गंभीर एक अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाएंगे और प्रतिभाशाली बी साई सुदर्शन को अपना पहला टेस्ट खेलने का मौका देंगे या फिर वह एक अतिरिक्त विशेषज्ञ बल्लेबाज की कमी की भरपाई के लिए नीतीश रेड्डी और शार्दुल ठाकुर जैसे ऑलराउंडर को खिलाएंगे। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा में से किसी एक को खिलाने को लेकर टीम प्रबंधन का फैसला काफी दिलचस्प होगा। कुलदीप यहां की परिस्थितियों में सफल हो सकते हैं लेकिन जडेजा का विदेश में बल्लेबाजी रिकॉर्ड अच्छा रहा है। एक अन्य मुद्दा यह है कि क्या टी20 विशेषज्ञ अर्शदीप सिंह को परिस्थितियों के आधार पर तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में मौका दिया जाना चाहिए या फिर प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिलना चाहिए। एक और तेज गेंदबाज आकाशदीप हैं जो यहां की परिस्थितियों में बुमराह और मोहम्मद सिराज के आदर्श सहयोगी हो सकते हैं।
Live Cricket Score, India vs England(Ind vs Eng) First Test 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच आज लीड्स में पहले टेस्ट की शुरुआत होने जा रही है। भारतीय टीम इस दौरे की शानदार शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी। रोहित-कोहली की अनुपस्थिति में गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम के सामने इंग्लैंड की कठिन चुनौती होगी।