फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs CSK Highlights: आईपीएल के पहले मैच में चेन्नई को मिली हार, गत चैंपियन गुजरात टाइटंस पांच विकेट से जीता

Sat, 01 Apr 2023 12:23 AM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

IPL, Gujarat vs Chennai Indian Premier League 2023: आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज शुक्रवार (31 मार्च) को हो गया। टूर्नामेंट के पहले मैच में गत चैंपियन गुजरात टाइटंस ने चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ ही गुजरात ने चेन्नई के खिलाफ अजेय अभियान जारी रखा। सीएसके पर उसकी ये लगातार तीसरी जीत है। अब तक गुजरात को हार नहीं मिली।
विज्ञापन
शुभमन गिल - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:40 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: शुभमन की पारी से जीता गुजरात

शुभमन गिल के शानदार अर्धशतक की बदौलत गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के 16वें सीजन के पहले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हरा दिया। कप्तान हार्दिक पांड्या ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई सुपरकिंग्स ने 20 ओवर में सात विकेट पर 178 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 182 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। राशिद खान को तीन गेंद पर 10 रन बनाने के साथ-साथ दो विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शुभमन गिल ने 36 गेंद पर 63 रन बनाकर गुजरात को जीत के करीब पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। विजय शंकर ने 21 गेंद पर 27 रन, ऋद्धिमान साहा ने 21 गेंद पर 25 और साई सुदर्शन ने 17 गेंद पर 22 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पांड्या आठ रन बनाकर आउट हुए। राहुल तेवतिया 14 गेंद पर 15 और राशिद खान तीन गेंद पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई के लिए राजवर्धन हंगरगेकर ने तीन विकेट लिए। वहीं, रवींद्र जडेजा और तुषार देशपांडे को एक-एक सफलता मिली।

गायकवाड़ ने चेन्नई के लिए बनाए सर्वाधिक रन
चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा 92 रन ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाए। उनके अलावा मोईन अली ने 23 रन की पारी खेली। धोनी ने आखिरी ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाकर टीम का स्कोर सात विकेट पर 178 रन तक पहुंचाया। उन्होंने सात गेंद में 14 रन बनाए। गुजरात के लिए राशिद खान, अल्जारी जोसेफ और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जोशुआ लिटिल को एक विकेट मिला।

11:29 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: विजय शंकर हुए आउट

विजय शंकर के रूप में गुजरात टाइटंस को पांचवां झटका लगा है। उन्हें 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर राजवर्धन हंगरगेकर ने आउट किया। शंकर ने 21 गेंद पर 27 रन बनाए। मिचेल सैंटनर ने उनका कैच लिया। गुजरात को जीत के लिए 12 गेंद पर 23 रन बनाने हैं।

11:10 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: शुभमन गिल हुए आउट

शुभमन गिल को तुषार देशपांडे ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट कर दिया। तुषार को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा गया है। उन्होंने गिल को 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट किया। शुभमन गिल ने 36 गेंद पर 63 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। गुजरात ने 16 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 24 गेंद पर 34 रन चाहिए।

विज्ञापन
10:54 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: जडेजा ने हार्दिक को किया आउट

हार्दिक पांड्या 13वें ओवर में आउट हो गए। उन्हें रवींद्र जडेजा ने पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। हार्दिक ने 11 गेंद पर आठ रन बनाए। गुजरात ने 13 ओवर में तीन विकेट पर 114 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 51 और विजय शंकर तीन रन बनाकर नाबाद हैं। जडेजा ने चार ओवर का अपना कोटा पूरा कर लिया है। उन्होंने 28 रन देकर एक विकेट लिया।

10:51 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: शुभमन गिल ने जड़ा अर्धशतक

शुभमन गिल ने 12वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मिचेल सैंटनर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर 50 रन का आंकड़ा छुआ। गुजरात ने 12 ओवर में दो विकेट पर 111 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 31 गेंद पर 51 और कप्तान हार्दिक पांड्या 10 गेंद पर आठ रन बनाकर खेल रहे हैं।

विज्ञापन
10:42 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात को लगा दूसरा झटका

गुजरात टाइटंस को दूसरा झटका 10वें ओवर में लगा। राजवर्धन हंगरगेकर ने साई सुदर्शन को विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराया। सुदर्शन ने 17 गेंद पर 22 रन बनाए। वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे। उन्होंने टीम के लिए उपयोगी पारी खेली। सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर उतरे हैं।

10:29 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात का स्कोर 7 ओवर में 71/1

गुजरात टाइटंस ने सात ओवर में एक विकेट पर 71 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 17 गेंद पर 27 और साई सुदर्शन 11 गेंद पर 14 रन बनाकर नाबाद हैं।

10:15 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: साई सुदर्शन बने गुजरात के इम्पैक्ट प्लेयर

गुजरात टाइटंस ने साई सुदर्शन को अपना पहला इम्पैक्ट प्लेयर बनाया। सुदर्शन ने केन विलियम्सन की जगह ली। विलियम्सन फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। उसके बाद वह मैच से बाहर हो गए। सुदर्शन को साहा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए भेजा गया।

10:09 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात को लगा पहला झटका

गुजरात टाइटंस को पहला झटका राजवर्धन हंगरगेकर ने दिया। उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। साहा ने 16 गेंद पर 25 रन बनाए।

09:52 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई के इम्पैक्ट प्लेयर बने तुषार देशपांडे

चेन्नई ने गुजरात की पारी शुरू होने से पहले इम्पैक्ट प्लेयर को मैदान पर उतारा। महेंद्र सिंह धोनी की टीम ने अंबाती रायुडू की जगह तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे को चुना। तुषार आईपीएल के पहले इम्पैक्ट प्लेयर बने।

09:34 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात के सामने 179 रन का लक्ष्य

चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के सामने 179 रन का लक्ष्य रखा है। चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा 92 रन ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाए। उनके अलावा मोईन अली ने 23 रन की पारी खेली। धोनी ने आखिरी ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाकर टीम का स्कोर सात विकेट पर 178 रन तक पहुंचाया। उन्होंने सात गेंद में 14 रन बनाए। गुजरात के लिए राशिद खान, अल्जारी जोशेप और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जोशुआ लिटिल को एक विकेट मिला।

09:22 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई का सातवां विकेट गिरा

163 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपरकिंग्स का सातवां विकेट गिरा है। शिवम दुबे 18 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें राशिद खान के हाथों कैच कराया। अब महेंद्र सिंह धोनी के साथ मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर सात विकेट पर 165 रन है।

09:17 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई का छठा विकेट गिरा

153 रन के स्कोर पर चेन्नई को छठा झटका लगा है। रवींद्र जडेजा एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अल्जारी जोशेप ने उन्हें विजय शंकर के हाथों कैच कराया। अब शिवम दुबे और महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर छह विकेट पर 155 रन है।

09:13 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई की आधी टीम पवेलियन लौटी

151 रन के स्कोर पर चेन्नई की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ 50 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए। अल्जारी जोशेप की फुलटॉस गेंद पर शुभमन गिल ने उनका कैच पकड़ा। यह गेंद ऋतुराज की कमर के करीब थी। ऐसे में अंपायर ने रिव्यू में नो बॉल चेक की, लेकिन यह सही गेंद थी और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। अब शिवम दुबे के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।

09:09 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई का स्कोर 150 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर चेन्नई सुपरकिंग्स का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। ऋतुराज गायकवाड़ अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, शिवम दुबे दूसरे छोर पर उनका साथ दे रहे हैं। चेन्नई ने इस मैच में काफी तेज शुरुआत की थी, लेकिन रायुडू का विकेट गिरने के बाद चेन्नई की रन गति कम हुई है। हालांकि, ऋतुराज अभी भी क्रीज पर हैं और चेन्नई के पास 200 से ज्यादा रन बनाने का मौका है।

08:49 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई का चौथा विकेट गिरा

121 रन के स्कोर पर चेन्नई का चौथा विकेट गिरा है। अंबाती रायुडु 12 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जोशुआ लिटिल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब ऋतुराज गायकवाड़ के साथ शिवम दुबे क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 121 रन है। ऋतुराज गायकवाड़ 37 गेंद में 76 रन बनाकर खेल रहे हैं।

08:45 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: केन विलियम्सन फील्डिंग के दौरान चोटिल

बाउंड्री में फील्डिंग के दौरान गुजरात के बल्लेबाज केन विलियम्सन चोटिल हो गए हैं। उनके घुटने में चोट लगी है। ऋतुराज गायकवाड़ ने जोशुआ लिटिल की गेंद पर शानदार शॉट लगाया था। गेंद छह रन के लिए बाउंड्री के बाहर जा रही थी, लेकिन बाउंड्री में खड़े विलियम्सन ने शानदार जंप के साथ गेंद पकड़ ली। हालांकि, वह बाउंड्री के बाहर गिरने लगे। ऐसे में उन्होंने गेंद मैदान के अंदर की तरफ उछाल दी, लेकिन जमीन पर गिरने के बाद वह संभल नहीं पाए। उनके घुटने में चोट लगी और वह बाउंड्री के बाहर ही लेट गए। वहीं, गेंद मैदान में गिरने के बाद बाउंड्री से टकरा गई और ऋतुराज को चार रन मिले।

08:34 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई का स्कोर 100 रन के पार

चेन्नई सुपरकिंग्स का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 100 रन के पार हो गया है। ऋतुराज गायकवाड़ तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं और 30 गेंद में 63 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे छोर पर अंबाती रायुडू उनका साथ दे रहे हैं। 12 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 114 रन है।

08:25 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: ऋतुराज गायकवाड़ का अर्धशतक

चेन्नई सुपरकिंग्स के ऋतुराज गायकवाड़ तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 23 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। चेन्नई ने नौ ओवर में तीन विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 25 गेंद पर 56 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, अंबाती रायुडू ने एक रन बनाए हैं।

08:18 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: बेन स्टोक्स भी आउट

चेन्नई सुपरकिंग्स को तीसरा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने आठवें ओवर की चौथी गेंद पर बेन स्टोक्स को आउट कर दिया। स्टोक्स छह गेंद पर सात रन बनाकर विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को कैच थमा बैठे। स्टोक्स को चेन्नई सुपरकिंग्स ने इस बार नीलामी में 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह पहले मैच में अपना जलवा नहीं दिखा सके। चेन्नई ने आठ ओवर में तीन विकेट पर 72 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 38 और अंबाती रायुडू एक रन बनाकर नाबाद हैं।

08:04 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: मोईन अली को राशिद ने किया आउट

राशिद खान ने गुजरात टाइटंस को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने छठे ओवर की पांचीं गेंद पर मोईन अली को विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। मोईन ने 17 गेंद पर 23 रन बनाए। चेन्नई की पारी का पावरप्ले समाप्त हो गया है। उसने छह ओवर में दो विकेट पर 51 रन बनाए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 24 और बेन स्टोक्स एक रन बनाकर नाबाद हैं।

07:45 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: डेवोन कॉन्वे हुए फेल

चेन्नई सुपरकिंग्स को पहला झटका तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। गुजरात टाइटंस के मोहम्मद शमी ने कॉन्वे को क्लीन बोल्ड कर दिया। कॉन्वे छह गेंद पर एक रन ही बना सके। उनके आउट होने के बाद मोईन अली क्रीज पर आए हैं। चेन्नई ने तीन ओवर में एक विकेट पर 14 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 12 रन बनाकर नाबाद हैं। मोईन अली को अभी अपना खाता खोलना है।

07:34 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई की पारी शुरू

गुजरात टाइटंस के खिलाफ चेन्नई सुपरकिंग्स की पारी शुरू हो गई है। सीएसके के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर उतर गए हैं। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की शुरुआत की।

07:21 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

चेन्नई सुपरकिंग्स: डेवोन कॉन्वे, ऋतुराज गायकवाड़, बेन स्टोक्स, अंबाती रायुडू, मोईन अली, शिवम दुबे, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, राजवर्धन हंगरगेकर।

गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, केन विलियम्सन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विजय शंकर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहम्मद शमी, जोशुआ लिटिल, यश दयाल, अल्जारी जोसेफ।

गुजरात टाइटंस के सब्सीट्यूट: बी साई सुदर्शन, जयंत यादव, मोहित शर्मा, अभिनव मनोहर, केएस भरत।

चेन्नई सुपरकिंग्स के सब्सीट्यूट:: तुषार देशपांडे, शुभ्रांसु सेनापति, शेख रशीद, अजिंक्य रहाणे, निशांत सिंधु।

07:12 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई की टीम पहले करेगी बल्लेबाजी

चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीत लिया। उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। महेंद्र सिंह धोनी की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी।

06:48 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Live Score: थोड़ी देर में होगा टॉस

आईपीएल का उद्घाटन समारोह समाप्त हो चुका है। अब थोड़ी देर में गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या और चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टॉस के लिए मैदान पर आएंगे।

06:11 PM, 31-Mar-2023

GT vs CSK Highlights: आईपीएल के पहले मैच में चेन्नई को मिली हार, गत चैंपियन गुजरात टाइटंस पांच विकेट से जीता

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज आज हो रहा है। टूर्नामेंट के पहले मैच में गत चैंपियन गुजरात टाइटंस के सामने चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई और गुजरात के बीच अब तक दो मैच खेले गए हैं। गुजरात ने दोनों मैच अपने नाम किए हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें