पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कांग्रेस को सात, आम आदमी पार्टी को तीन, अकाली दल को एक सीट मिली हैं। दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं।
लुधियाना से कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग 20942 वोट से जीत गए हैं।
मुक्तसर के चार में से तीन विधायकों के हलकों में उन्हीं की पार्टियों की बड़ी हार हुई है। लंबी से आप के प्रत्याशी एवं कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, गिद्दड़बाहा से कांग्रेस के प्रत्याशी एवं प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और मलोट से कैबिनेट मंत्री एवं आप विधायक डॉ. बलजीत कौर के हलकों में ही उनकी पार्टियां हार गई हैं। हालांकि फिरोजपुर से आप प्रत्याशी जगदीप सिंह काका बराड़ व मुक्तसर से विधायक अपने मुक्तसर विधानसभा हलके में अपनी साख बचा पाए हैं। परंतु वे भी लोकसभा चुनाव हार गए।
पटियाला से कांग्रेस के डॉ. धर्मवीर गांधी जीत गए हैं।
फिरोजपुर से कांग्रेस पार्टी के शेर सिंह घुबाया ने जीते
लोकसभा हलका गुरदासपुर से कांग्रेसी प्रत्याशी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जीत हासिल की।
फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस के अमर सिंह जीत गए हैं।
अमृतसर से कांग्रेस के गुरजीत औजला तीसरी बार जीत गए हैं।
चंडीगढ़ से कांग्रेस के मनीष तिवारी जीत गए हैं।
संगरूर से आप के गुरमीत सिंह मीत हेयर चुनाव जीत गए हैं।
पंजाब में कांग्रेस को पहली जीत मिल गई है। जालंधर से चरणजीत चन्नी करीब 1,76000 वोटों से जीत गए हैं।
चंडीगढ़ में 12वें राउंड की काउंटिंग के बाद कांग्रेस के मनीष तिवारी 4,991 वोटों से आगे हैं। तिवारी को अब तक कुल 1,74,509 वोट मिले हैं। वहीं भाजपा के संजय टंडन को 1,69,518 वोट, बसपा की डॉ. रितु सिंह को 5,165 और NOTA को 2,423 वोट मिले हैं। अब सिर्फ 3 राउंड बाकी रह गए हैं।
गुरदासपुर से कांग्रेस के सुखजिंदर सिंह रंधावा आगे चल रहे हैं। यहां भाजपा दूसरे नंबर पर है।
फिरोजपुर में लगातार लीड बदल रही है। अब यहां से कांग्रेस के शेर सिंह घुबाया आगे हो गए हैं।
फिरोजपुर से भाजपा के राणा गुरमीत सोढ़ी को बढ़त मिल गई है।
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघुवीर सिंह ने किसी भी उम्मीदवार को जीत के बाद सड़कों पर जश्न न मनाने की अपील की है। छह जून को ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी है।
पंजाब के पूर्व सीएम और कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत चन्नी जालंधर से लगभग डेढ़ लाख मतों से बढ़त बनाए हुए हैं।
चंडीगढ़ में आठवें राउंड की काउंटिंग के बाद मनीष तिवारी 10,194 वोटों से आगे हैं। उन्हें अब तक कुल 1,18,607 वोट मिले हैं। भाजपा के संजय टंडन को 1,08,413 वोट मिले हैं। बसपा की डॉ रितु सिंह को 3867 वोट मिले हैं। NOTA को 1689 वोट मिले हैं।
जालंधर से कांग्रेस के चरणजीत चन्नी एक लाख मतों से आगे चल रहे हैं।
चंडीगढ़ में छठे राउंड के बाद मनीष तिवारी 10,423 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक कुल 91,352 वोट मिले हैं। भाजपा के संजय टंडन को 80,929 वोट मिले हैं।
बसपा की डॉ. रितु सिंह को 3240 वोट मिले हैं। NOTA को 1193 वोट पड़े हैं।
फिरोजपुर से अब आम आदमी पार्टी प्रत्याशी काका बराड़ आगे चल रहे हैं।
फिरोजपुर से कांग्रेसी प्रत्याशी शेर सिंह घुबाया आगे चल रहे हैं।
चंडीगढ़ में कांग्रेस के मनीष तिवारी और भाजपा के संजय टंडन के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। चार राउंड की काउंटिंग के बाद मनीष तिवारी 5027 वोटों से आगे हैं। वहीं बसपा की डॉ रितु सिंह को 2633 वोट मिले हैं।
पटियाला से भाजपा की परनीत कौर आगे हो गई हैं। वहीं फिरोजपुर में कांग्रेस और अकाली दल के बीच काफी नजदीकी मुकाबला चल रहा है।
जालंधर - चरणजीत चन्नी (कांग्रेस)
अमृतसर - गुरजीत औजला (कांग्रेस)
लुधियाना - अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग (कांग्रेस)
फरीदकोट - सरबजीत खालसा (निर्दलीय)
खडूर साहिब - अमृतपाल सिंह (निर्दलीय)
संगरूर - गुरमीत सिंह मीत हेयर (आप)
होशियारपुर - राजकुमार चब्बेवाल (आप)
आनंदपुर साहिब - मलविंदर कंग (आप)
गुरदासपुर - सुखजिंदर रंधावा (कांग्रेस)
बठिंडा - हरसिमरत कौर बादल (शिअद)
फतेहगढ़ साहिब - गुरप्रीत सिंह जीपी (आप)
चंडीगढ़ में तीसरे राउंड के बाद कांग्रेस के मनीष तिवारी 5340 वोटों से आगे चल रहे हैं।
फिरोजपुर से कांग्रेसी प्रत्याशी शेर सिंह घुबाया और पटियाला से कांग्रेस उम्मीदवार धर्मवीर गांधी आगे चल रहे हैं।
अमृतसर से कांग्रेस के गुरजीत औजला आगे चल रहे हैं।
फिरोजपुर से अकाली दल के नरदेव सिंह मान आगे चल रहे हैं। होशियारपुर से आप के राजकुमार चब्बेवाल आगे हैं।
होशियारपुर, संगरूर, आनंदपुर साहिब और फतेहगढ़ साहिब में आम आदमी पार्टी आगे चल रही है।
चंडीगढ़ में कुल 15 राउंड में वोटों की गिनती होनी है। अब तक दो राउंड पूरे हो चुके हैं।
फरीदकोट से आजाद उम्मीदवार सरबजीत खालसा आगे चल रहे है। खालसा पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के हत्यारे बेअंत सिंह का बेटा है।
फिरोजपुर से कांग्रेस के शेर सिंह घुबाया आगे चल रहे हैं।
बठिंडा शहरी सीट की गिनती खुलने पर शिअद प्रत्याशी हरसिमरत कौर बादल सभी प्रत्याशियों को पछाड़ कर बडे़ अंतर से आगे हो चुकी है।
चंडीगढ़ में पहला राउंड पूरा हो गया है। दूसरा राउंड शुरू हो गया है। पहले राउंड में कांग्रेस के मनीष तिवारी भाजपा के प्रत्याशी संजय टंडन से आगे चल रहे हैं।
श्री आनंदपुर साहिब सीट से आम आदमी पार्टी आगे चल रही है। कांग्रेस दूसरे नंबर पर है।
सबसे चौंकाने वाला रुझान खडूर साहिब से आ रहा है। यहां से खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह आगे चल रहा है।
जालंधर से कांग्रेस के चरणजीत चन्नी रुझाानों में आगे चल रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के रुझान आने शुरू हो गए हैं। लुधियाना में भाजपा प्रत्याशी रवनीत बिट्टू को बढ़त बताई जा रही है।
लुधियाना में मैदान में उतरे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और विधायक राजा वड़िंग के विधानसभा क्षेत्र गिद्दड़बाहा में 69.98 प्रतिशत वोटिंग हुई है। फरीदकोट सीट पर कांग्रेस ने अमरजीत कौर को उतारा था, अब देखना है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के विधानसभा हलके से उन्हें समर्थन मिला है या नहीं। संगरूर से कांग्रेस ने सुखपाल सिंह खैरा को सीएम के गढ़ में चुनौती देने के लिए उतारा था। खैरा होशियारपुर में भोलथ से विधायक हैं, यहां 51.73 प्रतिशत वोटिंग हुई। जोकि होशियारपुर के सभी विधानसभा हलकों में सबसे कम दर्ज की गई। होशियारपुर से कांग्रेस ने यामिनी गोमर को मैदान में उतारा था। दिलचस्प बात ये है कि संगरूर के अंतर्गत आते बरनाला विधानसभा हलके से जहां से आप के मंत्री और प्रत्याशी गुरमीत मीत हेयर विधायक हैं, यहां 59.99 प्रतिशत वोटिंग हुई, जोकि संगरूर के सभी विधानसभा हलकों में सबसे कम दर्ज की गई। संगरूर के अंतर्गत सबसे ज्यादा वोटिंग मलेरकोटला में 69.76 प्रतिशत, दिरबा में 67.36 प्रतिशत और लेहरा में 66.68 प्रतिशत वोटिंग हुई।
पंजाब के लोकसभा चुनाव में सात विधायकों की भी अग्निपरीक्षा है। उनका रिपोर्ट कार्ड ही 2027 के विधानसभा चुनावों की सियासी जमीन तैयार करेगा। केंद्र में अगर इंडी गठबंधन की सरकार बनती है तो संसदीय जीतने वाले सत्तारुढ़ विधायकों को केंद्रीय मंत्री का पद भी मिला सकता है। इसके अलावा सत्तारुढ़ विधायकों की जीत से तय होगा कि सरकार के दो साल के कामकाज से जनता कितनी खुश रहीं, अगर सत्तादल के विधायक हारते हैं तो इसे सीधेतौर पर जनता की नाराजगी से जोड़कर देखा जाएगा।
पंजाब में कई दिग्गज चुनाव मैदान में हैं, जिनकी प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें बठिंडा सीट से शिअद उम्मीदवार व बादल परिवार की बहू हरसिमरत कौर बादल, जालंधर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी, लुधियाना से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, कांग्रेस से भाजपा में गए रवनीत सिंह बिट्टू, गुरदासपुर से कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, आनंदपुर साहिब से शिअद प्रत्याशी प्रेम सिंह चंदूमाजरा, पटियाला से भाजपा की परनीत कौर शामिल हैं। इसके अलावा आप ने पांच मंत्रियों को भी मैदान में उतारा है। इनमें अमृतसर से कुलदीप सिंह धालीवाल, खडूर साहिब से लालजीत सिंह भुल्लर, संगरूर से गुरमीत सिंह मीत हेयर, बठिंडा से गुरमीत सिंह खुड्डियां और पटियाला से डॉ. बलबीर सिंह हैं।
मतगणना केंद्रों की व्यापक निगरानी को यकीनी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया की मर्यादा को बनाए रखने के लिए किसी भी इमरजेंसी या घटना से तुरंत निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात हैं।
मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। सभी केंद्रों पर अर्ध सैनिक बल और पंजाब पुलिस के 15 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे। केंद्रों के आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रणाली कायम की गई है। गिनती केंद्रों में उचित सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और सिर्फ मान्यता प्राप्त या आधिकारिक व्यक्तियों को ही अंदर दाखिल होने की अनुमति है।
मतगणना केंद्रों के बारे में सीईओ सिबिन सी ने बताया कि राज्य में 27 अलग-अलग स्थानों पर 48 इमारतों में कुल 117 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन मतगणना केंद्रों में स्ट्रांग रूम में रखी गईं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इन स्ट्रांग रूमों में दोहरे लॉक सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी के जरिये सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि और कर्मचारी हर एक स्ट्रांग रूम के बाहर लगाई गई एलईडी स्क्रीनों, जिनमें स्ट्रांग रूम के आसपास की लाइव फुटेज देखी जा सकती है। इसके अलावा यहां आने वाले हर एक व्यक्ति का रिकॉर्ड रखने के लिए ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों की ओर से एक विजिटर रजिस्टर लगाया गया है।
पंजाब में सात जगह पर जिला हेडक्वार्टर के बाहर मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अजनाला, बाबा बकाला, अबोहर, मलोट, धूरी, छोकरा राहों-नवांशहर और खूनी माजरा (खरड़) में स्थित हैं। जिला हेडक्वार्टर संगरूर और नवांशहर में गिनती नहीं करवाई जाएगी।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि वोटों की गिनती के लिए 64 काउंटिंग ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं, जोकि ऑल इंडिया सर्विस और सिविल सर्विसेज कैडर से हैं।
पंजाब की तेरह लोकसभा सीटों के लिए 117 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी। मतगणना के दौरान लगभग एक हजार सीसीटीवी कैमरों से निगाहें केंद्रों पर रहेंगी। हर केंद्र पर पर्याप्त संख्या में कैमरे होंगे, ताकि ईवीएम और वीवीपैट समेत अन्य मत पत्रों की केंद्र के अंदर और बाहर निगरानी रखी जा सके। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 हजार सुरक्षाबलों की तैनाती गई है।