पुलिस अपना काम कर रही है: शाहनवाज हुसैन
सीएम नीतीश कुमार के फ्लोर टेस्ट से पहले पटना में पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आवास के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती का राजद समर्थकों ने विरोध किया। वहीं भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, अगर कोई विधायकों का अपहरण करेगा और विधायक का कोई रिश्तेदार शिकायत दर्ज कराएगा तो पुलिस जरूर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। राजद और कांग्रेस केवल भ्रम फैला रहे हैं। जेडीयू और भाजपा मिलकर विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। सभी विधायक हमारे संपर्क में हैं। सिर्फ भ्रम फैलाया जा रहा है। एनडीए के सभी विधायक एक साथ हैं।
जदयू विधायकों को होटल में जुटाया गया
भारतीय जनता पार्टी के विधायक गया से आ चुके हैं और अब जदयू ने भी अपने विधायकों को सुबह के फ्लोर टेस्ट के मद्दनेजर होटल में जुटा लिया है। वीरचंद पटेल मार्ग में जदयू दफ्तर से कुछ ही दूर पर आलीशान होटल में पार्टी ने अपने विधायकों को जुटाया है। यह होटल बिहार विधानसभा से करीब 200 मीटर की दूरी पर है। बहुमत परीक्षण के पहले आधी रात होने को आई, लेकिन किसी भी दल के सारे विधायक एक जगह नहीं जुटे हैं। सभी अपने सारे विधायकों के संपर्क में होने का दावा ही कर रहे हैं। ऐसे में जदयू ने अंतिम प्रयास के तहत सभी को होटल में ठहराया है।
देर रात तेजस्वी यादव की आवास पर पटना पुलिस पहुंच गई। पुलिस दलबल के साथ पहुंची थी। इस दौरान एसडीएम और सिटी एसपी भी मौजूद रहे। हालांकि पुलिस को राजद समर्थकों ने तेजस्वी आवास के बाहर निकाल दिया और गेट के सामने धरने पर बैठ गए। राजद समर्थकों का कहना था कि नीतीश कुमार पुलिस प्रशासन के बल पर विधायकों को डराने धमकाने का काम कर रहे हैं। दरअसल राजद विधायक चेतन आनंद के भाई अंशुमन आनंद ने पटना पुलिस को चिट्ठी भेज कर शिकायत की है कि उनके भाई शनिवार से गायब हैं। सूत्रों का कहना है कि इसी कंप्लेंट को आधार बनाकर पटना पुलिस तेजस्वी यादव के आवास पहुंची। वहीं राजद विधायकों ने कहा कि चेतन आनंद अपनी मर्जी से यहां रुके हैं। वहीं तेजस्वी यादव के आवास से बाहर निकले सिद्धार्थ ने कहा कि राजद एमएलए चेतन आनंद अपनी मर्जी से रुके हैं। उसके साथ कोई जोर जबरदस्ती नहीं की गई है।
पटना पहुंचे कांग्रेस विधायक
कांग्रेस के विधायक पटना पहुंचे। 16 विधायक पटना एयरपोर्ट पहुंचें। सभी विधायक विमान संख्या S 58151 से पटना पहुंच हैं। यहां से वह सीधे तेजस्वी यादव के आवास पर जाएंगे। यहां पर उनके ठहरने का इंतजाम किया गया है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आवास में उनके विधायक क्यों बंद हैं?
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरीय नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार की राजनीति में यह सब देखकर अच्छा लग रहा है कि क्रिकेट खेला जा रहा है। शतरंज खेला जा रहा है। संगीत का आनंद लिया जा रहा है। लेकिन, बड़ा सवाल यह है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आवास में उनके विधायक क्यों बंद हैं। फ्लोर टेस्ट में एनडीए की बहुत प्रमाणिक जीत होगी। बस दो दिन की बात है।
सीएम नीतीश कुमार पहुंचे मंत्री विजय चौधरी के आवास
बिहार में जारी सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार विजय कुमार चौधरी के आवास पर पहुंचे। यहां पर वह अपनी पार्टी के सभी विधायकों से मुलाकात कर रहे हैं। यहां पर जदयू विधायकों के लिए भोज का आयोजन किया गया है। सभी जदयू विधायकों को इसमें शामिल होने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका था।
पटना आ रहे कांग्रेस विधायक
बिहार कांग्रेस के विधायक रंगारेड्डी के एक रिसॉर्ट से शमशाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे। इन विधायकों में कांग्रेस से वरीय नेता अजीत शर्मा भी दिखे। उन्होंने कहा कि यहां आकर काफी अच्छा लगा। बताया जा रहा है कि बिहार कांग्रेस के 16 विधायक आज शाम सात बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। सभी विधायक विमान संख्या S 58151 से पटना पहुंच रहे। पटना एयरपोर्ट पर गहमा-गहमी बढ़ गई है।
कांग्रेस ब्रिटिश हुकुमत से नहीं डरी
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेख सिंह ने कहा कि कांग्रेस जब ब्रिटिश हुकुमत से नहीं डरी ताे इस झूठिया सरकार से कैसे डरेगी। फ्लोर टेस्ट में बहुमत जो साबित करेगा, वह सरकार चलाएगा और सरकार का मुखिया होगा।
भाजपा विधायकों को बाहर जाने पर रोक लग गई
बोधगया के दो होटल में रखे गए भाजपा विधायकों को बाहर जाने पर रोक लग गई है। सभी विधायकों को एक जगह रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं होटल के कैंपस में किसी भी मीडिया कर्मियों को अंदर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। भाजपा सूत्रों की मानें तो विधायक विनय बिहारी बिना किसी के बोले होटल से निकल गए। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक इस पर कुछ नहीं कहा गया है। बताया जा रहा है कि सभी विधायकसोमवार की सुबह फ्लोर टेस्ट में शामिल होने के लिए गया से ही रवाना होंगे।
विधायकों के साथ गाना सुनते दिखे तेजस्वी
तेजस्वी यादव के आवास से वायरल हो रहा है। फ्लोर टेस्ट के दौरान विधानसभा में बहुमत साबित करने की जद्दोजदह के बीच तेजस्वी यादव और उनके विधायक काफी रिलैक्स नजर आ रहे हैं। वीडियो में तेजस्वी यादव के साथ पूर्व सांसद और सीएम नीतीश कुमार के करीबी आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद और राजद विधायक विधायक बैठे दिख रहे हैं।
तेजस्वी आवास के बाहर गहमा-गहमी
पांच देशरत्न मार्ग स्थित तेजस्वी यादव के आवास के बाहर आज सुबह भी गहमा-गहमी है। अहले सुबह ही काफी मात्रा में फल-सब्जियां मंगवाई गई। विधायकों के नाश्ता करवाया गया है। अब भोजन की तैयारी चल रही है। करीब सौ लोगों के लिए मीठापुर मंडी से सब्जी और बाजार समिति से फल मंगवाए गए हैं। विधायकों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसकी तैयारी खुद तेजस्वी यादव देख रहे हैं।
जदयू ने व्हिप जारी किया
सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाईटेड की ओर से व्हिप जारी कर दिया गया है। जदयू की ओर से कहा गया है कि एनडीए की नई सरकारविश्वास मत हासिल करने के दौरान पार्टी के सभी विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार के समापन और उसी शाम राज्य में शपथ लेने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार को सोमवार 12 फरवरी को बिहार विधानसभा में बहुमत साबित करना है। इस फ्लोर टेस्ट से पहले राष्ट्रीय दलों भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ क्षेत्रीय दलों जनता दल यूनाईटेड और राष्ट्रीय जनता दल के अंदर भारी तनाव का माहौल है। कांग्रेस ने अपने विधायक हैदराबाद में जुटा रखे हैं, जो आज संभवत: पटना आकर नजरबंद रहें। राजद ने अपने विधायकों को तेजस्वी आवास में नजरबंद रखा है। भाजपा अपने विधायकों को बोधगया में ज्ञान दे रही और जदयू पटना में बैठक के बहाने एकजुटता का पाठ पढ़ा रहा है।