इन इलाकों में में मतदान का समय समाप्त
औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के 5 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का समय समाप्त हो गया। नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण इन इलाकों में शाम चार बजे तक ही मतदान होना था। औरंगाबाद जिले के कुटुंबा, रफीगंज जबकि गया जिले के इमामगंज, गुरुआ और टेकारी में मतदान समाप्त हो गया। वहीं औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग जारी है।
गया के इन इलाकों में मतदान समाप्त
गया लोकसभा के तीन विधानसभा क्षेत्र शेरघाटी, बाराचट्टी और बोधगया में शाम चार बजे वोटिंग प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण इन इलाकों में सुबह सात बजे से चार बजे तक ही मतदान का समय तय किया गया था। अब तक शेरघाटी विधानसभा में 39.86 प्रतिशत, बाराचट्टी विधानसभा में 39.11 प्रतिशत, बोधगया विधानसभा में 46.43 प्रतिशत, गया टाउन विधानसभा में 37.05 प्रतिशत, बेलागंज विधानसभा में 40.5 प्रतिशत और वजीरगंज विधानसभा में 38.4 प्रतिशत मतदान हुआ।
41 डिग्री तापमान में भी मतदाताओं में उत्साह
जमुई में लोकसभा चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। 41 डिग्री तापमान में भी लोग मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। हालांकि तेज धूप और 32 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे पछुआ हवा के कारण दिन के 12:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई। इसके बावजूद भी जिला प्रशासन के आंकड़े के अनुसार सिकंदरा विधानसभा में 31.42 प्रतिशत, जमुई विधानसभा में 33.71 प्रतिशत, झाझा विधान सभा में 38.97 प्रतिशत तथा चकाई विधानसभा में 35.53 प्रतिशत मत डाले गए।
जमुई में दोपहर एक बजे तक 34. 43 प्रतिशत मतदान
पहले चरण की चार लोकसभा सीटों पर एक बजे तक वोटिंग प्रतिशत जारी कर दिया गया है। सुरक्षित सीटों पर मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा। वहीं सामान्य सीट औरंगाबाद में 33.99 प्रतिशत ही मतदान हुआ। वहीं नवादा में 27.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। इधर, गया सुरक्षित सीट पर 30.40 प्रतिशत और जमुई सुरक्षित सीट पर 34.43 प्रतिशत पर मतदान हुआ। चार सीटों को मिलाकर कुल 32.41 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
उद्योगपति व भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने डाला वोट
औरंगाबाद के जाने माने उद्योगपति व भाजपा की बिहार प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य गोपाल शरण सिंह ने शुक्रवार को वोट डाला। उन्होंने शहर के आदर्श मतदान केंद्र बूथ संख्या 183 पर अपना वोट डाला।
औरंगाबाद के नेहुटा बूथ पर मात्र तीन वोटरो ने ही डाले वोट
औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में औरगाबाद विधानसभा के नेहुटा गांव स्थित बूथ संख्या 97 पर मात्र तीन वोट ही कास्ट हो पाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विकास से यह गांव कोसो दूर है और मूलभूत सुविधाओं से भी यह वंचित हैं। यहां के वोटरों की कुल संख्या की बात करे तो 944 वोटर हैं जिनमे पुरुष 524 जबकि महिला वोटर 420 की संख्या में मौजूद हैं। इस बारे में जब मतदान अधिकारी से बात की गई तो तब उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गयी है।
अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मतदाताओं में काफी उत्साह
जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र बड़ाबांध बूथ संख्या 263 पर मतदान करने आए मतदाताओं में काफी उत्साह है। युवा वोटर तेज धूप में भी मतदान करने पहुंचे हैं।
जमुई में मतदान करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री
जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलैया में बूथ नंबर 174 पर वोट डालने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव, पूर्व मंत्री विजय प्रकाश सहित उनके सपरिवार काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की।
औरंगाबाद के डीएम-एसपी ने किया वोट
औरंगाबाद में नौ बजे तक महज छह प्रतिशत मतदान
पहले चरण की चार लोकसभा सीटों पर नौ बजे तक वोटिंग प्रतिशत जारी कर दिया गया है। सुरक्षित सीटों पर मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा। वहीं सामान्य सीट औरंगाबाद में महज 6.01 प्रतिशत ही मतदान हुआ। वहीं नवादा में 6.15 प्रतिशत मतदान हुआ है। इधर, गया सुरक्षित सीट पर 9.30 प्रतिशत और जमुई सुरक्षित सीट पर 9.12 प्रतिशत पर मतदान हुआ।
औरंगाबाद में गर्मी से पोलिंग ऑफिसर की नाक से आया खून
औरंगाबाद में बूथ संख्या 184 पर चुनाव ड्यूटी कर रहे एक पोलिंग ऑफिसर पर भयंकर गर्मी का असर हुआ। पी-1 की जिम्मेवारी निभा रहे गोपाल राम की नाक से अचानक ब्लीडिंग होने लगी। खून और चेहरा धोने के बाद फिलहाल वें बूथ पर ही किनारे होकर सुस्ता रहे है। कहा कि पहले कभी उनके साथ ऐसा नहीं हुआ था। आज ही ऐसा हुआ है। वह नबीनगर में मध्य विद्यालय शाहपुर में शिक्षक है। शिक्षक की तबीयत बिगड़ने की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई है। वहां से रिजर्व में रखे गये किसी दूसरे चुनाव कर्मी को बूथ पर भेजा जा रहा है।
83 साल की वृद्धा ने औरंगाबाद जिला परिषद बूथ 185 पर किया मतदान
औरंगबाद, नवादा और जमुई में ईवीएम को ठीक करवा दिया गया
औरंगाबाद, नवादा और जमुई के बूथ पर ईवीएम में आई खराबी को ठीक कर दिया गया है। इन बूथों पर मतदान शुरू हो चुका है।
मतदाताओं में काफी उत्साह
गया लोकसभा क्षेत्र के टाउन विधानसभा के जिला स्कूल बूथ संख्या 187 पर मतदान करने वाले मतदाता काफी उत्साहित दिखे। बूथ से बाहर निकले के बाद उन्होंने सेल्फी ली और ग्रुप में तस्वीरें भी खिचंवाई। 'अमर उजाला' से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वोटिंग कर काफी अच्छा लग रहा है। सभी लोग अपने घरों से बाहर निकलें और मतदान करें।
कतार में खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे मतदाता
बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र के देवानिया मध्य विद्यालय बूथ संख्या 275 के बाहर मतदाताओं की भीड़ है। मतदाता कतार में खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। एक-एक कर उन्हें बूथ के अंदर जाने दिया जा रहा है। बूथ के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा है।
मतदान करने के लिए कतार में खड़े हो गए मतदाता
औरंगाबाद लोकसभा के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 123 पर सुबह छह बजे से ही मतदाता वोटिंग करने पहुंच गए। गर्मी और धूप के कारण एक घंटा पहले से ही मतदाता बूथ के बाहर पहुंचे और कतार लगाकर खड़े हो गए। वह अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे।