अगर पॉपकॉर्न खाकर टाइमपास करना आपका पसंदीदा शगल है तो जरा सावधान हो जाएं। आपकी जबान को इसका स्वाद कितना भी भाए पर आपके दिल की सेहत के लिए यह फायदेमंद नहीं है।
वेस्ट वर्जिनिया यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में किए गए एक शोध के अनुसार पॉपकॉर्न सेहत के लिए काफी नुकसानदायक हैं। शोध में बताया गया है कि पॉपकॉर्न का सेवन दिल की सेहत के लिए अच्छा नहीं है। इसका कारण है नॉनस्टिक कुकवेयर और माइक्रोवेव पॉपकॉर्न जैसे पैक्ड फूड में मिलने वाला परफ्ल्यूरोऑक्नोइक एसिड (पीएफओए) नामक केमिकल।
शोधकर्ताओं ने 1,200 अमेरिकी लोगों से जुड़े सेहत के आंकड़ों का विश्लेषण किया और उनकी हृदय की स्थिति की पीएफओए के स्तर के साथ तुलना की। नतीजों में सामने आया कि रक्तवाहिनियों में जितना ज्यादा पीएफओए का स्तर होता है, हृदयरोगों का खतरा भी उतना ही ज्यादा हो जाता है।
प्रमुख शोधकर्ता डॉ. अनूप शंकर के अनुसार बेहद पुख्ता तौर पर फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता कि पीएफओए हृदय रोगों का कारण है, लेकिन इतना जरूर है कि यह दोनों ही एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं। हृदय रोगियों में रक्त में ज्यादा से ज्यादा पीएफओए को रोककर रखने की प्रवृति देखी जाती है। जानकारों के अनुसार पॉपकॉर्न के एक पैकेट में पीएफओए की काफी अधिक मात्रा पाई जाती है।