मां बनने की चाहत रखने वाली महिलाओं के लिए मोटापे का बड़ा खतरा सामने आया है।
हाल में हुए शोध की मानें तो जिन महिलाओं का वजन अधिक होता है उन्हें गर्भपात का खतरा अधिक होता है।
लंदन के इम्पीरियल कॉलेज के शोधकर्ताओं की मानें तो गर्भावस्था के शुरुआती दौर में जिन महिलाओं का बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) अधिक होता है, उन्हें गर्भपात या मृत शिशु को जन्म देने का खतरा अधिक होता है।
शोधकर्ताओं ने 38 अलग-अलग अध्ययन के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला है।
शोधकर्ताओं ने यह भी माना है कि गर्भावस्था के दौरान मोटापा महिलाओं को डायबिटीज से लेकर प्री-इक्लांप्सिया जैसा जानलेवा रोग दे सकता है जबकि शिशु के लिए भी आगे चलकर डायबिटीज या मोटापे की वजह हो सकता है।
यह शोध अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन के जर्नल में प्रकाशित हुआ है।