चमचमाते और सेहतमंद दांतों की ख्वाहिश रखते हैं तो कैफीन युक्त डाइट लेना छोड़ ही दें।
एक्सिस क्लीनिक की डेंटिस्ट डॉ. चेतना मेहता कहती हैं कि हमारे दांत कठोर टिश्यू से ढंके होते हैं, जिसे हम एनामेल कहते हैं और यह दांतों के सुरक्षा कवच को क्षतिग्रस्त होने से बचाते हैं। लेकिन चाय, कॉफी, रंगीन बेवरेज, एसिडिक खाद्य पदार्थ में कुछ ऐसे कण मौजूद होते हैं, जो एनामेल को नुकसान पहुंचाते हैं।
इससे दांतों में सनसनाहट की समस्या हो सकती है यानी किसी भी सूरत में कैफीन का अत्यधिक सेवन आपकी संपूर्ण सेहत के लिए ठीक नहीं है। अगर आप दांतों को स्वस्थ रखना चाहती हैं, तो अपनी आदत को रोजाना एक या दो कप कॉफी पीने तक ही सीमित कर लें।
कॉफी पीते वक्त रखें ध्यान
कॉफी पीने के कुछ देर बाद सादे पानी से कुल्ला जरूर करें, ताकि हानिकारक कण दांत से चिपके न रहें।
कॉफी या चाय पीने के बाद अपने मुंह में लंबे समय तक इसके नुकसानदेह कणों को नहीं रखें, बल्कि तुरंत अच्छी तरह मुंह धो लें या एनामेल पर चिपके बेवरेज कणों को साफ करने के लिए ब्रश करें।
इससे न सिर्फ क्रोमोजेन्स जीन्स साफ हो जाएगा, बल्कि दांतों में फंसे खाद्य पदार्थों के कण भी निकल जाएंगे, जो लंबे समय तक बने रहने के कारण दांतों में क्षरण पैदा कर सकते हैं। यहां क्रोमोजेन कॉफी में पाया जाने वाला एक तत्व है, जो दांतों के पीलेपन के लिए जिम्मेदार है।
भोजन के बाद करें यह काम
दांतों के लिए नमक बहुत उपयोगी है, क्योंकि यह एनामेल पर सुरक्षा कवच का काम करता है और दांतों पर चिपकने वाले नुकसानदेह कणों से सुरक्षा करता है।
संभव हो, तो हर बार भोजन करने के बाद एक कप गुनगुने पानी में थोड़ा नमक मिलाकर इससे दांतों की धुलाई करते हुए कुल्ला करें। इसका फायदा आपको लंबे समय तक मिलेगा।