वृद्धावस्था में योग-व्यायाम करते रहें
- फोटो : istock
एक्सरसाइज शुरू करते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप 50 साल की आयु के बाद एक्सरसाइज की शुरुआत करने जा रहे हैं तो कुछ बातों का हमेशा ध्यान रखें।
- सबसे पहली ध्यान रखने वाली बात यह है कि जो भी एक्सरसाइज आप कर रहे हैं वह आपकी शारीरिक अवस्था और उम्र के हिसाब से हो।
- अगर आप 60 साल या इसके बाद पहली बार एक्सरसाइज शुरू कर रहे हैं तो सही प्रशिक्षण लेना जरूरी है। चाहे आप जिम जाएं, दौड़ें या सूर्य नमस्कार ही क्यों न करें।
- सिर्फ कसरत ही नहीं, कई रेग्युलर गतिविधियां भी हैं जो आपको फिट रहने में मदद कर सकती हैं। जैसे अगर आपको प्रकृति के बीच रहना पसंद हो तो गार्डनिंग करें, सूर्योदय या सूर्यास्त के समय टहलें, सम्भव हो तो घर की छत तक दिन में दो-तीन बार चढ़ें-उतरें। अगर आप किसी मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रहते हो तो भी धीरे धीरे जितनी हो सके सीढियां चढ़ें-उतरें, घर या कॉलोनी के बच्चों के साथ खेलें, मित्रों के साथ गप्पे मारें, वर्ग-पहेली या पजल्स सॉल्व करें, घर के आस-पास से सब्जी-फल या जरूरत का सामान ले आएं।
बुढ़ापे में भी शरीर को रखें एक्टिव
- फोटो : Pixabay
सिर्फ एक्सरसाइज से ही नहीं चलेगा काम
50 की आयु के बाद एक्सरसाइज शुरू करने के भी कई लाभ हैं, पर सिर्फ एक्सरसाइज से ही आप खुद को स्वस्थ नहीं रख सकते हैं। इसके लिए कुछ और बातों को भी ध्यान में रखना बहुत आवश्यक है।
- एक्सरसाइज के साथ आपको अपने भोजन पर भी ध्यान देना होगा। सही रिजल्ट तब मिलेगा जब दिनचर्या, भोजन और व्यायाम सब लय में होंगे।
- चूंकि 60 की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते महिलाओं के शरीर मे काफी सारे परिवर्तन आ चुके होते हैं, इसलिए जरूरी है कि वे समय-समय पर अपना रूटीन चेकअप करवाएं और एक्सरसाइज के लिए भी सही सलाह लें।
- एक्सरसाइज के साथ-साथ अपनी डाइट और नींद को लेकर भी योजना बनाएं। अगर रात को आपकी नींद बीच-बीच में उचट जाती है तो दिन में सोने से बचें।
- अपनी एक्सरसाइज में कार्डियो, एरोबिक्स, योग, मेडिटेशन आदि सभी तरह की क्रियाओं का सही और संतुलित रूप दें।
- यदि एक्सरसाइज के दौरान नसों में खिंचाव, सांस लेने में तकलीफ, जोड़ों में अधिक तकलीफ आदि हो तो अपने प्रशिक्षक या डॉक्टर से तुरंत सलाह लें और तब तक के लिए एक्सरसाइज को रोक दें।
- शुरुआत 10 मिनट से ही करें और धीरे-धीरे इसे बढ़ाकर आधा से एक घंटे पर ले आएं।
- सही जूते और आरामदायक, ढीले कपड़ों का ही उपयोग करें।
याद रखिये, अगर आप अधिक उम्र में एक्सरसाइज शुरू कर रहे हैं तो अब तक शरीर में हो चुके परिवर्तनों या नुकसान को आप ठीक नहीं कर पाएंगे लेकिन इससे आपको आगे कोई नुकसान होने की आशंका कम हो जाएगी। साथ ही पहले से बढ़ा हुआ वजन और त्वचा पर पड़ी झुर्रियां एकदम गायब नहीं होंगे, इसलिए एक्सरसाइज शुरू करने के कुछ समय बाद निराश न हों। बल्कि इस उम्मीद के साथ एक्सरसाइज करें कि यह आपको लम्बे समय तक चलने फिरने लायक बने रहने और आसानी से रोजमर्रा के काम करने में मदद करेगी।
---------------------------
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।