फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Intrinsic capacity Test: वैज्ञानिकों ने खोजा लाइफ-कैलकुलेटर टेस्ट, पता कर सकेंगे कितने साल और जिएंगे आप?

Thu, 14 Aug 2025 07:57 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • यूएस और फ्रेंच वैज्ञानिकों ने एक ऐसे गेम-चेंजिंग टेस्ट की खोज करने का दावा किया है जो जीवनकाल की भविष्यवाणी कर सकता है।
  • मतलब, इस टेस्ट की मदद से आप जान सकते हैं कि अभी आपकी जिंदगी कितनी शेष है?
विज्ञापन
बची उम्र का सटीक अनुमान लगाने वाला टेस्ट - फोटो : Amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Lifespan Predictor Test: भविष्य देखने की चाहत कभी न कभी आपके दिल में भी जरूर आई होगी। ये बातें भले ही आपने किसी के साथ साझा न की हों, पर दिल में ये जानने की इच्छा जरूर होगी कि अभी आपकी कितनी उम्र शेष है?

विज्ञापन


इस विषय पर कई साइंस फिक्शन फिल्में भी बन चुकी हैं, जिसमें मशीनों के जरिए लोगों को अंदाजा लगाते हुए देखा होगा कि उनकी कितना उम्र बाकी है? अगर आज के समय में आपसे कहा जाए कि ऐसा वास्तव में भी हो सकता है, तो क्या आप इसपर भरोसा करेंगे?

ये बातें आपको फिल्मी और कल्पनाओं वाली लग सकती हैं, पर यूएस और फ्रेंच वैज्ञानिकों ने एक ऐसे गेम-चेंजिंग टेस्ट की खोज करने का दावा किया है जो जीवनकाल की भविष्यवाणी कर सकता है। मतलब, इस टेस्ट की मदद से आप जान सकते हैं कि अभी आपकी जिंदगी कितनी शेष है?

विज्ञापन

इंट्रिन्सिक कैपेसिटी टेस्ट - फोटो : Adobe stock photos
इंट्रिन्सिक कैपेसिटी (आईसी) टेस्ट से पता लगेगा लाइफ स्पैन

इसके लिए वैज्ञानिकों ने इंट्रिन्सिक कैपेसिटी (आईसी) का उपयोग किया है, जो सभी प्रकार की शारीरिक और मानसिक स्थितियों, जिसमें चलने, सोचने, देखने, सुनने और याद रखने की क्षमताओं का टेस्ट किया जाता है। ये लंबे समय से स्वस्थ तरीके से उम्र बढ़ने का एक अच्छा मार्कर माना जाता है। 

अब तक, आईसी को मापना एक महंगा और समय लेने वाला आकलन माना जाता रहा है। इस पर काम करते हुए अब वैज्ञानिकों ने एक साधारण लार या रक्त का परीक्षण तैयार किया है, जो डीएनए मिथाइलेशन पैटर्न की निगरानी करके आईसी को माप सकता है।

डीएनए मिथाइलेशन पैटर्न, हमारे शरीर का कैमिकल टैग होते हैं, जो शरीर में जीन गतिविधि को नियंत्रित करते हैं । इनकी मदद से किसी व्यक्ति की जैविक उम्र का अनुमान लगाया जा सकता है।


(पूरे शरीर की तुलना में तेजी से बूढ़ा हो रहा है दिल, पुरुषों में खतरा अधिक; फ्री में ऐसे करें जांच)

खून की जांच और लाइफस्पैन का अंदाजा - फोटो : Freepik.com
अध्ययन में क्या पता चला?

ये अध्ययन 10 साल तक चला, जिसमें 20 से 102 वर्ष की आयु के 1,000 से अधिक वयस्कों को ट्रैक किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन प्रतिभागियों का आईसी स्कोर हाई था, वे लोग औसतन 5.5 वर्ष अधिक जीवित रहे। हाई आईसी स्कोर वाले लोगों के फेफड़े बेहतर कार्य कर रहे थे, चलने की गति तेज थी, हड्डियां मजबूत थीं और वे खुद को मानसिक तौर पर स्वस्थ मान रहे थे।

वहीं, लो आईसी स्कोर का संबंध आयु-संबंधी बीमारियों जैसे हृदय रोग और स्ट्रोक से होने वाली मृत्यु के जोखिम में वृद्धि को दर्शाता है।

मसलन जिनका आईसी स्कोर कम था उनकी उम्र भी कम देखी गई और ऐसे लोगों को असमय मृत्यु का खतरा भी अधिक था।

कितने साल और जिएंगे आप, लगा सकते हैं पता - फोटो : Adobe Stock
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

शिकागो स्थित रश इंस्टीट्यूट फॉर हेल्दी एजिंग के प्रोफेसर थॉमस हॉलैंड कहते हैं, इंट्रिन्सिक कैपेसिटी का पता लगाने के लिए रक्त या लार-आधारित परीक्षण बहुत ही आशाजनक उपकरण है। इससे हमें न केवल व्यक्ति की उम्र का पता चलता है, बल्कि यह टेस्ट ये भी बताता है कि आपकी उम्र कितनी अच्छी तरह बढ़ रही है।

इससे यह जानने में भी मदद मिल सकती है कि भविष्य में स्वास्थ्य समस्याओं को रोकने के लिए पहले से किसी प्रयास की आवश्यकता है या नहीं। यह परीक्षण न केवल आपकी वर्तमान स्थिति की एक झलक देता है, बल्कि इससे भविष्य में स्वास्थ्य के बारे में भी पता लगाया जा सकता है।
विज्ञापन

डाइट और उम्र का अंदाजा - फोटो : Freepik.com
आपके आहार की इसमें बड़ी भूमिका

शोधकर्ताओं ने आहार और जैविक उम्र बढ़ने के बीच संबंधों का भी अध्ययन किया। इसमें पाया गया कि जो लोग फैटी फिश खाते थे और चीनी का सेवन सीमित करते थे, उनका आईसी स्कोर अधिक थे।

अध्ययनकर्ताओं ने कहा, हमने पाया कि जिन लोगों का आईसी हाई था, उनकी डाइट अमूमन अच्छी थी। वो फैटी फिश अधिक खाते थे, लेकिन कैल्शियम सप्लीमेंट कम लेते थे। चीनी का सेवन कंट्रोल रहना आईसी स्कोर को अच्छा करता है।

फैटी फिश ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होती हैं, जिनमें सूजन-रोधी और तंत्रिकाओं को सुरक्षा देने वाले गुण होते हैं। इसके विपरीत, अत्यधिक चीनी का सेवन ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस, इंसुलिन प्रतिरोध और सूजन को बढ़ाता है।

विशेषज्ञों ने शरीर को जवां बनाए रखने के लिए नियमित शारीरिक व्यायाम करने की सलाह दी है। 




-----------------------------
स्रोत
A blood-based epigenetic clock for intrinsic capacity predicts mortality and is associated with clinical, immunological and lifestyle factors


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें