भारत, अमेरिका और ब्रिटेन समेत दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान चल रहे हैं। इस अभियान के तहत लाखों लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। भारत में जहां ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन का इस्तेमाल हो रहा है, तो वहीं अमेरिका में फाइजर-बायोएनटेक और मॉडर्ना और ब्रिटेन में भी लोगों को फाइजर-बायोएनटेक और ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन दी जा रही है। ब्रिटेन के आधिकारिक आंकड़ों में दिखाया गया है कि यहां बुजुर्ग लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण और उससे होने वाली गंभीर बीमारी को कम करने के लिए फाइजर और ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के टीके अत्यधिक प्रभावी रहे हैं। इससे उनके अस्पताल में भर्ती होने की दर में 80 फीसदी से भी अधिक की कमी आई है।