एक नए कोरोनावायरस की खोज
- फोटो : Freepik.com
चीन में सामने आया नया बैट-कोरोनावायरस
चीन में सामने आया ये नया बैट-कोरोनावायरस भी जानवरों से इंसानों में फैलने वाला माना जा रहा है, ठीक उसी तरह का जो COVID-19 महामारी का कारण बना था। वैज्ञानिकों की टीम ने बताया कि HKU5-CoV-2 नामक ये नया कोरोनावायरस मनुष्यों में तेजी से फैलने और गंभीर रोगों का खतरा बढ़ाने वाला हो सकता है।
गौरतलब है कि कोविड-19 रोग का कारण बनने वाला सार्स-सीओवी-2 वायरस भी सबसे पहले चीन में ही देखा गया था और इसका मुख्य स्रोत भी चमगादड़ों को ही माना जाता रहा है। इतना ही नहीं ये भी ACE2 नामक मानव रेसेप्टर कोशिकाओं को अटैक करके शरीर में बढ़ता रहा है।
चीन में कोरोना से मिलते एक नए वायरस की खोज
- फोटो : Freepik.com
HKU5-CoV-2 और इसका जोखिम
स्थानीय चीनी मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार वायरोलॉजिस्ट शि झेंगली के नेतृत्व वाली वाली टीम ने HKU5-CoV-2 की खोज की है। शि झेंगली को कोरोनावायरस पर अपने आजीवन काम के लिए "बैटवुमन" के नाम से भी जाना जाता है। विशेषज्ञों की टीम ने बताया कि ये नया वायरस मेरबेकोवायरस सबजेनस से संबंधित है। मिडिल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (मर्स) को भी इसी से संबंधित माना जाता रहा है।
इस नए वायरस वायरस की प्रकृति को लेकर जर्नल सेल में प्रकाशित एक पेपर में वैज्ञानिकों ने लिखा "बैट मेरबेकोवायरस (HKU5-CoV-2) जो जेनेटिक रूप से MERS-CoV से संबंधित हैं, मनुष्यों में फैलने का उच्च जोखिम पैदा करता है। वायरस की संरचना और क्षमताओं के विश्लेषण से संकेत मिलता है कि ये श्वसन तंत्र और छोटी आंत में संक्रमण बढ़ाने वाला हो सकता है।
सार्स-सीओवी2 से मिलता-जुलता एक नया वायरस
- फोटो : प्रतीकात्मक
कैसी है वायरस की प्रकृति
अध्ययनकर्ताओं ने कहा, ये जरूर एक प्रकार का नया कोरोनावायरस है पर इंसानों में इसके फैलने के जोखिमों को बढ़ा-चढ़ाकर नहीं बताया जाना चाहिए। प्रारंभिक शोध से पता चलता है कि भले ही ये ह्यूमन रिसेप्टर ACE2 से बाइंड हो सकता है पर सार्स-सीओवी2 की तुलना में ये उस तरह बाइंड भी कमजोर हो सकता है।
फिलहाल एचकेयू5-सीओवी-2 की प्रकृति को विस्तार से समझा जाना अभी बाकी है इसलिए प्रारंभिक स्थितियों से भविष्य के खतरे को लेकर बहुत ज्यादा अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है।
क्या आने वाली है एक और महामारी?
नया कोरोनावायरस क्या एक और महामारी का कारण बनने जा रहा है? इस बारे में मिनेसोटा विश्वविद्यालय के संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. माइकल ओस्टरहोम कहते हैं, यह अतिशयोक्तिपूर्ण है। साल 2019 में जब नोवेल कोरोनावायरस फैला था, उसकी तुलना में वैश्विक आबादी में अब सार्स और मर्स वायरस के प्रति बहुत अधिक प्रतिरक्षित हो गई है। ऐसे में एचकेयू5-सीओवी-2 के कारण भी महामारी आने का जोखिम होगा, इसकी आशंका फिलहाल नहीं है। हालांकि वायरस कितना खतरनाक हो सकता है इसको समझा जाना अभी बाकी है।
---------
स्रोत और संदर्भ
Bat-infecting merbecovirus HKU5-CoV lineage 2 can use human ACE2 as a cell entry receptor
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।