वैसे तो सर्दियों के मौसम में हर उम्र के लोगों को देखभाल की जरूरत होती है, लेकिन बच्चों की खास देखभाल होनी चाहिए। अगर आप ठंड की शुरुआत से ही सावधानी बरतें, तो आपका बच्चा सर्दियों में भी मुस्कराता रहेगा। ठंड में बच्चों का सामान्य सर्दी-जुकाम की चपेट में आ जाना स्वाभाविक है। बच्चे बड़ों की तरह एक जगह नहीं बैठते हैं, इसलिए उन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है।
सर्दियों में बच्चों को रोज नहलाने की जगह गरम पानी में कपड़े को भिगोकर उनके शरीर को पोंछ दें। इससे उन्हें ठंड लगने की संभावना कम हो जाएगी। पूरे सालभर बच्चे नंगे पैर घर में दौड़ते हैं, मगर ठंड में तो ध्यान रखना पड़ेगा कि बच्चे नंगे पैर जमीन पर न दौड़ें। हर साल जाड़े में मां-बाप बच्चों की बीमारियों को लेकर परेशान हो जाते हैं। ऐसे में अक्लमंदी इस बात में है कि बच्चों के साथ पूरी सावधानी बरती जाए, जिससे वेे बीमार न पड़ें। थोड़ी सी सावधानी बरतकर आप अपने बच्चे को ठंड के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचा सकती हैं।