फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधा आग और आधा पानी जैसा एहसास कराती मदन मोहन 'दानिश' की शायरी

Thu, 22 Jul 2021 08:16 PM IST
अभिनव 'अभिन्न' अभिनव चौहान, काव्य डेस्क, मुरादाबाद
विज्ञापन
मदन मोहन दानिश की शायरी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
हिंन्दुस्तान की मुश्तरका तहज़ीब की सनद देती शायरी लंबे वक्त पहले महबूब के गेसुओं से निकलकर जिंदगी के यथार्थ के मआनी तलाश चुकी है। अमीर खुसरो जिस जमीन पर ग़ज़ल कह गए या संत कबीर ने दुनिया का जिस शायरी से तआरुफ़ कराया, वो बेशक ये जानते थे कि अरब की ज़मीन से सुल्तानों के दरबार और हरम की रौनक बढ़ाने वाली शायरी हिंदुस्तानी ज़मीन पर किसी की गुलाम ना रहेगी।
विज्ञापन


हिंदुस्तान बड़ी रवायतों वाला मुल्क़ है। यहां मीर, ग़ालिब, दाग़, ज़ौक, जिगर सरीखे लोग हुए। जिनकी शायरी एक ही वक्त में महबूब से लेकर आवाम तक सभी की बातें करती है। इसी जमीन में नए शायरों की फेहरिस्त में एक नाम हमारे सामने है मदन मोहन 'दानिश' का। दानिश साहब का कलाम मोहब्बत, अदब, जिंदादिली, तंज हर एहसास को अपने में समेटे हुए है। ये रवायतों को निभाने की बात जितनी संजीदगी से करता है, उतनी ही जिम्मेदारी से उन्हें बदलकर नई रवायतें बनाने का भी पैरोकार है।

उनकी शायरी आज किसी परिचय की मोहताज नहीं। लेकिन मैं आपकी मुलाकात करा रहा हूं 8 सितंबर 1961 को जन्मे एक ऐसे बच्चे से जिस पर हाईस्कूल के बाद कई जिम्मेदारियां थीं। दानिश साहब का जन्म बलिया में हुआ। बचपन में उनकी मुलाकात अदब से इस लिहाज से हुई कि वो जहां अपनी प्राइमरी शिक्षा ले रहे थे उस गांव में हिंदी के मूर्धन्य विद्वान आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी का जन्म हुआ। 
विज्ञापन
Trending Videos

आज के समय में जब महाविद्यालयों में पर्याप्त साहित्यिक पुस्तकों का अभाव रहता है, तब दानिश साहब के प्राइमरी स्कूल का पुस्तकालय हिंदी के बड़े साहित्यकारों से भरा पड़ा था। अदब और शायरी से उनका परिचय कराया बाबा तुलसीदास ने। शायद ही हिंदू परिवारों में 90 के दशक से पहले जन्मा कोई बच्चों होगा जो रामचरितमानस को सुबह शाम न सुनता होगा। और बलिया तो वैसे भी पूर्वांचल का क्षेत्र। यहां तो घर-घर बाबा तुलसी को गाना धर्म माना गया। 

दानिश साहब के दादा घर के दालान में रोज शाम को कुर्सी डालकर बैठ जाते और गांव के अन्य बड़े-बूढ़े भी वहां आ जाते। गांव के बच्चों से चौपाई गवाई जातीं। ये उनके कविता के बीजारोपण का पहला कदम था। क्योंकि कई परिवार मुस्लिम भी थे। लिहाजा उर्दू और शायरी से भी बचपन से ही मुलाकात हो चुकी थी। हाईस्कूल के बाद उनकी जिम्मेदारियां बढ़ गईं। ऐसे दौर में उन्होंने अपनी शिक्षा-दीक्षा दूरस्थ पाठ्यक्रमों के जरिए जारी रखी। लंबे संघर्ष के बाद ऑल इंडिया रेडियों में नौकरी पाई और आज ग्वालियर केंद्र पर उसके प्रोग्राम एग्जेक्यूटिव के रूप में जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।



 

जब शुरू हुआ सफ़र शायरी का और मुलाकात अदबी दुनिया से

ऑल इंडिया रेडियों की नौकरी में आने के बाद शायरी में पूरी तरह डूब गए। पिछले 20 बरस से अधिक समय से वह मुशायरों और कवि सम्मेलनों के मंच पर अपनी शायरी से लोगों के दिलों में जगह बना चुके हैं। आज जब सादा बयानी और गहरे शेरों का जिक्र चलता है तो दानिश साहब के शेर अपने आप लबों से गिरने लगते हैं। 

मैं बात करता हूं उनकी शायरी में आधे आग और आधे पानी की, जिसकी बात मैं शीर्षक में छोड़ आया था। दानिश साहब ने अपनी शायरी में कुछ भी नया नहीं कहा, लेकिन हर चीज़ को एक नए रूप, नए तरीके, नए ढंग और नए रंग से सजाकर कहा। उन्होंने कुछ नया नहीं कहा, वो सब पहले से कहा जाता रहा है, चाहें गद्य में हो या पद्य में, लेकिन मौजूद था। इस बात को मैं किसी नासमझी में नहीं कह रहा, इसकी तस्दीक उन्हीं का शेर भी करता है, और यही शेर मेरी इस बात की भी तस्दीक करेगा कि उन्होंने हर पुरानी चीज़ को नए ढंग से कहा -

कोई ये लाख कहे मेरे बनाने से मिला 
हर नया रंग ज़माने को पुराने से मिला 


ये एक शेर उनके मिज़ाज और साफगोई को बयान करने के लिए काफी है। उनकी शायरी में एक ठहराव है। जिसे आप तुरंत अगर जीना चाहें तो उस तक पहुंचकर भी बहुत कुछ खो देंगे। दानिश की शायरी के लिए डा. राहत इंदौरी लिखते हैं कि दानिश ने हर मुश्किल बात को इतने सादा लहजे में कहा है कि मुश्किलें भी उसे देखकर मुश्किल में पड़ जाएं। आप देखिए उनकी इस ग़ज़ल को जिसमें हर मुश्किल बात एकदम सादा तरीके से बयान की गई है -

जब अपनी बेकली से, बेख़ुदी से कुछ नहीं होता
पुकारें क्यों किसी को हम, किसी से कुछ नहीं होता

सफ़र हो रात का तो हौसला ही काम आता है
अँधेरों में अकेली रौशनी से कुछ नहीं होता

कोई जब शहर से जाए तो रौनक़ रूठ जाती है
किसी की शहर में मौजूदगी से कुछ नहीं होता

चमक यूँ हीं नहीं पैदा हुई है मेरी जाँ तुझमे
न कहना फिर कभी तू , बेरुख़ी से कुछ नहीं होता

मुझे दुश्वार हँसना है, तुझे दुश्वार रोना है
यहीं लगता है दानिश आदमी से कुछ नहीं होता




 

दुनिया की गैर बराबरी से लड़ता लेकिन हकीक़त को बयान करता कलाम

मदन मोहन दानिश के शेर आपको हर रंग में डूबे मिलेंगे। ऐसा लगता है कि शायर ने शायरी न की हो बल्कि जिंदगी की दवात को सामने रखकर एहसास की स्याही में दिल के कलम को डुबोकर नए अश्आर लिखे हों। जैसे दुनिया के हर जज़्बात के रंग को मिलाया और दिल के कैनवास पर पेंटिंग बनाई हो। उनकी शायरी में आपको गैर बराबरी के लिए आवाज़ उठाता शायर मिलेगा। 

और क्या आख़िर तुझे ऐ ज़िंदगानी चाहिए 
आरज़ू कल आग की थी आज पानी चाहिए 
ये कहाँ की रीत है जागे कोई सोए कोई 
रात सब की है तो सब को नींद आनी चाहिए 


वहीं, हर सच्चाई को सामने रखता एक शायर भी अगले कलाम में दिखाई देता है जो आपको आगाह कर रहा है कि ज़िंदगी आखिर है क्या। लेकिन ज़िंदगी की तस्वीर दिखा देना भर उसकी जिम्मेदारी नहीं है। उसने अपनी जिम्मेदारियों को पूरा किया ये बताकर कि हमें किसी के पीछे नहीं, अपनी नई कहानी लेकर चलना है -

इस को हँसने के लिए तो उस को रोने के लिए 
वक़्त की झोली से सब को इक कहानी चाहिए 
क्यूँ ज़रूरी है किसी के पीछे पीछे हम चलें 
जब सफ़र अपना है तो अपनी रवानी चाहिए 
कौन पहचानेगा 'दानिश' अब तुझे किरदार से 
बे-मुरव्वत वक़्त को ताज़ा निशानी चाहिए 


दानिश की शायरी में स्त्री और पुरुष के विभिन्न बिंब मिलते हैं। दोनों आपस में बात करते हैं, एक दूसरे को अपने अंदर तलाश करते हैं। एक बेचैनी जो दोनों ने जी है उसे साझा करते हैं। उनकी शायरी में कोई किरदार नुमाया नहीं हुआ है, ये बड़ी बात है। जो भी उसे सुनेगा वो उसे अपने किरदारों के मुताबिक ढालेगा। यही शायर की कामयाबी है कि उसकी शायरी वर्ग संघर्ष का आंदोलन बनकर नहीं रह गई। दानिश साहब इसमें कामयाब रहें हैं। मसलन जिस शेर को कोई पुरुष स्त्री के लिए कहेगा उसी शेर को स्त्री पुरुष के लिए प्रयोग कर सकती है। और जरूरी नहीं कि वो किसी जिंदा शख़्स के लिए ही कहा जाए। ये भी मुमकिन है कि आप तन्हाई में जिंदगी के साथ ये गुफ़्तगू करें।

आधी आग और आधा पानी हम दोनों 
जलती-बुझती एक कहानी हम दोनों 

मंदिर मस्जिद गिरिजा-घर और गुरुद्वारा 
लफ़्ज़ कई हैं एक मआ'नी हम दोनों

रूप बदल कर नाम बदल कर आते हैं 
फ़ानी हो कर भी ला-फ़ानी हम दोनों 

ज्ञानी ध्यानी चतुर सियानी दुनिया में 
जीते हैं अपनी नादानी हम दोनों 

आधा-आधा बाँट के जीते रहते हैं 
रौनक़ हो या हो वीरानी हम दोनों 

नज़र लगे ना अपनी जगमग दुनिया को 
करते रहते हैं निगरानी हम दोनों 

ख़्वाबों का इक नगर बसा लेते हैं रोज़ 
और बन जाते हैं सैलानी हम दोनों 

तू सावन की शोख़ घटा में प्यासा बन 
चल करते हैं कुछ मन-मानी हम दोनों 

इक-दूजे को रोज़ सुनाते हैं 'दानिश' 
अपनी अपनी राम-कहानी हम दोनों
 

उनकी गज़लों में आपको रवायतों को तोड़तीं हुईं बातें मिलेंगी। वो सच्चाई मिलेगी जो हम फौरन स्वीकार करने से डरते हैं। कुछ ऐसे अरमान भी मिलेंगे जिन्हें शायद कोई अपनी जिंदगी में नहीं चाहेगा, लेकिन उनके बिना जिंदगी को भी अधूरा ही पाएगा। 

चलते रहने के लिए दिल में गुमाँ कोई तो हो 
बे-नतीजा ही सही पर इम्तिहाँ कोई तो हो 


ये हकीकत है। अगर जिंदगी के इम्तिहान खत्म हो गए तो फिर जिंदगी के परिणाम की भी इच्छा नहीं रहेगी। इसी ग़ज़ल का अगला शेर दुनिया भर की औरतों के नाम उन्होंने कहा, जो मेरा पसंदीदा शेर है। 

आसमानों के सितम सहती हैं इस के बावजूद 
सब ज़मीनें चाहती हैं आसमाँ कोई तो हो 


मैं जो बात उनकी शायरी में किरदार के नुमाया न होने की कर रहा हूं, उसे आप इन शेरों में समझ सकते हैं, यहां किसी का नाम नहीं है, लेकिन आप उसे एक बेवफ़ा के लिए कहें, या सियासत के लिए, दोनों जगह वो मकबूल साबित होंगे।

बस मुश्किल से बच के निकलना आता है 
अब किसको माहौल बदलना आता है
भेष बदलने में तुम माहिर हो बेशक
उसको तो किरदार बदलना आता है


शायर कई जगह तन्हा होने की बात करता है, लेकिन नए अंदाज से करता है, और उस बात में जो पैग़ाम देने की कोशिश की है वो उसके पढ़ने वालों तक बिना किसी तकल्लुफ के पहुंच जाता है -

ये माना उस तरफ़ रस्ता न जाए 
मगर फिर भी मुझे रोका न जाए 

बदल सकती है रुख़ तस्वीर अपना 
कुछ इतने ग़ौर से देखा न जाए 

उलझने के लिए सौ उलझनें हैं 
बस अपने आप से उलझा न जाए 

इरादा वापसी का हो अगर तो 
बहुत गहराई में उतरा न जाए 

हमारी अर्ज़ बस इतनी है 'दानिश' 
उदासी का सबब पूछा न जाए 



 
विज्ञापन

दानिश के लिए दानिशवरों ने कहा - आज की ज़िंदगी से दानिश की ग़ज़ल का रिश्ता 

मदन मोहन दानिश की एक किताब आ चुकी है। दूसरी किताब 'आसमां फुर्सत में है' मंजुल प्रकाशन के हवाले से इसी वर्ष 2018 में विश्व पुस्तक मेले में सामने आई है। उस किताब पर देश के मशहूर शायरों की टिप्पणियां भी है। और हम सबके महबूब मरहूम शायर निदा फ़ाज़ली साहब की भी टिप्पणी है। निदा साहब शायर मदन मोहन दानिश के लिए लिखते हैं - दानिश की ग़ज़ल का आज की ज़िन्दगी से रिश्ता है। इस रिश्ते को उन्होंने ग़ज़ल के तबील इतिहास के शऊर से ज़ियादा पुख़्ता बनाया है। 


ये हकीकत भी है, उनके शेरों में पिछले दौर के उस सादा दिल आदमी की तस्वीर दिखती है, जिसे आज हम अपने इर्द-गिर्द तलाश करते हैं -

ये माना नींदों से अक्सर फ़रेब खाते रहे 
हमारे ख़्वाब मगर फिर भी जगमगाते रहे 
वो सादा लोग कहीं अब नज़र नहीं आते 
जो दूसरों के लिए रास्ता बनाते रहे 


साहित्य अकादमी सम्मान से सम्मानित शायर मोहम्मद अल्वी लिखते हैं - दानिश की शायरी पर दिल से वाह निकलती है। उनकी शायरी और मेरी शायरी के लफ्ज़ो के स्टाइल में कोई फ़र्क नज़र नहीं आता। वहीं शीन काफ़ निज़ाम ने माना है कि दानिश अपनी शायरी में जगबीती को आपबीती और आपबीती को जगबीती बनाना बखूबी जानते हैं। 

तस्दीक के लिए पढ़े उनकी ये ग़ज़ल - 

तुम अपने आप पर एहसान क्यूँ नहीं करते 
किया है इश्क़ तो एलान क्यूँ नहीं करते 

सजाए फिरते हो महफ़िल न जाने किस किस की 
कभी परिंदों को मेहमान क्यूँ नहीं करते 

पुरानी सम्तों में चलने की सब को आदत है 
नई दिशाओं का वो ध्यान क्यूँ नहीं करते 

बस इक चराग़ के बुझने से बुझ गए 'दानिश' 
तुम आंधियों को परेशान क्यूँ नहीं करते 


मैं फिर वहीं लौट रहा हूं जहां से चला था। आधा आग और आधा पानी है दानिश की शायरी, जिसमें तपिश है, लेकिन वो तपन आरती के दीये जितनी ही पवित्र है। वो जंगल में फैली आग नहीं है जो लोगों को इधर-उधर भागने पर मजबूर कर दे, वो यज्ञ वेदी के कुंड की समिधाओं में सुगंधित कपूर से प्रज्ज्वलित वो अग्नि है, जो अपने आसपास सबको बांधे रखती है। उनकी शायरी में पानी किसी समंदर का खारापन लिए हुए नहीं है। बल्कि एक ठहरी हुई झील का पानी है। सावन की फुहारों का वो पानी है जो गिरता तो तन पर है, लेकिन भिगोता मन को है। अगर अब भी आप इस शायर को ना समझे हों तो इस शब्द जाल से निकल आइए मैं आपको उससे उसी के एक शेर के जरिए मिलवा रहा हूं, जिसे पढ़ने के बाद ना आपको कुछ समझने की जरूरत होगी, ना मुझे कुछ कहने की -

कुछ उस मक़ाम से अब दिल का कारवाँ गुज़रे 
यक़ीं की हद से जो गुज़रे तो बे-ज़बाँ गुज़रे 
मुझी से हो के गुज़रती है राह दुनिया की 
सो मुझ से हो के ज़मीं और आसमाँ गुज़रे



आइए सुन लेते हैं मदन मोहन 'दानिश' को, छोड जा रहा हूं आपको उनके साथ -
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें