श्रेष्ठ कृति सम्मान: शब्द सम्मान-22 के तहत कोरोना की परिस्थितियों के चलते संयुक्त वर्ष 2020-21 में प्रकाशित श्रेष्ठ हिंदी कृतियों को विचारार्थ लिया गया था। इन सम्मानों में एक-एक लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और गंगा प्रतिमा सम्मिलित हैं।
छाप: कथा वर्ग में चंदन पांडेय की किताब ‘वैधानिक गल्प’ को यह सम्मान दिया जाएगा।
चन्दन पाण्डेय समकालीन युवा लेखन में के प्रतिनिधि हस्ताक्षर हैं। 9 अगस्त, 1982 को देवरिया ज़िले (उ.प्र.) में जन्मे चंदन पाण्डेय ने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बी.एच.यू.) से स्नातक और स्नातकोत्तर (एम.बी.ए.-मार्केटिंग) हैं। चंदन को भारतीय ज्ञानपीठ के ‘नवलेखन पुरस्कार’ के साथ-साथ ‘शैलेश मटियानी कथा पुरस्कार’, ‘कृष्ण बलदेव वैद फ़ेलोशिप’, ‘वनमाली युवा कथा सम्मान’, ‘अमर उजाला शब्द सम्मान’ (छाप) भी प्राप्त हुआ है।
‘भूलना’, ‘इश्क़फ़रेब’ और ‘जंक्शन’ उनकी प्रकाशित कहानी संग्रह हैं।
पिछले दिनों प्रकाशित उनका उपन्यास ‘वैधानिक गल्प’ उनके उपन्यास त्रयी का पहला भाग है। हाल ही में ‘कीर्तिगान ‘ शीर्षक से दूसरा भाग प्रकाशित होकर चर्चा में है। इस त्रयी का तीसरा भाग भी जल्द ही प्रकाशित होगा। वैधानिक गल्प का अंग्रेजी में 'लीगल फिक्शन' और पंजाबी में 'कानूनी किस्सा' शीर्षक से अनुवाद प्रकाशित, बांग्ला अनुवाद भी प्रकाशित।
वैधानिक गल्प के बारे में कथा आलोचक महेश वर्मा लिखते हैं, “गहरी राजनैतिक, सामाजिक पक्षधरता का गद्य होते हुए भी चन्दन का ‘वैधानिक गल्प’ तीव्र आन्तरिक भावनाओं और संवेदनाओं का साथ नहीं छोड़ता। इस मुश्किल जगह से रचे जाने के बावजूद कमाल यह भी है कि यह गल्प के पारम्परिक तत्त्वों जैसे–रहस्य, रोचकता और अंतत: पठनीयता को बचाए रखता है। प्यार, क्रूरता और प्रतिरोध चन्दन के यहाँ अपने सूक्ष्म और समकालीन रूपों में प्रकट होते हैं जो न सिर्फ़ चकित करता है बल्कि पाठक की चेतना में कुछ सकारात्मक जोड़ जाता है।“
कवि-पत्रकार मुकेश कुमार कहते हैं कि, “कथाकार चंदन पांडेय का उपन्यास वैधानिक गल्प काफ़ी चर्चा में है। समकालीन परिस्थितियों को यह उपन्यास गहरी संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। पूरी कथा पाठक में इतनी बेचैनी पैदा कर देती है कि वह आतंकित कर देने वाली उन परिस्थितियों और किरदारों के बारे में सोचे जो हमारे आस पास निर्मित हो चुकी हैं और उनका दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।“
चंदन पांडे इन दिनों बैंगलुरु में एक निजी कंपनी में बतौर मार्केटिंग प्रोफ़ेशनल (प्रोडक्ट मैनेजर) कार्यरत हैं।